सोमवार, 26 जुलाई 2010

बड़ा अपराध ? (लघुकथा) -- -हरीश प्रकाश गुप्त

बड़ा अपराध ?

मेरा फोटोहरीश प्रकाश गुप्त

पूर्ण आकार की छवि देखेंशाम धुआँ सी चारो ओर फैल चुकी थी। रोज की तरह आज भी शहर की बत्ती गुल थी। छोटे शहरों की नियति भी यही होती है कि जरूरत के समय चीज नदारत होती है।

बदहवास रामसजीवन ने अस्पताल के गेट पर पहुँचकर हड़बड़ी में स्कूटर स्टैण्ड पर लगाने की कोशिश की। बैलेंस कुछ बिगड़ा लेकिन उसने उसे सँभाल लिया। भीतर जेनरेटर की रोशनी थी, पर चेहरा पहचानना मुश्किल था। उसने स्कूटर से बंधी रस्सी ढीलीकर दोनों हाथों से गठरी सँभाली, भीतर भागा और डाक्टर के कमरे के बाहर गठरी खोल दी।

चारो तरफ भीड़ इकट्ठी हो गई। सबकी जुबान पर प्रश्न चिपक गए।

पूर्ण आकार की छवि देखें‘डाक्टर साहब, इसे बचा लो ! ये मेरी बहन है। ह.....हर....र....राम.....जादों ने इसे आग लगा दी। ......किसी ने मेरी मदद तक नहीं की। जल्दी में ऐसे ही उठा लाया हूँ, अकेले।’ आहत रामसजीवन की करुण चीत्कार पर सन्नाटा छा गया।

‘यह तो जिन्दा है......’

‘श्च...श्च.......। बताओ, ऐसी हालत में भी किसी ने मदद नहीं की। बहुत हिम्मत की है इसने।’

‘बेचारे गरीब के घर परिवार में कोई न था तो अड़ोस-पड़ोस वाले तो कुछ साथ दे सकते थे।’

‘हुँ..ह...। आज के जमाने में तो सबको अपनी पड़ी है। किसी को दूसरे की पीर- पीड़ा से वास्ता ही कहाँ है?’

खुसर-पुसर ने सन्नाटे को चीरना आरम्भ किया।

‘अरे ! यह तो यह तो एक्सीडेन्टल केस है....... ।’ डाक्टर बुदबुदाया।

पूर्ण आकार की छवि देखेंऔपचारिकताएं पूरी की जाने लगीं।......नाम, .....पति का नाम.......? ......थाना......चौकी...? लोग दो-दो कदम पीछे खिसक गए। बेसुध-सा रामसजीवन कभी डाक्टर की ओर देखकर चिल्लाता तो कभी अचेत शरीर का हाथ पकड़ खून की गर्मी देखता, नाक-मुँह पर हाथ रखकर साँसे महसूस करता। उपचार में पल-पल की देरी उसे हलकान किए दे रही थी। उसके बस में होता तो वह किसी की परवाह किए बिना उसकी साँसों को गति दिए रहता।

एकाएक उसने महसूस किया की बहन की साँसें थम रही हैं। उसने और तेजी से अपने हाथ-पैर चलाए ताकि डाक्टर के इलाज शुरू करने तक वह उसे जिलाए रख सके। वह बहुत चीखा-चिल्लाया लेकिन उसकी एक न चली। सहसा उसका शरीर ठहर गया। केवल ऊपर से शांत लेकिन भीतर से नहीं।

पूर्ण आकार की छवि देखेंवह जड़वत चादर समेटने लगा। एक मोटी सी गाली उसके मुँह से निकली और सूख चुके हलक में आकर फँस गई। एक भारी भरकम आक्रोश बाहर निकलकर फट पड़ना चाहता था। उसने चाहा कि वहाँ मौजूद एक-एक आदमी का हलक पकड़कर कसकर भींच दे। खड़े-खड़े खोखली बातें करने वालों का भी और उनका भी जो यंत्रवत अपना काम निबटा रहे थे। उन्हें दिखाए कि अपनी मौत का दर्द क्या होता है। एक-एक साँस जब तमाम कोशिशों के बावजूद रुकती चली जाती है तो उसकी पीड़ा क्या होती है। अपने सामने अपनों की असमय मौत होते हुए देखने की लाचारी लहू को भी आँसू बनने नहीं देती। लेकिन, उसका पूर्ण आकार की छवि देखेंअन्तर्मन इस द्वन्द्व में उलझकर रह गया कि इस हत्या में बड़ा अपराध किसका है। उनका, जिन्होंने और पाने की हवस में आग लगाकर जघन्य पाप किया और मौत की दहलीज पर लाकर छोड़ दिया या फिर उनका, जिन्हें उसे मौत के मुँह से वापस खींच लाना चाहिए था, वे मानवीय संवेदना पर कु़ण्डली मारे बैठे रहे। उन्होंने औपचारिकताओं के रूप में कर्तव्य भर निभाया और अपनी उदासीनता से मौत की ओर एक धक्का और दे दिया।

अमानवीयता और पाप में स्वयं को एक दूसरे से छोटा साबित न होने देने की होड़ के बीच उसे नृशंसता और उदासीनता एक ही पंथ की सहगामिनी लगीं।

रविवार, 25 जुलाई 2010

काव्यशास्त्र – 25 :: आचार्य रूपगोस्वामी और आचार्य केशव मिश्र

काव्यशास्त्र – 25

::

आचार्य रूपगोस्वामी

और

आचार्य केशव मिश्र

मेरा फोटो

आचार्य परशुराम राय

आचार्य रूपगोस्वामी

आचार्य रूपगोस्वामी का काल पन्द्रहवीं शताब्दी का अन्त और सोलहवीं शताब्दी माना जाता है। आचार्य रूपगोस्वामी के एक और भाई थे जिनक नाम सनातन गोस्वामी था। दोनों भाई चैतन्य महाप्रभु के शिष्य थे। चैतन्य महाप्रभु की इच्छा के अनुसार दोनों भाई बंगाल छोड़कर वृन्दावन आकर बस गए। आचार्य जीव गोस्वामी, जो उक्त दोनों आचार्यों के भतीजे थे, वे भी इनके साथ हो लिए। ये तीनों उद्भट विद्वान और वैष्णव सम्प्रदाय के प्रसिधद्ध आचार्य थे।

आचार्य जीवगोस्वामी के एक ग्रंथ 'लघुतोषिणी' (आचार्य सनातनगोस्वामी द्वारा भागवत महापुराण पर विरचित टीका का संक्षिप्त रूप) में आचार्य रूपगोस्वामी द्वारा विरचित सत्रह ग्रंथों के नाम दिए गए हैं। इनमें आठ विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं हंसदूत, उद्धवसन्देश, विदग्धमाधव, ललितमाधव, दानकेलिकौमुदी, भक्तिरसामृतसिन्धु, उज्जवलनीलमणि और नाटक चन्द्रिका। इनमें से प्रथम दो काव्य हैं, बाद के दो नाटक, पाँचवा भाणिका और अन्तिम तीन काव्यशास्त्र से सम्बन्धित ग्रंथ हैं। जिसके कारण आचार्य रूपगोस्वामी भारतीय काव्यशास्त्र के इतिहास में हमेशा याद किए जाएँगें।

'भक्तिरसामृतसिन्धु' और 'उज्जवलनीलमणि' दोनों में रसों का निरूपण किया गया है। भक्तिरसामृतसिन्धु में चार विभाग हैं - पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण। प्रत्येक विभाग लहरियों में विभक्त है। इसमें भक्ति रस को रसराज कहा गया है। 'पूर्व' विद्या में भक्ति का स्वरूप, लक्षण (परिभाषा) आदि का निरूपण है। 'दक्षिण' विभाग में भक्ति रस के विभाव अनुभाव, व्यभिचारीभाव तथा स्थायीभावों का विवेचन है। 'पश्चिम' विभाग में भक्ति रस के विभिन्न भेदों का प्रतिपादन किया गया हैं। 'उत्तर' विभाग में अन्य रसों का निरूपण पाया जाता है। दूसरा ग्रंथ 'उज्जवलनीलमणि' 'भक्तिरसामृतसिन्धु' का पूरक है और इसमें मधुर शृंगार का प्रतिपादन है। 'नाटकचन्द्रिका' आचार्य भरतकृत 'नाटयशास्त्र' और आचार्य शिंगभूपालकृत 'रसार्णवसुधाकर' के आधार पर लिखा गया नाटयशास्त्र का ग्रंथ है।

'भक्तिरसामृतसिन्धु' और 'उज्जवलनीलमणि' पर इनके भतीजे आचार्य जीवगोस्वामी द्वारा क्रमश: 'दुर्गमसंगिनी' और 'लोचनरोचनी' नामक टीकाएँ लिखी गयीं हैं।

 

आचार्य केशव मिश्र

आचार्य केशव मिश्र का काल भी सोलहवीं शताब्दी का उत्तरार्ध है और ये दिल्ली के निवासी थे। इन्होंने कांगड़ा नरेश माणिक्यचन्द्र के अनुरोध पर 'अलंकारशेखर' नामक ग्रंथ की रचना की। राजा माणिक्यचन्द्र महाराज धर्मचन्द्र के पुत्र थे और 1563 ई0 में काँगड़ा की गद्दी पर बैठे। इनका शासन-काल दस वर्षों तक ही रहा।

'अलंकारशेखर' में कारिकाएँ हैं और उन पर वृत्ति भी स्वयं आचार्य केशव मिश्र ने लिखी है। यह आठ रत्नों में विभक्त है। प्रथम रत्न में काव्य का लक्षण, द्वितीय में रीति, तृतीय में शब्द शक्ति, चतुर्थ में पद दोष, पंचम में वाक्य दोष, षष्ठ में अर्थदोष, सप्तम में शब्दगुण, अर्थगुण, दोषों का गुणभाव और अष्टम रत्न में अलंकार तथा रूपक (नाटक) आदि विषयों का प्रतिपादन किया गया है।

आचार्य ने लिखा है कि इन्होंने 'अलंकारशेखर' ग्रंथ की रचना भगवान शौद्धोदनि द्वारा विरचित किसी काव्यशास्त्र विषयक ग्रंथ के आधार पर की है। लेकिन अब तक भगवान शौद्धोदनि और उनके द्वारा विरचित किसी ग्रंथ का पता नहीं चल पाया है।

*****