बुधवार, 4 अगस्त 2010

देसिल बयना - 41 : धन धराबे तीन नाम....

-- करण समस्तीपुरी


"बाग़ लगवले.... बगिचबा लगवले..... बेकल जिया रहलो न जाई.... पिरितिया काहे ना लगवले... !!" जैसे-जैसे बड़की पोखर तक लाउडिस्पीकर का गीत पहुँच रहा था, झुरुखन सिंघ का गाय-गोरु चारा रहा धनुआ का जिया सच्चे में बेकल होने लगा... एतना बेकल की बेचारा से रहा नहीं गया। माल हका दिया बथान दिश।


झुरुखन सिंघ के बेटी का ब्याह हुआ था राते। आरा जिला छपरा से बरात आया था मजफ्फरपुर वाला नाच-पाटी के साथ। राते तो धनुआ भी देखा पूरा नाच। दोपहर में सिंघ बाबू के ड्योढ़ी पर महफ़िल जमा था। धनुआ का रत्ती भर मन नहीं था महफ़िल छोड़ के जाने का मगर का करे... मालिक का माल-जाल है। अपना होता तो छोड़ियो देता।


चरबाही में हमलोगों को किस्सा सुना रहा था। एंह.... हरमुनिया मास्टर का हाथ तो बिजली जैसे चलता है। एक्कहि बेर ई कोना से ले के उ कोना तक गरगरा देता है। उसके धुन पर कव्वाली गाने में मजा आ जाएगा। सच्चे में धनुआ को गीत गाने का बड़ा शौक था। कव्वाली तो और सुर में गता था। बेचारा से रहा नहीं गया। झटपट माल मवेशी को बाँध कर हाथ पैर धोया और माथा में गमछी बाँध के हरमुनिया मास्टर के बगल में बैठ गया।


इधर नचनिया गा रही थी, "सलामे इश्क मेरी जाँ जरा कबूल कर ले..... मेरा दिल बेचैन है हमसफर के लिए" और उधर धनुआ बेचैन हो रहा था गीत पकड़ने के लिए। एक जगह पर जैसे ही गीत मद्धिम कर के नचनिया छमछमा के नाचने लगी कि फट से ई पकड़ लिया अगिला लाइन, "इस से आगे की तू दास्ताँ मुझ से सुन.... !"



गीत खतमो नहीं हुआ था कि जैसे तबला पर चाटी पर रहा था धनुआ के कान के नीचे पड़ा चटाक। ठाकुर टोला के हकरू सिंघ दहार रहे थे, "ससुर के नाती ! सरकारी राज बुझ लिया है का रे.... परजा-कुटुंब सब के सामने ठाकुरटोला के महफ़िल में बैठ गया और बाई जी से सुर मिला रहा है... !" झनाक.... ! दोसरो कान में घंटी बजा था।

उ दिन के बाद से धनुआ नजर नहीं आया छठ में उ की महतारी को मनीआटर (मनी-आर्डर) आया। पाछे पता लिखा था, धन्नुसेठ मानिकचंद ट्रेडर्स। किरिस्तोफर रोड, कलकत्ता। तब पता चला कि धनुआ अब धन्नु हो गया और शहर कलकत्ता में है। साल लगे पर होली में आया था। महतारी के लिए छाप वाली साड़ी और झुरुखन सिंघ के लिए गमकौआ जर्दा लाया था। रंग और इतर वाला गुलाल भी लाया था। एंह... अ एगो झुनकी वाला डफली भी लाया था। होरी दिन उसी के दुआरी पर आधा गाँव मेबा वाला ठंडाई छांका। फेर जो जलूस निकाला कि पंडित टोल से ठाकुर टोल तक बस एक्के नाम का चर्चा था कि ओह.... कलकतिया धन्नु तो थई-थई कर दिया।

कुछ दिन गए हकरू सिंघ भी दुआ मलामत कर रहे थे, "हे बेटा धन्नु ! पुराना बात को हिरदय में नहीं रखना चाहिए। हम तो तोहरे बाप-पितिया दाखिल हैं। बड़े-बुजरुग भले के लिए न डांट-डपट करते हैं। अबकी जाना तो हमरे भगलुआ को भी साथे लेते जाना। इहाँ दिन भर बहेलाबा जैसे मटरगश्ती करते रहता है।" धन्नु बोला, "ना हकरू काका ! अब तो कलकत्ता नहीं जायेंगे। सोचा है इहें भट्टी चौक पर पाँव-रोटी का फैक्टरी चालू करेंगे। हम काम सीख गए हैं। अपना बिजनिस रहेगा तो गाँव-घर सब का तरक्की होगा।


जल्दिये आस-पास के गाँव शहर में धन्नु के पाँव-रोटी चलने लगा। हकरू सिंघ के बेटा भी वही में काम करता था। बिजिनिस ऐसा बढ़ा कि दर्जनों इस्टाफ रखना पड़ा। भगलू सिंघ इनका दाहिना हाथ था। फैक्टरी के काम से लेकर हाट-बाजार में सप्लाई तक वही देखता था। धन्नु अब धनेसर राम हो गए थे। बस तिजौरी पर बैठ के औडर देना है। धन्नु था तो लिख-लोहा पढ़ पत्थर मगर हिसाब


किताब में रत्ती भर भूल नहीं हो सकता है। बनिया-साहूकार को भले ना छोड़े मगर गाँव-जवार में कौनो जरूरतमंद के सहायता करने में कभी पीछे नही रहता था। धीरे-धीरे धनेसर राम बेकरी वाला इलाका-टॉप हो गया।

गए बैसाख में हकरू सिंघ के फरीक दहारण सिंघ का परिवार भटिंडा से आया रहा बेटी का लगन करे। अच्छा घर-वर मिला था। मगर दहेज़ का मांग भी तगड़ा था। अमरसिंहपुर वाला पलौट बेचने का पिलान था। मगर एक मुश्त उ चौरस प्लौट ले कौन ? भगलुआ को पता चला तो कहिस, "चाचा ! सेठ धनेसर राम से बात करिए न ! उ ले सकते हैं।" दहारण सिंघ को तनिक अचरज हुआ, "एँ... ई सेठ धनेसर राम कौन है ?" भगलू कुछ बोले उ से पहिले हकरुये सिंघ बोल पड़े, "अरे उ उ मोसमात कहारिन का बेटा धनुआ.... !" अब तो दहारण सिंघ की आँखें और फटी रह गयी, "तोरी जात के ..... गाय-गोरु चराए वाला धनुआ सेठ धनेसर राम हो गया....?" फेर शाट-काट में उ का कहानी चला। आखिर में निश्चित हुआ कि बिहान भोरे-भोर सेठ धनेसर राम से मिला जाए।
हकरू सिंघ, भगलू, दहारण सिंघ और उ का बेटा सब पहुचे धनेसर राम के घरे पर। हम भी तभी वहीं थे। ठाकुर लोगों को देखते ही धन्नु सेठ चौकी पर से उठा कर हाथ जोड़ कर बोला, "पायं लागू दाहरण काका ! पायं लागू हकरू काका !! फिर आगे बढ़ कर दाहरण सिंघ का हाथ पकड़ कुर्सी पर बैठाया। हकरू सिंघ मश्का लगाए, "देखा दाहरण ! यही है अपना धनेसर.... हें... हें... हें.... !" फिर दाहरण सिंघ भी वैसने ठाकुर सुहाती किये, "हें... हें... हें... ! हम तो पहिचानबे नहीं किये.... ! अपना धन्नु इत्ता बड़ा सेठ हो गया। हम तो समस्तीपुर टीसने से इसका परसिद्धी सुनते आ रहे हैं। हें... हें... हें.... ! जब सुने कि अरे ई तो अपना धन्नु है तो हिरदय परसन्न हो गया। हें... हें... हें... !! एकदम खांटी सेठ लगता है। मारवारी पंजाबी भी फेल हो जाए। हें...हें...हें...हें.... ।"

इधर ठाकुर लोग धनेसर-पुराण पढ़ रहे थे मगर हमरे कान में तो हकरू सिंघ का वही तमाचा बज रहा था, जौन उ धनुआ को झुरुखन सिंघ के महफ़िल में दिए रहे। फिर पता नहीं धनेसर को का हुआ बेचारा अचानके कान के नीचा सहलाने लगा। सिंघ जी लोग अपना-अपना बकतब (वक्तव्य) पूरा कर के धनेसर का मुँह देख रहे थे। बेचारा धन्नु बोला, "अरे नहीं काका ! ई सब आप लोगों का असीरबाद है। आप लोग श्रेठ हैं। हम तो आजो वही लिख लोहा पढ़ पत्थर हैं। हमरा अन्दर में हिरदय तो आजो वही धनुए का है। और नाम का का है ? बुझ लीजिये कि "धन धराबे तीन नाम ! धनुआ - धन्नु - धनेसर राम !" खें... खें... खें.... खें.... !!! बाते-बाते में धनुआ सिंघ जी का चमेटा वापिस कर दिया था मगर मतलब के मारे उ लोग उस पर भी खिखिया रहे थे।
खैर सेठ धनेसर राम का यही तो विशेषता है। कौनो जरूरतमंद को मना नहीं करता है। बात हो गया। सिंघ जी को प्लौट का मुंहमांगा दाम मिल गया। सब धनेसर राम का जयकारा लगाते हुए ठाकुर टोल का रास्ता नापे। फिर धन्नुआ के करेजा फट पड़ा। बोला, "दोस्त ! देखो आज ई धने का परभाब है न.... । हम तो आजो वही हैं... का बदला है.... ? काल्हो निरच्छर थे, आजो अंगूठाछाप। कल फूटी-कौरी नहीं थी तो धनुआ.... ससुर ठाकुर का चाटा भी खाया। कलकत्ता में दू पैसा कमाया तो धन्नु हो गया। और आज भगवान बरकत दिए तो धनेसर राम हो गया... ! वाह रे दुनिया... वाह रे समाज !! आज के दुनिया में आदमी का कोई प्यार और प्रतिष्ठा नहीं है.... सब धन का मोल है। "धन धराबे तीन नाम ! धनुआ - धन्नु - धनेसर राम !" हम देखे थे धनुआ के गाल पर मोटा-मोटा आंसू लुढ़क आया था।

मंगलवार, 3 अगस्त 2010

तेरा जूता तेरे सर (लघुकथा)

तेरा जूता तेरे सर      (लघुकथा)

-- सत्येन्द्र झा

उस गाँव में सभी लोग धोती कुरता पहनते थे। एक दिन एक पैंट-शर्ट वाला आदमी आया। वो उसी गाँव में सभ्य की तरह रहने लगा। अब सभी लोग पैंट शर्ट पहने लगे।

नए आदमी ने कुछ दिनों बाद धोती-कुरता पहनना आरम्भ कर दिया। ग्रामीणों ने पुनः धोती-कुरता धारण करने का निश्चय किया।

लेकिन ये क्या? ये सभी तो धोती पहनना ही भूल चुके थे।

नए आदमी ने एक साइनबोर्ड लगा दिया,

image…. और दूकान चलने लगी!!

 (मूल कथा मैथिली में "अहीं के कहै छी" में संकलित 'त्वदीयं वस्तु' से हिंदी में केशव कर्ण द्वारा अनुदित। )