काम करती मां
--- --- मनोज कुमार
जब मां आटा गूंथती थी
तो सिर्फ अपने लिए ही नहीं गूंथती थी,
सबके लिए गूंथती थी,
झींगुर दास के लिए भी !
मां जब झाड़ू देती थी
तो सिर्फ घर आंगन ही नहीं बुहारती थी
ओसारा, दालान और
झींगुर दास का प्रवास क्षेत्र भी बुहार देती थी।
मां जब बर्तन धोती थी
तो सिर्फ अपना जूठन ही नहीं धोती थी
घर के सभी लोगों के जूठे बर्तन धोती थी
झींगुर दास के चाय पिए कप को भी !
यह सब करके मां का चेहरा
खिल उठता था फूल की तरह
जिसकी सुगंध पर सबका हक़ था
झींगुर दास का भी !
अब बहू आ गई है
बहू ने अपने घर में बाई को रख लिया है
वह झाड़ू, पोछा, चौका-बर्तन कर देती है
पर मां अपना घर आज भी बुहार रही है।
*** ***