सोमवार, 9 नवंबर 2026

सूफ़ीमत... 22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-8

 

सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम


22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-8

 

22.16 हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबउद्दीन बख़्तियार काकी र.अ.

हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी (र.अ.) तेरहवीं शताब्दी के एक महान सूफ़ी संत, विद्वान और चिश्ती सिलसिले के प्रमुख स्तंभ थे। ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती के अनेक शिष्य और अनुयायी हुए। उनके शिष्यों में दो प्रमुख शिष्य दिल्ली के हैं - हज़रत ख़्वाजा सैय्यद मुहम्मद क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी रहमतुल्लाह अलैह और नगौर के हज़रत शेख़ हमीदुद्दीन सूफ़ी नागौरी रहमतुल्लाह अलैह। हज़रत ख़्वाजा बख़्तियार काकी र.अ. का जन्म मध्य एशिया के फ़रग़ना घाटी स्थित ऊश (अफ़ग़ानिस्तान) (वर्तमान किर्गिस्तान) शहर में 1173 ई. में हुआ था। अबुल फ़ज़ल के आईन-ए-अक़बरी के अनुसार वे जब मात्र 18 महीने के थे तो उनके पिताश्री हज़रत कमालुद्दीन अहमद मूसा का स्वर्गवास हो गया। उनकी माताश्री शिक्षित महिला थीं, और उन्होंने ही उनका लालन पालन किया। क़ुरआन के पंद्रह अध्याय उन्होंने अपनी माताश्री से ही सीखे। उसके बाद शेख़ अबू हफ़्स की पाठशाला में उन्होंने क़ुरआन की शिक्षा प्राप्त की और उसके बाद बग़दाद चले गए। बचपन से ही माँ द्वारा दिए गए संस्कारों के कारण उनमें इबादत (प्रार्थना) और ज्ञान प्राप्त करने के प्रति गहरा लगाव पैदा हो गया था।

बग़दाद की शेख़ अबुल-लैस समरकंदी की मस्जिद में उनकी भेंट हज़रत ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती र.अ. से हुई। सूफ़ी इतिहास में इस मिलन को एक बहुत ही महत्वपूर्ण आध्यात्मिक घटना माना जाता है। पहली ही नज़र में दोनों के बीच गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव स्थापित हो गया। युवा काकी ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ के व्यक्तित्व, सादगी और रूहानी तेज़ से काफी प्रभावित। हज़रत ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती ने ही उन्हें सिलसिले में शामिल किया और उनका हाथ थामकर निष्ठा की शपथ दिलाई तथा ख़िलाफ़त और बैअत प्रदान किया। इस तरह वे ख़्वाजा अजमेरी के पहले आध्यात्मिक उत्तराधिकारी हुए। दीक्षा लेने के बाद वे कई वर्षों तक अपने गुरु की सेवा में रहे और चिश्ती सिलसिले के कठोर नियमों व ध्यान (मुराक़बा) का अभ्यास किया।

उन्होंने एक और मशहूर सूफ़ी संत शेख़ अब्दुल क़ादिर जीलानी रह. से भेंट की। बग़दाद से जब वे मुल्तान आए तो उनकी भेंट हज़रत शेख़ बहाउद्दीन ज़क़ारिया र.अ. से हुई। उनका असल नाम बख़्तियार था, उन्हें 'क़ुतुबुद्दीन' की उपाधि उनके सर्वोच्च आध्यात्मिक पद और धर्म के प्रति उनके महान योगदान के कारण दी गई थी। अरबी भाषा में 'क़ुतुब' का अर्थ 'धुरी' (Axis या Pole) और 'दीन' का अर्थ 'धर्म' होता है। इस प्रकार 'क़ुतुबुद्दीन' का अर्थ 'धर्म की धुरी' (Pole of the Faith) है। सूफ़ी परंपरा में 'क़ुतुब' वह सर्वोच्च आध्यात्मिक पद होता है, जिसे अपने समय का सबसे बड़ा वली (संत) माना जाता है और जिसके इर्द-गिर्द उस दौर की आध्यात्मिक व्यवस्था घूमती है। उन्हें 'क़ुतुब-उल-अक़्ताब' (अर्थात सभी क़ुतुबों का प्रमुख) भी कहा जाता है।

उनकी वंशावली - हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी (र.अ.) एक 'हुसैनी सैयद' परिवार से थे और उनकी वंशावली (शजरा-ए-नसब) सीधे पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद (स.अ.व.) के नवासे हज़रत इमाम हुसैन (र.अ.) से जाकर मिलती है। ऐतिहासिक और सूफ़ी ग्रंथों के अनुसार उनकी पैतृक वंशावली (ऊपर से नीचे की ओर या उनसे पीछे की पीढ़ियों का क्रम) इस प्रकार है,

1.   हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी (र.अ.)

2.  बिन (पुत्र) सैयद कमालुद्दीन मूसा

3.  बिन सैयद मुहम्मद

4.  बिन सैयद अहमद

5.  बिन सैयद हुसामुद्दीन

6.  बिन सैयद रशीदुद्दीन

7.  बिन सैयद रज़ीयुद्दीन

8.  बिन सैयद हसन

9.  बिन सैयद मुहम्मद इसहाक़

10.          बिन सैयद मुहम्मद

11. बिन सैयद अली

12.          बिन सैयद जाफ़र

13.          बिन इमाम अली अल-रज़ा (अ.स.)

14.          बिन इमाम मूसा अल-काज़िम (अ.स.)

15.          बिन इमाम जाफ़र अल-सादिक़ (अ.स.)

16.          बिन इमाम मुहम्मद अल-बाक़िर (अ.स.)

17.          बिन इमाम अली ज़ैन-उल-आबिदीन (अ.स.)

18.          बिन हज़रत इमाम हुसैन (र.अ.)

19.          बिन हज़रत अली इब्न अबी तालिब (र.अ.) और हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (र.अ.) (पैग़ंबर मुहम्मद की सुपुत्री)

बख़्तियार काकी मध्य-पूर्व में फ़रग़ना घाटी के ओश (जो अब किर्गिस्तान में है) से चलकर भारत पहुंचे थे। हज़रत ख़्वाजा बख़्तियार काकी र.अ. के पहले चिश्ती सिलसिला अजमेर और नागौर तक ही सीमित था। इस सिलसिले को दिल्ली में स्थापित करने का श्रेय ख़्वाजा बख़्तियार काकी को ही जाता है। अपने आध्यात्मिक गुरु के आदेश से वे 1221 ई. में वे दिल्ली आ गए। उन्होंने दिल्ली के आसपास स्थित एक गांव को अपना ठिकाना बनाया, जो अब महरौली कहलाता है। यह वह दौर था जब भारत में उलेमा और सूफ़ी आए, जो महत्वपूर्ण शहरों के बजाय गांव-देहातों में जाकर ठहरते थे। यहीं से वह आम लोगों से संपर्क में आए। इस्लाम के प्रचार-प्रसार में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने भारत में आकर ख़्वाजा मोइनउद्दीन चिश्ती को अपना गुरु बनाया।

यह सुल्तान इल्तुतमिश का काल था। वह दिल्ली के दूसरे बादशाह सुल्तान इल्तुतमिश (अल्तमश) को बहुत महत्व देते थे। दिल्ली के सुल्तान इल्तुतमिश उनका बहुत आदर करते थे। कहा जाता है कि इल्तुत्मिश द्वारा बनवाए गए क़ुतुब मीनार का नाम हज़रत ख़्वाजा कुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी र.अ. के नाम से ही प्रेरित हो कर रखा गया था। इल्तुतमिश का उनकी दैवी शक्ति में बहुत विश्वास था। सुल्तान इल्तुतमिश ने उन्हें अपने महल के पास ठहरने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। वे शहर से बाहर ख़ानक़ाह में रहते थे। दिल्ली के तत्कालीन शेख़-उल-इस्लाम हज़रत जमालुद्दीन बुस्तामी के निधन के बाद, सुल्तान शमसुद्दीन इल्तुतमिश ने अत्यंत श्रद्धा के साथ यह उच्च पद ख़्वाजा बख़्तियार काकी को सौंपने की पेशकश की थी। उन्होंने सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक पद शेख़-उल-इस्लाम के पद ग्रहण करने से भी मना कर दिया। चिश्ती सूफ़ी परंपरा के सिद्धांतों के अनुसार, सूफ़ी संत स्वयं को राजसत्ता, दरबारी राजनीति और सरकारी ओहदों से पूरी तरह दूर रखते थे। उनका मानना था कि आध्यात्मिक स्वतंत्रता और गरीबों की निःस्वार्थ सेवा के लिए सत्ता से दूरी बनाए रखना आवश्यक है। बाद में शेख़-उल-इस्लाम का पद नज़्मउद्दीन कुबरा को मिला। शुरू में तो दोनों में मित्रता थी लेकिन बाद में कुछ बातों को लेकर उनके बीच मतभेद उत्पन्न हो गया। नज़्मउद्दीन कुबरा को ख़्वाजा कुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी की लोकप्रियता अखरने लगी थी। वे ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन काकी को नीचा दिखाने के लिए तरह-तरह के उपाय करना शुरू कर दिया था। यह इतना उग्र रूप धारण कर गया, ख़ास कर समाअ को लेकर, कि ख़ुद ख़्वाजा अजमेरी को दिल्ली आना पड़ा और वे इतने नाराज़ हुए कि ख़्वाजा बख़्तियार काकी को लेकर अजमेर लौटने लगे। इसे देख कर हज़रत ख़्वाजा बख़्तिया काकी के श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और वे उनके मार्ग में खड़े हो गए। यहां तक कि सुल्तान इल्तुतमिश भी उन श्रद्धालुओं में शामिल हो गए। फिर उन्हें वहीं दिल्ली में छोड़कर ख़्वाजा अजमेरी वापस चले गए। इसके बाद शेष जीवन ख़्वाजा बख़्तियार काकी दिल्ली में ही रहे।

हालांकि हज़रत ख़्वाजा कुतुबुद्दीन बख्तियार काकी र.अ. ने सूफ़ीमत का कोई औपचारिक सिद्धांत तैयार नहीं दिया था, फिर भी भारत में सूफ़ीमत पर उनका प्रभाव बहुत है। हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी (र.अ.) ने उत्तर भारत विशेष रूप से दिल्ली में चिश्ती सूफ़ी परंपरा की मज़बूत नींव रखी। उनके प्रयासों से ही सूफ़ीमत राजदरबारों से निकलकर आम जनता के बीच पहुँचा और भारत की साझा संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बना। चिश्ती सिलसिले में उन्होंने विश्व-बंधुत्व और परोपकार के पारंपरिक विचारों का विकास ज़ारी रखा। इसके फलस्वरूप भारत में इस्लाम का एक नया आयाम विकसित होने लगा जो अब तक मौजूद नहीं था। सुलतान इल्तुतमिश ने उन्हें क़ाज़ी का सरकारी पद देना चाहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने तत्कालीन सरकार के साथ ग़ैर-भागीदारी की नीति अपनाई। उनका मानना था कि शासकों और सरकार के साथ संबंध रखना उनके मन में सांसारिकता के प्रति इच्छाओं को जागृत कर देगा। हालांकि उन्होंने किसी भी राजनैतिक पद धारण करने से मना कर दिया था, फिर भी उनकी ख़ानक़ाह सभी क्षेत्र के लोगों के लिए संगम स्थल बन गई और वहां भारी संख्या में लोग आते रहते थे। वह मजलिस, सभा, का आयोजन करते थे, जहां अपने प्रवचन से लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करते थे। आम जनता को निर्देशित उनके उपदेशों में,  त्यागपूर्ण जीवन जीने की सलाह होती थी साथ ही ईश्वर पर पूरा भरोसा रखने के लिए कहा जाता था। वे लोगों को सभी मनुष्यों के साथ समान व्यवहार रखने की सीख देते थे। उनके प्रेम और भाईचारे के संदेश ने समाज में सांप्रदायिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मज़बूत किया। परिणाम की चिंता किए बिना ज़रूरतमंद की मदद करने में उनका दृढ़ विश्वास था। जो कुछ उन्हें दान आदि में मिलता, आमतौर पर उसे वे उसी दिन लोगों की भलाई के लिए ख़र्च कर दिया करते थे। वे इस्लामी पैग़म्बर के “अल-फ़क्रो फ़ख़्री” (निर्धनता पर गर्व) के सिद्धांत पर अमल करने वालों में से थे। हज़रत ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी र.अ. ने हमेशा यही उपदेश दिया कि ईश्वर प्राप्ति के लिए संयम की बहुत आवश्यकता है। मनुष्य को थोड़ा खाना, थोड़ा सोना, थोड़ा बोलना और सांसारिक धन्धों में थोड़ा ही फंसना चाहिए। जो व्यक्ति इन चार सिद्धांतों को अपना सकेगा वह ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर चलने के योग्य बन सकेगा।

काकी (रोटीवाले) उपाधि उन्हें उनके 'चमत्कार और करामात' की वजह से दी गई। यह उपाधि उन्हें इसीलिए पड़ा कि वे कहते थे कि रोटियां पाना भी ईश्वर पर आश्रित है। इसके साथ एक रोचक कथा जुड़ी हुई है। अपनी चरम निर्धनता के बावजूद उन्होंने अपनी पत्नी से स्थानीय बेकर नान बाई से उधार लेने के लिए मना किया था। इसके बजाय उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि जब ​​भी ज़रूरत हो घर के एक कोने से काक (एक प्रकार की रोटी) ले लेना। इस के बाद उनकी पत्नी ने चमत्कारिक ढंग से पाया कि जब भी उन्हें आवश्यकता हुई काक उस कोने में मौजूद था। इस बीच बेकर चिंतित हो गया कि क्या ख़्वाजा ने नाराज़ होकर उससे उधार लेना बंद कर दिया है। जब बेकर की पत्नी ने ख़्वाजा की पत्नी से उधार न लेने का कारण पूछा, तो उन्होंने उसे काक के चमत्कार के बारे में बताया। हालांकि रहस्य का खुलासा करने की वजह से उस दिन से काक का दिखना बंद हो गया, फिर भी लोग उन्हें काकी के रूप में संबोधित करने लगे।

उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त था कि उन्होंने अपने दौर के तीन बड़े सूफ़ियों, शेख़ अब्दुल क़ादिर जीलानी और शेख शहाबुद्दीन सुहरवर्दी से आशीर्वाद और ज्ञान लिया। साथ ही समरक़ंद में मोईनुद्दीन संजरी (चिश्ती) से भी मिले और उनके समूह में शामिल हुए। बख़्तियार काकी को मोईनुद्दीन सजरी (चिश्ती) की ओर से ख़िर्क़ा-ए-ख़िलाफ़त सौंपा गया। (ख़िर्क़ा एक मामूली कपड़ा होता है, जिसे देकर कोई सूफ़ी अपने उत्तराधिकारी को मान्यता देता है)। इसके बाद उन्हें दिल्ली की ओर कूच करने को कहा गया।

उनका समाअ के प्रति विशेष झुकाव था। कहा जाता है कि ख़्वाजा बख़्तियार काकी भारत में क़व्वाली की कला लाने वाले पहले शेख़ थे। उन्होंने यहां समा (सूफ़ी नृत्य) की परंपरा शुरू की, जो बाद में चिश्ती सिलसिले में आम हो गई। समाअ स्थानीय लोगों के साथ संपर्क का एक उत्तम आधार था और यह दो ​​समुदायों के बीच आपसी संबंधों को मधुर बनाने का उपाय भी बना। वह ख़ुद एक शायर थे और उनकी रचनाओं का संग्रह भी उपलब्ध है। एक दिन उनके पास अहमद जामी नाम के शायर ने एक शेर पढ़ा, जिसके बाद उन पर ऐसा हाल तारी हुआ यानी ऐसी मदहोशी में चले गए कि वह चार दिन तक समा की हालत में रहे और उसी हालत में उनकी मौत हो गई। वह यह शेर पढ़ते और झूमते रहते: कुश्तगान-ए-ख़ंजर-ए-तस्लीम रा/ हर ज़मां अज़ ग़ैब जान-ए-दीगर अस्त। (वह लोग जो अल्लाह की राह में ख़ुशी से क़ुर्बान होते हैं, वह हर ज़माने में दूसरी दुनिया से नई ज़िंदगी पाते हैं) ।

उन्हें 'क़ुतुब अल-अक़ताब', यानी संतों का संत माना जाता है। यह उपाधि उनके उच्च आध्यात्मिक पद को स्वीकार करती थी। सूफी परंपरा में, कुतुब अल-अक़ताब वह महान व्यक्ति होता है जिसे अल्लाह ने हज़रत मुहम्मद के सार से एक शक्ति प्रदान की है, जिससे ज्ञान इस दुनिया में आता है। ख़्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती ने उन्हें ‘बख्तियार’ (भाग्य का बंधु) की उपाधि दी थी।

15 नवम्बर 1235 ई. को उनकी मृत्यु हो गई। उनकी वसीयत के अनुसार, उनकी नमाज़-ए-जनाज़ा दिल्ली के तत्कालीन सुल्तान शमसुद्दीन इल्तुतमिश ने पढ़ाई थी। उनकी दरग़ाह दिल्ली के महरौली में स्थित क़ुतुब मीनार के पास है। यह दिल्ली की सबसे पुरानी दरग़ाह है। इस्लामी कलैण्डर के अनुसार हर वर्ष तीसरे महीने की 14 वीं तारीख़ को यहां वार्षिक उर्स का आयोजन होता है। यहीं 'सैर-ए-गुलफ़रोशां' यानी फूलवालों की सैर मेले का आयोजन भी होता है। हालांकि 1942 में सरकारी संरक्षण में इसका आयोजन बंद हो गया, लेकिन यह परंपरा लगातार आज भी जारी है। इस उत्सव को जवाहरलाल नेहरू के प्रोत्साहन पर 1962 में फिर से शुरू किया गया। इसमें ख़्वाजा बख़्तियार काकी के मज़ार पर फूलों की चादर चढ़ाई जाती है और पास स्थित मंदिर में पंखा चढ़ाया जाता है।


उनकी मज़ार महरौली में ज़फ़र महल से सटा क़ुतुब मीनार के पास है। महरौली को कुछ लोग 'मेहर-ए-वली' भी कहते हैं, यानी वह इलाक़ा जहां संतों की बरकत और मेहरबानियां बरसती हों। इल्तुतमिश ने इस जगह के निकट ही उनके सम्मान में गंधक की बाउली का निर्माण करवाया था। शेरशाह सूरी ने बुलंद दरवाज़ा और बहादुर शाह प्रथम ने मोती मस्जिद का निर्माण करवाया था। बादशाह फ़र्रुख़सियर ने उनकी मज़ार के चारों तरफ़ संगमरमर की जाली लगवाई थी। 1947 में भारत विभाजन के दौरान दंगाइयों ने बख़्तियार काकी के मज़ार की बेअदबी की, उसकी जालियां तोड़ी गईं और महरौली में बड़े पैमाने पर क़त्ल-ए-आम हुआ। उस समय महात्मा गांधी ने भूख हड़ताल करते हुए मांग की थी कि दरगाह को उर्स के लिए समय पर ठीक हालत में लाया जाए और 72 घंटों के भीतर मज़ार की मरम्मत कराई जाए। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने अपनी किताब 'इंडिया विंस फ़्रीडम' में लिखा है, 1948 में जब गांधीजी ने दिल्ली में सांप्रदायिक दंगों और हिंसा को हमेशा के लिए ख़त्म करने की मांग के साथ अपनी अंतिम भूख हड़ताल शुरू की, तो सभी समुदायों के नेताओं ने उन पर अनशन तोड़ने का दबाव डाला। गांधीजी ने अनशन ख़त्म करने के लिए छह शर्तें रखीं, जिनमें से एक यह थी कि हिंदू और सिख प्रायश्चित स्वरूप ख़्वाजा बख़्तियार काकी के मज़ार की मरम्मत करवाएं, जिसे दंगों में नुक़सान पहुंचा था। जब महात्मा गांधी ने ख़्वाजा बख़्तियार काकी के सालाना उर्स के मौक़े पर उनके मजार की ज़ियारत की, तो उनके साथ एक बड़ी भीड़ थी।

प्रसिद्ध सूफ़ी संत हज़रत बाबा फ़रीदुद्दीन गंजशकर उनके सबसे प्रमुख शिष्य और उत्तराधिकारी थे। आगे चलकर बाबा फ़रीद ने हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया को दीक्षित किया।

सारांश - भारत में दरगाहें इसलिए फली-फूलीं क्योंकि वहां लोगों के दुख-दर्द दूर किए जाते थे, उन्हें खाना मिलता था और हर तरह के लोगों के ठहरने की व्यवस्था होती थी। भारत में यह परंपरा इन्हीं सूफ़ी संतों के ज़रिए परवान चढ़ी और उनके सेवा-भाव से लोगों में उनके लिए श्रद्धा पैदा हुई। अगर बख़्तियार काकी को उनकी ज़िंदगी में सुल्तान इल्तुतमिश से सम्मान मिला, तो लोदी और मुग़ल सुल्तानों ने भी उन्हें श्रद्धा की नज़र से देखा। कहा जाता है कि सुल्तान इल्तुतमिश एक जंग से लौटने के बाद आराम करने के बजाय अपने पीर-ओ-मुर्शिद क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी के दीदार को चले गए ताकि उनसे अपनी श्रद्धा जता सकें। उन्होंने दिल्ली में उनके ही सम्मान में क़ुतुब मीनार बनवाया। हालांकि कुछ इतिहासकारों का मानना है कि यह सुल्तान क़ुतुबुद्दीन ऐबक के नाम पर है, जिन्होंने इसके निर्माण की शुरुआत की थी।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां- सूफ़ीमत

संदर्भ : यहाँ पर   

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।