समीक्षक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
समीक्षक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 18 मई 2010

लेखक-समीक्षक वाद-विवाद... आँखों देखा हाल (लाइव फ़्रॉम साहित्य मंच)

लेखक-समीक्षक वाद-विवाद... आँखों देखा हाल
(लाइव फ़्रॉम साहित्य मंच)

— मनोज कुमार

कमेंटेटर: छदामी लाल और निर्धन दास

छदामी लाल: नमस्कार दोस्तों! मैं छदामी लाल आपका वेलकम करता हूँ। साहित्य मंच पर आपका स्वागत है। अद्भुत, अनोखा और अभूतपूर्व खेल यहाँ खेला जाने वाला है। हम सब उस ऐतिहासिक घड़ी के गवाह बनेंगे। सामने मंच पर अभी हरा पर्दा पड़ा हुआ है, जो कुछ ही क्षणों में उठेगा और आज की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

निर्धन दास: मैं निर्धन दास आपको नमस्कार करता हूँ। मंच के ठीक सामने दो सोफ़े लगे हैं, जिन पर मुख्य अतिथि बस पधारने ही वाले हैं। पीछे श्रोताओं के खड़े होने का इंतज़ाम किया गया है। पूरी दर्शक दीर्घा खचाखच भरी हुई है। दोनों मुख्य अतिथियों के समर्थकों के लिए हॉल के दोनों ओर दो शामियाने लगे हुए हैं। अभी उसमें कोई ख़ास चहल-पहल नहीं है। छदामी जी, मैं पीछे देख रहा हूँ कि मुख्य द्वार से कोई पूरे आराम से चहलकदमी करते हुए आ रहा है। आप कुछ कहना चाहेंगे उनके बारे में?

छदामी लाल: जी हाँ निर्धन दास! ये हैं आज के पहले मुख्य अतिथि— 'सुन्दर रचयिता'।

निर्धन दास: रचयिता... कौन रचयिता? ... सुन्दर ...!!!

छदामी लाल: निर्धन दास जी, इनकी अलमस्त चाल पर मत जाइए। ये हमारे साहित्य मंच के बहुत पुराने और पहुँचे हुए खिलाड़ी हैं! हाँ, थोड़े आराम-तलब ज़रूर हैं, पर एक बार खेल शुरू हुआ नहीं कि एक से एक धांसू आइडिया फेंक देते हैं। फिर सारा साहित्य-जगत उसे पकड़ते-जकड़ते और खाँसते-बाँचते रहता है।

निर्धन दास: ओह! पर उस दूसरे गेट से कौन आ रहा है?

छदामी लाल: वो हमारे दूसरे मुख्य अतिथि हैं— 'हंसमुख विचारक'।

निर्धन दास: छदामी जी, उनके बारे में भी हमारे श्रोताओं को कुछ बताइए।

छदामी लाल: अरे निर्धन दास जी, ये तो बड़े ही प्रसिद्ध खिलाड़ी हैं! न सिर्फ़ सारा साहित्य मंच इनके ऊपर फ़िदा है, बल्कि ये भी अपने प्यार से सबको सम्मोहित किए रहते हैं। सबके घर जा-जा कर उनसे गले मिलते हैं, दिल से उन्हें चाहते हैं, अपना हाल-चाल सुनाते हैं और उनकी खोज-ख़बर लेते रहते हैं!

निर्धन दास: हूँ! अभी मैं देख रहा हूँ कि दोनों ने अपना-अपना स्थान ग्रहण कर लिया है। दोनों के चेहरे पर प्रसन्नता भी है और गांभीर्य भी। उनका आपस में बतियाना जारी है। उधर मंच से पर्दा धीरे-धीरे उठ रहा है और वहाँ पधार रहे हैं आज के कार्यक्रम के संचालक। यह बता दूँ कि इस कार्यक्रम का आयोजन भी उन्होंने ही किया है। उन्होंने घोषणा करनी शुरू कर दी है। बता रहे हैं कि विद्वानों, सुधिजनों और बुद्धिजीवियों की इस सभा में एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता का विषय है— 'कौन है नंबर वन : रचयिता या विचारक?' लोग अपने विचार या तो विषय के पक्ष में या फिर विपक्ष में रख सकते हैं। पर ये मैं क्या देख रहा हूँ? ज्यों ही विषय का ऐलान हुआ, हॉल में मौजूद साहित्य-जगत दो दलों में बँट गया है। एक दल रचयिता के शामियाने की ओर देखकर बढ़-चढ़ कर आवाज़ लगा रहा है, तो वहीं दूसरा दल विचारक की ओर देखकर बढ़-चढ़ कर आवाज़ लगा रहा है। छदामी जी, क्या इसी को कहते हैं वाद और विवाद?

छदामी लाल: जी हाँ निर्धन दास जी, आप देख ही रहे हैं एक तरफ़ है वाद और दूसरी तरफ़ है विवाद। और... और... बीच में... बीच में...

निर्धन दास: छदामी जी! बीच में फँस गया है संवाद!

छदामी लाल: जी हाँ दोस्तों, कुछ तीव्र बुद्धि वाले साहित्यकारों ने ट्वेल्थ मैं की तरह तटस्थता की स्थिति बना रखी है और वे संवादहीनता की दिव्य भावना से ग्रस्त हैं। अब आगे का हाल निर्धन दास जी बताएँगे।

निर्धन दास: हाँ दोस्तों! दोनों खेमे अपने-अपने शामियाने में समा... नहीं, जमा हो चुके हैं। बीच में बुद्धिमान श्रोता वर्ग है, जो इस पूरे आयोजन को बड़े मनोयोग से देख रहा है। वाद-विवाद अपने पूरे शबाब पर है। दोनों तरफ़ से तर्कों के एक से बढ़कर एक शब्दों की बाउंसर फेंके जा रहे हैं। ऐसा रंग जमा है कि देखते ही बनता है। यहाँ तक कि अब मुख्य अतिथि भी अपने आप को रोक नहीं पा रहे हैं। छदामी जी बिल्कुल उनके पास पहुँच गए हैं और वहीं से आगे का हाल सुना रहे हैं...

छदामी लाल: मैं मंच के सामने हूँ और देख रहा हूँ कि मुख्य अतिथियों का आपस में बतियाना बंद हो चुका है। वे अब सोफ़े पर से उठ चुके हैं और अपने-अपने तंबू की ओर जमा अपने समर्थकों से शांत होकर वार्तालाप करने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने भोंपू भी पकड़ रखा है। दोनों अपने-अपने विचारों का प्रसार भोंपू से कर रहे हैं। उधर क्या हाल है निर्धन दास जी?

निर्धन दास: छदामी जी, इधर का हाल तो पूरा बेकाबू है। श्रोताओं ने अपने-अपने पक्ष का न सिर्फ़ ज़ोर-शोर से प्रचार किया, बल्कि अपने नेता से सामने आकर उनके समर्थन में कुछ कहने का आग्रह भी किया है। छदामी जी, मैं देख रहा हूँ उधर मंच की तरफ़ कुछ हलचल है।

छदामी लाल: जी हाँ निर्धन दास जी! इधर मंच पर रचयिता जी आ चुके हैं और उन्होंने एक लंबा भाषण दे डाला है।

निर्धन दास: क्या कहा है उन्होंने?

छदामी लाल: रचयिता जी ने काफ़ी लंबा विचारों का सिक्सर (वक्तव्य) लगाया है। उसका सारांश यही है कि इस साहित्य-जगत में पहले वो आए हैं। उनका अस्तित्व सबसे ऊपर है। वो हैं तो विचारक की ज़रूरत पड़ती है, इसलिए रचयिता बड़ा है। उधर का आप बताएँ निर्धन दास जी।

निर्धन दास: इधर तो हलचल और बढ़ गई है। विचारक पक्ष भी विचारक जी से पुरज़ोर अपील कर रहा है कि इधर से भी वक्तव्य रखा जाए। और ये क्या, विचारक जी भी मंच की तरफ़ प्रस्थान कर गए हैं! छदामी जी, ज़रा मंच से हाल बताएँ।

छदामी लाल: निर्धन दास जी, मंच से विचारक जी ने ऐलान किया है कि बिना विचारक जी के द्वारा स्तुति-गायन के रचयिता की हैसियत दो कौड़ी की है। इसलिए विचारक बड़ा है। विचारक जी द्वारा फेंके गए इस आलोचना की गुगली को अब रचयिता जी कैसे टैकल करते हैं, वह देखने लायक होगा।

निर्धन दास: छदामी जी, इस बयान के आ जाने के बाद दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे पर फिर से पिल पड़े हैं। स्थिति हाथ से बाहर जाती दिख रही है।

छदामी लाल: निर्धन दास जी, इधर मंच पर मैं देख रहा हूँ कि रचयिता और विचारक दोनों एक-दूसरे से बतियाने में मशगूल हैं।

निर्धन दास: छदामी जी, दोनों को बतियाते देख इधर समर्थक एक बार फिर से अपने-अपने तंबू में चले गए हैं। लगता है स्थिति कुछ नियंत्रण में है।

छदामी लाल: अच्छा! निर्धन दास जी, लगता है इस स्थिति से प्रफुल्लित हो रचयिता और विचारक ने अपना-अपना पैंतरा बदल लिया है। रचयिता ने मंच से विचारक के सम्मान में आरती गाना शुरू किया है— "जय विचारक भैया, तुम सबके रक्षक, पार लगाओ नैया। जय विचारक भैया!"

निर्धन दास: उनकी आरती गायन की समाप्ति पर विचारक की तरफ़ से ज़ोरदार तालियों की आवाज़ आई है। अब विचारक जी ने रचयिता को माला पहनाई है और फिर भजन गाया है— "तुम हमरे हो गुरु और हम हैं शिष्य तेरे, राह जो तूने दिखाई, भाग फिरे मेरे!"

छदामी लाल: अब दोनों गले मिल रहे हैं। निर्धन जी प्रशंसा की फुलटॉस गेंद पर हरदम अच्छे रन ही बनते हैं, बाउंड्री से कम नहीं।

निर्धन दास: छदामी जी, इस हार्दिक मिलन के अवसर पर दोनों पक्षों के समर्थक हतप्रभ हैं, ठगे से महसूस कर रहे हैं। और जो तटस्थ दर्शक थे, वे लुटे-पिटे अपने-अपने रास्ते लौट रहे हैं।

छदामी लाल: हाँ निर्धन दास जी, आख़िर दोनों पक्षों की मार तो वो ही झेल रहे थे।

निर्धन दास: पर छदामी जी, मैं देख रहा हूँ कि इस वाद-विवाद के आयोजक मंद-मंद मुस्कुरा रहे हैं।

छदामी लाल: निर्धन दास जी, ये क्या? रचयिता तो अपनी क़ीमती गाड़ी में आराम से बैठकर इस स्थान से प्रस्थान कर गए हैं!

निर्धन दास: हाँ छदामी जी, विचारक भी अपनी गाड़ी में बैठ चुके हैं और उनकी गाड़ी देखते ही देखते हवा से बातें करने लगी है। बुद्धिजीवी साहित्यकार वर्ग किंकर्तव्यविमूढ़ है।

(धीरे-धीरे पर्दा गिरता है)

नेपथ्य से आवाज़ आती है — “नाटक अभी बाक़ी है दोस्तों!”

 दृश्य परिवर्तन

समय: गोधूलि
स्थल: साहित्य सितारा होटल
पात्र: रचयिता, विचारक और आयोजक-संचालक।

क्रियाकलाप:

विशेष साहित्यिक रसों का पान करते हुए तीनों गंभीर किंतु सहज ढंग से विचारमग्न हैं! तीनों मान रहे हैं कि आयोजन सफल रहा। सफल नहीं, “हिट!!!” अब उन्हें तीन बातों का निर्णय लेना है:

1. साहित्य-जगत की उथल-पुथल को कौन-सी दिशा दी जाए?
2. अगले वाद-विवाद की तिथि का निर्धारण।
3. इस बार संचालन की भूमिका कौन निभाएगा?

(बत्ती धीरे-धीरे डिम होती जाती है! अंधेरा गहराता जाता है। फिर अचानक पूर्ण प्रकाश होता है, मंच पर कोई नहीं है।)

***  ***  ***