सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम
22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-12
22.20 चिश्ती सिलसिला बंगाल में
बंगाल में चिश्ती सिलसिला की शुरुआत 14वीं शताब्दी में हज़रत
निज़ामुद्दीन औलिया के प्रमुख शिष्य शेख़ अली सिराजउद्दीन उस्मान (अखी सिराज) द्वारा की गई
थी। इन्हें ‘आख़िरी सिराज’ कहा गया। वे अल्प शिक्षित दरवेश थे। वे गौर के रहने वाले थे।
उन्होंने लखनौती और पंडुआ (मालदा, पश्चिम बंगाल) को अपना केंद्र बनाकर पूर्वी भारत में सूफी विचारधारा और
मानव सेवा की परंपरा को स्थापित किया। दिल्ली के संत
निज़ामुद्दीन औलिया ने इन्हें 'आइना-ए-हिंद' (भारत का दर्पण) की उपाधि दी थी और बंगाल में प्रचार के लिए भेजा था। उन्होंने
दिल्ली के पुस्तकालय से लाए गए ग्रंथों की मदद से बंगाल में पहली चिश्ती खानकाह और
विशाल लंगर की स्थापना की। उनकी मृत्यु 1357 ई. में हो गई।
नूर क़ुतुब-ए-आलम (मृ. 1410) उनके उत्तराधिकारी थे। उन्होंने पाण्डुआ में ख़ानक़ाह स्थापित किया।
शेख़ जलालउद्दीन तबरेज़ी ने पांडवा में और शेख़
शरफ़उद्दीन अबूतौवाना ने सोनारगांव (अब बांगलादेश में) में चिश्तिया परम्परा की
स्थापना की थी। पांडवा की ख़ानक़ाह से ख़लीफ़ा शेख़ नूरुल हक़ (मृ. 1410 ई.) का नाम भी जुड़ा है, जो शेख़
कुतुबआलम के नाम से भी प्रसिद्ध हैं। शेख अलाउल हक पंडवी अखी सिराज के प्रमुख
उत्तराधिकारी थे और पंडुआ (मालदा) में रहकर इन्होंने चिश्ती-निज़ामी परंपरा को
पूरे बंगाल और बिहार में फैलाया। इनकी लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि बंगाल सल्तनत के
लगभग चौदह सुल्तानों ने इन्हें अपना आध्यात्मिक गुरु माना। शेख अलाउल हक पंडवी के
शिष्य अशरफ जहांगीर
सेमनानी ने आगे चलकर चिश्ती सिलसिले की प्रसिद्ध 'अशरफिया' शाखा की शुरुआत की। इस शाखा
का प्रभाव बंगाल से निकलकर उत्तर प्रदेश (किछौछा शरीफ) और पूरे दक्षिण एशिया में
फैला। हज़रत नूर
कुतुब-ए-आलम अलाउल हक के पुत्र और उत्तराधिकारी थे, जिन्होंने 14वीं सदी के अंत और 15वीं सदी की शुरुआत में इस
सिलसिले का नेतृत्व किया। राजा गणेश के शासनकाल के दौरान उत्पन्न राजनीतिक संकट को
सुलझाने और सुल्तान जलालुद्दीन मुहम्मद शाह के मार्गदर्शन में इनकी महत्वपूर्ण
भूमिका रही।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले
में स्थित पंडुआ और गौर इस सिलसिले के सबसे बड़े केंद्र थे। आज भी पंडुआ की 'शश हज़ारी दरगाह' (नूर कुतुब आलम की दरगाह) और 'बड़ी दरगाह' प्रमुख तीर्थस्थल हैं। चिश्ती
संतों ने ऊँच-नीच और जाति-धर्म के भेदभाव को मिटाकर 'खिदमत-ए-खल्क' (मानव सेवा) पर जोर दिया। उनकी
खानकाहों में चलने वाले लंगर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए हमेशा खुले रहते थे। नूर
कुतुब आलम और अन्य सूफी संतों ने स्थानीय भाषा में विचार व्यक्त किए। इससे बंगाली
साहित्य की 'दोभाषी' (Dobhashi) परंपरा के विकास को बल मिला, जिसमें फारसी और अरबी शब्दों के मेल से बंगाली रचनाएँ लिखी
गईं। दिल्ली के चिश्ती संतों के विपरीत, जो आमतौर पर राजदरबार से दूर रहते थे, बंगाल के चिश्ती संतों ने
स्थानीय सुल्तानों के साथ नैतिक और आध्यात्मिक संवाद बनाए रखा। इससे क्षेत्र में
शांति और सांस्कृतिक समन्वय स्थापित करने में मदद मिली।
****
22.21 बिहार
में सूफी सिलसिला
बिहार में चिश्ती सिलसिला का
प्रसार 13वीं और 14वीं शताब्दी के दौरान दिल्ली और बंगाल के सूफी केंद्रों के माध्यम से हुआ। हालांकि
बिहार में फिरदौसिया सिलसिला (शेख शरफुद्दीन अहमद याह्या मनेरी) सबसे अधिक लोकप्रिय रहा, लेकिन चिश्ती संतों ने भी पटना, सिवान, बिहार शरीफ और भागलपुर जैसे क्षेत्रों में
आध्यात्मिक और सामाजिक सद्भाव की गहरी नींव रखी।
हज़रत मखदूम सैयद हसन चिश्ती (हसनपुरा, सिवान) बिहार में चिश्ती सिलसिले के
सबसे प्रमुख संतों में से एक थे। उन्होंने सिवान जिले के हसनपुरा में अपनी खानकाह
स्थापित की और स्थानीय लोगों के बीच प्रेम व भाईचारे का संदेश फैलाया। हज़रत शाह बदीउद्दीन चिश्ती
ने बिहार के मिथिला और तिरहुत क्षेत्रों में चिश्ती-निज़ामी परंपरा का विस्तार
किया। पटना के फुलवारी शरीफ में यूं तो कादरी और फिरदौसी परंपराओं का मुख्य प्रभाव
रहा, लेकिन यहाँ के सूफी संतों ने चिश्ती परंपरा की 'समा' (आध्यात्मिक संगीत) और
सर्वधर्म समभाव की नीतियों को भी अपनाया। सैयद शाह हुसैन चिश्ती और शाह मुनअम पाक (पटना सिटी) ने पटना के
मीतन घाट और आसपास के क्षेत्रों में चिश्ती और अबुल-उलाई (चिश्ती परंपरा से जुड़ी
एक शाखा) संतों ने लंबे समय तक शिक्षा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया। पूर्णिया
में शेख़ हुसैन धक्कड़पोश
ने चिश्तिया परम्परा को महत्व प्रदान किया।
बिहार के सूफी इतिहास को
समझते समय चिश्ती और फिरदौसिया सिलसिलों के बीच के तालमेल को देखना महत्वपूर्ण है।
बिहार के सबसे प्रसिद्ध संत हज़रत मखदूम शरफुद्दीन याह्या मनेरी (मनेर शरीफ व बिहार शरीफ)
फिरदौसिया सिलसिले से थे, लेकिन उनकी सादगी, राजसत्ता से दूरी और मानव सेवा के सिद्धांत चिश्ती संतों के
बिल्कुल समान थे। 14वीं शताब्दी में बंगाल के चिश्ती संतों (जैसे अखी सिराज और अलाउल हक) और बिहार
के फिरदौसी संतों के बीच आध्यात्मिक पत्रों (मक्तूबात) और विचारों का निरंतर
आदान-प्रदान होता था।
मनेर में स्थित शेख़ शरफ़उद्दीन अहमद याहिया मनेरी
(1263–1381 ई.) की गतिविधि बिहार में ही सीमित रही। उन्हें 'मखदूम-उल-मुल्क बिहारी' और 'मखदूम-ए-जहां' की उपाधियों से जाना
जाता। उन्होंने भारत में फिरदौसिया परंपरा की स्थापना की। वे ख़्वाजा नजीबउद्दीन
फ़िरदौसी के शिष्य थे। उनका जन्म जुलाई 1263 ईस्वी में पटना के पास
मनेर शरीफ गांव में एक प्रतिष्ठित सूफी परिवार में हुआ था। उनके पिता मखदूम कमालुद्दीन याह्या मनेरी सुहरावर्दी सिलसिले के
प्रसिद्ध संत थे, जिनकी मजार मनेर शरीफ की 'बड़ी दरगाह' में स्थित है। 12 वर्ष की आयु में वे पारंपरिक शिक्षा प्राप्त करने के लिए
बंगाल के सोनारगांव (वर्तमान बांग्लादेश) चले गए। वहां उन्होंने प्रसिद्ध विद्वान हज़रत शरफुद्दीन अबू तव्वामा बुखारी के सानिध्य में लगभग 24 वर्षों तक अरबी, फारसी, तर्कशास्त्र, दर्शन और धर्मशास्त्र का गहन अध्ययन किया। शिक्षा पूरी करने
के बाद वे दिल्ली गए, जहां उनकी मुलाकात हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया
सहित कई सूफियों से हुई। दिल्ली के महरौली में वे शेख नजीबुद्दीन
फिरदौसी के शिष्य (मुरीद) बने, जिन्होंने उन्हें 'फिरदौसी' की उपाधि दी और
आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए बिहार भेजा। सांसारिक मोह-माया से दूर रहकर उन्होंने
लगभग 30 वर्षों तक कठोर तपस्या की। उन्होंने पहले भोजपुर के बिहिया के घने जंगलों में और
फिर राजगीर की पहाड़ियों में एकांतवास कर साधना की। राजगीर में जिस गर्म पानी के
झरने के पास वे इबादत करते थे, वह आज भी उनकी याद में 'मखदूम कुंड' कहलाता है। तीन दशकों की तपस्या के बाद वे नालंदा जिले के बिहार शरीफ में बस गए। बाद में
सुल्तान मुहम्मद बिन तुगलक ने उनके लिए वहां एक खानकाह का निर्माण कराया, जहां उन्होंने लगभग 50 वर्षों तक लोगों को
आध्यात्मिक शिक्षा दी।
उन्होंने इस्लामी
क़ानून में सौम्यता लाने का प्रयास किया। उनकी शिक्षाओं का मुख्य केंद्र 'खिदमत-ए-खल्क' (मानव सेवा), करुणा, अहंकार का त्याग और ईश्वर के प्रति निस्वार्थ प्रेम था।
उन्होंने शरिया (धार्मिक नियमों) और तरीकत (आध्यात्मिक मार्ग) के बीच संतुलन बनाने
पर जोर दिया। उन्होंने इस्लाम के सिद्धांत पर एकत्व की अवधारणा को आगे बढ़ाने का
काम किया। उनका मानना था कि ईश्वर से एकत्व शरीर का मिलन नहीं है बल्कि यह
अवचेतनीय संपर्क और संसार से अलगाव है। वे एक महान लेखक भी थे। उन्होंने “मक़्तूबात” और “महफ़ूज़ात” नामक ग्रंथों के
अलावा अपने आध्यात्मिक शिष्यों के लिए कई दिशानिर्देशक पुस्तकें लिखीं। वे मानव
सेवा में विश्वास रखते थे और अपने शिष्यों को ऐसा करने की प्रेरणा देते थे। कहते
थे कि ज़रूरतमंदों को क़लम, ज़बान, दौलत और पद से सेवा की जानी चाहिए। ग़रीबों की
सहायता करने से ख़ुदा से मिलन नसीब होता है। जनवरी 1381 ईस्वी को उनका देहांत
हुआ। उनकी वसीयत के अनुसार, बंगाल के प्रसिद्ध
चिश्ती संत सैयद अशरफ जहांगीर सेमनानी ने उनकी जनाजे की नमाज पढ़ाई। बिहार शरीफ स्थित उनकी दरगाह
(बड़ी दरगाह) आज भी सभी धर्मों के लोगों की आस्था का
प्रमुख केंद्र है।
शेख़ मनेरी का एक प्रसिद्ध
दोहा है –
काला हंसा निरमला, बसै समुन्दर तीर
पंख पसारै बिख हरै, निरमल करै सरीर
बिहार में चिश्ती
संतों की खानकाहें जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लिए खुली थीं, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूती मिली। चिश्ती
संतों द्वारा आयोजित 'समा' और कव्वाली की महफिलों
ने स्थानीय संगीत परंपरा को समृद्ध किया और बोलचाल की भाषा (हिंदवी और स्थानीय
बोलियों) के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश को आम जनता तक पहुँचाया।
****
22.22 उत्तर
प्रदेश में
उत्तर प्रदेश मध्यकाल से ही
भारत में सूफी आंदोलन का एक अत्यंत प्रमुख केंद्र रहा है, जहाँ चिश्ती, मदरिया, कादरी और नक्शबंदी जैसे कई सूफी सिलसिलों ने अपनी गहरी जड़ें जमाईं। इन
संतों ने अवध, रूहेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल क्षेत्रों में प्रेम, मानव सेवा और गंगा-जमुनी
तहजीब को बढ़ावा दिया। चिश्ती सिलसिला प्रदेश का सबसे लोकप्रिय और
प्रभावशाली सिलसिला रहा है। दिल्ली के महान संत हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का
जन्म बदायूं में हुआ था, जबकि उनके प्रमुख शिष्य नासिरुद्दीन चिराग-ए-देहलवी अयोध्या
से थे। मुगल काल में शेख सलीम चिश्ती ने फतेहपुर सीकरी (आगरा) को अपना
केंद्र बनाया, जहाँ सम्राट अकबर ने उनके सम्मान में भव्य दरगाह का निर्माण कराया। इसके
अतिरिक्त शेख अब्दुल कुद्दूस गंगोही ने सहारनपुर के गंगोह में चिश्ती-साबरी
परंपरा को स्थापित किया।
शेख़ मख़दूम अलाउद्दीन अली-बिन-अहमद साबिर कलियरी (मृ. 1271 ई.)
साबिरी सम्प्रदाय शेख़
अलाउद्दीन अली अहमद साबिर ने स्थापित की। उनका जन्म 1197 में हेरात में हुआ था। वे बाबा
फ़रीद के शिष्य थे। उनकी मृत्यु 1271 ई. में हुई। वे एक सिद्ध महापुरुष थे। उन्हें आध्यात्मिक
चमत्कारों से युक्त माना जाता है। रुड़की, (उ.प्र.) के उत्तर में पीरां कलीर (कलियर)
नामक स्थान पर उनकी मज़ार है।
उनके दो प्रमुख शिष्य थे, एक
थे अहमद बिन अब्दुल हक़ (मृ. 1434)। वे पानीपत में रहते थे और उन्होंने अपनी ख़ानक़ाह लखनऊ से
पचास मील दूर रदौली में स्थापित की। दूसरे शिष्य शेख़
अब्दुल क़ुद्दूस (1455-1536/7) ने सहारनपुर के पास गंगोह में अपनी ख़ानक़ाह स्थापित की।
सय्यद मुहम्मद हुसैनी-बिन-जाफ़र अलमक्की (मृ. 1328 ई.)
सय्यद हुसैनी चराग़-देहली के
शिष्य थे। वे धार्मिक एकाधिकार के विरोधी थे। उनका मानना था कि धर्मशास्त्र का
अनुपालन किया जाए। पवित्र जीवन और तपस्या का मार्ग अपना कर लाहूत-शिनासी
(ईशज्ञान) प्राप्त किया जाए। लाहूत-शिनासी के लिए वे नौ पड़ाव की चर्चा करते हैं।
ये नौ पड़ाव हैं - तौबा (पश्चाताप), ज़ुह्द (सात्विकता), तवक्कुल (धैर्य), क़नाअत
(संतोष), उज़लत-गज़ीनी (एकान्तवास), ज़िक्र-इलल्लाह (ईश नाम जप), तवज्जुह-बिल्लाह
(ईश्वर की ओर आसक्ति), मराक़बा (ध्यान) और राज़ी-बिल-रिज़ा (ईश्वर की इच्छा को अपनी
इच्छा मानना)।
मीर सय्यद मुहम्मद अशरफ़ जहांगीर समनानी (मृ. 1405 ई.) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश,
के फ़ैज़ाबाद के एक गांव किछौछा को अपना केन्द्र बनाया और किछौछा शरीफ में अपनी खानकाह स्थापित की।
उन्होंने जौनपुर के शर्की सुल्तानों के दौर में पूरे उत्तर भारत में
चिश्ती-अशरफिया परंपरा का विस्तार किया।
मदरिया सिलसिला की
स्थापना सैयद
बदीउद्दीन जिंदा शाह मदार ने की थी, जिनका मुख्य केंद्र कानपुर के पास मकनपुर
शरीफ में है। जौनपुर के सुल्तान इब्राहिम शाह शर्की के
शासनकाल में इस सिलसिले को काफी प्रसिद्धि मिली और आज भी मकनपुर में लगने वाला 'मदार
मेला' हिंदू-मुस्लिम एकता का बड़ा प्रतीक है।
कादरी
और वारसी परंपरा के संस्थापक बाराबंकी
के देवा
शरीफ में
स्थित हाजी वारिस
अली शाह की दरगाह विश्व प्रसिद्ध है, जिन्होंने
'जो
रब है वही राम है' का संदेश देकर कादरी-रज़्ज़ाकी परंपरा को एक नया
स्वरूप दिया। वहीं बरेली में 19वीं सदी में इमाम अहमद रज़ा खान ने
कादरी परंपरा के अंतर्गत बरेलवी विचारधारा को
संगठित किया।
मुगल
काल में उत्तर प्रदेश के आगरा, दिल्ली और रूहेलखंड क्षेत्रों में नक्शबंदी सिलसिला के
संतों का भी प्रभाव रहा। इस सिलसिले के संतों ने आध्यात्मिक जीवन के साथ-साथ
इस्लामी कानून (शरिया) के सख्त पालन और सामाजिक अनुशासन पर जोर दिया। लखनऊ और
बहराइच में शाह मोहम्मद
काज़िम कलंदर ने कलंदरिया सिलसिले को आगे बढाया। प्रयागराज में शेख मोहिबुल्लाह इलाहाबादी
ने चिश्ती-साबरी परंपरा को आगे बढाया।
उत्तर
प्रदेश के अवध क्षेत्र में सूफी संतों और कवियों ने लोकभाषा अवधी में उत्कृष्ट
साहित्य की रचना की। अमेठी (जायस) के मलिक मोहम्मद जायसी ने 'पद्मावत', मंझन
ने 'मधुमालती' और कुतुबन ने 'मृगावती' लिखकर
भारतीय संस्कृति और सूफी प्रेम दर्शन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। अमीर खुसरो
(पटियाली, कासगंज) और जौनपुर के शर्की शासकों के संरक्षण में
सूफी 'समा' (संगीत) ने भारतीय शास्त्रीय संगीत, खयाल
गायकी और कव्वाली को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया।
22.23 दक्षिण
भारत में सूफ़ीमत
समय के साथ न सिर्फ़ उत्तर
भारत में बल्कि दक्षिण भारत में भी सूफ़ीमत का व्यापक असर हुआ। कुछ
विद्वानों के अनुसार दक्षिण भारत में सूफि़यों का आगमन ख़्वाजा हसन बसरी
र.अ. (मृ. 734 ई.)
से बताया जाता है लेकिन इसका कोई ऐतिहासिक साक्ष्य मौजूद नहीं है। ऐतिहासिक
दृष्टिकोण से इसमें दो महत्वपूर्ण तथ्य स्पष्ट करने आवश्यक हैं। पहला, ख़्वाजा हसन बसरी (र.अ.) स्वयं कभी दक्षिण भारत नहीं
आए थे। दूसरा, कुछ विद्वान दक्षिण भारत में
सूफी विचारधारा के शुरुआती बीज को उनके काल (8वीं
शताब्दी ईस्वी) और अरब व्यापारियों के आगमन से जोड़कर देखते हैं।
मध्यकालीन ऐतिहासिक स्रोतों
से यह जान पड़ता है कि मुस्लिम शासकों की विजयों के पहले ही प्रख्यात सूफ़ी वहां आ चुके थे। वे काफ़ी हद तक सामाजिक और धार्मिक तौर से जनता को
प्रभावित भी कर रहे थे। इस्लाम के उदय के तुरंत बाद (7वीं और 8वीं शताब्दी में) इराक (बसरा)
और अरब के बंदरगाहों से व्यापारियों के साथ कई प्रारंभिक मुस्लिम संत और फकीर
दक्षिण भारत के मालाबार (केरल) और कोरोमंडल (तमिलनाडु) तटों पर आए थे। मालिक-बिन-दीनार
(मृ. 744 ई.)
भारत के दक्षिणी समुद्र तट पर आए थे। मालिक बिन दीनार प्रारंभिक इस्लाम के प्रसिद्ध
विद्वान, संत (ताबई) और ख़्वाजा हसन
अल-बसरी के प्रमुख शिष्य थे। उनका जन्म इराक के कूफा में हुआ था और उन्होंने
अपना अधिकांश जीवन बसरा (इराक) में बिताया। सूफी साहित्य और शास्त्रीय इस्लामी
ग्रंथों में उन्हें उनकी सादगी, तपस्या
और आत्म-शुद्धि की शिक्षाओं के लिए बहुत सम्मान के साथ याद किया जाता है। मान्यता
है कि केरल के चेरा राजा चेरमान पेरुमाल के अरब जाने और इस्लाम स्वीकार
करने के बाद, उनके निर्देश और पत्रों के साथ
मालिक बिन दीनार और उनके साथी अरब से मालाबार तट पर आए थे। माना जाता है कि
उन्होंने केरल के कोडुंगलूर में भारत की पहली मस्जिद (चेरामान जुमा
मस्जिद) का निर्माण कराया। इसके बाद
उन्होंने कासरगोड, कोल्लम,
मंगलुरु और कन्नूर सहित पश्चिमी तट पर कई अन्य मस्जिदों की नींव रखी। केरल के
कासरगोड (थलंगारा) स्थित मालिक दीनार मस्जिद में उनकी मजार होने की मान्यता है, जहां हर साल उनका उर्स मनाया जाता है।
हज़रत तमीम बिन ज़ैद अल-अंसारी
के विषय में कहा जाता है कि वे इस्लामी पैग़म्बर के स्वर्गवास (632 ई.) के
बाद भारत आए थे। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, हज़रत
तमीम बिन ज़ैद अल-अंसारी का
जन्म मदीना (सऊदी अरब) के अंसार कबीले में हुआ था और वे पैगंबर मुहम्मद के
प्रत्यक्ष साथियों (सहाबा) में शामिल थे। परंपराओं में उन्हें उन 313 साथियों में से एक माना जाता है जिन्होंने ऐतिहासिक
बद्र के युद्ध (624 ई.) में भाग लिया था। स्थानीय
विवरणों के अनुसार, पैगंबर मुहम्मद के निधन (632 ई.) के बाद दूसरे खलीफा हज़रत उमर इब्न अल-खत्ताब के
शासनकाल (634–644 ई.) के दौरान वे धर्म प्रचार के
उद्देश्य से भारतीय उपमहाद्वीप आए थे। परंपरा कहती है कि उन्होंने पहले सिंध
क्षेत्र में लगभग 18 वर्षों तक निवास किया और उसके
बाद समुद्र के रास्ते दक्षिण भारत के कोरोमंडल तट पर पहुंचे। चेन्नई से 50 किमी. दूर कोलम (तमीम नगर) में समुद्र तट पर उनकी मज़ार है। स्थानीय
लोगों और श्रद्धालुओं के बीच यह स्थान अत्यंत पवित्र माना जाता है, जहाँ हर वर्ष उर्स का आयोजन होता है।
शैख़ अब्दुल्लाह-बिन-अनवर, जो श्रद्धालुओं में ‘दादा
हयात कलंदर‘ के रूप में जाने जाते हैं, की मज़ार चिकमंगलूर (कर्नाटक) में आज भी विभिन्न
धर्मावलम्बियों की आस्था का केन्द्र है। दक्षिण भारत (विशेषकर तमिलनाडु और मालाबार
क्षेत्र) के प्रारंभिक सूफ़ी इतिहास और स्थानीय परंपराओं में शैख़
अब्दुल्लाह-बिन-अनवर को उन शुरुआती अरब सूफ़ी संतों और प्रचारकों में गिना
जाता है, जिन्होंने इस्लाम के प्रारंभिक
दौर (लगभग 7वीं–8वीं
शताब्दी ईस्वी) में भारत के समुद्री तटों पर आकर आध्यात्मिक और धार्मिक विचारधारा
का प्रसार किया। हिंदी और उर्दू के कई साहित्यिक व ऐतिहासिक लेखों में (जो दक्षिण
भारत में सूफ़ीमत के आरंभ का वर्णन करते हैं) ख़्वाजा हसन बसरी, मालिक बिन दीनार और अबूतमीम अंसारी के साथ शैख़
अब्दुल्लाह-बिन-अनवर का नाम उन प्रारंभिक संतों की सूची में आता है, जो समुद्री मार्ग से दक्षिण भारत आए थे। स्थानीय
मान्यताओं के अनुसार, इन प्रारंभिक अरब संतों ने
व्यापारिक बंदरगाहों (जैसे मालाबार और कोरोमंडल तट) के आसपास रहकर स्थानीय लोगों
के बीच सादगी, नैतिकता और ईश्वर-भक्ति का
संदेश फैलाया। शैख़ अब्दुल्लाह-बिन-अनवर मुख्य रूप से 13वीं
शताब्दी में संगठित सूफ़ी सिलसिलों (चिश्ती,
कादरी आदि) के आगमन से पहले के उस दौर के प्रसिद्द सूफी संत थे, जब अरब और इराक से आए फकीर व्यक्तिगत स्तर पर दक्षिण
भारत में बसने लगे थे।
उनके
अलावा अबूउक्कासा, अब्दुर्रहमान
अस्तख़री, अबूमूसा सिंधी, मुहम्मद-बिन-ज़याद सिंधी, रबीअ-बिन-शबीह,
मकहोल सिंधी
जैसे प्रमुख सूफि़यों का नाम काफ़ी प्रसिद्ध है। सूफ़ी संत नतहरवली (मृ. 1026 ई.) के
नाम पर त्रिचनापल्ली में सूफ़ी आध्यात्मिक केन्द्र बना है।
शाज़िलिया परंपरा की स्थापना इमाम नूरुद्दीन अबू अल हसन अली ऐश शाज़िली रज़ी. (1196–1258 ई.) द्वारा की गई थी। वे 13वीं शताब्दी के
एक अत्यंत प्रभावशाली मोरक्कन सूफ़ी संत और विद्वान थे। उनका जन्म 1196 ईस्वी में उत्तरी मोरक्को के घुमारा क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने मोरक्को
के प्रसिद्ध शहर फेज़ में इस्लामी न्यायशास्त्र (फ़िक़्ह) की उच्च शिक्षा प्राप्त
की और महान सूफ़ी गुरु शेख अब्दुस्सलाम इब्न मशीश से आध्यात्मिक दीक्षा ली।
अपने गुरु के आदेश पर वे ट्यूनीशिया के शाज़िला नामक स्थान पर गए और वहीं
की पहाड़ियों में कठिन साधना की। इसी स्थान से जुड़ने के कारण उन्हें 'अल-शाज़िली' कहा गया और 1228 ईस्वी में ट्यूनिस में पहली खानकाह (ज़ाविया) की स्थापना के साथ इस सिलसिले
की नींव पड़ी। 1244 ईस्वी में वे मिस्र के सिकंदरिया शहर में बस गए, जहाँ विद्वानों, आम लोगों और
शासकों के बीच उनकी शिक्षाओं को व्यापक लोकप्रियता मिली। 1258 ईस्वी में हज की यात्रा के दौरान मिस्र के हुमैथरा नामक स्थान पर उनका निधन
हुआ। अन्य कई सिलसिलों के विपरीत, शाज़िलिया
परंपरा सांसारिक जीवन को पूरी तरह त्यागने के बजाय अपना दैनिक पेशा या व्यापार
करते हुए हृदय को ईश्वर की याद (ज़िक्र) में लीन रखने पर जोर देती है। इमाम
शाज़िली द्वारा रचित प्रसिद्ध प्रार्थना 'हिज़्ब अल-बहर' (Litany of the Sea) आज भी दुनिया
भर के सूफ़ियों और श्रद्धालुओं द्वारा पढ़ी जाती है। दक्षिण भारत (विशेषकर
तमिलनाडु और केरल) में इस सिलसिले की सबसे प्रसिद्ध उप-शाखा फ़ासियातुश
शाज़िलिया रही है। इसे मक्का के इमाम अल-फ़ासी के शिष्यों—तमिलनाडु के
कायालपट्टिनम निवासी शेख
अबूबकर मिस्कीन साहिब और मदुरै के शेख मीर अहमद इब्राहिम द्वारा भारत लाया गया था।
आज भी मदुरै मक़बरा और केरल के कई हिस्सों में इस परंपरा का गहरा प्रभाव है।
प्रो. के. ए. निज़ामी के विचार में दक्षिण भारत में
चिश्ती सिलसिले की नींव शेख़ शैख़ बुरहानुद्दीन
ग़रीब ने रखी थी, जो हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया र.अ. के शिष्य थे। सुल्तान
मुहम्मद बिन तुगलक द्वारा 1327 ईस्वी में दिल्ली से दौलताबाद (देवगिरी) राजधानी
स्थानांतरित करने के बाद, शेख़ बुरहानुद्दीन ग़रीब अपने कई साथियों और शिष्यों के साथ
दक्कन पहुंचे। उन्होंने महाराष्ट्र के दौलताबाद और उसके समीप स्थित खुल्दाबाद (जिसे 'संतों की घाटी' भी कहा जाता है) को अपना
स्थायी केंद्र बनाया। वहीं उन्होंने अपनी खानकाह स्थापित की और स्थानीय जनता के
बीच प्रेम, सेवा और आध्यात्मिकता का संदेश फैलाया। शेख़ बुरहानुद्दीन ग़रीब ने अपनी
खानकाह में लंगर और आध्यात्मिक संगीत ('समा') की परंपरा को जीवित रखा। उनके बाद उनके प्रमुख शिष्य शेख़
ज़ैनुद्दीन शिराज़ी ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और बाद में ख्वाजा बंदा नवाज़
गेसूदराज़ ने इसे गुलबर्गा (कर्नाटक) तक फैलाया। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर
का नाम भी इन्हीं संत के सम्मान में रखा गया था। इसी तरह हज़रत रूमी ने बीजापुर
में ख़ानक़ाह स्थापित की।
जाफ़र रज़ा ने कहा है कि जब सुल्तान
मुहम्मद तुग़लक़ ने 1327 ई. में दौलताबाद को देश की राजधानी बनाया तो सूफ़ी संत भी बलपूर्वक दौलताबाद
लाए गए थे। इनमें शेख़ बुरहानउद्दीन ग़रीब, सय्यद यूसुफ़ हुसैनी राजू क़त्ताल, मीर हसन
सिज्ज़ी, सय्यद ज़ैनुलआबिदीन आदि शामिल थे। इनमें से अधिकांश सूफ़ी संत लौटकर दिल्ली
नहीं गए और ख़ुल्दाबाद में ही बस गए। सय्यद यूसुफ़ राजू क़त्ताल (मृ. 1331 ई.) प्रसिद्ध सूफ़ी ख़्वाजा
सय्यद बन्दानवाज़ गेसूदराज़ के पिता थे।
ख्वाजा बंदा नवाज़ गेसूदराज़ और
बीजापुर-गोलकुंडा के सूफ़ी संतों ने आम लोगों तक अपनी बात पहुँचाने के लिए स्थानीय
बोली 'दक्कनी' (जो आगे चलकर आधुनिक उर्दू का आधार बनी) में गद्य और काव्य की रचना की। गेसूदराज़
की रचना 'मेराज-उल-आशिकीन' को दक्कनी गद्य की शुरुआती प्रमुख कृतियों में गिना जाता है। बीजापुर के
चिश्ती संतों ने महिलाओं द्वारा रोज़मर्रा के काम (जैसे चक्की पीसने और चरखा
कातने) के समय गाए जाने वाले लोकगीतों की रचना दक्कनी भाषा में की, जिससे सूफ़ी दर्शन गाँव-गाँव
तक पहुँचा। दक्षिण भारत में चल रहे भक्ति आंदोलन (जैसे महाराष्ट्र के वारकरी संत
और कर्नाटक के वचनकार) और सूफ़ी संतों के विचारों में गहरा समान भाव देखने को
मिलता है, जिसने क्षेत्र में सामुदायिक सौहार्द और मिलीजुली संस्कृति को मजबूत किया।
*** *** ***
मनोज कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।