महात्मा गांधी हत्या केस-50
अध्याय – 2
गांधी हत्या केस में
गिरफ्तारियां
2 फरवरी, 1948
आप्टे
और करकरे 2 तारीख़ को बंबई पहुंचे। वे पहले सी ग्रीन होटल गए। वहां उन्हें डबल बेड
रूम खाली नहीं होने के कारण अलग-अलग कमरे में रहना पड़ा।
शंकर किष्टैय्या की गिरफ़्तारी
5 फरवरी, 1948
5
फरवरी को नगरवाला पूना गए, यह देखने के लिए कि क्या उन्हें आप्टे, गोपाल गोडसे और
शंकर किस्तैया मिल सकते हैं। बडगे ने उन्हें बताया था कि शंकर अपनी माँ से मिलने
के लिए 'छुट्टी' पर गया था, लेकिन उसे उसी दिन
वापस आना था। शंकर के घर से उसे मालूम हुआ कि वह कोल्हापुर अपनी मां से मिलने गया
हुआ है। हालाँकि, आप्टे के पड़ोसियों ने नागरवाला के आदमियों को बताया कि
आप्टे दो हफ़्ते से ज़्यादा समय से पूना में नहीं दिखा है, और उन्हें यह भी
पता चला कि शंकर अभी तक वापस नहीं आया था।
6 फरवरी
शंकर, जो कुछ दिनों के
लिए अपनी मां से मिलने शोलापुर गया था, पुलिस दल जो उसे
गिरफ्तार करने आया था, के चले जाने के बाद कुछ घंटों के भीतर पूना लौट आया। जब
उसे बताया गया कि उसके मालिक बडगे को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे बंबई ले जाया
गया है, तो उसने बडगे की तलाश में बंबई जाने का फैसला किया। बम्बई
पहुँचने पर उसे नहीं पता था कि कहाँ जाना है। उसने दीक्षित जी महाराज के बारे में
सोचा और उसके घर चला गया। वह दीक्षित जी के एक नौकर से मिला जो उसे सीआईडी
बिल्डिंग में ले गया। इस तरह 6 फरवरी, 1948 को शंकर, नागरवाला से उसके दफ़्तर में
मिला। नागरवाला ने शंकर को एक थप्पड़ जड़ दिया। उसे हिरासत में ले लिया गया। शंकर किष्टैय्या को आजीवन कारावास की सज़ा तो मिली पर अपील
के बाद उसे मुक्त कर दिया गया।
7 फरवरी, 1948
गोपाल गोडसे की
गिरफ़्तारी
गोपाल अपने पैतृक घर उकसान में था। उसे हिरासत में लेकर
बंबई लाया गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने पांडुरंग गोडबोले को रिवाल्वर
रखने के लिए दिया है। गोडबोले गोपाल के बड़े भाई दत्तत्रेय गोडसे की कंपनी उदयन
इंजीनियरिंग में काम करता था।
8 फरवरी, 1948
8 फरवरी को बॉम्बे पुलिस गोपाल को उस दोस्त, पांडुरंग गोडबोले के साथ आमना-सामना कराने के लिए पूना ले आई। उन्होंने उसके घर से थोड़ी दूरी पर अपनी कार रोकी और
सादे कपड़ों में दो पुलिसकर्मी गोपाल के साथ दरवाजे तक आए। इधर जब गोडबोले को पता
चला कि गांधीजी की हत्या करने वाला व्यक्ति गोपाल का भाई नाथूराम था, तो वह इस खयाल से बुरी तरह घबरा गया कि उसके पास गोपाल की रिवॉल्वर रखी है।
उसने अपने दोस्त गोपाल काले को अपनी घबराहट के बारे में बताया, और काले ने उसे उस रिवॉल्वर से छुटकारा दिलाने में मदद करने की पेशकश की। इसलिए, जब गोपाल गोडसे सादे कपड़ों में कुछ लोगों के साथ अपनी रिवॉल्वर वापस लेने
आया, तो गोडबोले ने पहले तो यह जताने की कोशिश की कि उसने उसे
कहीं फेंक दिया है, लेकिन फिर उसने उन्हें बता दिया कि उसने वह रिवॉल्वर
काले को दे दी है। इसके बाद, वे गोडबोले को
जबरन कार में बिठाकर काले के घर ले गए। लेकिन काले ने अपना वादा निभाया था और उसने
तुरंत क़बूल किया कि उसी रात उसने उस बंदूक को फर्ग्यूसन कॉलेज के गेट के सामने
झाड़ियों में फेंक दिया था। बंदूक फिर कभी नहीं मिली। गोडबोले और काले, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के लिए ले जाया गया। दोनों को आगे
की पूछताछ के लिए छह सप्ताह तक लॉक-अप में रखा गया।
बडगे ने नागरवाला को जिन सात लोगों के नाम दिए थे, उनमें से पाँच पुलिस की गिरफ्त में आ चुके थे।
आप्टे और करकरे अब भी नहीं पकड़े गए थे।
11 फरवरी, 1948
परचुरे की
गिरफ़्तारी
11 फरवरी को शंकर किष्टैय्या ने दिल्ली पुलिस को हिन्दू
महासभा भवन में वह जगह दिखाई जहां ग्रेनेड और बारूद के पलीतों को छुपाया गया था।
पैंतालिस गज की दूरियों पर तीन ज़िन्दा ग्रेनेड और पच्चीस पलीते प्राप्त किए गए।
नाथूराम ने स्वीकार किया कि उसने ग्वालियर में परचुरे की सहायता से बन्दूक ख़रीदी
थी। मैन्टिनेन्स ऑफ पब्लिक सेक्यूरिटी अध्यादेश के तहत परचुरे को मिलटरी हिरासत
में ले लिया गया।
13 फरवरी, 1948
आप्टे और करकरे
की गिरफ़्तारी
साजिशकर्ताओं में शामिल अभियुक्तों में से गिरफ्तारी से अब
केवल आप्टे और करकरे बचे थे। नागरवाला को सबसे ज़्यादा चिंता करकरे की थी। वह बहुत
तेज़ दिमाग वाला और अप्रत्याशित इंसान था। वह सादगी से रहने का आदी था और आसानी से
भीड़-भाड़ में घुल-मिल सकता था। वह पहले ही लगभग एक महीने से छिपा हुआ था। सवाल यह
था कि करकरे को गोवा पहुँचने से पहले कैसे पकड़ा जाए? उन दिनों गोवा एक पुर्तगाली उपनिवेश था और भारत के अपराधियों के छिपने के
लिए एक मुफीद जगह थी।
जहाँ तक आप्टे की बात है, नागरवाला को एक जासूस की तरह यह अंदाज़ा था कि वह बम्बई में ही नज़र आएगा। अगर
वह वैसा ही था जैसा बडगे ने उसके बारे में बताया था, तो उसका मनोरमा साल्वी से संपर्क करना तय था। मनोरमा के पिता का फ्लैट
पुलिस विभाग का था और उसका टेलीफ़ोन, पुलिस एक्सचेंज का ही एक एक्सटेंशन था। नागरवाला ने आदेश दिया कि उस फ्लैट
पर नज़र रखी जाए और टेलीफ़ोन को टैप किया जाए।
आप्टे और करकरे 2 फरवरी को बंबई पहुंचे और सी ग्रीन
(उत्तर) होटल गए। सभी कमरे भरे हुए थे, और प्रबंधक, श्री सत्यवान रेले, उनके लिए जो सबसे अच्छा काम कर सकते थे, वह यह था कि उन्हें दो अलग-अलग कमरों में एक-एक बिस्तर दिया जाए, जिसे उन्हें अन्य रहने वालों के साथ साझा करना होगा, और जिसके लिए उन्हें अग्रिम भुगतान करना होगा। उन्होंने बिस्तर स्वीकार कर
लिया, और अगली सुबह एल्फिंस्टन एनेक्सी होटल चले गए जहाँ वे
अपने लिए एक कमरा पाने में कामयाब रहे।
नाथूराम के पास से एक डायरी ज़ब्त हुई थी। उसमें वह काफी
विस्तार से अपनी सारी बातें लिखता था।
यात्रा का विवरण, ख़र्चों आदि का ब्यौरा। उसमें सभी साज़िशकर्ताओं के नाम थे, और
उनके ऊपर कब, कितना रुपया ख़र्च किया सभी दर्ज़ थे। उसमें उसके 24 से 27 जनवरी के बीच में बंबई के एलफिन्सटन होटल में ठहरने
का ज़िक्र था, जिसकी जब हॉर्नबी रोड के इस होटल से शिनाख़्त की गई तो उनके नाम का
कोई यात्री नहीं मिला। फिर मैनेजर ने
बताया कि कार्नैक रोड पर भी इस होटल की एक एनेक्सी है।
नागरवाला को पता चला कि वे दोनों आदमी एक साथ हैं और
बम्बई में ही मौजूद हैं, या कम से कम पिछली दोपहर तक तो बम्बई में ही थे। पूना से
लौटने के कुछ ही मिनटों बाद, नागरवाला ने दो
CID अधिकारी को जाँच के लिए 'एल्फिंस्टोन एनेक्स' का रजिस्टर लेकर आने के लिए कहा।
'एल्फिंस्टोन एनेक्स' का मैनेजर काश्मीरीलाल था। जांच अधिकारी ने करकरे के
हुलिया सहित 24 तारीख को वहां ठहरने के वालों के बारे में पूछा गया। कश्मीरीलाल ने
बताया कि नाथूराम का साथी माना जाने वाला व्यक्ति, जिसने अपना नाम नारायणराव डी.
बताया था, और एक दूसरा व्यक्ति (जो शायद करकरे था), 3 फ़रवरी से 'एल्फिंस्टोन एनेक्स' में ठहरे हुए थे। पुलिस के वहाँ पहुँचने से कुछ ही मिनट पहले वे होटल से
निकल गए थे।
कश्मीरीलाल ने देखा कि होटल के दरवाजे के पास जो व्यक्ति
खड़ा है, उससे हुलिया बहुत मिलता है। दरवाज़े के पास आप्टे करकरे के साथ खड़ा था। जब
आप्टे ने मैनेजर से पूछा क्या बात है, तो मैनेजर ने कहा कुछ नहीं और वह रजिस्टर
लेकर मेन होटल की तरफ़ चला गया। कुछ गड़बड़ी की आशंका का भान होते ही आप्टे और करकरे
वहां से भाग गए।
नागरवाला को अब बस इंतज़ार करना था कि क्या टैप किए गए
टेलीफ़ोन से कोई सुराग मिलता है। बहुत कुछ इस बात पर निर्भर था कि आप्टे अपनी
प्रेमिका से मिलने के लिए कितना बेताब था। और अगर वह आता भी, तो क्या करकरे उसके साथ होता?
वहां जब आप्टे और करकरे ने फोन पर मैनेजर की बातचीत सुनी
और उन्हें लग गया कि उनकी खोज की जा रही है, तो वे एक टैक्सी में बैठकर सैण्डहर्स्ट
ब्रिज स्थित आर्य पथिक आश्रम में आ गए। वहां आप्टे ने करकरे से पूरे भरोसे के साथ
कहा कि उन्हें आसानी से कमरा मिल जाएगा, क्योंकि वह वहां के मैनेजर जी.पी. दुबे को जानते थे। उसने करकरे को सामान
के साथ टैक्सी में ही छोड़ दिया और खुद दुबे से मिलने अंदर चला गया। लेकिन इस बार
दुबे के पास आप्टे के लिए कोई कमरा नहीं था; बल्कि, उसने बहुत रूखेपन से बात की। आप्टे को धोती पहने देखकर, दुबे ने तंज कसते हुए पूछा कि उसने अपने अंग्रेजी कपड़ों को बदलकर भारतीय
कपड़े क्यों पहन लिए हैं। आप्टे ने दबी आवाज़ में जवाब दिया, "ऐसी बातें तो होती ही रहती हैं।" दुबे आप्टे को आसानी से कमरा दे सकता
था, लेकिन उसके "गंदे कपड़ों और बिखरे हुए हुलिए"
को देखकर उसे बुरा लगा, ऐसा लग रहा था जैसे उसने तीन दिनों से न तो कपड़े बदले हों
और न ही नहाए-धोए हों। जब आप्टे निराश होकर टैक्सी में वापस लौटा, तो करकरे को पहली बार लगा कि वह किसी ऐसे शिकार की तरह है, जिसे अब कोई नहीं बचा सकता।
वे विक्टोरिया टर्मिनस स्टेशन गए और ठाने की गाड़ी पकड़ी। वे
नवपाडा में स्थित सीधे जी.एम. जोशी के घर गए। इस बार वे अपना सामान भी साथ लाए थे।
जोशी से उन्होंने बताया कि वे देश छोड़ कर गोवा भाग जाना चाहते है, और इसके लिए
उन्हें मदद चाहिए। जोशी ने उनका साथ नहीं छोड़ा। उन्हें अपने अगले कदम के बारे में
सोचने के लिए एक ठिकाने की सख्त ज़रूरत थी, और करकरे व आप्टे के साथ जोशी के संबंध ऐसे थे कि वह उन्हें अपने घर से
बाहर नहीं निकाल सकता था। 7 तारीख की सुबह जोशी ने एम. जी. ग़ैसास को बुलाया और
उससे कहा कि पूना जाकर आप्टे के घर से पता लगाए कि क्या पुलिस आप्टे को खोजती वहां
आई थी।
9 फरवरी को ग़ैसास वापस आया और उसने जो कुछ कहा, उससे आप्टे और करकरे को यकीन हो गया होगा कि वे बिना किसी बड़े जोखिम के
पूना जा सकते हैं। उसी दोपहर उन्होंने पूना जाने के लिए ट्रेन पकड़ ली। जहाँ उनके
दर्जनों करीबी दोस्त थे। दोस्तों की मदद से वे छुप कर रहने लगे। उनके दोस्तों ने
उन्हें अपने घरों में छिपाया, उनके प्रति
हमदर्दी जताई, उन्हें खाना दिया, और यहाँ तक कि आप्टे के घर से उसके कुछ कपड़े भी ले आए।
लेकिन पुलिस की तलाश तेज़ हो चुकी थी। दोनों ने निश्चय
किया कि उन्हें बंबई चला जाना चाहिए। उन्हें उम्मीद थी कि बंबई के दोस्तों की मदद
से वे गोवा पहुंच जाएंगे और वहां से वे विदेश चले जाएंगे।
11 को दोनों बंबई आए और ठाने चले गए। दो दिनों तक जोशी
के साथ ठहरे। जोशी के बेटे ने 30 जनवरी की तारीख का उनके लिए उपनगरीय ट्रेन के
टिकट का इंतज़ाम कर दिया, यह साबित करने के लिए कि वे 30 तारीख़ को बंबई में थे।
दादर से विले पार्ले के इस टिकट की एलिबी से आप्टे को कोई लाभ नहीं हुआ, क्योंकि
प्रोपर एकाउंटिंग के बाद टिकट बेकार हो जाते थे, और उन्हें नष्ट कर दिया जाता था।
नष्ट करने वाले टिकटों में से एक दो टिकट को हासिल कर लेना कोई टेढ़ी खीर नहीं थी।
काम में आए टिकटों की विले पार्ले स्टेशन के रजिस्टर में उस नम्बर के टिकट की
एन्ट्री थी। आप्टे के पास से जो टिकट मिला था उसका नम्बर था 05891। उस दिन के
रजिस्टर के मुताबिक एण्ट्री हुए टिकटों का नम्बर 05830-05940 था। एण्ट्री के बाद टिकटों को एक साथ बण्डल बनाकर उसमें छेद कर दिए
जाते थे। किसी ने छेद किए जाने के पहले टिकट निकाल ली होगी।
उन्हें हर पल यही डर सता रहा था कि कभी भी सड़क पर सायरन
बज सकते हैं, या अचानक राह चलते लोगों का एक समूह रुककर उनके घर को
चारों तरफ से घेर सकता है। इस अनिश्चितता ने उन्हें बेचैन कर दिया था। दो दिन तक
तो उन्होंने जैसे-तैसे इसे झेला, लेकिन फिर, मानो किसी जादू के असर में खुद मुसीबत की ओर खिंचे चले जा रहे हों, उन्होंने बंबई के एक होटल में जाकर रहने का फैसला किया। 13 फरवरी को आप्टे
और करकरे ने रीगल सिनेमा के पीछे के अपोलो होटल में चेक इन किया। यह गेटवे ऑफ
इंडिया के क़रीब था। इस होटल में मि. एण्ड मिसेज आप्टे के नाम से वह मनोरमा के साथ
ठहरा करता था। क्लाउडियो पिंटो नाम के काउंटर कलर्क ने एन. काशीनाथ और आर. बिष्णु
नाम के उन दोनों युवकों को रजिस्टर में नाम एन्ट्री कर दूसरे तले के रूम नं. 29 की
चाबी थमाई।
14 फरवरी, 1948
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के रिटायरिंग-रूम के रजिस्टर
से पता चला कि नाथूराम के पास ग्वालियर से दिल्ली के दो टिकट थे। इस जानकारी के
आधार पर, पुलिस ने - भले ही 'नरम' तरीके से पूछताछ की हो - उससे यह कबूल करवा लिया कि
पिस्तौल ग्वालियर के डॉ. परचुरे ने दी थी। 14 फरवरी को सीआईडी के डिप्यूटी सुपरिंटेंडेंट एन.वाई. ड्यूलकर ग्वालियर
पहुंचा। वहां उसे मालूम हुआ कि परचुरे मैन्टिनेन्स ऑफ पब्लिक सेक्यूरिटी अध्यादेश
के तहत मिलटरी हिरासत में है। उसे ग्वालियर के पुराने किले की एक अंधेरी कोठरी में
'मैक्सिमम-सिक्योरिटी' (कड़ी सुरक्षा वाले) कैदी के तौर पर रखा गया था - वही कोठरी जहाँ मुगल
बादशाह अपने सबसे खतरनाक कैदियों को कैद करके रखते थे। उसपर आरोप यह था कि गांधीजी
की हत्या के बाद उसने मिठाइयां बांटी। उसने यह भी प्रचारित किया कि वह हत्यारों को
जानता है। 29 जनवरी को उसने अपने भाई को बताया था कि जो लोग उससे मिलने आए थे, वे
गांधीजी की हत्या करने की योजना बना रहे हैं, और उसने उन्हें बन्दूक दिलाने में
मदद की है। उसने एक रामदयाल सिंह को भी कहा था कि हिन्दू धर्म का शत्रु मारा गया,
और उसका हत्यारा उसके जान-पहचान का है। देउलकर ने आकर परचुरे से पूछताछ की, और दो दिनों के भीतर ही परचुरे अपना जुर्म पूरी तरह कबूल करने के लिए तैयार
हो गया। यू.एच. राणा भी ग्वालियार पहुंच गए थे। दोनों अधिकारियों ने ग्वालियर की
सरकार से मांग की कि परचुरे को उन्हें सौंप दिया जाए। ऐसा 17 फरवरी को किया गया, वह भी ‘प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना’।
***
14 फरवरी को दस बजे सुबह में आप्टे ने मनोरमा को फोन किया और शाम छह बजे मिलने
के लिए बुलाया। बड़गे के बयान से पुलिस को मनोरमा के साथ उसके रिश्ते की जानकारी
थी। लेकिन आप्टे यह नहीं जानता था। मनोरमा का पिता पुलिस में था, इसलिए उसका फोन
पुलिस स्टेशन का एक्सटेंशन नम्बर था। कुछ दिनों से नागरवाला के आदेश से उस फोन को
टैप किया जा रहा था। पुलिस ने आप्टे और मनोरमा की बातें सुन ली। इस फोन के बाद
आप्टे और करकरे अलग हो गए।
नाथूराम गोडसे के साथियों की तलाश करने वाली स्पेशल सेल
के सदस्य बालचंद्र हल्दीपुर ने ही अंततः बंबई में आप्टे और करकरे को पकड़ा था।
नेशनल ओलंपिक चैंपियन रहे हल्दीपुर ने मुकदमे की कार्यवाही के दौरान मिले कई लोगों
के चित्र बनाए थे। उनकी पत्नी वसुधा के अनुसार, जिन दिनों हल्दीपुर आप्टे और करकरे को पकड़ने के लिए घात लगाए बैठे थे, उन दिनों वे हफ्तों तक घर नहीं आए और केवल कच्चे अंडे खाकर गुजारा किया!
11 बजे इंस्पेक्टर हल्दीपुर होटल पहुंचे। पिंटो ने
हल्दीपुर को बताया कि रूम नं. 29 के गेस्ट, 'मिस्टर काशीनाथ' और 'मिस्टर विष्णु' दोनों बाहर गए हुए हैं। इंस्पेक्टर इंतज़ार करने लगा। उन्हें काफी लंबा इंतज़ार करना पड़ा। शाम 5.30 बजे होटल के सामने एक टैक्सी
रुकी। आप्टे बाहर निकला। हल्दीपुर ने पिंटो की तरफ सवालिया नज़रों से देखा। होटल
का रिसेप्शन क्लर्क पिंटो ने सिर हिलाया। हल्दीपुर ने आप्टे को गिरफ़्तार किया और
पुलिस सुरक्षा के साथ उसे CID मुख्यालय भेज दिया। वह खुद वहीं रुक गए, इस उम्मीद में कि शायद करकरे भी आ जाए।
उधर ठाने में करकरे जोशी से मिलने पहुंचा। उसने जानकारी
ली कि विदेश जाने का कोई इंतजाम हुआ या नहीं। शाम 8.25 बजे वह होटल आया।
इंस्पेक्टर हल्दीपुर उसकी ही राह देख रहा था। वह भी पुलिस की गिरफ़्त में आ चुका
था।
*** *** ***
मनोज कुमार
पिछली कड़ियां- महात्मा गांधी हत्या केस
संदर्भ : यहाँ पर
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।