सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम
22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-13
22.24 ख़्वाजा सय्यद मुहम्मद-बिन-यूसुफ़-अलहुसैनी (बंदानवाज़ गेसू दराज़) (1321–1422)
ख़्वाजा बन्दा नवाज़ मुहम्मद गेसू
दराज़ एक महान चिश्ती सूफ़ी संत , विद्वान और लेखक थे। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश, उप - महाद्वीप में उन्हें काफ़ी
सम्मान प्राप्त है। वे ख़्वाजा नसीरुद्दीन चिराग दिल्ली के शिष्य और उत्तराधिकारी
(ख़लीफ़ा) थे। वे ख़्वाजा नसीरुद्दीन चिराग दिल्ली की मृत्यु के बाद दिल्ली
छोड़कर दक्कन चले गए। दक्षिण भारत में चिश्ती परंपरा का विकास शेख़ अलहुसैनी गेसूदराज़ के प्रयासों से हुआ।
उनका जन्म 13 जुलाई 1321 ईस्वी को दिल्ली के एक
प्रसिद्ध हुसैनी सैयद परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम सैयद यूसुफ़ बिन अली
हुसैनी (राजू क़त्ताल) था, जो स्वयं हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया के मुरीद थे। उनका नाम
शैख़ अबुल-फ़तह सद्र उद्दीन मुहम्मद र.अ. था। इनके परिवार को हज़रत अली ‘रज़ियल्लाहु अन्हु’ का वंशज माना जाता है। यह परिवार हिरात का रहने वाला था।
इनके पूर्वज दिल्ली आ गए। इनके पिता हज़रत सैयद यूसुफ़ बिन र.अ. एक धार्मिक
प्रवृत्ति के इंसान थे। पिता की छत्र-छाया में इनको आरंभिक शिक्षा मिली। पिता के
द्वारा ही इन्हें हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया र.अ. और हज़रत नसीरुद्दीन चिराग-ए-दिल्ली
र.अ. के बारे में जानकारी मिली। एक दिन वे सुल्तान क़ुरुबुद्दीन की मस्जिद में नमाज़
अदा करने गए। वहीं उनकी भेंट हज़रत शैख़ नसीर उद्दीन महमूद चिराग-ए-दिल्ली र.अ. से
हुई। वे उनके मुरीद हो गए। पीरो-मुर्शीद हज़रत शैख़ नसीर उद्दीन महमूद
चिराग-ए-दिल्ली र.अ. के निर्देशन में उन्होंने प्रार्थना और ध्यान का अभ्यास शुरू
किया। गुरु के आदेश पर पहले उन्होंने धार्मिक ग्रंथों की जानकारी प्राप्त की।
कहा जाता है कि एक दिन
उन्होंने हज़रत शैख़ नसीरूद्दीन महमूद चिराग-ए-दिल्ली र.अ. की पालकी उठाई। उनका लंबा
केश पालकी में फंस गया और खिंचने से काफ़ी दर्द हुआ। लेकिन उन्होंने अपने गुरु के
सम्मान में दर्द को किसी पर ज़ाहिर नहीं होने दिया। जब गुरु को यह बात मालूम हुई तो
उन्होंने निम्नलिखित दोहा (फ़ारसी में ) पढ़ा –
हर के मुरीद सैयद गेसूदराज़ शुद।
वल्लाह ख़िलाफ़-ए-निय्यत के ओ इश्क़ बाज़ शुद॥
अर्थात सैयद गेसूदराज़ ने
आज्ञा का पालन किया, इसमें कुछ ग़लत नहीं है, क्योंकि वह इश्क़ में गंभीर रूप से
डूबा हुआ था। लंबे बालों के कारण तब से उन्हें ख़्वाजा गेसूदराज़ भी कहा जाने लगा। गरीबों, ज़रूरतमंदों और आम लोगों के
प्रति इनकी अपार दयालुता और मदद करने के स्वभाव के कारण लोगों ने इन्हें 'बंदा नवाज़' (मनुष्यों पर कृपा करने वाला)
की उपाधि दी।
1398 में तैमूर लंग के आक्रमण के
बाद वे दिल्ली छोड़कर पहले दौलताबाद और फिर बहमनी सुल्तान ताजुद्दीन फ़िरोज़ शाह
के निमंत्रण पर गुलबर्गा (वर्तमान कलबुर्गी, कर्नाटक) में बस गए। सुलतान
मुहम्मद बिन तुग़लक़ अपनी राजधानी को दिल्ली से दौलताबाद स्थानांतरित कर दिया और
उसके साथ कई विद्वान, धर्मविद और रहस्यवादी भी गए। उस समय उनकी उम्र 80 साल की थी। उस समय वहां
फ़िरोज शाह बहमनी का शासन था। फिर उन्होंने उत्तरी तथा दक्षिणी भारत की मज़ारों का
दौरा किया। अंत में वे गुलबर्गा में रहने लगे जहां 104 वर्ष की उम्र में 1422 ई.
में उनका देहांत हुआ। उन्होंने ईश-प्रेम और आध्यात्मिकता का पूरे दक्षिण भारत में
प्रचार-प्रसार किया। उनके प्रयत्नों के परिणामस्वरूप सूफ़ीमत को एक पूर्ण विकसित
सिलसिले का रूप मिला। उन्होंने दक्षिण भारत में चिश्ती सूफ़ी परंपरा की जड़ें
मज़बूत कीं और सभी धर्मों एवं जातियों के बीच प्रेम, सहिष्णुता और भाईचारे का
संदेश फैलाया। वे एक महान साधक होने के साथ ही शरीयत और तरीक़त के जाने-माने ज्ञाता
थे। उनके अध्यात्मिक अनुष्ठान से दक्षिण भारत में इस्लाम धर्म को प्रोत्साहन मिला।
उनको ख़्वाजा नसीरूद्दीन चराग़-देहली से “ख़िरका’’ और ‘ख़िलाफ़ते-रहमानी’ प्राप्त हुई। वे वहदतुलशहूद के सिद्धांत को स्वीकार करते थे। उनके कुछ
प्रसिद्ध वचन इस प्रकार हैं –
·
नाम-यश के लिए सालिक यदि
प्रार्थना-ध्यान करता है, तो वह अनीश्वरवादी है।
·
अगर कोई भय से
प्रार्थना-ध्यान करता है, तो वह धोख़ेबाज़ और पाखंडी है।
·
अगर कोई व्यक्ति ख़ुद को
सांसारिक प्रबंधों में बांधे रखता है, तो वह सही मार्ग पर नहीं बढ़ पाएगा।
·
सालिक को उचित भोजन का चयन
करना चाहिए।
·
सालिक को सांसारिकता का त्याग
करना चाहिए।
उनके क्रियाकलापों से
गुलबर्गा (बहमनी साम्राज्य की राजधानी) में इस्लामी ज्ञान के प्रसार के लिए एक
विशाल मदरसा स्थापित हुआ। बाद के दिनों में गुलबर्गा चिश्ती सिलसिले का महत्वपूर्ण
केन्द्र बन गया। उन्होंने मानवतावादी परंपराओं का प्रचार किया। उन्होंने 105 पुस्तकों की रचना की। उन्होंने भी हिंदू-मुसलिम
एकता के लिए अपने उपदेशों द्वारा काफ़ी प्रयत्न किया। यह उनके प्रभाव का ही असर था
कि बहमनी के कई शासकों ने उदार नीतियों का अनुसरण करते हुए सामाजिक और पारस्परिक
वैमनस्य को दूर करते हुए आपसी एकता पर ज़ोर दिया। दक्षिण भारत और बीजापुर की सूफ़ी
ख़ानक़ाह भी हर वर्ग के लिए खुले थे। प्रो. निज़ामी के अनुसार संपूर्ण सूफ़ी
आंदोलन ने बहमनी राज्य को नैतिक शक्ति प्रदान करने का कार्य ही नहीं किया बल्कि
उनके उत्तराधिकारियों ने जनता के आध्यात्मिक एवं नैतिक विकास को पुष्ट करने के लिए
सामाजिक विचारों के निर्माण का नया वातावरण भी निर्मित किया, जिससे कि सूफ़ीमत का
सांस्कृतिक निखार सामाजिक राजनैतिक और नैतिक मूल्यों के साथ प्रस्तुत हो सका।
अलबेरूनी भी इसी दौरान भारत आया था। उसने हिंदू धर्म को उसके बौद्धिक धरातल पर
समझने का प्रयास किया।
1 नवंबर 1422 को 101 वर्ष की आयु में गुलबर्गा (कर्नाटक)
में उनका निधन हुआ। आज कलबुर्गी स्थित ख्वाजा बंदा नवाज़ दरगाह देश-विदेश के सभी
समुदायों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। उनकी दरगाह को
उत्तर भारत के ख़्वाजा अजमेरी की दरगाह के समान महत्व प्राप्त है। हर वर्ष इस्लामी
कैलेंडर के ज़िलक़ादा महीने की 15 और 16 तारीख को उनकी दरगाह पर भव्य उर्स का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने अरबी, फ़ारसी और दक्कनी (प्रारंभिक
उर्दू) भाषाओं में लगभग 195 पुस्तकों की रचना की। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘तफ़सीरे-क़ुरआन’ (क़ुरआन का भाष्य),
मशरिक़-अलअनवार (हदीसों का संकलन), शरह-फ़िक़हे-अकबर, आदाब-अलमुरीदीन (अलक़शीरी की
पुस्तक का अनुवाद), अवारिफ़-अलम-आरिफ़, जवामअ-अलकिलम, मेराज-उल-आशक़ीन,
तिलावत-अलवजूद, हिदायतनामा, आदि प्रसिद्ध हैं। उन्हें दक्कनी उर्दू के शुरुआती
गद्य लेखकों में गिना जाता है। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक मिराज-उल-आशिक़ीन को
दक्कनी उर्दू की प्रारंभिक और महत्वपूर्ण साहित्यिक कृतियों में से एक माना जाता
है।
22.25 मुग़ल काल में
कुछ विद्वानों का मानना है कि
मुग़ल काल में चिश्ती सूफ़ियों का आधार काफ़ी खिसक गया। इस काल में हज़रत ख़्वाजा
मोइनुद्दीन र.अ., हज़रत शेख़ फ़रीद र.अ. या हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया र.अ. की तरह के कोई असाधारण
प्रतिभा वाले संत भी नहीं थे जो अपने उपदेशों से लोगों में वह उत्साह जगा सकें।
इसके अलावा सूफ़ियों के सर्वेश्वरवादी दर्शन से मुसलिम समाज के नैतिकतावादी न सिर्फ़
अपमानित महसूस करते थे बल्कि नाराज़ भी थे। राजनीति और प्रशासन से दूर रहने की उनकी
नीति भी तत्कालीन राजनैतिक और सामाजिक परिस्थिति की ज़रूरत के हिसाब से मेल नहीं
खाती थी।
वहीं दूसरी तरफ़ हम पाते हैं
कि दिल्ली सल्तनत के शुरुआती दौर के विपरीत, मुगल काल में चिश्ती संतों और
मुगल बादशाहों के बीच अत्यंत घनिष्ठ संबंध स्थापित हुए। अकबर, जहांगीर आदि मुग़ल
सम्राट पीरों के परम भक्त थे। मुगल बादशाहों ने चिश्ती ख़ानक़ाहों और दरगाहों के
रखरखाव के लिए बड़े पैमाने पर कर-मुक्त भूमि (मदद-ए-माश या सुयूरग़ल) और नकद दान
दिए। जहाँगीर, शाहजहाँ और राजकुमारी जहाँआरा बेगम भी चिश्ती सिलसिले के प्रबल अनुयायी थे।
उन्होंने दरगाहों में संगमरमर की इमारतों का निर्माण कराया और उर्स के आयोजनों के
लिए शाही खजाने से धन उपलब्ध कराया। शाहजहां का पुत्र दाराशिकोह तो मुसलिम और
हिंदू परंपराओं का अच्छा जानकार था। ऐसा प्रामाणिक तौर पर कहा जाता है कि उसने
सूफ़ीमत और वेदांत का अध्ययन किया था। साथ ही दोनों मतों के गूढ़ सिद्धांतों की
विवेचना भी की थी। उसने बतलाया था कि इनमें कोई तात्विक अंतर नहीं है। बहादुर शाह
सम्राट होते हुए भी किसी संत से कम नहीं था। उसकी अनेक कविताएं सूफ़ीमत के उच्च
विचारों की सुंदर व्याख्या प्रस्तुत करती हैं।
22.25 (क) हज़रत शेख़ सलीम चिश्ती र.अ. – फ़तेहपुर सिकरी के थे। वह मुग़ल
काल के एक अत्यंत प्रतिष्ठित सूफ़ी संत थे। वे अकबर के समकालीन थे। वह चिश्ती
सिलसिले से जुड़े थे और मुग़ल सम्राट अकबर के आध्यात्मिक मार्गदर्शक तथा फतेहपुर
सीकरी की स्थापना के प्रमुख प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि
जहांगीर का जन्म शेख़ सलीम के आशीर्वाद से उनके ही घर में हुआ था। शेख़ सलीम ने अपने
संप्रदाय के उपदेशों को आगे बढ़ाया और उन्हें काफ़ी प्रसिद्धि भी मिली।
इनका जन्म 1478 ईस्वी में दिल्ली में शेख़
बहाउद्दीन के परिवार में हुआ था। वे महान सूफ़ी संत हज़रत बाबा फ़रीदुद्दीन
गंज-ए-शकर के वंशज थे। आध्यात्मिक ज्ञान की खोज में उन्होंने अरब, सीरिया, इराक और अनातोलिया की लंबी
यात्राएं कीं। उन्होंने मक्का और मदीना में कई वर्षों तक रहकर इबादत की, जिसके कारण उन्हें 'शेख़-उल-हिंद' की उपाधि से जाना गया। भारत
लौटने के बाद उन्होंने आगरा के पास सीकरी की पहाड़ियों की एक शांत गुफा में अपनी
ख़ानक़ाह (आश्रम) स्थापित की। यहाँ रहकर उन्होंने सादगी, विनम्रता और मानव सेवा का
संदेश दिया। उनकी मृत्यु अकबर के समय 1572 में हुई थी। उन्हें फ़तेहपुर सिकरी के प्रसिद्ध जाम-ए-मस्जिद
में दफ़नाया गया। अकबर ने फतेहपुर सीकरी में उनकी भव्य दरगाह बनवाई और अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की
दरगाह की कई बार पैदल यात्रा की। सफेद संगमरमर की बारीक जालियों से बनी यह दरगाह
मुग़ल स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना है। आज भी सभी धर्मों के श्रद्धालु यहाँ
ज़ियारत के लिए आते हैं और मन्नत के धागे बांधते हैं। उनके बेटों-पोतों को अकबर के
दरबार में अच्छी नौकरी मिली। संत के प्रति
सम्मान प्रकट करने के लिए अकबर ने सीकरी में एक भव्य नगरी और शाही महल बनवाया। 1573 की गुजरात विजय के बाद इस शहर
को 'फतेहपुर सीकरी' नाम दिया गया।
22.25 (ख़) हज़रत शेख़ निज़ामुद्दीन फ़ारूक़ी र.अ.
हज़रत शेख़ निज़ामुद्दीन
फ़ारूक़ी र.अ. (जिन्हें हज़रत शेख़ निज़ामुद्दीन थानेसरी या निज़ामुद्दीन बल्ख़ी
फ़ारूक़ी के नाम से भी जाना जाता है) मुग़ल काल के चिश्ती-साबरी सिलसिले के एक
महान सूफ़ी संत और विद्वान थे। वे प्रसिद्ध सूफ़ी संत हज़रत शेख़ जलालुद्दीन
थानेसरी फ़ारूक़ी के प्रमुख शिष्य और आध्यात्मिक उत्तराधिकारी (ख़लीफ़ा-ए-अव्वल)
थे। इनका संबंध इस्लाम के दूसरे ख़लीफ़ा हज़रत उमर फ़ारूक़ (रज़ि.) के वंश से था, जिसके कारण इनके नाम के साथ 'फ़ारूक़ी' जुड़ता है। इनका मूल परिवार
बल्ख़ से संबंधित था और इन्होंने हरियाणा के थानेसर (कुरुक्षेत्र) को अपना
आध्यात्मिक केंद्र बनाया। 16वीं सदी के उत्तरार्ध और 17वीं सदी की शुरुआत में (अकबर
और जहाँगीर के शासनकाल के दौरान) थानेसर स्थित उनकी ख़ानक़ाह आध्यात्मिक ज्ञान और
मानव सेवा का एक बड़ा केंद्र थी।
शेख़ निज़ामुद्दीन फ़ारूक़ी
जहांगीर के समकालीन थे। वे थानेश्वर के थे। उन्होंने राजकुमार खुसरो को अपना
समर्थन दिया था। मुग़ल इतिहास के अनुसार, जब सम्राट जहाँगीर के विद्रोही पुत्र शहज़ादा ख़ुसरो आगरा
से भागकर पंजाब की ओर जा रहे थे, तब वे रास्ते में थानेसर रुके और शेख़ निज़ामुद्दीन से
आशीर्वाद लिया। बादशाह जहाँगीर को जब इस मुलाकात और संत द्वारा ख़ुसरो की सफलता के
लिए दुआ करने की ख़बर मिली, तो वे नाराज़ हो गए। जहाँगीर के आदेश पर उन्हें भारत छोड़कर मक्का (हिजाज़) जाने
का निर्देश दिया गया। उन्होंने इस आदेश को ईश्वर की इच्छा मानकर स्वीकार किया और
मक्का चले गए, जहाँ उन्होंने अपना शेष जीवन इबादत और आध्यात्मिक चिंतन में बिताया।
चिश्ती-साबरी परंपरा के
अनुरूप वे 'वहदत-उल-वुजूद' (ईश्वर की एकता) के सिद्धांत के समर्थक थे और प्रेम, विनम्रता तथा आत्म-शुद्धि पर
ज़ोर देते थे। उन्होंने तसव्वुफ़ (सूफ़ीवाद) और आध्यात्मिक साधना के नियमों पर कई
महत्वपूर्ण रचनाएं और पत्र (मकतूबात) लिखे, जो आज भी चिश्ती-साबरी
सिलसिले के अनुयायियों के लिए मार्गदर्शक माने जाते हैं।
22.25 (ग) हज़रत ख़्वाजा हसन निज़ामी र.अ. (मृ. 1955 ई.)
हज़रत ख़्वाजा हसन निज़ामी
र.अ. (1878–1955 ई.) आधुनिक भारत के एक महान चिश्ती सूफ़ी संत, विख्यात उर्दू साहित्यकार, इतिहासकार और पत्रकार थे। वे
हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह के सज्जादानशीनों (वंशजों) में से थे और उर्दू
साहित्य जगत में उन्हें 'मुसव्विर-ए-फ़ितरत' (प्रकृति का चित्रकार) के
ख़िताब से जाना जाता है। इनका मूल नाम सय्यद अली हसन (बचपन का नाम क़ासिम अली) था।
इनका जन्म दिसंबर 1878 ईस्वी में दिल्ली की बस्ती हज़रत निज़ामुद्दीन में हाफ़िज़ सय्यद आशिक़ अली
निज़ामी और सय्यदा चहेती बेगम के घर हुआ था। मात्र 12 वर्ष की आयु में माता-पिता के
निधन के बाद उन्होंने बेहद गरीबी का सामना किया। अपने पिता की वसीयत का पालन करते
हुए उन्होंने दरगाह के चढ़ावे पर निर्भर रहने के बजाय मेहनत की कमाई को चुना और
पुरानी दिल्ली की गलियों में फेरी लगाकर किताबें बेचीं। उन्होंने दिल्ली और फिर
देवबंद के गंगोह में मौलाना रशीद अहमद गंगोही व अन्य विद्वानों से धार्मिक शिक्षा
प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारत के विभिन्न तीर्थ स्थानों की यात्रा की और
हिंदू संतों व जोगियों से भी आध्यात्मिक संवाद किया।
बीसवीं सदी में दिल्ली की
केन्द्रीय ख़ानक़ाह को ख़्वाजा हसन निज़ामी का नेतृत्व प्राप्त हुआ। वे ज्ञान, दर्शन
और साहित्य के क्षेत्र में भी काफ़ी प्रतिष्ठित थे। अपनी पवित्र
जीवन पद्धति से उन्होंने लोगों के बीच काफ़ी प्रसिद्धि पाई। उन्होंने सरल, संवेदनशील और चित्रात्मक
उर्दू गद्य में सैकड़ों पुस्तकें और निबंध लिखे। उन्होंने 1857
के प्रथम स्वतंत्रता
संग्राम के बाद मुग़ल राजपरिवार की दुर्दशा और आम लोगों के दर्द को बेहद मार्मिक
ढंग से कलमबद्ध किया। उनकी प्रमुख ऐतिहासिक पुस्तकों में बेगमात के आँसू, ग़दर दिल्ली के अफ़साने, ग़दर के अख़बार और बहादुर शाह ज़फ़र का
मुक़द्दमा शामिल हैं। उन्होंने सीपारा-ए-दिल और भगवान
श्रीकृष्ण के जीवन पर कृष्ण बीती (कृष्ण कथा) जैसी प्रसिद्ध पुस्तकें लिखीं। इसके अलावा
उन्होंने मुनादी, निज़ाम-उल-मशाइख़ और तौहीद जैसे
अख़बारों व पत्रिकाओं का संपादन किया। वे हिंदू-मुस्लिम एकता और राष्ट्रीय सद्भाव
के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने धार्मिक कट्टरता के विरुद्ध लेख लिखे और आपसी
भाईचारे को बढ़ावा दिया।
31 जुलाई 1955 को दिल्ली में उनका इंतक़ाल
हुआ। उन्हें बस्ती हज़रत निज़ामुद्दीन स्थित दरगाह परिसर के 'ख़्वाजा हॉल' में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया, जहाँ आज भी बड़ी संख्या में
अक़ीदतमंद ज़ियारत के लिए आते हैं।
शाहजहां के शासनकाल में
चिश्तियों को एक बार फिर से प्रसिद्धि मिली। उन्होंने शासक और उनके दरबार से
तालमेल बिठाए रखा। औरंग़ज़ेब के शासन काल में कलीमुल्लाह जहानाबादी ने हिंदू-मुसलमान के सह-अस्तित्व पर ज़ोर दिया। वे
ताज महल के वास्तुकार उस्ताद अहमद लाहौरी के पौत्र थे।
*** *** ***
मनोज
कुमार

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।