बिहारी
समझ बैठा है क्या?
-- मनोज कुमार
आजकल मैं सभ्य दिखने लगा हूँ। असभ्य तो मैं पहले भी नहीं था, पर दिखता नहीं था। अब दिखता हूँ इसका अहसास मुझे अपनी पिछली दिल्ली यात्रा पर हुआ। दिल्ली विमान पत्तन से पूर्व भुगतान टैक्सी में सवार हो जब साउथ ब्लाक के लिए चला तो एक लाल सिग्नल पर टैक्सी को कुछ देर के लिए ठहरना पड़ा। एक सामान बेचने वाला टैक्सी के पास आया तो टैक्सी ड्राइवर ने बेची जा रही वस्तु का दाम पूछा। विक्रेता ने डेढ़ सौ कहा। इस पर टैक्सी चालक का जुमला था, “चल बे,..जा। बिहारी समझ बैठा है क्या? 40 की चीज को एक सौ पचास बोलता है।”
मुझे लगा कि टैक्सी चालक पिछली सीट पर बैठे सवारी को बिहारी नहीं मान रहा है। शायद सभ्य मान रहा है, और जो सभ्य है वह बिहार का नहीं हो सकता! “बिहारी समझ बैठा है क्या?” यह वाक्य आजकल देश के कई हिस्सों में
गाली से कम और 'ब्रह्मास्त्र' से ज़्यादा इस्तेमाल होता है। जब किसी
को अपनी तथाकथित श्रेष्ठता साबित करनी हो, या सामने वाले को कमतर आँकना हो, तो झट से यह जुमला उछाल दिया जाता है, “अबे, बिहारी समझ बैठा है क्या?”
सरकार की नौकरी में नागपुर, हैदराबाद, चंडीगढ़ के रास्ते कोलकाता पहुँच गया हूँ। अन्य प्रांतों में सरकारी दौरों के कारण आना-जाना लगा ही रहता है। विभिन्न प्रांतों के रहन सहन, रीति-रिवाज, तौर-तरीक़े सीखने-अपनाने की मेरी आदत से, हो सकता है अपना ‘बिहारीनेस’ दूर हो गया हो।
इसी संदर्भ में आज मुझे चंडीगढ़ का एक वाकया याद आ रहा है। एक दिन मेरा लड़का स्कूल नहीं जाने की जिद पर अड़ गया। मैंने कारण जानना चाहा तो बोला, “सब मुझे बिहारी कहते हैं। मैं नहीं जाऊँगा।” मैंने कहा, “हम बिहार के हैं इसलिए कहते हैं।” किसी तरह उसे समझा बुझा कर स्कूल भेजा। वह मेरी सर्विस में आ जाने के साथ-साथ बिहार के बाहर ही पला-बढ़ा इसी लिए उसे इस बिहारीनेस का महत्व न मालूम हो। पर मुझे कोई, “इस् स्साला बिहारी !” कहता है तो मैं बुरा नहीं मानता। उस वक्त मैं माननीय डा. राजेन्द्र प्रसाद से लेकर रामधारी सिंह दिनकर तक को याद कर लेता हूँ। मेरा सीना गर्व में फूल जाता है। और सोचता हूँ जिस बुद्ध को बिहार की धरती पर ज्ञान मिला वो थोड़ा इसे भी ज्ञान दे देते। जब शांति अहिंसा की बात चलती है तो सम्राट अशोक को याद कर लेता हूँ। पौरुष और पराक्रम की बात चलती है तो चन्द्रगुप्त को याद कर लेता हूँ। शिक्षा की बात चलती है, तो नालंदा और विक्रमशिला विश्वविद्यालय की याद आ जाती है। कवियों की बात चलती है तो विद्यापति के प्रति श्रद्धा सुमन बिखेर देता हूँ, हां बाबा नागार्जुन को भी। जब नारियों के प्रति सम्मान और प्रतीक को याद करता हूँ तो सीता मां के आगे नतमस्तक हो जाता हूँ। जब पेंटिंग का जिक्र चलता है तो मिथिला पेंटिंग को मन में रख लेता हूं। जब भाषाओं की बात चलती है तो मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका, वज्जिका, उर्दू, .. और तो और .. प्राकृत, पाली अप्रभंश उन दिनों की, .... और हिंदी, .. आज की , एक ही प्रांत में इतनी भाषाएं, याद कर लेता हूँ। फेहरिश्त लंबी है। आपका वक्त जाया नहीं करूँगा। कुछ आप भी याद कर लें। पर जो मैं गिना रहा हूँ क्या वो केवल बिहार और बिहारियों का ही है। शायद नहीं। ये पूरे हिंदुस्तान के तो हैं ही। शायद विश्व के भी हों।
प्राचीन भारत का इतिहास बस बिहार का इतिहास है। अपला,
अहिल्या,गार्गी जैसी विदुषी महिला ऋषियों की
भूमि है बिहार। यहां की महिला ऋषियों ने वेद की ऋचाएं लिखी। वेद की रचना में
योगदान देनेवाले अनेक पुरुष ऋषियों की भूमि है बिहार। ऋचाओं के है होने के कारण
बिहार की भाषाएं भी गेयता के तत्व से परिपूर्ण है। दीर्घतमा,
याज्ञवल्क्य जैसे अनेक ऋषियों
की ज्ञान गाथाओं से भारत का दिग दिगंत गुंजित है। कणाद, पतंजलि, गौतम आदि ऋषियों ने इसी धरती पर षड
दर्शन रचे। मंडन मिश्र की पत्नी भारती ने शंकराचार्य को जीवन के गूढ़ तत्व का
ज्ञान दिया। संसार में 1000 साल तक करीब राजधानी बने रहने का गौरव
केवल रोम और पाटलिपुत्र को है। पाटलिपुत्र ने ईसा पूर्व 5वीं शताब्दी से छठी शताब्दी ईस्वी तक
नंद, मौर्य,
शुंग और गुप्त जैसे महान
साम्राज्यों की राजधानी के रूप में शासन किया। मगध साम्राज्य को सिकंदर का सेनापति
सेल्युकस अपनी पुत्री हेलन को दे गया चंद्रगुप्त की पत्नी के रूप में..... कितना
लिखें...
मानो ‘बिहारी’ होना कोई डिग्री न होकर,
कोई संक्रामक रोग हो। बड़े
शहरों के ड्राइंग रूम में बैठकर, विदेशी कॉफी की चुस्कियाँ लेते हुए जब
कुछ संभ्रांत लोग बिहार का ज़िक्र करते हैं, तो उनकी नाक ऐसे सिकुड़ती है जैसे बगल
से कोई कचरे की गाड़ी गुज़र गई हो। उनके लिए बिहार का मतलब सिर्फ़ टूटी सड़कें,
बाढ़, और पान की पीक है। उन्हें लगता है कि
जैसे ही कोई व्यक्ति बिहार की सीमा पार करता है, उसके पास सामान्य बुद्धि नाम की चीज़
अपने आप ख़त्म हो जाती है। कुछ खास बैठकों-सभाओं में जब मैं कण्ठ लंगोट पहन कर
जाता हूँ तो लगता है फिर से पराधीन भारत में आ गया हूँ। वहां लोगों की आंग्ल भाषा की औपचारिकता के शहद में डूबो-डूबो कर तीखे शब्द मुझे रास नहीं आते। ऐसी सभ्यता उन्हें ही मुबारक। “आपसे मिलकर खुशी हुई” वाली औपचारिक मुद्रा में हम नहीं दिखते, इसमें हमें विश्वास नहीं, हम तो गलबहिया डालकर बातें करते हैं। हम बिहारी तो जब किसी अनजान से भी मिलते हैं तो हमारे चेहरे पर जिज्ञासा का नहीं स्वागत का भाव होता है, माने-या-न-मानें, यह सच है।
हम तो उन्मुक्त उड़ान चाहते हैं, गा लेते हैं जहां दिल में सफाई रहती
है होठों पर सच्चाई रहती है ... हर फिक्र ... को उड़ा देते हैं और कहते हैं “तो क्या हुआ यदि हम गणेश को गनेस,
सड़क को सरक और शादी को सादी
कहते हैं। तब हम कुछ लोगों को विचार करने का अवसर तो दे ही देते हैं कि श,ष, और स, ड़ और र,न और ण क्यों? एक से काम नहीं चल सकता क्या?”
बिहारी भी तो अब तीन तरह के हो गए हैं। नहीं-नहीं दो ही तरह के। एक तो वो जो बिहार में ही हैं और दूसरा वो जो कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण रोजगार की तलाश में बाहर आ गए। कुछ ऐसे बिहारी जिन्होंने अच्छा पद पा लिया, पैसे कमा लिये, अंग्रेजी सीख ली वे दिल्ली के टैक्सी चालकों की नजरों में बिहारी थोड़े ही हैं। वे अगर किसी को यह बताते हैं कि “मैं बिहार से हूँ” तो सामने वाला “कोई मिल गया” के ‘जादू’ की तरह उसे देखेंगे और एक बड़ा सा “अच्छा”
... बोलेंगे,
फिर कहेंगें, “लगते तो नहीं।”
पर बात यहां बिहारी होने की नहीं है। बिहारी बुलाए जाने की है। ‘बिहारी’ बुलाने का मतलब दीन-हीन, अज्ञानी, कुबुद्धि, हाय हैलो हाऊ डू-यू-डू से दूर, कैट टाइप का नहीं होना से है। इसे तो विशेषण के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाता है। किसी भी प्रांत में रिक्शा चलानेवाला, रेहड़ी लगानेवाला, आइसक्रीम बेचनेवाला, ठेला खींचनेवाला, कुली, बोझा उठाने वाला खेत में मजदूरी करनेवाला बिहारी है। यानी गरीब है। उसकी शालीनता कायरता है और वह लिट्टी चोखा से ऊपर उठ ही नहीं सकता। सत्तू से ज़्यादा पा नहीं सकता। वह हाशिए पर है, और रहेगा। ऐसा माना जाता है।
क्या बिहारी होना अभिशाप है ? बड़े यत्न से कई बिहारी श को श बोल तो लेते हैं, और बिहार के बाहर की ‘शोशाइटी’ में बिहार के ‘बैकवार्डनेस’ को कोसते भी रहते हैं। जैसे पैर में गोबर लग जाए और आपने गंगा नहा लिया तो सारा कलंक धुल गया। पर बिहारी अगर भाषा का इस्तेमाल फूहर ढंग से करते हैं और ‘स्कूल’ के बजाय ‘इसकुल’ जाते हैं, वहां की लडकियां ‘फराक’ पहिन कर ‘सरक’ पर चलती हैं और उनका माथा ‘ठनकती’ है यह देखकर कि ‘टरेन’ छूट ‘गया’ तो कुछ लोग अपना ‘नॉलेज’ बघाड़ कर उनका ज्ञान ‘चैक’ कर अपना ‘कैस’ मजबूत कर लेते हैं। छोड़िए इन सब का क्या फायदा। अब ‘अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो’ की बात आती है तो बिहारी पृष्टभूमि का ही सहारा लेना पड़ता है। अब ये मत कहिएगा कि बेटियां पैदा करने वाला यानी ‘बिहारी’।
सुबह-सुबह जब घर का नल टपकता है, तो उसे ठीक करने के लिए जो प्लंबर आता
है, वह
बिहार से होता है। जिस गगनचुंबी इमारत की बीसवीं मंज़िल पर बैठकर लोग ‘बिहारी’ शब्द का मज़ाक उड़ाते हैं,
उसकी एक-एक ईंट किसी बिहारी
मज़दूर के पसीने से जुड़ी होती है। दफ़्तर जाते वक़्त जिस चमचमाती कैब में ये पैर
फैलाकर बैठते हैं, उसका स्टीयरिंग भी किसी ‘बिहारी’ के ही हाथ में होता है। और हद तो तब
हो जाती है, जब
दफ़्तर पहुँचने पर पता चलता है कि जिस नए बॉस के सामने इन्हें दिन भर ‘यस सर,
यस सर’ करते हुए दुम हिलानी है,
वह भी पटना या दरभंगा से
पढ़कर आया है! उस वक़्त इनकी सारी ‘हिकारत’ गले में ही अटक जाती है। तब ये मन ही
मन नहीं कहते कि “बॉस,
बिहारी समझ बैठा है क्या?” बल्कि बड़ी विनम्रता से पूछते हैं,
“सर,
लिट्टी-चोखा कब खिला रहे हैं?” यह भी ग़ज़ब का दोगलापन है। जब कोई
बिहारी रिक्शा चलाए या मज़दूरी करे, तो वह ‘बोझ’ और ‘गँवार’ है। लेकिन जब वही बिहारी यूपीएससी (UPSC)
की लिस्ट में टॉप करता है,
या सिलिकॉन वैली में बैठकर
बड़ी कंपनियों का सीईओ बनता है, तो पूरा देश सीना चौड़ा करके कहता है,
“देखो,
हमारे देश की प्रतिभा!” तब वह ‘बिहारी’ नहीं रहता, सीधे ‘भारतीय’ हो जाता है।
दरअसल, “बिहारी समझ बैठा है क्या” कहने वालों का सामान्य ज्ञान (General
Knowledge) उतना
ही कमज़ोर होता है, जितना मज़बूत उनका अहंकार। उन्हें शायद यह याद ही नहीं रहता कि जिस
शून्य (0) के
बिना आज उनका बैंक बैलेंस और कंप्यूटर अधूरा है, वह इसी धरती की देन है। लोकतंत्र का
पहला पाठ पढ़ाने वाला वैशाली और दुनिया को ज्ञान की रोशनी देने वाला नालंदा इसी ‘बिहारी’ की विरासत है।
हां एक शब्द बिहारी में खूब बोला जाता है ‘हम’। अब आप ही बताएं ‘मैं’ और ‘हम’ में कौन भारी है, .. और कौन बिहारी है। ‘मैं’- ‘मैं’ की रटलगाने वाला या ‘हम’ कहकर सर झुकाने वाला। हम तो यही जानते हैं कि संघर्ष, संयम और सामूहिकता का नाम बिहारी है। सच तो यह है कि बिहारी होना किसी
की दया का पात्र होना नहीं, बल्कि फौलादी जिजीविषा का प्रमाण है।
जो बिना किसी सरकारी बैसाखी या ख़ास संसाधन के, सिर्फ़ अपनी मेहनत और तेज़ दिमाग़ के
दम पर देश के हर कोने में अपनी जगह बना ले, उसे कमतर आँकना खुद की मानसिक गरीबी
दिखाना है।
“बिहारी समझ बैठा है क्या?” कहने वालों पर गुस्सा करने के बजाय तरस खाना चाहिए। बेचारे अपनी ही
अज्ञानता के कुएँ में बैठकर खुद को समंदर समझ बैठे हैं। अब कोई उन्हें कैसे समझाए
कि जिस दिन देश के हर कोने से ‘बिहारियों’ ने एक दिन की भी सामूहिक छुट्टी ले ली, उस दिन इन महानुभावों का सुबह का अख़बार, दफ़्तर की कैब, घर का नल और देश की अर्थव्यवस्था, सब
कुछ ‘बिहारी’ हुए बिना ही ठप पड़ जाएगा!
त अब हम बंद करता हूँ। आपहू कुछ सोचें।
*** ***
***
इस लेख से संबंधित आलेख का लिंक जो हिन्दुस्तान में छपा था
http://www.livehindustan.com/news/editorial/guestcolumn/article1-story-57-62-85013.html