शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

सूफ़ीमत... 22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-10

 

सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम


22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-10

 

22.18 ख़्वाजा हज़रत शेख़ निज़ामुद्दीन औलिया रह.

बाबा फ़रीद के अनेक शिष्यों में से हज़रत जमाल हंसवी, हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया, हज़रत अली अहमद साबिर, शेख़ बदरुद्दीन इशाक और शेख़ आरिफ़ बहुत प्रसिद्ध सूफ़ी संत हुए। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया (1238-1325 ई.) जिनका वास्तविक नाम मुहम्मद बिन अहमद बिन दानियल अल-बुखारी था, तेरहवीं-चौदहवीं शताब्दी के महान और चिश्ती सिलसिले के चौथे सूफ़ी संत थे। उन्हें प्यार से 'महबूब-ए-इलाही' (ईश्वर के सबसे प्यारे) के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने वैराग्य और सहनशीलता की अद्भुत मिसाल पेश की।

उनके पूर्वज बुख़ारा से आकर उत्तर प्रदेश के बदायूं ज़िले में बस गए थे। 1238 में उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उनका जन्म हुआ था। उनका बचपन काफ़ी ग़रीबी में बीता। पांच वर्ष की अवस्था में उनके सिर से पिता सैयद अब्दुल्ला का साया उठ गया। पिता अहमद बदायनी के स्वर्गवास के बाद वह अपनी मां बीबी जुलेखा के साथ दिल्ली आ गए। उनकी माता बीबी जुलेख़ा ने उनका लालन-पालन किया।

जब वे बीस वर्ष के थे तो अजोधन में, जिसे आजकल पाकपट्टन शरीफ़ (पाकिस्तान) कहा जाता है, 1257 ई. में उनकी भेंट बाबा फ़रीद (हज़रत फरीदुद्दीन गंज शकर) से हुई। इस मुलाकात ने निज़ामुद्दीन औलिया के जीवन की दिशा बदल दी और उन्हें आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर किया। बाबा फ़रीद ने उन्हें काफ़ी प्रोत्साहित किया और उन्हें अध्यात्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की दीक्षा दी। जब निज़ामुद्दीन औलिया दिल्ली में अपनी शिक्षा प्राप्त कर रहे थे, तब वे अक्सर बाबा फ़रीद की आध्यात्मिकता और सादगी के किस्से सुना करते थे। उन किस्सों को सुनकर निज़ामुद्दीन औलिया के दिल में बाबा फ़रीद के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान पैदा हो गया। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बाबा फ़रीद का शिष्य (मुरीद) बनने का पक्का इरादा कर लिया। 20 वर्ष की आयु में निज़ामुद्दीन औलिया दिल्ली से अजोधन के लिए रवाना हुए। उस समय यातायात के साधन सीमित थे और रास्ता काफी दुर्गम था, लेकिन उनकी आध्यात्मिक प्यास ने उन्हें रुकने नहीं दिया। अजोधन पहुंचकर जब वे बाबा फ़रीद के सामने गए, तो वे अत्यधिक भावुक और घबराए हुए थे। बाबा फ़रीद की शांत और तेजस्वी छवि देखकर वे मंत्रमुग्ध रह गए। निज़ामुद्दीन औलिया को देखते ही बाबा फ़रीद ने फारसी का एक प्रसिद्ध शेर पढ़ा, जिसका अर्थ था, "ऐ विरह की आग में जलने वाले, तेरा स्वागत है।" यह सुनकर निज़ामुद्दीन औलिया की सारी घबराहट दूर हो गई। उसी दिन बाबा फ़रीद ने उन्हें अपना शिष्य (मुरीद) स्वीकार कर लिया। बाबा फ़रीद ने उन्हें आध्यात्मिक साधना के नियम सिखाए और अपने पास रहकर सेवा करने का अवसर दिया। निज़ामुद्दीन औलिया ने बाबा फ़रीद की देखरेख में रहकर कठोर तपस्या, उपवास और मानव सेवा का पाठ पढ़ा। उनकी निष्ठा और योग्यता से प्रसन्न होकर बाबा फ़रीद ने उन्हें अपना खलीफा (आध्यात्मिक उत्तराधिकारी) नियुक्त किया। बाबा फ़रीद ने उन्हें दिल्ली जाकर लोगों के बीच प्रेम, शांति और मानवता का संदेश फैलाने का आदेश दिया।

बाबा फ़रीद का आदेश पाकर हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया (रह.) 1258 ई. में दिल्ली आए और गियासपुर में रहने लगे। वहां उन्होंने अपनी ख़ानक़ाह (आध्यात्मिक केंद्र) बनाई। उस समय यह एक सुनसान और शांत गांव था। खानकाह की शुरुआत एक छोटे से कच्चे मकान और छप्पर के नीचे हुई थी। कई बार निज़ामुद्दीन औलिया और उनके साथियों को लगातार कई दिनों तक बिना भोजन (फ़ाक़ा) रहना पड़ता था। इन कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी किसी शासक या अमीर से मदद नहीं मांगी। इसी बस्ती को आजकल निज़ामुद्दीन कहा जाता है। वहीं से लगभग साठ साल तक उन्होंने अपनी आध्यात्मिक गतिविधियां ज़ारी रखी। शुरुआत में उन्हें अत्यधिक गरीबी और संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ा, लेकिन जल्द ही यह स्थान प्रेम, मानव सेवा और आध्यात्मिक शांति का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। उनकी ख़ानक़ाह, में सभी वर्ग के लोगों की भीड़ लगी रहती थी। धीरे-धीरे लोगों को उनकी आध्यात्मिक शक्ति और सादगी के बारे में पता चला। जो लोग श्रद्धा से भेंट (फुतूह) लाते थे, हज़रत निज़ामुद्दीन उसे तुरंत गरीबों और जरूरतमंदों में बांट देते थे। उन्होंने खानकाह में एक विशाल रसोई (लंगर) शुरू की, जहां अमीर-गरीब, हिंदू-मुस्लिम और हर वर्ग के लोगों को बिना किसी भेदभाव के भोजन कराया जाता था। वे खुद अक्सर उपवास रखते थे, लेकिन मेहमानों को भरपेट भोजन कराते थे। समय के साथ गियासपुर की यह साधारण सी खानकाह पूरे उत्तर भारत का सबसे बड़ा आध्यात्मिक केंद्र बन गई। यहां सुल्तानों के दरबार से भी ज्यादा लोगों की भीड़ लगने लगी। हज़रत अमीर खुसरो जैसे महान कवियों और संगीतकारों के जुड़ने से यह खानकाह सूफी संगीत (कव्वाली), साहित्य और आपसी सद्भाव का एक जीवंत केंद्र बन गई।

दिल्ली के सुल्तानों के साथ हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के संबंध : ख़्वाजा औलिया के नेतृत्व में चिश्ती सिलसिले का भारत भर में विकास हुआ। उन्होंने अलाउदीन ख़िलजी समेत आठ सुल्तानों के शासन देखे लेकिन कभी भी उनके राज-दरबार में क़दम नहीं धरा और न ही राजशाही से कोई दान या जागीर स्वीकार की। सल्तनत काल में वे कभी सुल्तानों के प्रियपात्र बने तो कभी उन्हें उनके कोपभाजन का सामना करना पडा। हज़रत निज़ामुद्दीन का मानना था कि सूफ़ियों का काम ईश्वर की भक्ति और गरीबों की सेवा करना है, न कि राजाओं की चापलूसी करना। उन्होंने अपने शिष्यों को भी राजदरबार से दूर रहने की हिदायत दी थी। जब भी किसी सुल्तान ने उन्हें कीमती तोहफे या जमीन देने की पेशकश की, तो उन्होंने विनम्रता से मना कर दिया। उनका कहना था कि यदि यह संपत्ति गरीबों के लिए है, तो सुल्तान इसे स्वयं गरीबों में बांट दें।

सुल्तान जलालुद्दीन ख़िलजी हज़रत निज़ामुद्दीन के बड़े प्रशंसक था और उनसे मिलना चाहता था। जब निज़ामुद्दीन औलिया ने मिलने से इनकार कर दिया, तो सुल्तान ने अमीर खुसरो के माध्यम से बिना बताए खानकाह आने की योजना बनाई। यह बात पता चलने पर हज़रत निज़ामुद्दीन कुछ दिनों के लिए अजोधन (पाकपट्टन) चले गए ताकि सुल्तान से भेंट न हो सके।

सुल्तान अलाउद्दीन ख़िलजी (1296-1316 ई.) ख़्वाजा औलिया का श्रद्धालु था। उसने उन्हें एक जागीर देनी चाही, परन्तु ख़्वाजा ने अस्वीकार कर दिया। किसी सुल्तान के दरबार में जाना उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा के ख़िलाफ़ समझा। यहां तक कि वे ना ही किसी सुल्तान को अपने यहाँ आने देते थे, यदि कोई आ ही जाता तो वे दूसरे रास्ते से घर से निकल जाते थे। उनके द्वारा यह कहा गया काफ़ी प्रसिद्ध है, “मेरे घर के दो दरवाज़े हैं, अगर सुल्तान एक से अंदर आता है तो मैं दूसरे से बाहर चला जाता हूं।” यहां तक कि सुल्तान अलाउद्दीन ख़िलजी ने जब उन्हें बातचीत का निमंत्रण दिया तो उन्होंने उसे अस्वीकार कर दिया। इसके बाद अलाउद्दीन ने कभी उन्हें परेशान नहीं किया और उनकी आध्यात्मिक शक्ति का सम्मान किया।

सुल्तान क़ुतुबुद्दीन मुबारक शाह हज़रत निज़ामुद्दीन की बढ़ती लोकप्रियता से ईर्ष्या करता था। उसने उन्हें अपने दरबार में हाजिर होने का हुक्म दिया और न आने पर सजा की धमकी दी। हज़रत निज़ामुद्दीन अपने सिद्धांत पर अडिग रहे, लेकिन तय समय से पहले ही सुल्तान की हत्या हो गई और टकराव टल गया।

मुहम्मद तुग़लक़ इनका प्रिय शिष्य था।

तुग़लक़ वंश के संस्थापक सुल्तान ग़यासुद्दीन तुग़लक़ इनसे अप्रसन्न रहता था। उसकी अप्रसन्नता का कारण यह था कि खुसरो ने जो धन औलिया को दान दिया था, वह ग्यासुद्दीन तुग़लक़ ने सुल्तान बनते ही उनसे वापस माँगा, परन्तु औलिया ने वह धन दीन-दुखियों में बाँट दिया था। हज़रत निजामुद्दीन औलिया का जनसाधारण पर बड़ा प्रभाव था और इस कारण सुल्तान भी उनका कुछ न बिगाड़ सका। ग़यासुद्दीन तुग़लक़ (1320-25 ई.) जब बंगाल-विजय से लौट रहा था, उसने शेख़ को धमकी भरा सन्देश भेजा कि वह दिल्ली पहुँचने पर उसे समझ लेगा अन्यथा वह दिल्ली छोड़े दें। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया ने इस पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहा था, “हनोज दिल्ली दूर अस्त” यानी अभी दिल्ली दूर है। उसके बाद से तो यह मुहाबरा ही बन गया। ग्यासुद्दीन तुग़लक़ दिल्ली न पहुँच सका और रास्ते में ही अफ़ग़ानपुर (तुगलकाबाद) में लकड़ी का मंडप गिरने से उसकी मृत्यु हो गई।

राजदरबार से उनके दूर रहने का एक प्रमुख कारण यह था कि वे उलेमा के साथ किसी तरह का विवाद उत्पन्न करना नहीं चाहते थे। उन दिनों सुल्तान के दरबार में उलेमा की तूती बोलती थी। ख़्वाजा की अत्यंत लोकप्रियता से कुछ उलेमा उनसे ईर्ष्या करते थे। उलेमा ने सुल्तान की नाराज़गी का लाभ उठाकर एक महज़र (न्यायसभा) आयोजित किया। इसमें समाअ को विवादित घोषित करते हुए ख़्वाजा के ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी चाही। सुल्तान ख़ुद न्यायाधीश बना। लेकिन ख़्वाजा लोगों में इतने लोकप्रिय थे, इस डर से उनके खिलाफ़ कोई निर्णय न ले सके। जहाँ सुल्तानों के पास सैन्य शक्ति और खजाना था, वहीं हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के पास जनता का अटूट प्रेम था। लोग उन्हें 'सुल्तान-उल-मशायख' (संतों के सुल्तान) कहते थे, जिनका शासन लोगों के दिलों पर चलता था।

दिल्ली के शासकों के तौर तरीक़ों से दूर रहकर वे जनसेवा में प्रवृत्त रहे। किसी का दिया स्वीकार करना उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं था। कई-कई दिन भूखे रह लेते थे, लेकिन किसी से कुछ मांगते नहीं थे। उन दिनों वे कहा करते थे कि मैं तो ईश्वर का मेहमान हूं। मुझे क्या किसी से लेना-देना। अत्यंत पावन और पवित्र जीवन जीकर उन्होंने वैराग्य और सहनशीलता की अद्भुत मिसाल क़ायम की। वे सभी धर्मों के लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके उपदेशों ने लोगों के दिलों को शांति प्रदान की। उन्होंने सामाजिक तनाव को कम करने के लिए लोगों को न सिर्फ़ प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया बल्कि अपने शिष्यों को निरंतर अन्य सामाजिक उत्तरदायित्व की भी याद दिलाते रहे।

शेख़ निज़ामुद्दीन औलिया हिंद-इस्लामी सूफ़ी संतों के सर्वोत्तम प्रतिनिधि थे। उन्होंने हिंदुओं को मूर्तियों की पूजा करते देखकर कहा, “हर इंसान का सहिष्णुतापूर्ण (वैध) रास्ता अपना मज़हब और मंदिर होता है।” तत्कालीन समाज में हिंदू-मुसलमानों की एकता और समाज-सुधार में उनका महत्त्वपूर्ण योगदान था। विभिन्न वर्गों और धर्मों के लोगों के बीच वे किसी प्रकार का भेद भाव नहीं समझते थे।

शेख़ निजामुद्दीन औलिया के अनुसार ईश्वर भक्ति दो प्रकार की है- (1) लाजमी (2) मुताद्दी (प्रचारित)। प्रथम के अन्तर्गत खुदा की इबादत, उपवास, हज इत्यादि आते हैं और दूसरी के अन्तर्गत ग़रीब दीन दुखियों और असहाय लोगों की सहायता। दरिद्र नारायण की सेवा ही ईश्वर भक्ति का दूसरा रूप है। अपने इस दृष्टिकोण के कारण ही चिश्ती सन्त जनता में लोकप्रिय हुए। उनकी ख़ानक़ाह, जमातख़ाना और लंगर सभी लोगों के लिए समान रूप से खुला रहता था। मनुष्य मात्र की एकता के वे सच्चे प्रतीक थे। समाज-सेवा और मानव विकास उनका एक मात्र ध्येय था। आत्म-निंदा पर ध्यान न देना और अपराधी को क्षमा कर देना उनके विशेष गुण थे। समाज में आर्थिक बंधनों द्वारा ठुकराए हुए लोगों के लिए वे परम हितैषी थे। उनके इन अद्वितीय गुणों के कारण दिल्ली के सभी वर्गों के लोग उनपर अत्यंत श्रद्धा और विश्वास रखते थे।

ख़्वाजा निज़ामउद्दीन औलिया प्रकांड विद्वान थे। उन्हें क़ुरआन के भाष्याकार के रूप में भी याद किया जाता है। वे हदीस के संकलनकर्ता भी थे। फवाद अल-फुवाद उनकी बातचीत का संकलन है। धर्मशास्त्री और दार्शनिक होने के साथ-साथ वे कवि और साहित्यकार भी थे। उनके लिखे होली और फाग आम लोगों में आज भी लोकप्रिय हैं। संगीत में उनकी काफ़ी रुचि थी। औलिया ने योग की प्राणायाम पद्धति को इस हद तक अपनाया कि, उन्हें “योगी सिद्ध” कहा जाने लगा। सिद्ध और नाथ योगियों की बड़ी संख्या में बाबा की ख़ानक़ाह में गोष्ठी होती और विभिन्न विषयों पर चर्चा होती थी।

साईं सेवत गल गई, मास न रहिया देह

तब लग साईं सेवसाँ, जब लग हौं सो गेह

उन्हें महबूब-ए-इलाही (परमात्मा का प्यारा), सुलतान-उल-औलिया (औलियों के सुलतान) और सुल्तान-उल-मशैख़ (शेखों के सुलतान) के नाम से भी पुकारा जाता था। वे दिल्ली में ही रहते थे और वहीं उनका देहान्त 3 अप्रैल 1325 को हुआ। वे दिल्ली के पास गियासपुर में दफ़नाये गए।

हज़रत निजामुद्दीन औलिया की समाधि निजामुद्दीन (दिल्ली) में है, जहाँ हजारों श्रद्धालु अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने आते हैं।

ख़्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया के सबसे प्रिय शिष्य फारसी के विख्यात कवि, अमीर ख़ुसरो थे। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया (रह.) और हज़रत अमीर खुसरो का रिश्ता सूफ़ी इतिहास में गुरु और शिष्य के निःस्वार्थ प्रेम की सबसे महान मिसाल माना जाता है। अमीर खुसरो जहाँ एक ओर दिल्ली के सुल्तानों के शाही दरबार के प्रसिद्ध कवि थे, वहीं दूसरी ओर वे हज़रत निज़ामुद्दीन के कदमों में एक विनम्र और समर्पित शिष्य थे। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया अपने शिष्य अमीर खुसरो से इतना स्नेह करते थे कि उन्होंने खुसरो को 'तुर्क-ए-अल्लाह' (ईश्वर का तुर्क) की उपाधि दी थी। हज़रत निज़ामुद्दीन ने कई बार कहा था कि वे दुनिया की हर चीज़ से ऊब सकते हैं, लेकिन खुसरो से कभी नहीं। उन्होंने यह भी इच्छा जताई थी कि यदि संभव हो, तो मृत्यु के बाद दोनों को एक ही कब्र में दफनाया जाए। अमीर खुसरो ने अपने गुरु के प्रति प्रेम को व्यक्त करने के लिए फ़ारसी और हिंदवी (खड़ी बोली) के मिश्रण से गीत लिखे। उन्होंने भारतीय और फ़ारसी संगीत का मेल कर कव्वाली की परंपरा को जन्म दिया, जो आज भी सूफ़ी दरगाहों में गाई जाती है। खुसरो की सबसे प्रसिद्ध रचना "छाप तिलक सब छीनी रे मोसे नैना मिलाइके" अपने गुरु हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के प्रति उनके पूर्ण आध्यात्मिक समर्पण को दर्शाती है। अमीर खुसरो सुल्तानों के दरबार में रहते थे, लेकिन उनका मन हमेशा गियासपुर की खानकाह में लगा रहता था। वे अपनी सारी कमाई और कीमती तोहफे लाकर खानकाह के लंगर और गरीबों की सेवा में दे देते थे। जब भी किसी सुल्तान और हज़रत निज़ामुद्दीन के बीच तनाव पैदा होता था, तो अमीर खुसरो अपनी बुद्धिमानी और विनम्रता से स्थिति को संभालने का प्रयास करते थे। अप्रैल 1325 में जब हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का निधन हुआ, तब अमीर खुसरो सुल्तान ग़यासुद्दीन तुग़लक़ के साथ बंगाल अभियान पर थे। यह खबर सुनते ही वे सब कुछ छोड़कर तुरंत दिल्ली लौट आए। अपने गुरु की कब्र पर पहुंचकर खुसरो ने अपने कपड़े फाड़ लिए, चेहरे पर धूल मली और रोते हुए एक प्रसिद्ध दोहा पढ़ा:

गोरी सोवै सेज पर,  मुख पर डारे केस।

चल ‘खुसरौ’ घर आपने, रैन भई चहुँ देस॥

हज़रत निज़ामुद्दीन के वियोग में अमीर खुसरो ने खाना-पीना और संगीत सब छोड़ दिया। ठीक छह महीने बाद (अक्टूबर 1325 में) उनका भी निधन हो गया। उन्हें उनके गुरु के चरणों के पास ही दफनाया गया, जहाँ आज भी दोनों की मजारें एक ही परिसर में स्थित हैं।

दक्षिण दिल्ली में हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का मक़बरा सूफ़ियों के लिए ही नहीं अन्य मतावलंबियों के लिए भी एक पवित्र दरग़ाह है। इस्लामी कैलेण्डर के अनुसार प्रति वर्ष चौथे महीने की सतरहवीं तारीख़ को उनकी याद में उनकी दरगाह पर एक मेला लगता है जिसमें हिंदू और मुसलमान दोनों भाग लेते हैं।

हज़रत निजामुद्दीन औलिया के ख़लीफ़ा हज़रत ख़्वाजा नसीरुद्दीन मुहम्मद थे।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां- सूफ़ीमत

संदर्भ : यहाँ पर   

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।