सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम
22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-11
22.19 हज़रत ख़्वाजा
नसीरुद्दीन मुहम्मद (चिराग़-ए-दिल्ली)
हज़रत ख़्वाजा नसीरुद्दीन महमुद रहमतुल्लाह अलैह चौदहवीं शताब्दी में चिश्ती संप्रदाय के महान सूफ़ी संत थे। उन्हें रोशन
चिराग-ए-दिल्ली भी कहा जाता था। उनका जन्म 1274 ई. में अयोध्या (अवध), उत्तरप्रदेश में हुआ। उनके पिता हज़रत सैयद
याहया अलहस्नी र.अ. पशमीना का व्यापार करते थे। उनके पितामह हज़रत सैयद अब्दुल लतीफ़
अलहस्नी ख़ुरासन (ईरान) से लाहौर आ गए थे। बाद में ये अयोध्या आ कर बस गए। नौ साल
की उम्र में उन्हें पितृशोक का सामना करना पड़ा। पिता की मृत्यु के बाद मां ने इनका
लालन-पालन किया। आरंभिक शिक्षा उन्होंने मौलाना हज़रत अब्दुल क़रीम शेरवानी द्वारा
पाई। बाद में मौलाना हज़रत इफ़्तिख़ार उद्दीन गिलानी द्वारा शिक्षा ग्रहण की।
25 वर्ष की उम्र में उन्होंने रहस्यवादी संत होने
की ठान ली और उसी तरह का जीवन जीने लगे। सारा दिन वे अपने शहर के बाहर एक समाधि के
पास पढ़ते, इबादत करते या ध्यान लगाते रहते थे। वर्षों तक उन्होंने ऐसा ही जीवन
जिया। 40 वर्ष की उम्र में वे हज़रत
ख़्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया र.अ. को देखने दिल्ली गए। वहीं वे उनके शिष्य हो गए और
सारी ज़िन्दगी उनके मुरीद बनकर रहे। अपने गुरु के बताए मार्ग पर वे चलने लगे और
सादगी, त्याग और निर्धनता का जीवन जीने लगे। राजाओं और उनके दरबार को उन्होंने दूर
से ही नमस्कार कर लिया था। निज़ामुद्दीन औलिया ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी नियुक्त
किया।
उन्हें "रोशन चिराग़-ए-दिल्ली" (दिल्ली का प्रकाशित दीपक) के ख़िताब से नवाज़ा
गया था। सूफ़ी परंपरा के अनुसार, एक बार निज़ामुद्दीन औलिया की बावली के निर्माण के दौरान तेल की कमी होने पर
उन्होंने पानी से दीये जलाए थे, जिसके बाद उन्हें यह उपाधि मिली।
वे दिल्ली में चिश्ती सिलसिले के अंतिम बड़े सूफ़ी संत माने जाते हैं।
उन्होंने सादगी, ईमानदारी, शरीयत के पालन और मानवता से प्रेम का संदेश दिया। वे फ़ारसी भाषा के
एक बेहतरीन शायर भी थे। उनके प्रसिद्ध शिष्यों में दक्षिण भारत के महान सूफ़ी संत ख़्वाजा
बंदा नवाज़ गेसू दराज़ और मख़दूम जहानियां जहाँगश्त शामिल हैं।
उन्होंने राज दरबार से
अपनी दूरी बनाए ही रखी। इस कारण उनको क़ुतुबुद्दीन मुबारक़ (1316-1320) का कोप-भाजन बनना पड़ा। क़ुतुब चाहता था कि वे मस्जिद मिरी आकर उनकी
प्रार्थना में शामिल हों। जबकि उन्होंने जाने से
मना कर दिया। पास की ही किसी मस्जिद में उन्होंने अपनी प्रार्थना की। क़ुतुबुद्दीन
मुबारक की मृत्यु हो जाने से वे बच गए, लेकिन मुहम्मद बिन तुग़लक़ के समय उन्हें
काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूफ़ियों द्वारा राजदरबार से दूरी बनाये रखने के कारण सुल्तान ग़ियासुद्दीन
तुग़लक़ से उनके, खासकर चिश्तियों के संबंध
अच्छे नहीं रहे। सुल्तान मुहम्मद बिन तुग़लक़ (1325–1351 ईस्वी) के शासनकाल के दौरान हज़रत ख़्वाजा नसीरुद्दीन महमूद (चिराग़-ए-दिल्ली) को
अपने जीवन के सबसे कठिन दौर और शाही उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। सुल्तान चाहता
था कि सूफ़ी संत उसकी राजनीति और प्रशासन का हिस्सा बनें, जबकि चिश्ती परंपरा राजसत्ता से दूर रहने पर
ज़ोर देती थी। मुहम्मद बिन तुग़लक़ तो सूफ़ियों की कई प्रथाओं की न सिर्फ़
आलोचना करता था, बल्कि राज दरबार से उनकी
दूरी उसे बर्दाश्त नहीं थी। उसकी इस नापसंदगी का खामियाजा चिश्तियों को भुगतना
पड़ा। मध्यकालीन ऐतिहासिक ग्रंथों (जैसे सियर-उल-औलिया और अख़बार-उल-अख़यार) के अनुसार मुहम्मद बिन तुग़लक़ ने घोषणा कर दी थी
कि धर्म और राज्य जुड़वां बच्चों की तरह हैं। इसलिए धर्म को राज्य के सहयोग के लिए
खड़ा होना चाहिए। संतों को सुल्तान की नीतियों का समर्थन करना चाहिए।
बरनी का कहना है कि मुहम्मद बिन तुग़लक़ पुजारी के पद
को शासन के साथ जोड़ना चाहता था। वह सूफ़ियों की प्रतिभा को शासन की नीतियों के
क्रियान्वयन के लिए उपयोग में लाना चाहता था। जब 1327 ईस्वी में सुल्तान ने राजधानी दिल्ली से देवगिरि
(दौलताबाद) स्थानांतरित की, तो उसने सभी उलमा और सूफ़ियों को वहां जाने का आदेश दिया। हज़रत नसीरुद्दीन ने
अपने पीर हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के आदेश के अनुसार दिल्ली न छोड़ने का फ़ैसला
किया। ऐसा माना जाता है कि हज़रत नसीरुद्दीन को अपमानित करने के लिए सुलतान ने
निज़ामुद्दीन औलिया के उत्तराधिकारी शेख़ नसीरुद्दीन, को अपना अपना व्यक्तिगत सेवक (जमदार — जो
सुल्तान के कपड़े संभालता है) नियुक्त कर दिया। जब उन्होंने इस पद को स्वीकार करने
से मना किया, तो उन्हें गिरफ़्तार कर कैद
में डाल दिया गया। इतना ही नहीं, शेख़ नसीरुद्दीन को और भी अपमानित करने के इरादे से उसने सोने के प्लेट में
खाना भेजा। यदि शेख़ नसीरुद्दीन उसे ग्रहण कर लेते तो वह शरीयत के नियमों के खिलाफ़
होता। यदि ग्रहण न करते तो यह सुल्तान के आदेशों का उल्लंघन होता और उसके लिए
उन्हें दंड दिया जाता। किंतु ऐसी नौबत नहीं आई, शेख़ नसीरुद्दीन ने भोज्य पदार्थ को
पहले अपने हाथ पर रख लिया, फिर भोजन ग्रहण किया। अपने जीवन के अंतिम समय में (1351 ईस्वी), जब सुल्तान सिंध के थट्टा में विद्रोह दबाने गया, तो उसने हज़रत नसीरुद्दीन को भी दिल्ली से अपने
साथ आने का कठोर आदेश दिया। वहां उनके साथ अत्यधिक अपमानजनक व्यवहार किया गया।
सुल्तान के तमाम जुल्मों के बावजूद हज़रत चिराग़-ए-दिल्ली ने कभी उफ़ तक नहीं
की। जब उनके मुरीदों ने इसका कारण पूछा, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पीर निज़ामुद्दीन औलिया की वसीयत को पूरा
करने के लिए यह सब बर्दाश्त किया है, क्योंकि पीर ने उन्हें दिल्ली में रहकर लोगों के ज़ुल्म सहने की हिदायत दी थी।
थट्टा में मुहम्मद बिन तुग़लक़ की अचानक मृत्यु के बाद जब सल्तनत में अराजकता फैल
गई, तो अमीरों और जनता ने हज़रत
नसीरुद्दीन से मार्गदर्शन मांगा। उन्होंने ही फ़िरोज़ शाह तुग़लक़ को
न्यायपूर्वक शासन करने की सलाह दी और उनकी ताजपोशी में मुख्य भूमिका निभाई।
सुल्तान फ़िरोज़ शाह तुग़लक़ (1351–1388 ईस्वी) के शासनकाल में हज़रत ख़्वाजा नसीरुद्दीन महमूद (चिराग़-ए-दिल्ली) और
शाही दरबार के संबंध अत्यंत सौहार्दपूर्ण, सम्मानजनक और शांतिपूर्ण रहे। अपने पूर्ववर्ती
मुहम्मद बिन तुग़लक़ के विपरीत, फ़िरोज़ शाह ने सूफ़ी संतों और उलमा के प्रति गहरी आस्था और सम्मान की नीति
अपनाई। फ़िरोज़ शाह उन्हें अपना आध्यात्मिक मार्गदर्शक और शुभचिंतक मानता था। फ़िरोज़
शाह तुग़लक़ जब दिल्ली लौटा, तो वह स्वयं हज़रत चिराग़-ए-दिल्ली की ख़ानक़ाह (आश्रम) में उनके दर्शन और दुआ
लेने के लिए गया। उसने संत से राज्य की खुशहाली और न्यायपूर्ण शासन के लिए
आशीर्वाद मांगा। सूफ़ी ग्रंथों (जैसे जवामी-उल-कलिम) के अनुसार, जब फ़िरोज़ शाह उड़ीसा (जाजनगर) के सैन्य अभियान
पर गया था और दिल्ली में उसकी सलामती को लेकर अफ़वाहें फैल गई थीं, तब हज़रत नसीरुद्दीन ने ही वज़ीर को बुलाकर
सुल्तान के लिए दुआ और आध्यात्मिक मदद भेजी थी। इससे दिल्ली की जनता को बड़ी राहत
मिली थी। सुल्तान के अत्यधिक सम्मान देने के बावजूद, हज़रत नसीरुद्दीन ने चिश्ती सिलसिले की मूल
परंपरा को नहीं छोड़ा। उन्होंने दरबार से मिलने वाली किसी भी जागीर, नकद दान या राजकीय पद को स्वीकार करने से साफ़
इनकार कर दिया। शाही संरक्षण उपलब्ध होने के बाद भी वे अपनी ख़ानक़ाह में पहले की
तरह ही सादगी, फ़क़ीरी और इबादत का जीवन
व्यतीत करते रहे। उन्होंने राजनीति में सीधा हस्तक्षेप करने के बजाय सुल्तान को
केवल नैतिक और जनकल्याणकारी सलाह दी।
शेख़ नसीरुद्दीन मुहम्मद की मृत्यु 1356 ई. में लगभग 82 वर्ष की आयु में हो गई। उनकी मज़ार दक्षिण
दिल्ली के 'चिराग़ दिल्ली' इलाके में स्थित है। उनकी मज़ार 1373 ई. में फ़ीरोज शाह तुग़लक़ ने बनवाया था। दरगाह के
गुम्बद में बारह दरवाज़े हैं। इनमें लाल पत्थर की जालियां लगी हुई हैं। वसंत के
मौसम यहां फूलों वालों की सैर मेले का आयोजन होता है। अन्य चिश्ती दरगाहों
के विपरीत, हज़रत नसीरुद्दीन महमूद ने
अपने जीवनकाल में 'समा' (संगीत) नहीं सुना, इसलिए आज भी उनकी दरगाह के भीतर कव्वाली नहीं
गाई जाती है।
*** *** ***
मनोज कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।