सोमवार, 17 नवंबर 2025

378. 1857 का महाविद्रोह-उद्गम

राष्ट्रीय आन्दोलन

378. 1857 का महाविद्रोह-उद्गम


उद्गम

1857 के महाविद्रोह का उद्गम मेरठ में हुआ, जो 10 मई 1857 को ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना के सिपाहियों के विद्रोह के रूप में शुरू हुआ था। भारत में ब्रिटिश सत्ता की स्थापना, टुकड़ों में विजय और सुदृढ़ीकरण तथा अर्थव्यवस्था और समाज के उपनिवेशीकरण की एक लंबी प्रक्रिया थी। इस प्रक्रिया ने हर स्तर पर असंतोष, आक्रोश और प्रतिरोध को जन्म दिया।     परम्परागत ढंग से ब्रिटिश शासन का विरोध करने की परिणति 1857 के विद्रोह में हुई जिसमें किसानों, कारीगरों, और सैनिकों ने लाखों की संख्या में भाग लिया। 1857 का विद्रोह ब्रिटिश शासन की जड़ें हिलाने के लिए काफी था।

यह महाविद्रोह जनता की विदेशी शासन के विरुद्ध वर्षों से जमी हुई शिकायतों का परिणाम था। ईस्ट इंडिया कंपनी ने 100 वर्षों तक भारत पर शासन किया (1757-1857)। उसकी राजनीतिक गतिविधियों, आर्थिक शोषण, प्रशासकीय और अन्य नीतियों से भारतीयों में असंतोष की भावना पनप रही थी। सरकार के विरुद्ध यदा-कदा विद्रोह होते रहते थे। लेकिन संगठित और व्यापक तौर पर कंपनी सरकार के विरुद्ध पहला विद्रोह 1857 में हुआ। हालाकि यह विद्रोह असफल रहा, अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पाया, लेकिन यह महत्वहीन नहीं था। इसने भारत में कंपनी राज समाप्त कर ‘अंग्रेजी राज की स्थापना कर दी।

विद्रोह के कारण

अगर हम विद्रोह के राजनीतिक कारणों पर नज़र दौडाएं तो हम पाते हैं कि कंपनी राज की स्थापना जिस तरीके से हुई थी उससे भारतीयों के एक वर्ग में व्यापक असंतोष व्याप्त था। कम्पनी ने अपने राज की स्थापना न सिर्फ सैनिक शक्ति बल से की थी, बल्कि छल-प्रपंच, राजनीतिक षडयंत्रों का भी सहारा लिया था। क्लाईव से लेकर डलहौजी तक सभी ने इस नीति का सहारा लिया। भारतीय शासकों को अपमानित किया। उनके अधिकारों का हनन किया। उन्हें राज्य से बे-दखल कर दिया था। वेलेस्ली ने अपनी सहायक संधि द्वारा देशी राजाओं की स्वतंत्रता छीन कर उन्हें अपना गुलाम बना लिया।

डलहौजी की नीतियाँ बहुत ही अन्यायकारी थीं। उसने ज़बरदस्ती बहाना बनाकर अनेक राज्यों को कंपनी राज्य में मिला लिया था। उसने देशी संतानहीन शासकों को गोद लेने के अधिकारों से वंचित कर दिया था और उनके राज्यों को अंग्रेजी साम्राज्य में मिला लिया गया। भूतपूर्व शासकों की पेंशनें बंद कर दी थी। उनके राज्यों पर अधिकार कर लिया था। अवध को जिस तरह कंपनी ने अपने अधिकार में लिया था, उससे अन्य राज्यों में भय और असंतोष की भावना घर कर गयी। नाना साहब की पेंशन बंद कर दी गई। मुग़ल वंश को समाप्त करने की घोषणा की गई। मुग़ल सम्राट बहादुर शाह को जिस प्रकार अंग्रेजों द्वारा लाल किला छोड़ने के लिए कहा गया उससे भारतीयों में क्रोध और उद्वेलन की भावना भर गई।

देशी राज्यों के अधिग्रहण का भी बहुत ही व्यापक प्रभाव पडा। ख़ास कर 1856 में अवध के अधिग्रहण से बड़ी संख्या में सैनिकों, ताल्लुकेदारों, ज़मींदारों, प्रशासनिक अधिकारियों में घबराहट और बेचैनी फैल गई। उनके सामने बेकारी की समस्या उठ खड़ी हुई। वे अपनी सुरक्षा के लिए अंग्रेजों से संघर्ष करने को तैयार हो गए। दूसरे क्षेत्रों को अपने राज्य में मिला लेने की ब्रिटिश नीति को वायसराय लॉर्ड डलहौजी ने अनुसरण किया और उसकी वजह से भी देशी रियासतों के बहुत से राजाओं के मन में भय समा गया। विलयन की नीति का ही यह सीधा परिणाम था कि नाना साहब, झांसी की रानी, और बहादुर शाह ब्रिटिश शासन के कट्टर शत्रु हो गए।

कंपनी की दोषपूर्ण प्रशासनिक नीति से भी भारतीयों में भयंकर असंतोष की भावना व्याप्त थी। कंपनी प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंग्रेजी हितों की सुरक्षा करना था। विभिन्न गवर्नर जनरलों के द्वारा लाए गए सुधार कार्य क्रमों को हम गौर से देखें तो पाते हैं कि इनका मुख्य उद्देश्य अंग्रेजी हितों की सुरक्षा करना था। इन सुधार कार्यक्रमों से भारतीयों का कष्ट बढ़ा। न्याय और लगान व्यवस्था के लिए किए सुधार से भारतीयों को कोई लाभ नहीं हुआ। उनके कष्ट बढे ही। बिचौलियों को लाभ ज़रूर हुआ। जनसाधारण को तो कष्ट ही उठाना पडा। प्रशासन में भ्रष्टाचार फैला हुआ था। कंपनी के कर्मचारी और सामंत दोनों ही प्रजा पर अत्याचार करते थे। सरकार इसे बढ़ावा देती थी।

सरकारी नौकरियों के आवंटन में भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जाती थी। भारतीयों को प्रशासन और सेना में उच्च पदों से अलग रखा जाता था। उन्हें सामान वेतन और सुविधाएं नहीं दी जाती थी। उनकी स्वामीभक्ति को संदेह की दृष्टि से देखा जाता था। इससे आक्रोश और असंतोष उत्पन्न हुआ।

बेकारी की समस्या विकराल थी। देशी राज्यों में अनेक उच्चकुलीन प्रतिष्ठित व्यक्ति, कलाकार, धर्माधिकारी नौकरी करते थे। इन्हें राज्य की ओर से संरक्षण और प्रोत्साहन मिलता था। देशी राज्यों के कंपनी राज्य में विलय हो जाने इनके सामने बेकारी की समस्या खडी हो गई। पंडितों और मौलवियों की आमदनी ख़त्म हो गई क्योंकि उनके संरक्षक भारतीय राजाओं, राजकुमारों और ज़मींदारों के अधिकार ख़त्म हो गए। कंपनी के दरवाज़े इनके लिए बंद थे। अतः असंतुष्ट व्यक्तियों, मौलवियों और पंडितों ने जनमानस को भड़काना शुरू कर दिया।

अगर हम आर्थिक कारणों पर नज़र दौडाएं तो पाते हैं कि कंपनी के शासन का सबसे बुरा प्रभाव आर्थिक जीवन पर पडा। देशी उद्योगों का विनाश हुआ। सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण भारत के कुटीर उद्योग समाप्त हो गए। वस्त्र उद्योग तो बिलकुल ही समाप्त हो गया।

अंग्रेजों द्वारा भारत से धन बाहर ले जाया गया। भारतीय व्यापार-वाणिज्य पर अधिकार कर यहाँ से अँग्रेज़ धन बटोरकर अपने देश ले जाने लगे। कच्चा माल इंग्लैण्ड के उद्योगों में खप जाता था। भारत के साधनों का हर तरह से शोषण होने लगा। इससे भारत की गरीबी बढ़ गई।

कृषि और किसानों की बुरी दशा बताती है कि सबसे बुरा प्रभाव कृषि पर पडा। किसान सरकार की भू-राजस्व नीति से असंतुष्ट थे। भू-राजस्व प्रणाली के परिणामस्वरूप किसान और खेती पर दबाव बढ़ गया। लगान की राशि बढती गई। किसानों को सरकार के अलावे भू-स्वामियों, ज़मींदारों के अत्याचारों का भी सामना करना पड़ता था। लगान न चुकाने से उनकी ज़मीन छीन ली जाती थी। वे किसान से खेतिहर मज़दूर बनने को विवश हो जाते थे। स्वयं पुराने ज़मींदारों को भी इस व्यवस्था का दुष्परिणाम भुगतना पडा। जागीरदारों की जागीरें छीन ली गई।

नए जमींदार वर्ग द्वारा किसानों का शोषण उनकी स्थिति को बद से बदतर बनाती थी। पुराने जमींदार समाप्त हो गए। उनकी जगह साहूकारों, कंपनी के कर्मचारियों और मध्यवर्ग ने ले लिया। इससे किसानों और पुराने भूमिपतियों में असंतोष बढ़ा। अनेक कृषक विद्रोह हुए।

कर-मुक्त भूमि और जागीरों को ज़ब्त कर लेने से भी असंतोष बढ़ा। जागीरदारों की जागीरें छीन ली गईं। उपहार भूमि पर भी कर लगा दिया गया। इससे लोग क्रोध से भरे बैठे थे।

1857 के महाविद्रोह के पीछे सामाजिक कारणों का भी बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। बहुत से ऐसे सामाजिक प्रश्न थे जिनको लेकर कट्टरपंथी हिन्दू अंग्रेजों के शत्रु बन गए थे। उन्हें ऐसा लग रहा था कि अँग्रेज़ उनकी धार्मिक और सामाजिक मान्यताओं पर प्रहार कर रहे थे। अंग्रेजों द्वारा भारतीयों से तिरस्कारपूर्ण व्यवहार किया जाता रहा। इससे लोगों में असंतोष बढ़ा। भारतीयों को अपमानित और दण्डित करने में अँग्रेज़ आत्मसंतुष्टि का आनंद पाते थे। कानून के समक्ष भी भारतीयों को समानता का दर्ज़ा हासिल नहीं था। अपने जातीय अहंकार के कारण वे लोग समझते थे कि उनके क्लबों में काले लोग नहीं जा सकते। वे भारतीयों को निम्न कोटि का समझते थे।

समय के साथ अंग्रेजों के प्रति अविश्वास की भावना बढती गई। इसका प्रमुख कारण था सुधार के नाम पर भारतीय परम्पराओं, भाषा, संस्कृति को योजनाबद्ध तरीके से समाप्त करने की नीति अंग्रेजों ने अपना ली थी।

अंग्रेजों ने भारत की धार्मिक और सामाजिक परम्पराओं पर आघात किया। ईसाई मिशनरियों के प्रचार कार्य से, धर्म परिवर्तित लोगों को सरकारी नौकरी देने, पैतृक संपत्ति में अधिकार देने की कार्यवाही ने जलती आग में घी डालने की काम किया। मुल्ला, मौलवी, साधु, संन्यासी अपने धर्म पर आघात रोकने के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध प्रचार करने लगे। भारतीयों में अंग्रेजी नीतियों के विरुद्ध अविश्वास और क्रोध की भावना पनपी।

लोगों में अंग्रेजों की अजेयता में विश्वास समाप्त होना भी एक प्रमुख कारण था। 1857 के पहले कुछ युद्धों जैसे अफगान युद्ध, या क्रीमिया युद्ध, में अंग्रेजों की हार, उनके शक्ति के केंद्र बंगाल और अन्य जगहों में हुए अनेक विद्रोहों ने भारतीयों में यह धारणा बैठा दी कि अंग्रेज अजेय नहीं हैं, बल्कि साहस और शक्ति से पराजित कर उनका राज्य समाप्त किया जा सकता है। इसलिए अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह का वातावरण बनने लगा।

1857 के महाविद्रोह के पीछे कई सैनिक कारण भी थे। सेना में असंतोष व्याप्त था। भारतीय सैनिकों को इस बात का गर्व था कि अंग्रेजों की कई युद्धों में जीत उन्हीं के कारण हुई थी। इसके बदले में वे पदोन्नति और अच्छे वेतन की अपेक्षा रखते थे। अंग्रेजों से उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला। इससे उनकी भावना को ठेस पहुंची। सैनिकों से भेदपूर्ण व्यवहार किया जाता था। सेना में हालाकि भारतीयों की संख्या बहुत अधिक थी। लेकिन उन्हें ज़्यादातर रंगरूट के रूप में नियुक्त किया जाता था। उन्हें ऊंचे पद नहीं दिए जाते थे। उन्हें अंग्रेजों की अपेक्षा कम वेतन और सुविधाएं दी जाती थीं। कोई भी भारतीय सैनिक साठ-सत्तर रुपये मासिक के सूबेदार के पद से ऊपर नहीं पहुँच सकता था। उसे हर कदम पर अधीनस्थ महसूस कराया जाता था और नस्लीय आधार पर, पदोन्नति और विशेषाधिकारों के मामलों में उसके साथ भेदभाव किया जाता था। उस समय के एक पर्यवेक्षक ने लिखा था, सिपाही को एक बदतर जीव समझा जाता था। सूअर कहा जाता था। कनिष्ठ लोग भी उसके साथ जानवरों जैसा सलूक करते थे।

सेना के सामने बेकारी की समस्या विकराल थी। 1857 के पहले भी भारतीय सैनिकों ने इस असंतोष को अनेक बार व्यक्त किया था। हरबार उनके असंतोष को दमन की नीति अपनाकर दबा दिया गया था। कई बार तो असंतुष्ट सेना की टुकड़ी ही भंग कर दी जाती थी। इससे सैनिकों के सामने बेकारी की समस्या उठ खडी होती थी। देशी राज्यों में भारतीय सैनिकों की छटनी की नीति से भी सैनिकों में बेकारी बढ़ी। 1856 में अवध में विलीनीकरण के कारण 60,000 सैनिकों को नौकरी से हटा दिया गया।

बंगाल के सेना में असन्तोष उभर चुका था। अवध का राज्य समाप्त किए जाने से बंगाल सेना में गुस्से की लहर दौड़ गई। इस सेना में अवध क्षेत्र के सैनिक बड़ी संख्या में थे। अपने नवाब के अपमान से वे तिलमिला उठे।

सैनिकों को समुद्र पार भेजने की नीति ने उन्हें भड़काया। जब लॉर्ड कैनिंग ने ‘जेनरल सर्विस इनलिस्टमेंट ऐक्ट के द्वारा सैनिकों को युद्ध के लिए ज़रुरत पड़ने पर समुद्र पार भेजने की योजना बनाई तो उनमें और अधिक क्रोध पनपा। वे इसे अंग्रेजों की धर्म-परिवर्तन करने की चाल समझते थे। भारतीय समुद्र पार करना धर्म-विरोधी कार्य समझते थे। इससे ब्राह्मण सैनिक भड़क उठे। 1824 में बैरकपुर स्थित 47वीं रेजिमेंट को बर्मा जाने का आदेश मिला। सिपाहियों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। रेजिमेंट को भंग कर दिया गया और विरोध का नेतृत्व करने वालों को फाँसी दे दी गई। सीताराम, जो अफ़ग़ानिस्तान गए थे, न केवल अपने गाँव में, बल्कि अपनी बैरक में भी बहिष्कृत कर दिए गए।

सैनिकों के वेतन में कटौती भी एक प्रमुख कारण था। सिंध या पंजाब में काम करने वाले सैनिकों को विदेशी सेवा भत्ता नहीं देकर उनके वेतन में कटौती की गई थी। इससे सैनिकों में क्रोध व्याप्त था। पैदल सेना में एक सिपाही को सात रुपये मासिक मिलते थे। घुड़सवार सेना में एक सवार को 27 रुपये मिलते थे, जिसमें से उसे अपनी वर्दी, भोजन और अपने घोड़े के रखरखाव का खर्च उठाना पड़ता था, और अंततः उसके पास केवल एक या दो रुपये ही बचते थे।

सैनिकों पर कई तरह के प्रतिबन्ध लगा दिए गए थे, जिससे उनमें असंतोष था। सैनिकों के बीच ईसाई धर्म का प्रचार किया जाता था। ईसाई धर्म में धर्मांतरण को बढ़ावा देने की सरकार की गुप्त योजनाओं की अफवाहों ने सिपाहियों को और भी ज़्यादा परेशान कर दिया। सैनिकों को चन्दन या टीका लगाने, दाढी और पगड़ी रखने से रोका जाता था। इसलिए सेना में यह भावना फैल रही थी कि अँग्रेज़ उनके धर्म को नष्ट करने पर तुले हुए हैं। सेना प्रशासन ने इन आशंकाओं को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया और सिपाहियों को लगा कि उनका धर्म वाकई खतरे में है।

इस महाविद्रोह के फूट पड़ने का तात्कालिक कारण चर्बी लगे कारतूस का व्यवहार था, जिसने अन्दर ही अन्दर सुलग रही चिंगारी को भड़काने का अवसर दिया। जनवरी, 1857 में सेना में एनफील्ड राइफल का व्यवहार शुरू हुआ। इसका कारतूस दांत से काटना पड़ता था। बंगाल सेना में यह अफवाह फैल गयी कि इसमें गाय और सूअर की चर्बी मिली हुई है। इससे हिन्दू और मुसलमान दोनों में क्रोध भड़क उठा। 26 फरवरी, 1857 को बहरामपुर में 19वीं नेटिव इन्फैंट्री ने इस कारतूस का प्रयोग करने से इनकार कर दिया। यह बगावत की सूचना थी। बैरकपुर में 34वीं इन्फैंट्री के सिपाही मंगल पांडे ने 29 मार्च 1857 को दो अँग्रेज़ सैनिक पदाधिकारियों की ह्त्या कर 1857 का महाविद्रोह शुरू कर दिया। निर्णायक विद्रोह 11 मई, 1857 को मेरठ में शुरू हुआ।

उपसंहार

11 मई 1857 को विदेशी शासन को खत्म करने के एक असफल लेकिन वीरतापूर्ण प्रयास का विद्रोह शुरू हो गया था। दिल्ली पर कब्ज़ा और बहादुर शाह को हिंदुस्तान का सम्राट घोषित करने ने विद्रोह को एक सकारात्मक राजनीतिक अर्थ दिया और शाही शहर के अतीत के गौरव को याद दिलाकर विद्रोहियों के लिए एक एकजुटता का आधार प्रदान किया।

सिपाहियों ने विद्रोह क्यों किया? कंपनी की सेवा में होना प्रतिष्ठा की बात मानी जाती थी; इससे आर्थिक स्थिरता मिलती थी। फिर, सिपाहियों ने अनिश्चित भविष्य के लिए इन लाभों को क्यों त्याग दिया? दिल्ली में जारी एक घोषणा तत्काल कारण बताती है: 'यह सर्वविदित है कि इन दिनों सभी अंग्रेज़ इन नापाक मंसूबों में लगे हैं - पहले, पूरी हिंदुस्तानी सेना के धर्म को नष्ट करना, और फिर लोगों को जबरन ईसाई बनाना। इसलिए, हमने, केवल अपने धर्म के कारण, लोगों के साथ मिलकर काम किया है और एक भी काफिर को ज़िंदा नहीं छोड़ा है, और इन शर्तों पर दिल्ली राजवंश को फिर से स्थापित किया है।'

यह निश्चित रूप से सच है कि कंपनी की सेना और छावनियों में सेवा की शर्तें सिपाहियों, जो मुख्यतः उत्तर पश्चिमी प्रांतों और अवध के उच्च जाति के हिंदुओं से आए थे, की धार्मिक मान्यताओं और पूर्वाग्रहों के साथ तेजी से टकराव में आ गईं। शुरुआत में, प्रशासन ने सिपाहियों की मांगों को पूरा करने की कोशिश की। उन्हें उनकी जाति और धर्म के अनुसार रहने की सुविधाएं प्रदान की गईं। लेकिन, सेना के संचालन का न केवल भारत के विभिन्न हिस्सों में, बल्कि बाहरी देशों में भी विस्तार होने के कारण, ऐसा करना अब संभव नहीं था। एक रेजिमेंट के भीतर जातिगत भेद और अलगाव एक लड़ाकू इकाई की एकजुटता के लिए अनुकूल नहीं थे। सिपाहियों का यह विद्रोह अपने आप में अंग्रेजों के विरुद्ध एक विद्रोह था और इस प्रकार, एक राजनीतिक कार्य था। विद्रोह को यह चरित्र सिपाही की आम जनता के साथ हितों की एकरूपता ने प्रदान किया।

1857 के महाविद्रोह को एक लंबे समय तक बंगाल की सेना के भारतीय सिपाहियों का ग़दर मात्र समझा जाता रहा। लेकिन जब हम उसके कारणों की खोज की गहराइयों में जाते हैं तो पाते हैं कि यह केवल सेना के असंतोष के रूप में नहीं फूटा था, बल्कि यह वह मूलभूत सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की लंबी प्रक्रिया थी जिसने कृषक समुदाय को परेशान कर दिया था। इस व्यापक जन-उभार का कारण ब्रिटिश शासन की प्रकृति में तलाशना होगा, जिसने समाज के लगभग सभी वर्गों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला। अत्यधिक करों के बोझ तले किसान क्रमशः ऋणी और दरिद्र होते गए। कंपनी का एकमात्र हित न्यूनतम प्रयास से अधिकतम राजस्व प्राप्त करना था। परिणामस्वरूप, अक्सर भूमि के संसाधनों की परवाह किए बिना, जल्दबाजी में बंदोबस्त किए गए। अधिकारियों ने यह नहीं सोचा था कि इतनी तीव्र और अचानक वृद्धि का किसानों पर विनाशकारी परिणाम होगा। परिस्थितियाँ चाहे जो भी हों, सरकार राजस्व वसूलने के लिए उत्सुक थी। बहुत प्रतिकूल परिस्थितियों में भी, छूट शायद ही कभी दी जाती थी।

पारंपरिक ज़मींदार अभिजात वर्ग को भी कम नुकसान नहीं हुआ। अवध में, जो विद्रोह का केंद्र था, तालुकदारों ने अपनी सारी शक्ति और विशेषाधिकार खो दिए। लगभग 21,000 तालुकदार जिनकी संपत्तियाँ ज़ब्त कर ली गईं, अचानक खुद को आय के स्रोत से वंचित पाया। इन बेदखल तालुकदारों ने, अपने ऊपर हुए अपमान से त्रस्त होकर, सिपाही विद्रोह से मिले अवसर का लाभ उठाकर अंग्रेजों का विरोध किया और जो कुछ उन्होंने खोया था उसे वापस पा लिया।

ब्रिटिश शासन का मतलब कारीगरों और हस्तशिल्पियों के लिए भी दुख था। कंपनी द्वारा भारतीय राज्यों के विलय ने उनके संरक्षण के प्रमुख स्रोत को समाप्त कर दिया। इसके अलावा, ब्रिटिश नीति ने भारतीय हस्तशिल्प को हतोत्साहित किया और ब्रिटिश वस्तुओं को बढ़ावा दिया। अत्यधिक कुशल भारतीय कारीगर अपनी आय के स्रोत से वंचित हो गए और उन्हें रोज़गार के ऐसे वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करने के लिए मजबूर होना पड़ा जो शायद ही मौजूद थे, क्योंकि भारतीय हस्तशिल्प के विनाश के साथ-साथ आधुनिक उद्योगों का विकास नहीं हुआ।

ब्रिटिश अधिकारियों के सुधारवादी उत्साह ने काफी संदेह, आक्रोश और विरोध पैदा किया था। रूढ़िवादी हिंदुओं और मुसलमानों को डर था कि सामाजिक कानून के माध्यम से अंग्रेज उनके धर्म और संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए, रूढ़िवादी और धार्मिक लोग अंग्रेजों के खिलाफ एकजुट हो गए।

सिपाहियों और आम जनता के विद्रोह के गठबंधन ने 1857 के आंदोलन को एक अभूतपूर्व जन-उभार बना दिया। यह निश्चित रूप से कहना मुश्किल है कि यह एक संगठित और सुनियोजित विद्रोह था या एक स्वतःस्फूर्त विद्रोह। अंत में हम इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि 1857 का विद्रोह यह कोई अचानक घटित घटना नहीं थी। यह ब्रिटिश शासन के विरुद्ध एक सदी से चली आ रही प्रचंड जन-प्रतिरोध की परंपरा का चरमोत्कर्ष था। 1857 को पुराने प्रकार के ब्रिटिश विरोधी प्रतिरोध की परिणति माना जा सकता है, जिसका नेतृत्व बेदखल सरदारों ने किया था और जिसका उद्देश्य 'पुनर्स्थापना' था।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां-  राष्ट्रीय आन्दोलन

संदर्भ : यहाँ पर

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।