शुक्रवार, 30 जुलाई 2010

अंक-2 -- स्वरोदय विज्ञान -- आचार्य परशुराम राय

अंक-2

स्वरोदय विज्ञान

मेरा फोटोआचार्य परशुराम राय

image

जीवनी शक्ति श्वास में अपने को अभिव्यक्त करती है। श्वास के द्वारा ही प्राणशक्ति (जीवनीशक्ति) को प्रभावित किया जा सकता है। इसलिए प्राण शब्द प्राय: श्वास के लिए प्रयुक्त होता है और इसे कभी प्राण वायु भी कहा जाता हैं। हमारे शरीर में 49 वायु की स्थितियाँ बतायी जाती है। इनमें से दस हमारी मानसिक और शारीरिक गतिविधियों को संचालित करती हैं। यौगिक दृष्टि से इनमें पाँच सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं:- प्राण, अपान, समान, व्यान ओर उदान।

प्राण वायु का कार्यक्षेत्र कण्ठ से हृदय-मूल तक माना गया है और इसका निवास हृदय में। इसकी ऊर्जा की गति ऊपर की ओर है। श्वास अन्दर लेना, निगलना, यहाँ तक कि मुँह का खुलना प्राण वायु की शक्ति से ही होता है। इसके अतिरिक्त, ऑंख, कान, नाक और जिह्वा ज्ञानेन्द्रियों द्वारा तन्मात्राओं को ग्रहण करने की प्रक्रिया में भी इसी वायु का हाथ होता हैं। साथ ही यह हमारे शरीर के तापमान को नियंत्रित करती है तथा मानसिक क्रिया जैसे सूचना लेना, उसे आत्मसात करना और उसमें तारतम्य स्थापित करने का कार्य भी सम्पादित करती है।

अपान वायु का प्रवाह नाभि से नीचे की ओर होता है और वस्ति इसका निवास स्थल है। शरीर की उत्सर्जन क्रियाएँ इसी शक्ति से संचालित होती हैं। इस प्रकार यह वृक्क, ऑंतें, वस्ति (गुदा), मूत्राशय एवं जननेन्द्रियों की क्रियाओं को संचालित करती है। अपान वायु में व्यतिक्रम होने से मनुष्य में प्रेरणा का अभाव होता है और वह आलस्य, सुस्ती, भारीपन एवं किंकर्तव्यविमूढ़ता से ग्रस्त हो जाता है।

समान वायु हृदय और नाभि के मध्य सक्रिय रहती है और चयापचय गतिविधियों (Metabolic Activities) का नियमन करती है। कहा जाता है कि मुक्ति का कारक भी यही प्राण है। इसका निवास स्थान नाभि और ऑंतें हैं। यह अग्न्याशय, यकृत और अमाशय के कार्य को प्रभावित करती है। इसके अतिरिक्त यह हमारे भोजन का पाचन करती है और पोषक तत्वों को अपशिष्ट पदार्थों से विलग भी करती है। इसकी अनियमितता से अच्छी भूख लगने और पर्याप्त खाना खाने के बाद भी खाए हुए भोजन का परिपाक समुचित रूप से नहीं होता है और चयापचय गतिविधियों के कारण उत्पन्न विष शरीर में ही घर करने लगता है, जिससे व्यक्ति अम्ल दोष का शिकार हो जाता है। जब यह प्राण संतुलित होता है तो हमारी विवेक बुध्दि सक्रिय रहती है और इसके असंतुलन से मानसिक भ्रांति और संशय उत्पन्न होते हैं।

उदान वायु प्राण वायु को फेफड़ों से बाहर निकालने का कार्य करती है। इसका निवास स्थान कंठ है और यह कंठ से ऊपर वाले भाग में गतिशील रहती है। यह नियमित होने पर हमारी वाक्क्षमता को सशक्त बनाती है और इसकी अनियमितता स्वर-तंत्र और श्वसन तंत्र की बीमारियों को जन्म देती है। साथ ही इसमें दोष उत्पन्न होने से मिचली भी आती है। सामान्य अवस्था में उदान वायु प्राण वायु को समान वायु से पृथक कर व्यान वायु से संगम कराने का कार्य करती है।

व्यान वायु का जन्म प्राण, अपान, समान और उदान के संयोग से होता है। किन्तु व्यान के अभाव में अन्य चार वायु का अस्तित्व असंभव है, अर्थात् सभी प्राण एक दूसरे पर आश्रित हैं। व्यान वायु हमारे शरीर का संयोजक है। प्राण वायु को पूरे शरीर में व्याप्त करना, पोषक तत्वों का आवश्यकतानुसार वितरण, जीवन ऊर्जा का नियमन, शरीर के विभिन्न अंगों को स्वस्थ रखना, उनके विघटन पर अंकुश लगाना आदि इसके कार्य हैं। यह पूरे शरीर में समान रूप से सक्रिय रहती है। पूरे शरीर में इसका निवास है। ज्ञानेन्द्रियों की ग्राहक क्षमता का नियामक व्यान वायु ही है। सभी ऐच्छिक एवं अनैच्छिक शारीरिक कार्यों का संचालन व्यान वायु ही करती हैं। हमारे शरीर का पर्यावरण के साथ संवाद या पर्यावरण के प्रति हमारी शारीरिक प्रतिक्रियाएं इसी वायु (प्राण) के कारण होती है।

image

गुरुवार, 29 जुलाई 2010

आँच-28 :: पर 'मेरा आकाश'

आँच-28 :: पर 'मेरा आकाश'


मेरा फोटोहरीश प्रकाश गुप्त

किसी ने कहा जीवन एक संघर्ष है, किसी ने कहा संघर्ष ही जीवन है। दृष्टि अपनी-अपनी है। जीवन में संघर्ष नही तो यह नीरस है। संघर्षों का सामना करना, उन पर विजय पाना उपलब्धि है और यही जीवन को सरस बनाता है। जिन्दगी की इन जटिलताओं को सरल और सपाट शैली में व्यक्त करना आसान नहीं होता। ऐसी अभिव्यक्तियाँ जब गर्भ में होतीं है, अर्थात् रचनाकार के मानस में होती है तब रचनाकार स्वयं अनेक अन्तर्द्वन्द्वों से जूझ रहा होता है। वह अपनी संवेदना से दूसरों की अनुभूति जीता है, उसे वाणी प्रदान करता है। उसके पास जादू की छड़ी नहीं है। लेकिन वह अपने शब्द कौशल से चमत्कार पैदा करते हुए नवीन अर्थ का सृजन करता है, उसे आकर्षक बनाता है। जब पाठक का रचना से तादाम्य स्थापित हो जाता है तब रचना सफलता के शिखर पर होती है। मनोज कुमार जी की कविता 'मेरा आकाश'(लिंक यहां है) जिन्दगी की ऐसी ही जटिलताओं की अभिव्यक्ति है और मनोज जी ने इसे सफलतापूर्वक शब्दों में ढाला है। पाठकों से तादाम्य स्थापन के कारण इस कविता को पाठकों की भरपूर सराहना भी मिली है।

कविता का विस्तार तीन प्रस्तरों का है। पहला प्रस्तर संघर्ष की अभिव्यक्ति हैं। कविता के प्रारम्भ के स्वर में आंशिक निराशा है। 'मेरा आकाश पीछे छूट गया, बहुत दूर क हाथ बढ़ाया था छूने का।' लेकिन अपने लक्ष्य को पाने की असीम उत्कण्ठा बार-बार उठ खड़े होने के लिए प्रेरित करती है। वहीं झंझाएं ऐसी हैं कि वे आगे बढ़ने नहीं देतीं। 'बादलों की हुंकार' प्रतिकूलतम परिस्थितियों को अभिव्यंजित करती है लेकिन साहस की पराकाष्ठा उन्हीं झन्झाओं में ही अवलम्ब तलाश लेती है। 'कौधंती बिजलियों की डोर थामें।' बारम्बार प्रयासों में बहा रक्त-स्वेद निस्सार होने के बावजूद भी संघर्ष की जिजीविषा असफलताबोध पर भारी हो जाती है। रक्त का रिसना संघर्ष की पराकाष्ठा है तो रक्त का सागर के जल की भाँति खारा बनना उस असीम श्रम के निष्फल होने की पराकाष्ठा।

विवशता का जो अर्थवत्व 'धरती की रेत मुट्ठियों से फिसल-फिसल' में फिसल शब्द की पुनरावृत्ति से अभिव्यक्त है वह शायद अन्य प्रयोगों से उतना गहरा अर्थ नहीं दे पाता। यह कवि का अपना कौशल है।

कविता का द्वितीय प्रस्तर कवि का आत्मालाप है जो पूर्व पद से सम्पृक्त भी है और एक पृथक दिशा की ओर भी मुखरित है।

‘सुनता हूँ अपनी ही आत्मा का शांतिपाठ' विचारों का उत्कर्ष है तथापि चेष्टाओं और प्रयत्नों के निरहेतु हो जाने का अन्तर्द्वन्द्व लावा बनकर चारो ओर घेर लेता है और आत्मा के स्वर का यह स्पंदन भी विलीन-सा हो जाता है।

यदि कविता के प्रथम दो पद चेष्टाओं और असफलता के संघर्ष की परिभाषा हैं तो अंतिम पद आशोन्मुख है और नितांत प्रेरक है। यह कविता का सबसे मधुर और कोमल पद है।

संघर्ष की पराकाष्ठा के बाद 'कोयल की कूक' आशा है। कोयल स्वत: मधुर और कर्णप्रिय स्वर से सम्पन्न है, उसकी कूक 'भोर के उजाले' - आशा की एक और किरण - 'से लिपट लिपट', अर्थात् साथ न छोड़ने को उद्यत है और यही वह असीम शक्ति है जो तमाम झंझाओं के बावजूद 'मेरा आकाश' अर्थात् सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित कर जाती है।

मनोज जी की यह कविता काव्यत्व से सराबोर है। एक-एक शब्द गहरा अर्थ लिए हुए है। उन्होंने अपने अन्वेषित बिम्बों से कविता को समृद्ध किया है जो न केवल अर्थ को चमक देते हैं बल्कि अर्थ की गहराई का भी अहसास कराते हैं।

यदि कहीं अपवाद हैं तो अत्यल्प हैं। 'बादलों के कुछ टुकड़ों ने ऐसी हुंकार भरी' में हुंकार रूपी गर्जन अर्थ को लांघता है तो 'कौधंती बिजलियों की डोर थामें' में व्यतिरेक से अर्थ भरने का सार्थक प्रयास भी किया गया है।

कविता में दो स्थानों पर - 'लिपट-लिपट' और 'फिसल-फिसल' में पुनरुक्त प्रयोगों के माध्यम से अर्थ को जो विस्तार मिला है वह अत्यन्त आकर्षक है। ऐसा प्रतीत होता है कि पुनरुक्त प्रयोगों से अर्थ गौरव में वृद्धि करने में मनोज जी सिद्धहस्त हैं।

'पुरखों के पिण्डों संग समर्पित हैं' में एक अलग तरह की शब्द योजना है जो शेष कविता से मेल नहीं खाती। अतः इस स्थान पर ऐसे शब्दविधान से बचा जा सकता था। शब्दाकर्षण कविता का इष्ट नहीं है। जबकि भावविधान, अर्थ का गांभीर्य, सम्प्रेषणीयता और शब्दगरिमा ही कविता के प्रमुख तत्व हैं, रस निष्पत्ति उसका धर्म है।

इस कविता के भाव और कला (शिल्प) दोनों ही पक्ष सबल हैं। कविता के शीर्ष में प्रयुक्त बिम्ब ‘मेरा आकाश’ अपना अर्थ स्पष्ट करने में कुछ भ्रमित करता है कि यह सफलता है या आशाएं-अपेक्षाएं हैं अथवा स्वतंत्रता या फिर इनका समुच्चय। हाँ, एक बात और जिससे शायद सभी लोग सहमत न हों, लेकिन जब कवि को स्वयं कविता की भूमिका में प्रस्तावना देने या अर्थ के लिए अवलम्ब लेने की आवश्यकता पड़े तो यह कविता की सफलता नहीं कही जाती। हालाँकि यह कविता अर्थ के स्तर पर और भाव के स्तर पर स्वयं सम्प्रेषण में पूर्णतया समर्थ है। इसे किसी भूमिका की आवश्यकता न थी।

कविता अर्थ का विस्तार नहीं बल्कि गागर में अर्थ का सागर भरना है - और यह इस कविता में निहित है।

*****