शुक्रवार, 20 दिसंबर 2019

अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस


अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस

मनोज कुमार

सारे संसार में 20 दिसम्बर को संयुक्त राष्ट्र संघ के तत्त्वावधान में एकता का संदेश देने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विविधता में एकता के महत्त्व के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। इस दिन दुनिया भर में एकता, प्रेम, भाईचारा, सौहार्द्र और शांति के संदेश का प्रचार-परसार किया जाता है। एकता के बिना कोई देश उन्नति नहीं कर सकता। केवल शारीरिक समीपता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बौद्धिक, मानसिक, वैचारिक और भावनात्मक एकता भी आवश्यक है। एकता 21 वीं सदी में अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है

लोगों के बीच असमानता के साथ ही सामाजिक संस्कृति और अर्थशास्त्र के भेदभाव को घटाना अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस का मुख्य पहलू है। प्रत्येक वर्ग में एकता के बिना कोई देश कभी भी उन्नति नहीं कर सकता। विश्व में विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मजबूत अंतर्राष्ट्रीय एकता और सहयोग की आवश्यकता है। आज सारी दुनिया में दोस्ती की भावना तार तार हो रही है और इसके चलते एकता की भावना कमज़ोर हो रही है। लोगों में निहित स्वार्थ हावी हो रहे हैं। भाईचारा, प्यार और सौहार्द्र का सन्देश लुप्त होता जा रहा है। इसलिए आज मानव एकता के मूल्य की वैश्विक समझ को बढ़ावा देने की अत्यंत आवश्यकता है। कमज़ोर, उपेक्षित और शोषित लोगों को ऊपर उठाकर बराबरी पर लाना हमारा प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। सामाजिक और आर्थिक विषमता को दूर कर ही हम एकता की भावना को बल प्रदान कर पाएंगे। ग़रीबी उन्मूलन दुनिया के सभी देशों का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। ग़रीबी और अमीरी के बीच की खाई को पाटे बिना एकता की बात करना बेमानी है। दुनिया के कई देशों में ग़रीबी, भुखमरी और कुपोषण चिंताजनक स्तर तक पहुंच गई है। आज इस बात को समझने की ज़रूरत है कि विश्व के आर्थिक रूप से सम्पन्न देशों द्वारा कमजोर देशों की समुचित मदद के बिना मानव एकता की भावना की आशा करना व्यर्थ है।

भारत में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस अलग-अलग समुदाय के लोगों के बीच एकता की भावना को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक समानता लाने के लिए मनाया जाता है।

1 टिप्पणी:


  1. आज जब लोग अपने-अपने स्वार्थों से इतर झाँकने की भी कोशिश नहीं करते हैं, ऐसे में "अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस" का महत्व और भी अधिक हो जाता है, जरुरी हैं लोगों को सामूहिक प्रयास करने की, आपसी सहयोग और सौहार्द्र की,
    बहुत अच्छी सामयिक प्रस्तुति

    जवाब देंहटाएं

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।