सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम
22. सूफ़ी सिलसिला और भारत
में सूफ़ीवाद-9
22.17 बाबा फ़रीद -
शेख़ फ़रीदउद्दीन मसूद गंज-ए-शकर (मृ. 1265 ई.)
भारत की धरती पर संतों की लंबी कतार हमेशा से लगी रही। ख़्वाजा बख़्तियार
काकी के शिष्य शेख़ फ़रीदउद्दीन मसूद गंज-ए-शकर (जिन्हें आमतौर पर बाबा फ़रीद के नाम से
जाना जाता है) 12वीं-13वीं शताब्दी के भारतीय उपमहाद्वीप के एक अत्यंत
प्रसिद्ध और श्रद्धेय सूफ़ी संत और कवि थे। वे चिश्ती सिलसिले से ताल्लुक रखते थे और उन्हें पंजाबी साहित्य का पहला
प्रख्यात कवि भी माना जाता है। वे बहुत से नामों से प्रसिद्ध हैं, लेकिन उनका सबसे विख्यात नाम है ‘पाकपत्तन के बाबा फरीद’।
हांसी और अजोधन
में सक्रिय रहे बाबा फ़रीद का भारतीय
सूफ़ीमत के इतिहास में विशिष्ट स्थान है। उनके पूर्वज बारहवीं शताब्दी में काबुल से आकर पंजाब में बस गए थे। बारहवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में ग़ज़नी और क़ाबुल के
बीच की लड़ाई और मध्य एशिया से मंगोलों (चंगेज़ खान) के बार-बार के आक्रमण से परेशान होकर कई लोग भारत की ओर चले
आए। क़ाबुल से जो शरणार्थी आए थे, उनमें से एक थे क़ाज़ी
शुएब। वे एक विद्वान और धार्मिक प्रकृति के व्यक्ति थे। 1157 ई. के आसपास अपने तीन पुत्रों के साथ वे लाहौर
पहुंचे। भारत आगमन (मुल्तान जिले के कटवाल में) के बाद इस परिवार में एक पुत्र का
जन्म हुआ। सन 1173 ई. में जिस बालक का
जन्म हुआ उसका नाम फ़रीद-उद-दीन मसूद रखा गया। बाद में एक सूफ़ी संत और
चिश्तिया सिलसिला के तीसरे प्रमुख के रूप में वे शेख़ फ़रीद-उद-दीन, गंज-ए-शकर के नाम से प्रसिद्ध हुए। धर्मोपदेशक होने के नाते
उन्हें शेख़ कहा जाता है। भारतीय परंपरा के अनुसार आदर से उन्हें बाबा कहा जाने
लगा।
बाबा फ़रीद का जन्म 1173 ई. में मुल्तान के एक गांव कहतवाल में हुआ था। उनके पिता क़ाजी शुएब ग़ज़नी
शासकों की ओर से कहतवाल के क़ाज़ी थे। यह जगह मुल्तान के महरान और अजोधन के बीच में
है। उनकी मां, हज़रत क़ुरसुम बीवी, साध्वी स्वभाव की थी और उनके ही प्रभाव से उनका
मन सूफ़ीवाद की ओर मुड़ गया। हज़रत क़ुरसुम बीबी स्वयं रात-रात भर जागकर इबादत
(प्रार्थना) करती थीं। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया ने भी उनके उच्च आध्यात्मिक स्तर
और दुआओं के कबूल होने (मुस्तजाबुल दुआ) का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उनके
पिता हज़रत जमाल-उद-दीन सुलेमान भी क़ुरआन के बड़े ज्ञाता थे और बाद में खोतवाल के
क़ाज़ी हुए। उन्होंने ही बालक फ़रीद के मन में इस्लामिक साहित्य के अध्ययन की ललक
जगाई। उनकी आरंभिक शिक्षा कहतवाल में हुई थी जहां उन्होंने फ़ारसी और अरबी भाषा के
अध्ययन के अलावा क़ुरआन के सिद्धांतों की शिक्षा भी प्राप्त की।
18 वर्ष की उम्र में बाबा फ़रीद मुल्तान चले गए। मुल्तान में बाबा फ़रीद मौलाना
मिनहाजउद्दीन तिर्मिज़ी की मदरसा (पाठशाला) में अध्ययन करते थे, जहां उन्होंने हज़रत
बहाउद्दीन ज़कारिया से क़ुरआन और इस्लामी विधि व न्याय व्यवस्था की शिक्षा
प्राप्त की। कहा जाता है कि उन्हें पूरा क़ुरआन कंठस्थ हो गया और वे दिन में एक बार
उसका पूरा पाठ कर डालते थे। उन्हें प्यार से लोग “क़ाज़ी बच्चा दीवाना” कहने लगे। "क़ाज़ी" शब्द
उनके पिता शेख़ जमालुद्दीन सुलेमान के लिए था, जो उस क्षेत्र के क़ाज़ी (न्यायाधीश या धार्मिक
न्यायाधीश) थे। "बच्चा" का अर्थ बेटा और "दीवाना" का अर्थ
खुदा की इबादत (ईश्वर भक्ति) में खोया हुआ पागल या मग्न व्यक्ति था। बाबा फ़रीद
बचपन से ही आम बच्चों की तरह खेलने-कूदने के बजाय मस्जिद के पीछे या एकांत में
बैठकर चौबीसों घंटे अल्लाह की इबादत, ध्यान और नमाज़ में लीन रहते थे। जब नगर के लोग उनकी इस कदर तन्मयता और दुनिया
से बेरुखी को देखते, तो वे उन्हें प्यार और
आश्चर्य से "क़ाज़ी बच्चा दीवाना" (यानी क़ाज़ी का पागल/मस्तमौला बेटा) कहने लगे। सूफ़ी ग्रंथों में उल्लेख मिलता है
कि जब प्रसिद्ध सूफ़ी बुज़ुर्ग हज़रत जलालुद्दीन तबरेज़ी उस शहर से गुज़रे और
लोगों से पूछा कि क्या यहाँ कोई फ़कीर रहता है, तो लोगों ने कहा, "यहाँ कोई फ़कीर तो नहीं रहता, लेकिन हाँ, हमारे क़ाज़ी का एक बेटा (क़ाज़ी बच्चा दीवाना) है, जो मस्जिद के पीछे दिन-रात खुदा की याद में खोया
रहता है।" जब हज़रत तबरेज़ी उनसे मिलने गए, तो वे बालक फ़रीद के आध्यात्मिक नूर को देखकर
अत्यंत प्रभावित हुए थे। एक रहस्यवादी संत के रूप में उनकी ख्याति पूरे शहर में
फैलने लगी।
उन्हीं दिनों वहां (मुल्तान में) बालक
फ़रीद की भेंट ख़्वाजा
बख़्तियार काकी से हुई। यह मुलाक़ात मुल्तान में हुई थी, जब ख्वाजा काकी बगदाद से दिल्ली जा रहे थे। जब
ख्वाजा बख्तियार काकी मुल्तान की एक मस्जिद में तशरीफ़ लाए, तो उन्होंने देखा कि एक किशोर (बालक फ़रीद) एक
कोने में बैठकर बेहद ध्यान से एक किताब पढ़ रहा है। वह किताब इस्लामी कानून और
दर्शन से जुड़ी 'नाफ़ा' थी। ख्वाजा काकी ने बालक
फ़रीद की एकाग्रता देखकर उनसे बड़े लाड से पूछा, "बेटा! क्या पढ़ रहे हो और क्या यह किताब तुम्हें
कोई नफ़ा (लाभ/फ़ायदा) देगी?" इस पर बालक फ़रीद ने अत्यंत अदब और रूहानी सूझबूझ
के साथ जवाब दिया, "हुज़ूर! किताब क्या नफ़ा देगी, असल नफ़ा तो तब होगा जब अल्लाह ताला आपकी (एक कामिल बुज़ुर्ग की) नज़र की बरकत से
इस इल्म को मेरे दिल में उतार दे।" बालक फ़रीद की यह गहरी आध्यात्मिक बात सुनकर ख्वाजा बख्तियार काकी अंदर तक
प्रभावित (मुतासिर) हो गए। उन्होंने भाँप लिया कि यह कोई आम बच्चा नहीं, बल्कि रूहानियत का एक चमकता हुआ सितारा है।
उन्होंने तुरंत फ़रीदुद्दीन मसूद को गले से लगा लिया और उन्हें अपने चिश्ती सिलसिले
में मुरीद (शिष्य) के रूप में स्वीकार कर लिया। दीक्षा के उस पावन क्षण में बाबा
फ़रीद ने अपना सिर अपने मुर्शिद ख्वाजा काकी के चरणों में रख दिया और ईश्वर के
प्रति पूर्ण आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद ख्वाजा काकी दिल्ली आ गए और अपनी शिक्षा
पूरी करने के बाद बाबा फ़रीद भी अपने मुर्शिद की सेवा में दिल्ली पहुँच गए। वहाँ
ख्वाजा काकी ने उन्हें खानकाह में एक छोटी सी कोठरी दी, जहाँ बाबा फ़रीद ने अपने गुरु की देखरेख में कई
वर्षों तक बेहद कठिन तपस्या, उपवास (रोज़े) और रात-रात भर जागकर इबादत की। गुरु-शिष्य का यह बंधन इतना गहरा
था कि जब चिश्ती सिलसिले के सर्वोच्च सूफ़ी ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती (अजमेर
वाले) दिल्ली आए और बाबा फ़रीद की कठिन साधना को देखा, तो उन्होंने ख्वाजा काकी से कहा था, "बख्तियार! तुमने एक ऐसा शाहबाज़ (शिकारी पक्षी)
पकड़ा है, जो सातवें आसमान से नीचे अपना घोंसला नहीं बनाएगा। फ़रीद एक ऐसा चिराग है जो
दरवेशों के पूरे सिलसिले को रौशन करेगा।"
ख़्वाजा बख़्तियार काकी की ख़ानक़ाह में बाबा फरीद एक साधारण जीवन जीने लगे।
उन्होंने कुछ साल गुरु के सान्निध्य में गुज़ारा। दिल्ली में उनकी लोकप्रियता काफ़ी बढ़ गई थी। लोगों की
भीड़ लगने लगी।
भीड़ उन्हें रास नहीं आती थी। यह उनकी आध्यात्मिक साधना में बाधा पहुंचाने लगी। जब
उनका आध्यात्मिक प्रशिक्षण पूरा हुआ तो गुरु की सलाह पर वे हांसी (हिसार, आधुनिक हरियाणा) चले
गए। वहां उन्होंने अपना आध्यात्मिक केन्द्र स्थापित किया। हांसी एक शांत
जगह थी। यहां दिल्ली जैसी भीड़-भाड़ भी नहीं थी। साधना और आध्यात्मिक चिंतन के लिए यह जगह बाबा को बहुत पसंद
आई। उस दौर में हांसी एक बड़ा प्रशासनिक और व्यापारिक गढ़ था। बाबा फ़रीद की खानकाह
(आश्रम) और उनकी मौजूदगी ने हांसी को पूरे उत्तर भारत में सूफ़ी साहित्य, अध्यात्म और रूहानी शिक्षा का एक बहुत बड़ा
केंद्र बना दिया। हांसी में ही बाबा फ़रीद को उनके सबसे प्रिय, परम विद्वान और वरिष्ठ शिष्य शेख़ जमालुद्दीन
हांसवी मिले। जमालुद्दीन हांसवी इतने उच्च कोटि के सूफ़ी बने कि बाबा फ़रीद उनसे
बेहद स्नेह करते थे। आज भी हरियाणा के हांसी में एक बेहद मशहूर ऐतिहासिक और पवित्र
परिसर है जिसे 'दरगाह चार कुतुब' कहा जाता है। इस परिसर में
बाबा फ़रीद के चार महान वंशज संतों (शेख़ जमालुद्दीन हांसवी, शेख़ बुरहानुद्दीन, कुतुबउद्दीन मुनव्वर और नूरुद्दीन) की मज़ारें
हैं। यह वही पवित्र परिसर है जहाँ बैठकर बाबा फ़रीद ने करीब दो दशकों तक ईश्वर की
बंदगी की थी।
बारह वर्ष तक हांसी में बिताकर वे अजोधन (पंजाब) { जिसे आजकल पाकपट्टन शरीफ़ (पाकिस्तान) कहा जाता
है } चले गए और बाक़ी का जीवन उन्होंने वहीं बिताया।
अजोधन (पाकपट्टन) जाने से पहले बाबा फ़रीद ने हांसी के अपने इस प्रमुख आध्यात्मिक
केंद्र की जिम्मेदारी अपने प्रिय खलीफा शेख़ जमालुद्दीन हांसवी को सौंप दी
थी। बाबा फ़रीद का हांसी से अजोधन (वर्तमान पाकपट्टन, पाकिस्तान) जाने का रूहानी सफर सूफ़ी इतिहास की
एक बेहद युगांतकारी घटना है। यह केवल एक स्थान से दूसरे स्थान का विस्थापन नहीं था, बल्कि सत्ता के केंद्रों से दूरी बनाकर आम
जनता के बीच ईश्वर को खोजने की चिश्ती सिलसिले की परम वैराग्य परंपरा का
हिस्सा था। जब 1235 ईस्वी में बाबा फ़रीद
के मुर्शिद ख्वाजा बख्तियार काकी का दिल्ली में इंतकाल हुआ, तो बाबा फ़रीद को चिश्ती सिलसिले का सर्वोच्च
उत्तराधिकारी (खलीफा) नियुक्त किया गया। नियम के अनुसार उन्हें दिल्ली की मुख्य
खानकाह संभालनी थी, लेकिन उस समय दिल्ली सुल्तानों, अमीरों, धन-दौलत और राजनीतिक
साजिशों का केंद्र बन चुकी थी। बाबा फ़रीद का रूहानी स्वभाव फकीरी और एकांत का था।
वे राजाओं के दरबार से दूर रहना चाहते थे। उन्होंने महसूस किया कि दिल्ली की
प्रसिद्धि और वहां आने वाली अमीरों की भीड़ उनके ईश्वर-ध्यान (इबादत) में बाधा बन
रही है। इसलिए उन्होंने दिल्ली छोड़ दी। सूफ़ी मान्यताओं के अनुसार, हांसी में एक बार गहरे ध्यान ('मुराक़बा') के दौरान बाबा फ़रीद को अपने मुर्शिद ख्वाजा
बख्तियार काकी का रूहानी दर्शन हुआ, जिसमें उन्हें निर्देश दिया गया कि वे सतलुज नदी के किनारे बसे 'अजोधन' क्षेत्र में जाएं। उन्हें एक दिव्य आकाशवाणी ('निदा') भी सुनाई दी: "हे फ़रीद! तुम्हें लोगों को सत्य के मार्ग पर ले जाने का कार्य सौंपा गया है।
भीड़ से भयभीत मत हो, बल्कि जनता की कठिनाइयों का सामना मुसकुराते हुए करो।" इसके बाद वे हांसी से रवाना हो गए। हांसी से अजोधन के सफर के दौरान वे पंजाब
के मोखलपुर नामक जंगली इलाके से गुज़रे। वहाँ उन्होंने एक वृक्ष के नीचे कठिन
तपस्या की। उनके रूहानी नूर और आशीर्वाद के कारण वह पूरा क्षेत्र उनका मुरीद हो
गया। आगे चलकर उनके सम्मान में उस पूरे शहर का नाम 'फ़रीदकोट' (आधुनिक भारतीय पंजाब में)
रख दिया गया। उस दौर में अजोधन एक बेहद पिछड़ा, बंजर, जंगली और सांप-बिच्छुओं से भरा इलाका था। चिश्ती सूफ़ियों की यह विशेषता थी कि
वे साधना के लिए ऐसे कठिन स्थानों को चुनते थे जहाँ आम लोग जाने से कतराते थे, ताकि वे अपने 'नफ़्स' (अहंकार और वासनाओं) को पूरी तरह मिटा सकें। बाबा फ़रीद वहाँ अजोधन के पश्चिमी
कोने पर जंगली 'करी' के पेड़ के नीचे एक साधारण झोपड़ी (जामा ख़ाना)
बनाकर रहने लगे।
जब बाबा फ़रीद अजोधन में
बस गए, तो उनकी फकीरी, सादगी और चमत्कारी व्यक्तित्व का प्रभाव चारों
ओर फैल गया। उनके रहने से वह बीहड़ स्थान दिव्य ज्ञान का एक बहुत बड़ा
विश्वविद्यालय बन गया। वे वहाँ आने वाले गरीबों, यात्रियों और स्थानीय कबीलों की सेवा करते और
उन्हें मानवता व रूहानियत का पाठ पढ़ाते थे। सतलुज नदी के किनारे स्थित होने के
कारण, जहाँ से लोग नाव के जरिए
नदी पार करते थे, इस स्थान को "पाकपट्टन" यानी "पवित्र घाट" कहा जाने लगा। बाद में मुगल
सम्राट अकबर ने भी इस नाम को आधिकारिक स्वीकृति दी। पाकपट्टन में रहते हुए बाबा
फ़रीद ने भूख, प्यास और नींद का पूरी तरह
त्याग कर कई वर्षों तक कठिन रोज़े रखे। यहाँ उनका आध्यात्मिक स्तर इतना ऊंचा हो
गया कि मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) और पूरे भारत से साधक उनके दर्शन के लिए आने लगे। यहीं
पर उन्होंने अपनी कालजयी पंजाबी कविताओं की रचना की, जो आज भी मानवता को प्रेम और शांति का संदेश
देती हैं। बाबा फ़रीद की इस रूहानी खानकाह (पाकपट्टन) में ही आगे चलकर हज़रत
निज़ामुद्दीन औलिया उनके प्रधान शिष्य बने थे।
उनका स्वर्गवास 15 अक्तूबर 1265 ई. को हुआ। विसाल वाले दिन (5 मुहर्रम की रात) बाबा फ़रीद अत्यंत अस्वस्थ थे।
उन्होंने 'इशा' (रात की प्रार्थना) की नमाज़ अदा की। नमाज़ के
दौरान जैसे ही वे सजदे (ईश्वर के सामने सिर झुकाने) की अवस्था में गए, उन्होंने अपने होठों से अंतिम शब्द "या हय्यू या क़य्यूम" (हे शाश्वत और अमर परमात्मा) कहे और उनके प्राण
रूहानी दुनिया में विलीन हो गए। वे ताउम्र फकीरी और सादगी में जिए और इसी हाल में
उन्होंने दुनिया छोड़ी। सूफ़ी ग्रंथों (जैसे सियर-उल-औलिया) में उल्लेख है कि उनके निधन के समय घर में इतने
पैसे भी नहीं थे कि उनके कफ़न के लिए कपड़ा खरीदा जा सके। अंततः उनके एक मुरीद के
परिवार द्वारा दिए गए सफेद कपड़े से कफ़न का प्रबंध किया गया। यहाँ तक कि उनकी
कब्र की दीवारें बनाने के लिए उनकी कच्ची झोपड़ी के दरवाज़े को गिराकर ईंटें
निकाली गईं। आज भी हर साल मुहर्रम के पवित्र महीने की 5 तारीख को पाकिस्तान के पाकपट्टन शरीफ़ में उनकी
दरगाह पर बहुत बड़ा सालाना उर्स (मेला) मनाया जाता है, जहाँ दुनिया भर से लोग अपनी रूहानी प्यास बुझाने
आते हैं। बाबा फ़रीद के अंतिम समय में उनके प्रिय शिष्य हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया
दिल्ली में थे, और बाबा फ़रीद ने अपनी
आध्यात्मिक गद्दी (मुसल्ला और लाठी) उनके लिए ही छोड़ी थी।
सूफ़ी संतों का आध्यात्मिक
प्रभा मंडल लोगों पर करिश्माई असर छोड़ता है। चिश्ती सिलसिले को अखिल
भारतीय स्वरूप प्रदान करने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने भारत
के विभिन्न भागों में भारी संख्या में शिष्यों को प्रशिक्षित किया और अनेकों
ख़ानक़ाह स्थापित की। वे इतने प्रसिद्ध थे कि हमेशा आगन्तुकों और शिष्यों से घिरे
रहते थे। बाबा फ़रीद के विचार काफ़ी उत्कृष्ट थे। उन्होंने कुलीन शासकों और ‘अशराफ़’ से अपना संबंध स्थापित करने के बजाय सर्वसाधारण से निकटता कायम की। उन्होंने
मानव-प्रेम की शिक्षा दी। उनके विचारों से हिंदू और मुसलमान दोनों ही बड़े प्रभावित
हुए और इस कारण चिश्तिया सिलसिले को भारत में व्यापक लोकप्रियता मिली। उन्होंने
भारतीय वातावरण से समझौता करते हुए खास तौर पर निम्न वर्गों, दीन-दुखियों के लिए
प्यार और उदारता के द्वार खोल दिए। उनकी साधारण जीवन शैली देखकर जनसाधारण को यह
विश्वास हो जाता कि वे उनके ही आत्मीय हैं।
बाबा फ़रीद की ख़ानक़ाह
में अनुशासन और समयबद्धता का बहुत ही सख़्ती से पालन किया जाता था। उनके
बारे में कहा जाता है कि जब वे सुबह-सुबह उठते थे, तो सबसे पहले नमाज़ अदा करते
थे। इसके बाद समाधि में चले जाते थे। रात को भी नमाज़ के बाद सारी रात वे ईश्वर के
चिंतन-ध्यान में रहते थे। उनका
संदेश हिंदू और मुसलमान दोनों में लोकप्रिय था। वे कर्मकांड और आडंबर को त्याग
कर दोनों धर्म के लोगों को एक सूत्र में
बांधने का प्रयास कर रहे थे। वे तो मनुष्य में सच्ची आध्यात्मिक भावना और प्रेम
भावना का विकास करना चाहते थे। घृणा, हिंसा, वैर को छोड़कर सहानुभूति और पारस्परिक
प्रेम से लोग समाज में रहें यही उनका मकसद था। वे बहुत ही विनम्र, उदार और
मृदुभाषी स्वभाव के थे। बिना किसी धर्म का खंडन किए वे कहा करते थे कि लोग संसार
की वास्तविक स्थिति को समझे और मानवता के प्रति अपने कर्तव्य को पहचाने। वे
सांसारिक आकर्षण की निंदा किया करते थे। उन्होंने ख़ुद को संसार से अलग कर लिया और
अपनी कोठरी में अपना अधिकांश समय बिताते जहां वे अपने गुरु द्वारा सुझाए गए एक खास
आसन में बैठ कर अल्लाह के नाम का सुमिरन किया करते।
वे चिल्ला का अभ्यास
भी करते थे। चिल्ला-ए-माकूस
सूफ़ी मत की इतिहास में की गई सबसे कठिन और चरम साधनाओं में से एक माना जाता है।
अरबी और फारसी में 'चिल्ला' का अर्थ होता है 40 दिन की एकांत साधना और 'माकूस' का अर्थ होता है 'उल्टा' या 'विपरीत'। सूफ़ी ग्रंथों के अनुसार, बाबा फ़रीद ने एक बार अपने मुर्शिद हज़रत
ख्वाजा कुतुबुद्दीन बख्तियार काकी से एकांत साधना (चिल्ला) करने की अनुमति
मांगी। ख्वाजा साहब ने पहले तो मना किया क्योंकि वे दिखावे या प्रसिद्धि के लिए
साधना करने के खिलाफ थे। लेकिन जब बाबा फ़रीद ने पूरी विनम्रता से कहा कि वे केवल
आत्म-शुद्धि और ईश्वर की रज़ा के लिए यह करना चाहते हैं, तो ख्वाजा काकी ने उन्हें आदेश दिया, "फ़रीद! यदि तुम्हें चिल्ला करना ही है, तो 'चिल्ला-ए-माकूस' करो।" बाबा फ़रीद उस समय इस कठिन साधना की बारीकियों से अनजान थे। उन्होंने इसके बारे
में अपने समकालीन सूफ़ी विद्वान हज़रत बदरुद्दीन ग़ज़नवी से पूछा। उन्होंने
बताया कि यह साधना आम चिल्ले जैसी नहीं है। इसमें साधक को किसी निर्जन कुएं के ऊपर
लगे पेड़ की डाल से अपने पैरों को रस्सी के सहारे बांधकर, कुएं के भीतर सिर नीचे और पैर ऊपर (उल्टा) करके
लटकना होता है और उसी अवस्था में लगातार 40 दिनों तक रात भर ईश्वर का ध्यान (ज़िक्र) और
प्रार्थना करनी होती है। बाबा फ़रीद इस साधना के लिए एक ऐसे एकांत स्थान की तलाश
में जुट गए जहाँ एक पुरानी मस्जिद हो, पास में एक कुआं हो और कुएं के ठीक ऊपर एक मजबूत पेड़ की शाखा हो। उन्होंने
दिल्ली और हांसी में काफी खोज की, लेकिन उन्हें उपयुक्त स्थान नहीं मिला। आखिरकार, वे सिंध/पंजाब सीमा के पास 'उश' नामक ऐतिहासिक स्थान पर पहुंचे, जहाँ उन्हें 'मस्जिद-ए-ताज' मिली, जो उनकी इस कठिन साधना के लिए पूरी तरह अनुकूल
थी। बाबा फ़रीद रोज़ शाम को नमाज़ के बाद कुएं पर जाते थे। उनका एक वफादार साथी
उनके पैरों को पेड़ की डाल से मज़बूती से बांधकर उन्हें कुएं के अंधेरे में उल्टा
लटका देता था। वे पूरी रात कुएं के पानी से कुछ फीट ऊपर हवा में उल्टे लटके रहकर
अल्लाह की याद और तसव्वुफ़ (सूफ़ी ध्यान) में लीन रहते थे। सुबह की नमाज़ (फज्र) से
पहले उनका साथी उन्हें वापस ऊपर खींच लेता था। यह साधना उनके शरीर और मन (नफ़्स)
के अहंकार व सांसारिक इच्छाओं को पूरी तरह कुचलने की पराकाष्ठा थी। इस दौरान वे
दिन में बेहद कड़ा उपवास (रोज़ा) भी रखते थे। जब बाबा फ़रीद ने सफलता पूर्वक इस चरम
परीक्षा को पूरा किया, तो उनका आध्यात्मिक नूर और
रूहानी ताकत अपने उच्चतम शिखर पर पहुँच गई। उनके मुर्शिद ख्वाजा काकी और दादा पीर
ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दोनों ने उनके इस अदम्य साहस और भक्ति की भूरि-भूरि
प्रशंसा की थी।
एक आदर्श सूफ़ी संत
के रूप में वे काफ़ी प्रसिद्ध हुए। उनमें नदी की तरह उदारता, सूर्य की तरह परोपकार
और धरती की तरह आतिथ्य था। ख़ुद को तो वे चरम दरिद्रता की स्थिति में रखते थे लेकिन
उनकी ख़ानक़ाह सभी के लिए खुला रहता था और बाबा की लंगर में सब भोजन ग्रहण करते थे।
बाबा ने मिट्टी का एक घर बनवाया था, जिसे “जमातख़ाना” कहा जाता था। उसी में वे लोगों से मिलते भी थे
और सत्संग भी होता था। उनके पास सूफ़ी और क़लन्दर भी आते थे, योगी और साधु भी। यह सच
बात है कि बाबा फ़रीद को अपने जीवनकाल में आध्यात्मिक और मानसिक शांति
प्राप्त हुई थी तथा उन्होंने असंख्य पथभ्रष्ट और पद-दलित मनुष्यों को सत्य और
आस्था का प्रकाश दिया। दो विभिन्न पंथों और परंपराओं के बीच वे सहिष्णुता और एकता
के अप्रतिम उदाहरण थे। अमीर हसन सिज्ज़ी ने ‘फ़वायदुल-फ़ुवाद’ में लिखा है कि एक बार बाबा
फ़रीद को किसी ने कैंची भेंट की। बाबा ने उससे कहा, “मुझे सूई दो। मैं सीता हूं, काटता नहीं।” वे लोगों को नज़दीक लाना चाहते थे। नफ़रत को दूर
कर उनमें प्यार और सद्भाव की भावना का प्रसार करते थे। उनका मानना था कि ईश्वर का
सान्निध्य लोगों में प्यार बांट कर ही प्राप्त हो सकता है। उनकी शिक्षा ईश्वर के
साथ प्रेम, मन की शुद्धता और धन-दौलत तथा सांसारिक प्रलोभनों से दूर रहने की थी।
आध्यात्मिक साधना के अंतिम लक्ष्य अपने प्रियतम से मिलन के लिए उन्होंने प्रेम-पथ
का निर्धारण किया और उसके लिए दारिद्र्य और तौबा के साथ जन सेवा को प्रमुखता दी।
उनका मानना था कि शरीअत के नियमों के कड़ाई से पालन के साथ इस पथ पर जो साधक आगे
बढ़ता है वह तरीक़त, मारिफ़त के रास्ते हक़ीक़त तक पहुंचता है। उनका यह भी कहना था कि
जीवन छोटा और आध्यात्मिक यात्रा काफ़ी लंबी है, इसलिए जो भी समय है उसका भरपूर
सदुपयोग किया जाना चाहिए। वे एकान्तप्रिय थे, लोगों की भीड़ उन्हें पसंद नहीं थी। लोगों की
भीड़ लगने पर वे उस स्थान को छोड़ कर चले जाते थे। इसलिए उन्हें बार-बार स्थान
बदलना पड़ता था।
उनका सबसे महत्त्वपूर्ण
योगदान उन रचनाओं से है जो ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब’ में सम्मिलित होकर संसार के कोने-कोने में उनका संदेश प्रसारित कर रही हैं। अमीर ख़ुर्द ने बाबा
फ़रीद के पांच सौ दोहे संपादित किए हैं। उनमें से कई दोहों को सिक्खों के पवित्र
ग्रंथ में सम्मिलित किया गया है। सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ, 'श्री गुरु ग्रंथ साहिब' में उनके 112 श्लोक और 4 शब्द शामिल हैं, जो उनकी व्यापक धार्मिक स्वीकार्यता को दर्शाते
हैं। उनकी वाणी का श्री गुरुग्रंथ साहिब में शामिल किया जाना भारतीय धार्मिक
इतिहास में एक विलक्षण घटना है। बाबा फ़रीद की वाणी में समाज और राजनीति के कटु
यथार्थ की ध्वनि सुनाई देती है। मूलतः उन्होंने मनुष्य की आध्यात्मिक उन्नति का
स्वर ही बुलंद किया है। वे पहले ऐसे कवि थे जिन्होंने पंजाबी भाषा को अपनी
कविता और सूफ़ी विचारों की अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। उनकी कविताएँ मुख्य रूप से
ईश्वर के प्रति अनन्य प्रेम, वैराग्य, विनम्रता और मानव सेवा पर
केंद्रित हैं।
उन्होंने प्रसिद्धि की
जगह एकांतवास को प्राथमिकता दी। उनका मानना था कि साधकों को राजाओं और
रईसों से दूर ही रहना चाहिए। दरवेशों को उनकी संगति से दुख का ही सामना करना पड़ता
है। उनकी उपलब्ध वाणी में उपदेशात्मकता अधिक है लेकिन वे साधक को “आपा सँवारहिं” (आत्म-शोधन) के लिए विरहानुभूति का मंत्र देते
हैं। जिस साधक के मन में आत्मा के प्रभु से बिछड़ने का दुख जितना अधिक तीव्र होगा,
उतना अधिक वह साधना को समर्पित होकर आत्मा की मुक्ति के लिए प्रयास करेगा।
उन्होंने सभी भावों का शीर्षस्थ भाव विरह को माना है :
विरहा विरहा
आखियै विरहा तू
सुल्तान।
जितु तन विरहा न
ऊपजै सो तनु जानु मसान।
यह प्रसिद्ध दोहा सूफी संत बाबा फरीद (हजरत ख्वाजा फरीदुद्दीन गंजशकर) द्वारा
रचित है, जो श्री गुरु ग्रंथ साहिब में
भी दर्ज है। इस दोहे का मुख्य अर्थ यह है कि विरह (परमात्मा या किसी
प्रिय से बिछड़ने का दर्द या तड़प) कोई कमजोरी या बुरी चीज नहीं है, बल्कि यह जीवन की जीवंतता
का प्रतीक है; और जिस मनुष्य के भीतर यह
तड़प नहीं है, उसका शरीर एक श्मशान
(मुर्दे) के समान है। सूफी और भक्ति परंपरा में ईश्वर को पाने के लिए 'विरह' यानी तड़प को सबसे जरूरी माना गया है। जब तक भक्त के दिल में भगवान से मिलने
की बेचैनी या तड़प नहीं होगी, तब तक वह सच्ची भक्ति नहीं कर सकता। इसलिए बाबा फरीद कहते हैं कि विरह ही
मनुष्य को जगाता है। जिस इंसान के अंदर ईश्वर को पाने की कोई व्याकुलता या प्रेम
नहीं है, वह आध्यात्मिक रूप से मृत
है, उसका शरीर सिर्फ हाड़-मांस का ढांचा है, जो श्मशान की तरह वीरान है। यदि कोई इंसान किसी
से प्रेम नहीं करता और न ही कभी उसने किसी की जुदाई या दर्द को महसूस किया है, तो उसके भीतर संवेदनाएं खत्म हो चुकी हैं।
भावनाहीन और संवेदनहीन व्यक्ति का जीवन एक लाश की तरह बेजान होता है।
प्रो. के.ए. निज़ामी ने ‘लाइफ़ एण्ड टाइम्स ऑफ फ़रीद’ में लिखा है कि एक बार भारत में चिश्ती सिलसिले
के संस्थापक ख़्वाजा मोईन-उद-दीन चिश्ती अपने शिष्य ख़्वाजा बख़्तियार काकी की ख़ानक़ाह
में पधारे। वहां उन्होंने बाबा फ़रीद को देखा, तो बख़्तियार काकी से बोले, “बख़्तियार, आपने एक ऐसे महान
बाज़ को पकड़ा है जो स्वर्ग के पवित्र वृक्ष को छोड़कर किसी अन्य जगह अपना घोंसला
नहीं बनाएगा। फ़रीद एक ऐसा प्रकाश पुंज है जो दरवेशों के सिलसिलों को प्रकाशित करता रहेगा।” मोईन-उद-दीन चिश्ती बाबा फ़रीद से काफ़ी प्रसन्न
हुए और उन्होंने बख़्तियार काकी से उन्हें अभिमंत्रित करने को कहा। बख़्तियार काकी
ने ऐसा करने से मना करते हुए कहा कि ख़्वाजा के सामने ऐसा करना उनके सम्मान के
ख़िलाफ़ होगा। इसके बाद दोनों ख़्वाजा ने बाबा फ़रीद को अभिमंत्रित किया। सूफ़ीमत के
इतिहास में दूसरा कोई उदाहरण नहीं मिलता जिसमें किसी एक शिष्य को उसके गुरु और
गुरु के गुरु ने एक साथ आशीर्वाद देते हुए अभिमंत्रित किया हो।
बाबा फ़रीद जैसे संतों की वाणियों से न जाने कितनी पीढ़ियों ने प्रेम और सद्भाव के संदेश
ग्रहण किए और अपना जीवन चरितार्थ किया। बाबा ने अपनी सीखों में हमेशा यही कहा कि
इस मार्ग का प्रमुख लक्ष्य हृदय को एकाग्र करना है। किंतु ऐसा तभी संभव है जब हम
जीविकोपार्जन के साधनों और बादशाहों की सोहबत से
बचें। शारीरिक कष्ट साधना के लिए भी वे प्रसिद्ध हैं। उनका हठ, तप, त्याग, वैराग, भजन और मीठी वाणी लोगों पर काफ़ी गहरा असर करती
थी। उनका कहना था,
रूखी सूखी खाई कै
ठंडा पाणी पीउ।
फरीदा देखि पराई चोपड़ी ना तरसाए जीउ।
यह भी सूफी संत बाबा फरीद का एक बेहद प्रसिद्ध और शिक्षाप्रद श्लोक है, जो श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज है। इस दोहे
का मुख्य संदेश यह है कि मनुष्य को अपनी मेहनत से मिली रूखी-सूखी रोटी में ही संतोष करना चाहिए और
दूसरों की धन-दौलत या ऐशो-आराम को देखकर अपने मन में लालच या ईर्ष्या नहीं पैदा
करनी चाहिए। हमारे पास जो कुछ भी ईमानदारी और हक की कमाई से मिला है, चाहे वह कितना भी साधारण क्यों न हो, हमें उसी में खुश रहना चाहिए। संतोष ही सबसे
बड़ा धन है। जब हम दूसरों की तरक्की, महंगी गाड़ियां, आलीशान मकान या ठाट-बाठ
देखते हैं, तो अक्सर हमारा मन अशांत हो
जाता है। हम अपनी सुख-सुविधाओं को भूलकर दूसरों जैसा बनने की होड़ में लग जाते
हैं। फरीद जी कहते हैं कि दूसरों की चकाचौंध देखकर अपने मन को दुखी करना या लालच
में पड़ना इंसान को बर्बादी की ओर ले जाता है।
बाबा फ़रीद के पास एक जिज्ञासु आया और बोला, “दुनिया में जितने महापुरुष हुए हैं, उन्होंने
बहुत कष्ट झेले हैं। इसके बावज़ूद भी वे कष्ट और विपत्ति के समय ज़रा भी विचलित नहीं
हुए बल्कि प्रसन्न ही रहे। कष्ट देने वालों को भी उन्होंने आशीर्वाद ही दिया। ईसा
ने सूली देने वालों को भी श्राप की जगह आशीर्वाद ही दिया। यह प्रसन्नता कैसे आ
सकती है?”
बाबा ने उससे कहा, “नारियल लाओ।”
नारियल लाया गया। उन्होंने कहा, “अब इसे फोड़ो।” नारियल फोड़ा गया। बाबा ने कहा, “अब इसकी गिरी निकालो।”
शिष्यों ने कहा, “इसकी गिरी निकालनी बहुत ही मुश्किल है। वह एक कठोर आवरण से चिपकी हुई है।”
बाबा ने इसके बाद शिष्यों को पका नारियल लाने को कहा। वह फोड़ा गया। उसमें से
गिरी आसानी से निकल गई। बाबा ने शिष्यों से कहा, “तुम लोग उस पहले वाले नारियल की गिरी क्यों नहीं
निकाल पाए?”
शिष्यों ने कहा, “वह तो अपने आवरण से चिपकी हुई थी।”
बाबा ने फिर पूछा, “तो फिर इस पके हुए नारियल की गिरी कैसे निकाल दी? क्योंकि यह अपने आवरण को छोड़
चुकी थी। साथ में रहते हुए भी दोनों अलग-अलग हो चुके थे। देखो! जो व्यक्ति शरीर
में रहते हुए भी अपनी चेतना में रहता है, उसे कष्टानुभूति नहीं होती। क्योंकि वह
शरीर में नहीं है। वह अपनी आत्मा या चेतना में है। वह देह में नहीं है, विदेह में
है। ऐसी स्थिति में उसे कष्ट कैसे हो सकता है? उस कष्ट की अवस्था में वह दूसरे को
श्राप नहीं देगा, आशीर्वाद देगा।”
22.17(क) नाम के साथ गंजशकर
या शक्करगंज का जुड़ना
उनके नाम के साथ गंजशकर या शक्करगंज का जुड़ना भी बड़ा दिलचस्प है। कहा जाता है
कि उनकी मां नमाज़ और नियम की बड़ी दृढ़ थीं। वह बालक फ़रीद में भी नियम से नमाज़ अता
करने की आदत डालना चाहती थीं। वह पुत्र से कहती थीं कि जो बच्चा समय से उठकर नमाज़
अदा करता है ईश्वर उसके लिए शक्कर भेजता है। बच्चे के मन में इस विश्वास को पक्का
बनाने के लिए रात को वे फ़रीद के तक़िए के नीचे कुछ शक्कर रख देती थीं कि जिसके लालच
से वह नमाज़ पढ़ने जाया करें। बाबा उसे बड़े चाव से खाते थे। कुछ दिनों के बाद
उन्होंने तकिए के नीचे शक्कर रखना बंद कर दिया। लेकिन बाबा फ़रीद बताते हैं कि
उन्हें वहां शक्कर रोज़ ही मिलता रहा। माता ने काफ़ी छानबीन की कि यह किसकी चाल है, पर उनकी खोज का नतीजा यही निकला कि यह किसी ने
नहीं किया था। यह किसी दैवी शक्ति का चमत्कार था। हो सकता इसी वाक़ये के कारण उनको गंज-ए-शकर (मिठाइयों की
ढेरी) की उपाधि मिली हो।
एक और मान्यता के अनुसार एक दिन बाबा फ़रीद की भेंट कुछ व्यापारियों से हुई। वे
व्यापारी ऊंट की पीठ पर बोरियों में लादकर शक्कर
ले जा रहे थे। बाबा ने उनसे पूछा कि उन बोरियों में क्या है? व्यापारियों ने सोचा कि बाबा कहीं उनसे शक्कर न
मांग ले उन्होंने कहा कि इनमें नमक है। जब व्यापारी अपने व्यापारिक स्थल पहुंचे तो
उन्होंने पाया कि सारी बोरियां नमक से भरी हैं। वे उल्टे पैर बाबा के पास पहुंचे
और अपनी ग़लती के लिए माफ़ी मांगी। बाबा ने उनकी इस नादानी को माफ़ कर दिया और फिर
उन्होंने नमक के बोरियों को अपनी आध्यात्मिक शक्ति से शक्कर की ढेर में तबदील कर
दिया, और तभी से वे गंज-ए-शकर कहलाने लगे।
एक और मान्यता के अनुसार सत्य की खोज में वे
कठोर उपवास कर रहे थे। कई दिनों से वे उपवास पर थे और काफ़ी कमज़ोर हो गए थे। एक दिन
अपने गुरु से मिलने जा रहे थे कि वे कीचड़ से भरी सड़क पर फिसल गए और उनके मुंह में
कुछ मिट्टी-कीचड़ चला गया। ऐसा कहा जाता है कि मुंह में जाते ही वे सारे के सारे
शक्कर बन गए। जब वे गुरु के पास पहुंचे तो गुरु ने उनसे कहा जो थोड़ी सी कीचड़
तुम्हारे मुंह में गई वह शक्कर बन गई, इसमें आश्चर्य क्या! उस परमात्मा की राह पर
चलने से तुम्हारा सम्पूर्ण जीवन ही शक्कर की खान बन जाती है क्योंकि वह तो तुम्हें
हमेशा मीठा रखना चाहता है। तभी से वे गंज-ए-शकर (मिष्टान्नभण्डार) कहलाए
जाने लगे।
एक अन्य मान्यता के अनुसार एक बार रोज़ा इफ़्तार के लिए कुछ भी न था। उन्होंने
कुछ कंकड़ मुंह में डाल लिए। वे सारे के सारे शक्कर बन गए। तभी से वे गंज-ए-शकर (मिष्टान्नभण्डार)
कहलाए जाने लगे। इन सारी मान्यताओं के पीछे जो भी सत्य हो, इतना तो तय है कि हरेक इंसान के लिए उनके शब्दों
की मिठास, उनकी क्रियाकलापों की
दयालुता और उनके स्नेह की गरमी ने ही उन्हें गंज-ए-शकर की उपाधि का हक़दार बनाया।
1265 ई. में उनकी मृत्यु हो गई। बाबा फ़रीद को दिल्ली के सुल्तान गयासुद्दीन
बलबन का दामाद बताया
जाता है। दिल्ली के बादशाह बलबन की पुत्री हुजैरा उनकी पत्नी थी। किंतु
उन्होंने अपने परिवार को अत्यंत दयनीय अवस्था में रखा। बलबन का दामाद होने के
बावजूद, बाबा फ़रीद ने कभी भी
राजशाही ठाट-बाठ या धन-दौलत को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने हमेशा दरिद्रता और
सादगी का जीवन (जहद और फ़क़ीरी) चुना। एक प्रसिद्ध मान्यता के अनुसार, विवाह के बाद जब बलबन की बेटी उनके पास आईं, तो बाबा फ़रीद ने उनके सभी कीमती आभूषण और रत्न
ग़रीबों व फ़कीरों में बंटवा दिए थे ताकि वे पूरी तरह सादगी से रह सकें। एक बार
सुल्तान बलबन ने कुछ नकद और कुछ गांव बाबा को दान में दिये।
बाबा ने नकद स्वीकार कर लिया और निर्धनों में उसे बांट दिया लेकिन गांव यह कहकर
नहीं स्वीकारा, कि इसे लेकर तो मैं जागीरदार बन जाऊंगा, सूफ़ी तो रह ही नहीं
जाऊंगा। दरवेशों के जीवन में ज़मीन की जगह नहीं होती। यह भी कहा जाता है कि मज़बूरी
में उन्होंने एक बार बलबन को किसी की सिफ़ारिश के लिए पत्र भी लिखा था। सुल्तान
बलबन बाबा फ़रीद के भक्त थे।
उनके प्रसिद्ध शिष्य थे शेख़ निज़ामुद्दीन औलिया। आज भी उनकी समाधि सभी
धर्मों के लोगों के लिए तीर्थ-स्थल बनी हुई है। लाखों लोग दूर-दूर से यहां आकर सिर
झुकाते हैं। चिश्ती सिलसिले को आगे बढ़ाने का काम बाबा फ़रीद के दो शिष्य हज़रत
निज़ामुद्दीन औलिया और शेख़ मख़दूम साबिर कलियरी ने किया। बाबा फ़रीद के
ख़लीफ़ाओं की काफ़ी संख्या थी। शेख़ निज़ामउद्दीन औलिया को ख़िलाफ़ते-रहमानी
(प्रथम ख़िलाफ़त) का दर्ज़ा प्राप्त था। पीरां कलीर रुड़की के पास है।
चिश्तिया सम्प्रदाय की दो शाखाएं हुईं। निज़ामुद्दीन
औलिया से निजाम सम्प्रदाय और हज़रत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर कलियरी (साबिर पाक) से साबिरी सम्प्रदाय।
*** *** ***
मनोज कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।