सोमवार, 23 नवंबर 2026

सूफ़ीमत... 22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-14

 

सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम


22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-14

22.26 सूफ़ीमत के इतिहास में चिश्तिया सिलसिले का योगदान

भारत में सूफ़ीमत का इतिहास बिना चिश्तियों की उपलब्धि की चर्चा के अधूरा ही कहा जाएगा। बल्कि यह कहें कि भारत में सूफ़ीमत का इतिहास ही चिश्तिया सूफ़ियों का इतिहास है, तो ज़्यादा तर्क संगत होगा। यह बात ज़ोर देकर कही जा सकती है कि सूफ़ीमत को चिश्तियों के कारण भारत में काफ़ी प्रसिद्धि मिली। न सिर्फ़ धार्मिक क्षेत्र में बल्कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में चिश्तिया सम्प्रदाय का प्रभाव देखने को मिलता है।

22.26 (क) सामाजिक जीवन

भारत के सामाजिक जीवन में चिश्तिया सिलसिले ने प्रेम, धार्मिक सहिष्णुता, समानता और सामुदायिक सेवा को बढ़ावा देकर समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 12वीं शताब्दी के अंत में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती द्वारा अजमेर में स्थापित इस परंपरा को बाबा फरीद और निज़ामुद्दीन औलिया जैसे संतों ने आगे बढ़ाया। चिश्ती संतों ने प्रेम और करुणा के संदेश के माध्यम से विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी समझ व शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रोत्साहित किया।

चिश्ती सूफ़ी संत सादा और पवित्र जीवन जीते थे। वे धन का संचय नहीं करते थे। धन को वे व्यक्ति के आध्यात्मिक विकास में बाधा मानते थे। चिश्ती सन्त व्यवहारिक थे। गृहस्थ जीवन में भी इन्होंने जनसाधारण को साधना का मार्ग दिखाने का प्रयास किया। ईश्वर प्राप्ति के लिए घर का त्याग आवश्यक नहीं है, इस बात का प्रचार करते हुए, इन सन्तों ने पलायनवादी दृष्टिकोण छोड़ने को कहा। शेख़ निज़ामुद्दीन औलिया र.अ. को छोड़कर सभी चिश्ती संतों ने वैवाहिक जीवन अपनाया और उनकी संतानें भी हुईं। सूफ़ी चिश्ती सन्तों ने अपने को जनसाधारण से जोड़ा। जनता के बीच में रहते हुए, उसकी तकलीफों का अनुभव करते हुए इन्होंने उसके कल्याण के लिए अपने प्रयास ज़ारी रखे।

उन्होंने जाति, धर्म और सामाजिक स्थिति के भेदभाव से परे जाकर समाज के सभी वर्गों के लिए अपने दरवाजे खुले रखे। वे गरीबों, असहायों के सहायक थे। उन्होंने सांसारिक प्रलोभनों से अपने को बहुत दूर रखा। कई चिश्ती संतों ने राजकीय सत्ता और संपत्ति से दूरी बनाए रखी, जिससे आम लोगों के बीच उनकी सादगी और नैतिक प्रभाव मजबूत हुआ। दिल्ली के सुल्तानों द्वारा प्रदान किये जाने वाले किसी भी पद, प्रलोभन को ठुकरा दिया। इस प्रकार वे दरिद्र के सबसे सच्चे हितैषी सिद्ध हुए। उन्होंने राज्य से कभी दान नहीं लिया और शिष्यों के द्वारा दिए गए उपहार पर ही अपना जीवन-बसर करते रहे। बुनियादी सिद्धांतों में एकता के बावजूद सभी सूफ़ियों की व्यक्तिगत योग्यताएं भिन्न-भिन्न थीं। यही कारण है कि कुछ सूफ़ियों ने तो करोड़ों लोगों के जीवन को बदल कर रख दिया वहीं कुछ सूफ़ी ईश्वर के ध्यान में ऐसे रमे कि वे अपनी संतान को भी उचित प्रशिक्षण न दे पाए। फलस्वरूप उनके बच्चे भी दूसरों की तरह आम सांसारिक व्यक्ति बन गए और उनका आध्यात्मिक विकास नहीं हो सका।

चिश्ती सूफ़ी संत आडम्बर से कोसों दूर थे, उन्होंने स्वेच्छा से निर्धनता को अपनाया। वे घास-फूस की झोपड़ियों अथवा मिट्टी के मकानों में रहते थे। चिश्ती संतों की खानकाहें आध्यात्मिक केंद्र होने के साथ-साथ सामाजिक मिलन, शरण और सहायता के केंद्र भी थीं। लोगों से प्राप्त दान ('फुतू') का उपयोग लंगर और जरूरतमंदों की सेवा में किया जाता था। उनकी आवश्यकता बहुत सीमित थी। वे सांसारिक इच्छाओं के दमन के लिए उपवास में विश्वास रखते थे। वे कम से कम वस्त्र पहनते थे, जो कि किसी तरह उनका तन ढंक सके। वे फटे-पुराने कपड़ों में ही अपना तन ढंक लेते थे। सादा जीवन उच्च विचार उनका आदर्श था। जिन बातों का वे उपदेश करते थे, उन पर स्वयं भी अमल करते थे। उनके इस आदर्श त्यागमय जीवन का जनता पर सीधा प्रभाव पड़ा। उन्होंने अपने शिष्यों से भी दरिद्रता और त्याग का जीवन जीने के लिए कहा। उन्होंने अपने मुरीदों को पास-ए-अन्फ़ास (सांसों पर नियंत्रण, प्राणायाम), ध्यान, चिल्ला (40 दिनों का कठोर त्यागपूर्ण एकांतवास) और चिल्ला-ए- माकूस (40 दिनों का त्यागपूर्ण जीवन जिसमें सिर ज़मीन पर और पैर छत या पेड़ की शाखाओं से बांध दिया जाता है) अपनाने की सलाह दी।

22.26 (ख) संगीत को अपनाने का प्रभाव

चिश्तिया सिलसिले द्वारा संगीत (विशेष रूप से समा की महफ़िलों) को आध्यात्मिक साधना के रूप में अपनाने से भारतीय संगीत, भाषा और सामाजिक समरसता पर गहरा प्रभाव पड़ा। चिश्ती सन्तों ने अपने को इस्लाम की कट्टरता से दूर रखा। इस्लाम में संगीत का निषेध है, परन्तु सूफ़ी सन्तों ने अपनी पूजा-अर्चना एवं प्रचार में संगीत का खुलकर प्रयोग किया। चिश्ती सिलसिला ईश्वर से प्रेम को आध्यात्मिकता का आधार मानता है। इसीलिए इस सिलसिले में ऐसा कलाम (काव्य) सुना जाता है जिसमें ईश्वर के प्रेम को बढ़ाने वाली बातें हों। इसे समाअ कहा जाता है। शुरू में इसमें केवल दफ़ थी जो कि इस्लामी शरीअत में मान्य है लेकिन बाद में इसके नियमों का बंधन ढीला पड़ता गया और समाअ में संगीत के ऐसे बाजे भी शामिल हो गए जो इसलाम की नज़र में वर्जित हैं। संगीत सभाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप पारंपरिक वाद्ययंत्रों में प्रयोग हुए; लोक परंपरा और संगीत इतिहास में अमीर खुसरो को सितार और तबला जैसे वाद्ययंत्रों के प्रारंभिक विकास से भी जोड़ा जाता है।

इन बाजों के शामिल करने की वजह जो कुछ भी रही हो लेकिन इनके कारण ही आम जन मानस सूफ़ियों की ख़ानक़ाहों से जुड़ा। इस्लामी त्यौहारों के मनाने में भी यह ध्यान रखा गया कि हिंदू जन मानस को उनसे क़रीब होने में किसी तरह की झिझक महसूस न हो। उन्होंने भारत में इस्लाम का एक लोकप्रिय आधार विकसित करने का प्रयास किया। इस सिलसिला ने हिंदू-मुस्लिम एकता पर बल दिया। अपने विचारों द्वारा इन्होंने सामाजिक समानता स्थापित करने का प्रयास किया।

चिश्ती खानकाहों में भारतीय और ईरानी-फारसी संगीत परंपराओं के मेल से संगीत की कई नई विधाओं का जन्म हुआ। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के शिष्य अमीर खुसरो ने इस समन्वय में केंद्रीय भूमिका निभाई—उन्हें कव्वाली को व्यवस्थित रूप देने तथा ख्याल, तराना और कौल जैसी गायन शैलियों के साथ-साथ यमन जैसे नए रागों के विकास का श्रेय दिया जाता है। 'समा' (आध्यात्मिक संगीत सभा) और दरगाहों में होने वाली कव्वाली ने जाति, वर्ग और धर्म की सीमाओं को तोड़ा। इन महफ़िलों में समाज के हर तबके के लोग एक साथ बैठकर भक्ति और प्रेम के गीत सुनते थे, जिससे आपसी भाईचारा बढ़ा।

22.26 (ग़) चिश्तियों का संदेश

सूफ़ी सिलसिले में चिश्ती सबसे उदार थे। उनमें धार्मिक और सामाजिक कट्टरता लेशमात्र भी नहीं थी। उन्होंने धार्मिक आधार पर कोई भेद-भाव नहीं किया। उन्होंने भाईचारे की भावना पर ज़ोर दिया।  उन्होंने अपने आपको भारतीय जीवन शैली में ढाल लिया था। चिश्ती सन्तों ने अपने मत का प्रचार करने के लिए जन साधारण की भाषा का प्रयोग किया। इस कारण इनके उपदेशों का आम जनता पर सीधा प्रभाव पड़ा। सूफ़ियों ने यहां के लोकप्रिय रीति-रिवाज़ का अपने पंथ में समावेश करना चाहा, जैसे कि शग़ले अनहद आदि। उनके संदेश में कर्मकांड और आडंबरों को त्यागकर दोनों धर्मों को एक सूत्र में बांधने की भावना भी प्रबल थी। उनकी विचारधारा में मानव-मात्र के लिए अनेक उपयोगी और कल्याणकारी तत्त्व मौज़ूद थे। उनका उद्देश्य मानव में सच्ची आध्यात्मिक भावना और प्रेम भावना का विकास करना था, क्योंकि एक सच्चे साधक की भांति वे घृणा, हिंसा और वैर को त्यागकर सहानुभूति और पारस्परिक प्रेम का पाठ पढ़ाना चाहते थे। चिश्ती सिलसिले के सूफ़ियों का निरन्तर यही प्रयास रहा कि व्यक्ति संसार की वास्तविक स्थिति को समझे और मानवता के प्रति अपने कर्तव्य को पहचाने। इसलिए उन्होंने सांसारिक आकर्षणों की निन्दा की।

उनकी धार्मिक उदारता से हिन्दू भी प्रभावित हुए। डॉ. निजामी के शब्दों में- चिश्तियों ने भारत में अपने सिलसिलों के विकास की प्रारम्भिक अवस्थाओं में हिन्दू प्रथाओं और रिवाजों को अपना लिया था। इस कारण हिन्दू और मुसलमान दोनों ही ने चिश्ती सन्तों से प्रेरणा और दिशा निर्देशन प्राप्त किया। ख़्वाजा मुईनुउद्दीन चिश्ती के एक हिन्दू शिष्य रामदेव भी थे। सूफ़ियों ने आम लोगों के स्तर पर इस्लाम और हिंदू धर्म का समन्वय करने का प्रयास किया। एक ओर जहां यह सरल था वहीं दूसरी ओर इसका काफ़ी व्यापक आकर्षण होता क्योंकि इसमें आम जनता समाहित थी। एक और विशिष्ट बात यह थी कि ये सूफ़ी संत शासक या सुल्तान से अलग रहे, उनके प्रश्रय के मोहताज़ नहीं। इस प्रकार उन्होंने उस समय की आम जनता की एक महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक आवश्यकता की संतुष्टि की। ग़रीबों और दीन-दुखियों की सेवा करना ये अपना धर्म समझते थे। चिश्तियों का संदेश हिंदू एवं मुसलमान दोनों में लोकप्रिय हुआ। वे लोगों में घृणा, हिंसा एवं द्वेष त्यागकर सहानुभूति एवं प्रेम की भावना का विकास चाहते थे। अतः समाज में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां- सूफ़ीमत

संदर्भ : यहाँ पर  

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।