महात्मा
गांधी हत्या केस-52
27 मई, 1948
गांधी हत्या केस की
चार्जशीट
27 मई 1948 को पुलिस ने गांधी हत्या केस की चार्जशीट दाखिल की। निम्नलिखित आठ
व्यक्तियों पर हत्या, हत्या की साज़िश और शस्त्र अधिनियम
और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध का आरोप लगाया गया था:
आरोपी नं. 1. नाथूराम विनायक गोडसे, उम्र 37 वर्ष, संपादक, हिन्दू राष्ट्र, पूना, मुख्य
आरोपी को IPC की धारा 120-B
(षडयंत्र), 302 (हत्या), 114, 115, Indian Arms Act की धारा 19 (C), 19 (D), 109, 19 (F), Explosive Substances
Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 2. नारायण दत्तात्रेय आप्टे, उम्र 34 वर्ष,
प्रबंध निदेशक, एच.आर. प्राकाशन, पूना, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, Indian Arms Act की धारा 19 (C), 19 (D), 109, 19 (F), Explosive Substances
Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 3. विष्णु रामकृष्ण
करकरे, उम्र 37 वर्ष, मालिक, एल. व बी. हाउस, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, Indian Arms Act की धारा 19 (D), 109, 19 (F), Explosive Substances
Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 4. मदनलाल काश्मीरीलाल पाहवा, उम्र 20 वर्ष, पंजाबी शरणार्थी, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, Indian Arms Act की धारा 19 (D), 109, 19 (F), 109, Explosive Substances Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 5. शंकर किष्टैय्या उम्र 20 वर्ष, घरेलू नौकर, पूना, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, 109, Indian Arms Act की धारा 19 (D), 109, 19 (F), Explosive Substances
Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 6. गोपाल विनायक गोडसे उम्र 27 वर्ष,
स्टोर कीपर, एम.टी.एस.एस. डिपो, पूना, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, 109, Indian Arms Act की धारा 19 (D), 109, 19 (F), Explosive Substances
Act की धारा 3, 4 (B), 5, 6 के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 7. विनायक दामोदर सावरकर, उम्र 65 वर्ष, मालिक सावरकर भवन, बंबई, को IPC की धारा 120-B, 302, 114, 115, 109, के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 8. डॉक्टर दत्तात्रेय सदाशिव परचुरे, उम्र 49 वर्ष,
चिकित्सक, ग्वालियर, को IPC
की धारा 120-B, 302, 114, 115, 109, Indian Arms Act की धारा 19 (C),के तहत आरोप लगाए गए।
आरोपी नं. 9, 10 और 11 गंगाधर एस. दंडवते, गंगाधर जाधव और सूर्यदेव शर्मा को भगोड़ा घोषित कर दिया।
उनके खिलाफ मामले की उनकी अनुपस्थिति में सुनवाई की गई थी।
दिगम्बर रामचन्द्र बडगे, 39 वर्ष, मालिक,
शस्त्र भंडार, पूना, जो अवैध शस्त्र व्यापारी था, सरकारी
गवाह बन गया, और उसे माफी मिल गई।
ट्रायल शुरू पहली प्राथमिक
सुनवाई
सुनवाई शुरू होने से एक घंटा पहले ही लाल किले के एक
विक्टोरियन भवन की पहली मंजिल पर बना विशाल हॉल दर्शकों, देशी-विदेशी पत्रकारों और फोटोग्राफरों से खचाखच भर गया था।
भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर खाकी वर्दी में पुलिस
बल तैनात किया गया था।
27 मई, 1948 को पहली सुनवाई हुई, दूसरी 3 जून और तीसरी 14 जून को। कोर्ट रूम में लाउडस्पीकर की व्यवस्था की गई थी।
पानी पिलाने वाले सर पर मटका लेकर इधर-उधर घूम रहे थे। फोटोग्राफरों को कार्रवाई
और अभियुक्तों के फोटो लेने की इज़ाज़त थी। मूवी कैमरा से भी शूटिंग की जा रही थी।
सावरकर बहुत तनावपूर्ण, उदास और
कमजोर दिख रहे थे, जबकि गोडसे के चेहरे पर एक बहुत ही अजीब अभिव्यक्ति थी। आप्टे
और अन्य अभियुक्त बड़ी ख़ुशी से फोटोग्राफरों को पोज़ दे रहे थे। दूसरे दिन के
अख़बारों में इनके फोटो ने प्रमुख जगह पाई।
चूंकि भारत तब तक गणराज्य नहीं बना था, इसलिए
मुकदमे का शीर्षक 'द क्राउन बनाम नाथूराम विनायक गोडसे और अन्य' था। इस विशेष अदालत की अध्यक्षता विशेष न्यायाधीश आत्मा
चरण कर रहे थे। सरकार की
ओर से अभियोजन पक्ष का नेतृत्व बॉम्बे के तत्कालीन एडवोकेट जनरल सी.के.
दफ्तरी कर रहे थे।
लाल किले के भीतर ही एक विशेष हिस्से को जेल घोषित कर सभी
आरोपियों को रखा गया था। 10 से 12 बजे तक, पहले दिन दो घंटे की कार्रवाई हुई। कटघरे
की पहली पंक्ति में पाजामा और पूरी बांह की कमीज़ पहने नाथूराम बीच में बैठा था,
उसकी दोनों तरफ़ आप्टे और करकरे बैठे थे। करकरे सिल्क की शर्ट और धोती पहने हुए था
जबकि आप्टे और गोपाल गोडसे ने नाथूराम की ही तरह पहनावा धारण किया था। सावरकर,
किष्टैय्या और परचुरे ने काली टोपी पहनी थी। दूसरी पंक्ति में बड़गे, गोपाल गोडसे
और मदनलाल पाहवा बैठे थे। पिछली पंक्ति में किष्टैय्या, सावरकर और परचुरे थे।
कितना अजीब संयोग था, कि पिछली पंक्ति में बैठे तीनों अभियुक्तों को कोई सज़ा नहीं
मिली और वे बरी हो गए। भोपाटकर ने कोर्ट को बताया कि सावरकर काफ़ी कमज़ोरी महसूस कर
रहे हैं, इसलिए उन्हें एक कुशन वाली कुर्सी दी जाए। जज ने फौरन आदेश दिया और उनके
लिए एक कुर्सी की व्यवस्था कर दी गई, और पूरी कार्रवाई के दौरान वे उसी पर बैठे।
इस तरह से भोपाटकर ने अपनी रणनीति निर्धारित कर दी कि उनके मुवक्किल बाक़ी
अभियुक्तों की साज़िश में शामिल नहीं थे, और उनका इस केस में कोई हाथ नहीं था।
चंद्रकिशन दफ़्तरी, अभियोजन पक्ष के वकील ने पुलिस द्वारा
दायर चार्जशीट पढ़ा। अभियुक्तों पर हत्या, हत्या का प्रयास, हत्या की साज़िश, हत्या में सहायता, अवैध हथियार और विस्फोटक रखने और परिवहन करने के आरोप थे।
जज ने अभियुक्तों से पूछा कि उनके बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था है, या उन्हें
सरकारी मदद की ज़रूरत है। इस पर गोडसे और छह अन्य अभियुक्तों ने कहा कि वे भोपाटकर
की सहायता से वे अपनी व्यवस्था ख़ुद कर लेंगे। बड़गे और मदनलाल ने कहा कि उन्हें
बचाव के लिए किसी वकील की ज़रूरत नहीं है। किष्टैय्या ने शुरू में सरकार से बचाव के
लिए मदद मांगी। सावरकर और नाथूराम को छोड़कर बाक़ी सारे अभियुक्त काफी ख़ुशमिज़ाज थे
और आपस में हंस-मुसकुरा रहे थे। नाथूराम किसी से बातचीत करता नहीं दिखा जबकि
सावरकर काफी तनाव में दिख रहे थे। नाथूराम के चेहरे पर कोई पछतावा या पश्चाताप के
भाव नहीं थे।
किस भाषा में बातचीत हो इसको लेकर भी दुविधा की स्थिति खड़ी
हो गई। बड़गे और करकरे ने कहा कि उन्हें केवल मराठी आती है। किष्टैय्या ने कहा कि
वह केवल तेलुगू समझता है। भोपाटकर ने मराठी भाषियों के लिए दुभाषिए का काम किया
जबकि एक प्रेस रिपोर्टर ने तेलुगू दुभाषिए का काम किया। भोपाटकर ने तैयारी के लिए
दो सप्ताह का वक़्त मांगा।
पहले दिन की इन औपचारिकताओं के बाद, जज आत्मचरण ने अगली तारीख 14 जून तय की और इस तरह गवाहों के
बयान दर्ज करने की नियमित प्रक्रिया जून 1948 में आगे बढ़ी।
पहले दिन की सुनवाई के दौरान भीड़ और अव्यवस्था को देखकर
प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने नाराजगी जताई थी
और सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजामों में खामियों को लेकर अपने निजी सचिव को नोट
लिखकर जवाबदेही तय करने को कहा था।
14 जून, 1948
दूसरी
प्राथमिक सुनवाई
14 जून को दूसरी
प्राथमिक सुनवाई की कार्रवाई सिर्फ़ एक घंटे की हुई, जिसमें कोर्ट ने अभियुक्तों को
दी गई सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनके बचाव संबंधी व्यवस्थाओं के बारे
में जाना। फिर यह बताया गया कि नियमित सुनवाई 22 जून से
होगी। अपने स्वभाव के विपरीत मदनलाल और करकरे कुछ बुझे-बुझे से दिख रहे थे, जबकि
नाथूराम प्रसन्न था। नाथूराम ने अंग्रेज़ी में अपना वक्तव्य रखते हुए कहा कि उसके
साथ ‘सी’ क्लास के क़ैदियों सा व्यवहार हो रहा है। कपड़े धोने के लिए उसे नियमित रूप
से पानी भी नहीं दिया जा रहा। कम से कम उसे उन सुविधाओं से वंचित न किया जाए जिसके
लिए वह जेल नियमों के तहत अधिकृत है। बड़गे को छोड़कर बाक़ी सभी क़ैदियों ने नाथूराम
के साथ हां-में-हां मिलाई। इससे यह स्पष्ट हो रहा था कि बड़गे पुलिस और कोर्ट को
सही तथ्यों तक पहुंचने में मदद कर रहा था। अभियोजन पक्ष के वकील पेट्टीगरा ने कहा
कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है कि अभियुक्तों की मांग पूरी की जाए। उन्होंने
यह भी कहा कि अभियुक्तों को किसी बाहरी व्यक्ति या आपसे में एक-दूसरे से नहीं
मिलने दिया जाए। उन्हें बाहर से मंगाया हुआ खाना न दिया जाए और न उन्हें स्वयं की
बाल-दाढ़ी बनाने की छूट हो। वे सिर्फ़ जेल द्वारा दिए गए नाई का उपयोग करें। नाथूराम
ने स्पष्टीकरण चाहा कि वह पुलिस हिरासत में है या न्यायिक हिरासत में। अदालत ने
आदेश दिया कि उन्हें ‘बी’ क्लास क़दियों का दर्ज़ा दिया जाता है। आप्टे ने शिकायत की
कि गिरफ़्तारी के समय पुलिस ने उसकी कुछ निजी सामान और रुपए ज़ब्त कर लिए थे और मांग
की कि वह उन्हें वापस कर दिया जाए। कोर्ट ने उससे कहा कि इसके लिए वह जेल
सुपरिंटेंडेंट को लिखित आवेदन दे। कोर्ट ने अभियुक्तों को अपने मन के वस्त्र पहनने
की छूट दी और अगर अपने स्वाद की रुचि के अनुसार विशेष भोजन उन्हें चाहिए तो वे उसे
जेल के कर्मचारियों द्वारा बनवा सकते हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि उन्हें पत्र
प्राप्त करने की आज्ञा है और अख़बार, पुस्तकें और पत्रिकाएं भी मंगवा सकते हैं।
भोपाटकर को अपने अभियुक्तों से जेल में मिलने की छूट मिल गई। 150 गवाहों
के बयानों की प्रतियां बचाव पक्ष के वकीलों को दे दी गईं। पेट्टीगरा ने पांच-छह और
गवाहों को अदालत में पेश करने की जानकारी दी। कोर्ट में मराठी और तेलुगू अनुवादकों
की मौजूदगी का निवेदन भी किया गया। बंबई और ग्वालियर से गवाहों के बयानों के
रिकॉर्ड मंगवाने की मांग की गई। यह निश्चित किया गया कि कोर्ट की कार्रवाही
अंग्रेज़ी में होगी, लेकिन गवाहों के बयान उनके द्वारा बोली गई भाषाओं में ही
रिकॉर्ड किया जाएगा। मदनलाल ने सूचित किया कि उसका बचाव भोपाटकर करेंगे और
किष्टैय्या ने अपने लिए एक वकील नियुक्त किए जाने की मांग की। कोर्ट द्वारा यह
बताया गया कि चूंकि माउंटबेटन 21 जून को भारत छोड़कर जा रहे हैं, इसलिए उस दिन सुरक्षा
व्यवस्था में पुलिसों की कमी हो जाएगी, इसलिए नियमित सुनवाई 22 जून से
होगी।
कोर्ट के जज थे एच. आत्मचरण।
अभियोजन
पक्ष के वकील
अभियोजन पक्ष के वकील थे चन्द्र किशन दफ़्तरी, एडवोकेट
जेनरल, एन.के. पेट्टीगरा, एन.जी. व्यवहारकर, रायबहादुर ज्वालाप्रसाद और पंडित
ठाकुरदास। जमशेद दोराबजी नागरवाला ‘जिम्मी’ डेप्यूटी कमिशन पुलिस, बंबई विशेष जांच
अधिकारी थे।
बचाव
पक्ष के वकील
भोपाटकर ने बचाव पक्ष के वकीलों के नाम सौंपे।
वीडी सावरकर के लिए
एल.बी. भोपाटकर, बैरिस्टर जमनादास मेहता, गणपत राय, कुंजबिहारी एल भोपाटकर, बी.
बनर्जी, जे.पी. मित्तर और एन.पी. ऐयर, नाथूराम के लिए बैरिस्टर वी.वी. ओक, नारायण
आप्टे के लिए के.एच. मेंगले और जी.के. दुआ, विष्णु करकरे के लिए नरहर
दाजी डान्गे और जीके दुआ, शंकर किष्टैय्या के लिए हंसराज आर. मेहता ( सरकार
द्वारा नामित), गोपाल गोडसे के लिए मोहनलाल बी. मनियार, परचुरे के
लिए पी.एल. इनामदार, एस.एन. जौहरी और मदनलाल के लिए पूरनचंद्र बनर्जी। बडगे
सरकारी गवाह बन गया था।
अभियोजन पक्ष के गवाहों और उसका सारांश अभियुक्तों को दिया
गया। किष्टैय्या और करकरे को अनुवादित कॉपी दी गई।
अभियोजन पक्ष की तरफ़ से सुनवाई की कार्रवाही 24 जून, 1948 से 6 नवंबर, 1948 तक चली।
इस दौरान 149 गवाहों के बयान 720 पृष्ठों
में दर्ज़ किए गए। अभियोजन पक्ष ने 404 डॉक्यूमेंटरी और 80 सामग्री
साक्ष्य प्रस्तुत किए। अभियुक्तों के बयान की रिकॉर्डिंग 8 नवंबर से शुरू हुई
और 22 नवंबर तक चली जिन्हें 106 पृष्ठों
में दर्ज़ किया गया। शंकर किष्टैय्या को छोड़कर सभी अभियुक्तों ने लिखित वक्तव्य भी
प्रस्तुत किया जो 297 पृष्ठों के थे। बचाव पक्ष ने 119
दस्तावेज़ प्रस्तुत किए। उनकी तरफ़ से सुनवाई 1 दिसंबर को शुरू हुई
जो 30 दिसंबर तक चली।
·
लाल किला जेल
में उनके कैद के दौरान, कैदियों को
नियमित रूप से बाहर से संदेश और नोट मिलते रहे थे।
·
पत्रों को इधर से उधर करते हुए पकड़े जाने के बाद जेल के एक
गार्ड लांस नायक कदम को निलंबित भी कर दिया गया था।
22 जून
मुकदमा
शुरू होता है
22 जून, 1948 को
नियमित रूप से मुकदमा शुरू होता है। अभियुक्तों को छह पृष्ठों का चार्जशीट पढ़कर
सुनाया जाता है। इसका मराठी अनुवाद एम.ए. नवलकर और तेलुगू अनुवाद एम. कमलम्मा ने
पढ़ा। पंजाबी और हिन्दुस्तानी अनुवाद के लिए एम.आर. हांडा कि नियुक्ति की गई थी। उस
दिन अदालत में खनिज एवं खनन मंत्री गाडगिल और क़ानून मंत्री बैरिस्टर आम्बेडकर और
उनकी पत्नी के अलावा होम सेक्रेटरी आर.एन. बनर्जी भी मौजूद थे। बड़गे हालांकि
सरकारी गवाह बन गया था फिर भी उसे सुरक्षात्मक हिरासत में रखा गया था। उसे सशर्त
क्षमादान मिला था। उसका नाम अभियुक्तों की लिस्ट से हटा दिया गया था। सरकारी गवाह
के रूप में बड़गे का नाम सुनकर बचाव पक्ष सन्न रह गया। उन्होंने इसकी कल्पना ही
नहीं की थी। उन्हें इसका आभास तो था कि कोई-न-कोई पुलिस को सारी सूचनाएं दे रहा
है, लेकिन वह बड़गे होगा, इसका उन्हें रत्ती भर भी भान नहीं था। उन्हें गोपाल
गोडसे, परचुरे या मदनलाल पाहवा पर शक था।
जज ने जब
अभियुक्तों से पूछा कि वे अपना गुनाह स्वीकार करते हैं, तो नाथूराम ने स्वीकार किया कि उसने गांधी की
हत्या की थी, लेकिन बाकी लोगों ने सभी आरोपों से इनकार किया और
ट्रायल की मांग की। मदनलाल ने लिखित वक्तव्य प्रस्तुत किया और कहा कि मैं निर्दोष
हूं। मैं किसी साज़िश का हिस्सा नहीं था। 20 जनवरी का
वाकया गांधीजी की मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के प्रति देश भर के लोगों के गुस्से
को इज़हार करने के लिए हुआ था। इस कार्य
में मेरे अलावा और कोई संलिप्त नहीं था।
24 जून
तीसरी
प्राथमिक सुनवाई
24 जून को कार्रवाई शुरू होने के पहले न्यायाधीश आत्मचरण, दफ़्तरी और भोपाटकर
आप्टे, करकरे, मदनलाल और गोपाल
गोडसे के साथ बिड़ला भवन गए और हत्या-स्थल, प्रार्थना-स्थल और गांधीजी के निवास कक्ष का सूक्ष्मता से निरीक्षण
किया। वापस आने के बाद 2 बजे से कार्रवाई शुरू हुई। पहला बयान ग्वालियर राज्य के
हवलदार इश्वरदत्त मूलचंद का दर्ज़ किया गया। उससे तीनों भगोड़ों गंगाधर दंडवते, गंगाधर जाधव और
सूर्यदेव शर्मा के बाबत पूछताछ की गई। उसने इन भगोड़ों के अखबार में प्रकाशित
विज्ञापन भी दिखाया।
दूसरे
व्यक्ति जिनका बयान लिया गया वे थे रामलाल दत्त, फ़तेहपुरी, दिल्ली के शरीफ़ हिन्दू
होटल के महाप्रबंधक। उसने बताया कि 17 से
19 जनवरी तक उसके होटल के कमरा नं. 2 में तीन
लोग ठहरे थे। उसने मदनलाल और करकरे की शिनाख़्त भी की। तीसरे व्यक्ति को भी जब
कोर्ट में लाया गया, तो उसने उसकी भी शिनाख़्त की। वह था शांताराम आत्माराम
आम्चेकर। उसने गोपाल गोडसे की शिनाख़्त करते हुए बताया कि वह विजिटर के रूप में
होटल में आया था।
25 जून
रामलाल से
क्रॉस क्वेश्चन किए गए। पहले करकरे के वकील डांगे ने फिर मदनलाल के वकील पूरनचंद्र
बनर्जी और अंत में गोपाल गोडसे के वकील मनियार ने। रामलाल अपने दिए गए बयान से
बिल्कुल भी नहीं डिगा।
इसके बाद
रामलाल के पार्टनर शांतिप्रकाश के बयान दर्ज़ किए गए। उसने भी करकरे और गोपाल की
शिनाख़्त की। बचाव ने उससे क्रॉस क्वेश्चन किए।
उसके बाद
होटल के खानसामा रामसिंह का बयान दर्ज़ हुआ। फिर आमचेकर का बयान लिया गया। वह एक
प्रमुख गवाह था। उसने 15 जनवरी को पेशावर एक्सप्रेस
ट्रेन में मदनलाल और करकरे से हुई भेंट की गवाही दी। वह उनके साथ शरीफ़ होटल में 17 से
19 जनवरी तक ठहरा था, यह भी बताया। उस दिन की कोर्ट की कार्रवाई समाप्त होने
के पहले नाथूराम ने अदालत से निवेदन किया कि बड़गे और किष्टैय्या को न तो आपस में
और न ही किसी अन्य अभियुक्त से बात करने दिया जाए। अदालत ने उसकी बात मान ली।
*** *** ***
मनोज कुमार
पिछली कड़ियां- महात्मा गांधी हत्या केस
संदर्भ : यहाँ पर
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।