सलिल वर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सलिल वर्मा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 25 दिसंबर 2013

तुम न जाने किस जहाँ में खो गये

तुम न जाने किस जहाँ में खो गये

- सलिल वर्मा

दिल ढ़ूँढ़ता है फिर वही फ़ुर्सत के रात-दिन,

बैठे रहें तसव्वुर-ए-जानाँ किए हुए!

चचा ग़ालिब और फिर उनके बाद चचा गुलज़ार, दोनों इसी शे’र के मार्फ़त समझा गये हैं कि ज़िन्दगी में चाहे सब-कुछ मिल जाए फ़ुर्सत मिलना मुश्किल है. और ऐसे में बस फ़ुर्सत के पुराने दिनों को याद करने और मन मसोस कर रह जाने के अलावा हाथ आता भी क्या है. इन फ़ैक्ट, कभी-कभी तो मुझे भी शक़ होता था कि जितनी आसानी से अनुज मनोज कुमार जी धड़ाधड़ “फुर्सत में” लिख लिया करते थे, उतनी फ़ुर्सत क्या वास्तव में मिल पाती होगी? और मिलती भी हो तो “तसव्वुरे जानाँ” या “दीदारे यार” से निजात पाकर पोस्ट लिख लेते होंगे? और आज पहली बार ब्लॉग देवता/देवी को हाज़िर नाज़िर जानकर कहता हूँ कि मनोज जी से जलन भी होती थी कि यार कहाँ से इन्होंने फ़ुर्सत की खदान का अलॉटमेण्ट हासिल किया है, एकाध टोकरी हमारे पास भी भिजवा देते तो कौन सा अकाल पड़ जाता.

अब पता नहीं देश में कौन सी ईमानदारी की बयार चली कि कोयला खदान पर छापे पड़ने लगे और हमारी बुरी नज़र लग गई कि जो मोहर हम यहाँ फुर्सत में लूटते थे, उनपर मनोज जी ने ताले लगवा दिये. एकाध लाइसेंसी पोस्ट दिखाई भी दी, लेकिन उसमें वो बात कहाँ. छुप-छुप के पीने का मज़ा कुछ और था. और ये मासिक वेतन जैसी पोस्टों से भला किसी की प्यास बुझी है, अरे इस ब्लॉग की असली पोस्टें तो वो हैं, जो ऊपरी आय की तरह बहती हुई नदी रही हैं. जो मुसाफ़िर आया उसकी प्यास बुझी.

और यही नहीं, इस नदिया के घाट अनेक, जहाँ से पियें, वही मिठास और वही तृप्ति. आचार्य परशुराम राय जी की ‘शिवस्वरोदय’ एक ऐसी दुर्लभ श्रृंखला थी जिसे उन्होंने हमारे लिये सरल भाषा में उपलब्ध करवाया. यही नहीं काव्य-शास्त्र की कड़ियों में जिस सिलसिलेवार ढ़ंग से उन्होंने लिखा है वो ख़ास तौर मेरे लिये किसी क्लासरूम में बैठकर सीखने से कम नहीं था. बल्कि काव्यशास्त्र की जमात में बैठकर ही मैंने अपने बारे में जाना कि अहमक़ उन जगहों पर दरवाज़ा धकेलकर दाख़िल हो जाते हैं. जहाँ फ़रिश्ते भी पेशक़दमी से डरते हैं. आचार्य जी की “आँच” पर की गई ब्लॉग पर प्रकाशित कविताओं की समीक्षा अपने आप में एक मानदण्ड रही हैं. कोई उनकी समीक्षा से सहमत हो या न हो, वे अपनी तालीम और समझ से हमेशा सहमत रहे हैं. अब परशुराम हैं तो कठोर तो होंगे ही, किंतु कभी रिश्तों के नाम पर समझौता नहीं किया और अपने फ़ैसले को कभी किसी के दबाव में आकर नहीं बदला.

मेरा फोटोइसी कड़ी में एक और नाम है श्री हरीश चन्द्र गुप्त का. “आँच” पर इनकी समीक्षायें पैनी, गहरी, गम्भीर और साहित्यिक हुआ करती थीं. यह अलग बात है कि “मनोज” पर इस अल्प-विराम के पूर्व भी इन्होंने एक लम्बी छुट्टी ले रखी थी. इन्हें कम पढ़ने का मौक़ा मिला, लेकिन जो भी मिला वो एक सीखने जैसा तजुर्बा रहा. अगर कोई रचना हरीश जी की कलम की कसौटी पर परख ली जाए और उसे यदि ये अच्छा कहें तो कोई सन्देह नहीं कि वह रचना चौबीस कैरेट होगी.

मेरा फोटो“मनोज” पर एक और नियमित स्तम्भ रहा है “देसिल बयना”. ठेठ भाषा में कहें तो देसी कहावतें. कहावतें सिर्फ शब्दों को सजाकर एक निरर्थक से लगने वाले वाक्य का निर्माण नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक लम्बी दास्तान होती है, एक परम्परा और एक गुज़रे ज़माने की खुशबू. यह खुशबू लेकर आपके सामने लगातार आते रहे श्री करण समस्तीपुरी. इनके देसिल बयना को अगर तस्वीर के रूप में आपके सामने रखूँ तो बस यही कह सकता हूँ कि जहाँ बाकी सारे लेख, समीक्षाएँ और संस्मरण मॉडर्न पार्टी हैं, वहीं देसिल बयना ज़मीन बैठकर पत्तल में खाने का आनन्द. रेवाखण्ड की बोली में पगा, मिठास का वह पकवान, जिसे जो न खाए बस वो पछताए. व्यक्तिगत रूप से मैंने हमेशा करण जी से ईर्ष्या की है कि आंचलिक बोली में लिखने की बावजूद भी मैं उनकी मिठास तक कभी नहीं पहुँच पाया. फिर दिल को यह कहकर तसल्ली दे लेता हूँ कि राजधानी (पटना) और गाँव में फर्क तो होता ही है. गुलिस्तान के गुलाब और गुलदस्ते के गुलाब की ख़ुशबू भी जुदा होती है.

मेरा फोटोअंत में यदि मनोज कुमार जी का ज़िक्र न किया जाए तो मेरी पोस्ट ही अधूरी रह जायेगी. कोलकाता में बैठे हुए तू ना रुकेगा कभी, तू ना झुकेगा कभी वाले स्टाइल में एक मैराथन लेखन, बिना इस बात की परवाह किये कि कौन पढ़ता है कौन नहीं. हर आलेख एक सम्पूर्ण शोध के बाद और विषय पर पूरे अधिकार के साथ लिखा हुआ. कविता और कहानी, संस्मरण और साक्षात्कार, जीवनी और दर्शन किसी भी विषय को इन्होंने अनछुआ नहीं रखा. कई बार तो लगने लगता है कि साहित्य (विज्ञान भी) की विधाओं में शायद कोई भी पत्थर इन्होंने बिना पलटे नहीं छोड़ा. केवल साहित्य को ही नहीं समेटा इन्होंने, बल्कि रिश्तों को भी समेटा.. स्वयम कोलकाता में रहकर कानपुर, बेंगलुरू, दिल्ली जैसी जगहों से सम्पर्क बनाए रखा और आचार्य जी, गुप्त जी, करण जी और मुझे जोड़े रखा.

मैंने भी दुबारा ब्लॉग लिखना शुरू कर दिया है. फ़ुरसत मिले न मिले, एकाकी जीवन (बाध्यता) ने इतना समय तो फिलहाल मुझे दिया है कि हफ्ते में एक पोस्ट लिख लेता हूँ. ऐसे में जब कभी उन पुरानी गलियों से गुज़रता हूँ तो एक अजीब सा सन्नाटा दिखाई देता है. आँखें फेरकर आगे बढ़ता हूँ तो लगता है कि कोई आवाज़ देकर बुला रहा है पीछे से. लेकिन पलटकर देखता हूँ तो वही ख़ामोशी. सर्दियाँ अपने शबाब पर हैं. तो फिर आइये रिश्तों की गरमाहट महसूस करें सम्बन्धों की “आँच” तापते हुये कविता-कहानी सुने-सुनायें और याद करें अपनी जड़ों को जहाँ न जाने कितना देसिल बयना आपका बाट जोह रहा है.

आज के दिन तो एक सफ़ेद बालों वाला और लाल कपड़ों वाला बाबा कन्धे पर बड़ा सा मोज़ा लिये तोहफ़े बाँटता फिरता है. आप सब लोगों से गुज़ारिश है. मेरे लिये सैण्टा बन जाइये और मुझे मेरा तोहफा दे ही डालिये. तभी तो होगी “मेरी क्रिसमस!!”

गुरुवार, 23 अगस्त 2012

आँच- 117 : केतकी का सुवास पूरे वातावरण में खुशबू भर देता है!

आँच- 117
केतकी का सुवास पूरे वातावरण में खुशबू भर देता है!
Salil Varma की प्रोफाइल फोटोसलिल वर्मा
My Photo
“केतकी” कहानी की लेखिका हैं श्रीमती अनुलता राज नायर यह कहानी उनके ब्लॉग “माई ड्रीम्स एन’ एक्सप्रेशंस” पर दिनांक १४.०८.२०१२ को प्रकाशित हुई. अनुलता जी को इनके ब्लॉग पाठक अनु के नाम से जानते हैं और इन्हें इनकी कविताओं से पहचानते हैं. यह इनकी दूसरी कहानी है. अपने बारे में कहती हैं कि मध्य प्रदेश में पली-बढ़ी हैं (शायद इसी कारण मूलतः मलयाली होते हुए भी हिन्दी में अभिव्यक्ति बहुत स्पष्ट है) और मेरी ही तरह रसायन शास्त्र में स्नातकोत्तर हैं अर्थात साहित्य से कोई सीधा सम्बन्ध न होते हुए भी (ब्लॉग जगत में बहुतायत है ऐसे रचनाकारों की) स्तरीय कविताएं और कहानियाँ लिख रही हैं.

“केतकी” उनकी इस कथा की मुख्य-पात्र है. कॉलेज में पढ़ने वाली और ज़िंदगी से लबरेज. एक ऐसी लड़की जिसे हर कोई पहली मुलाक़ात में ही अपना दोस्त बनाने को मचल जाए. उसके जीने का अन्दाज़ भी बड़ा अनोखा है. एक ऐसा अन्दाज़ जो उसे अपने जैसी और लडकियों से अलग करता है. अंश नाम का एक लड़का बचपन से ही उसके साथ ही पढता है और उसका सबसे अच्छा दोस्त है. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल जाती है. दोनों महसूस करते हैं पर कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं. बाद में उसके जोर देने पर अंश किसी और जगह शादी कर लेता है और वो गोवा चली जाती है. अंश को शादी की रात ही खबर मिलती है कि केतकी ने समुद्र में जलसमाधि ले ली. कारण उसका यह (अंध)विश्वास कि उसके जन्म के समय उसकी माता की मृत्यु, फिर पिता, फिर उसके मौसा-मौसी का बे-औलाद रहना और अंश का प्रणय निवेदन के दिन दुर्घटना ग्रस्त होना. निष्कर्ष के तौर पर अपने नाम की सचाई बताना कि केतकी का फूल महादेव को नहीं चढाया जाता, और यह उम्मीद कि शायद अगले जन्म में वो हरसिंगार बने.

इस कहानी की केन्द्रीय पात्र है केतकी. मगर कहानी कहने वाला है अंश. कहानी के आधे भाग में उसके चरित्र को स्थापित करने की चेष्टा की गयी है. कथावस्तु में नवीनता भले ही न हो, किन्तु जिस तरह से उसका ट्रीटमेंट किया है अनु जी ने वह बेहद सराहनीय है. पढते हुए ऐसा लगता है मानो उन्हीं की कविताओं के अलग-अलग हिस्से पढ़ रहे हों. दरसल पूरी कहानी उस लड़की का पोर्ट्रेट है, जिसकी हँसी और चंचलता, खुलेपन और सचाई, बिंदासपन और चुलबुलेपन के पीछे एक गहरी उदासी छिपी है. और उस उदासी का अंत, उसके जीवन के अंत के साथ होता है. कहानी पर कई फ़िल्मों का प्रभाव दिखाई पड़ता है. एक दुखांत कथा, नायिका के चरित्र को मजबूती से स्थापित करने के लिए, उसकी आत्महत्या और सुसाइड नोट पर पटाक्षेप.

लेखिका की यह कथा कम से कम यह आभास नहीं देती कि उन्होंने यह दूसरी कहानी ही लिखी है. उनकी अभिव्यक्ति बहुत ही स्पष्ट है, जैसा कि उनकी कविताओं में होता है. इसलिए इस कथा में भी कहीं भटकाव नहीं है, कहानी की मुख्य पात्र केतकी है और चूँकि घटनाक्रम उसी के इर्द-गिर्द बुने गए हैं इसलिए उसके चरित्र के साथ न्याय हुआ है. मगर इस क्रम में वे अन्य पात्रों के साथ न्याय नहीं कर पायी हैं. नायक अंश, पूरी घटनाओं को याद कर रहा है लेकिन स्वयं उसके चरित्र, उसकी मनःस्थिति, उसकी प्रतिक्रियाएं और उसके मनोभावों का खुलकर पता नहीं चलता. ऐसा लगता है कि कहानी कहने वाला भले ही पुरुष हो (नायक अंश) किन्तु वास्तव में कहने वाली कोई महिला है.

यह कथा यदि वर्णनात्मक न होकर संवादों में हमारे समक्ष प्रस्तुत की गयी होती तो दोनों चरित्र खुलकर सामने आ पाते, बल्कि चरित्र स्वयं अपना परिचय होते और घटनाएँ परत दर परत खुलकर सामने आतीं. लेखिका की अनुपस्थिति, चरित्रों को उजागर करने में सहायक होती. कुछ बातें और हैं जो खटकती हैं, जैसे केतकी को खुली किताब की तरह बताया गया है और अदृश्य रोशनाई से लिखी किताब भी, अंधविश्वास के प्रति गहरा विश्वासी भी बताया है (जिसे चाहती है उसे जीवन साथी नहीं बना पाती और आत्महत्या कर लेती है) और सारी उँगलियों में अंगूठी पहनने वाली भी. अंधविश्वास को सच मानकर अपना जीवन समाप्त कर लेना कहीं से भी सराहा नहीं जा सकता. मगर दूसरी ओर कुछ संवादों पर बरबस वाह निकल जाती है, जैसे – “क्षितिज से उगता सूरज कभी ओल्ड फैशन हो सकता है भला!” या फिर “नहीं अंश, मेरे हाथ में कोई लकीर नहीं....सब बह गयी पानी में.” जो इन वक्तव्यों को लिख सकता है उसने संवादों में इतनी कंजूसी क्यों की, समझ नहीं आता.

अंत में यही कहा जा सकता है कि केतकी नाम की सार्थकता के लिए और उससे जुडी मान्यताओं के लिए तो यह कहानी सही है, किन्तु किसी ने यह समझने की कोशिस क्यों नहीं की कि भले ही केतकी देवता पर न चढाई जाती हो, किन्तु उसका सुवास पूरे वातावरण में केवड़े की खुशबू भर देता है!









शनिवार, 2 जून 2012

फ़ुरसत में … फ़ुरसत से मीठी यादें बांटते हुए!

फ़ुरसत में …

फ़ुरसत से मीठी यादें बांटते हुए!

salilसलिल वर्मा

घर का बरामदा, बरामदे में लगी एक आराम कुर्सी, आरामकुर्सी के बगल में एक तिपाई, तिपाई पर चाय का प्याला, प्याले के पास प्लेट में सजे बिस्किट, बिस्किट के साथ पानी का ग्लास... आराम कुर्सी पर अधलेटे, आँखें बंद किये, पेंडुलम की तरह झूलते हुए, कुछ सोचते हुए, कुछ याद करते हुए, मन ही मन मुस्कुराते हुए - इस नज़ारे को अगर कोई नाम देना हो, तो क्या नाम देंगे आप? बहुत ही आसान है, उसे हम कहेंगे – फ़ुरसत में! हमने भी सोचा कि आज थोड़ा सस्पेंस पैदा करते हैं और मनोज कुमार जी को फ़ुरसत में भेज देते हैं और खुद जम जाते हैं उनकी कुर्सी पर, जिसका नाम है – फ़ुरसत में!

सप्ताहांत में उनके कार्यालय की छुट्टी और वे अपने मनपसंद किसी भी हलके फुल्के विषय पर नितांत अपनी बात कहते हैं. अपने सार्वजनिक अथवा व्यक्तिगत जीवन की कोई घटना या कोई विषय लेकर उसके आस-पास एक ताना बाना शब्दों का, भावनाओं का, सन्देश का, शुद्ध हास्य का या किसी व्यंग्य का. उनके व्यंग्य का केंद्र भी प्रायः वे स्वयं ही रहे हैं. एक मर्यादा, एक सीमा, एक शिष्टाचार, संबंधों का मान... यह सब उनकी फ़ुरसत में की रचनाओं में देखे होंगे आप सभी ने.

दिल्ली में रहते हुए, उनसे कई बार मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. कारण मेरा कार्यालय ऐसी जगह पर था जहाँ आसानी से पहुंचा जा सकता है. उनसे मिलकर कभी प्रतीत ही नहीं हुआ कि मैं भारत सरकार के किसी उच्च-पदस्थ पदाधिकारी से मिल रहा हूँ. कम बोलना, किसी बात पर मुस्कुराना शायद उनकी सबसे विस्तार से की गयी प्रतिक्रया होती होगी. क्योंकि उससे अधिक विस्तृत प्रतिक्रया वे व्यक्त करते ही नहीं.

मैं उनसे उम्र में ज़रा सा ही बड़ा हूँ या समवय भी कह सकते हैं. इस नाते मैंने उन्हें एक बार अनुज कहा और वो दिन और आज का दिन उन्होंने मुझे बड़े भाई के रूप में सम्मान दिया. जब भी उनकी कोई रचना किसी पत्रिका में प्रकाशित हुई, उन्होंने मुझे अवश्य सूचित किया और जब उन्हें साहित्यिक गोष्ठी में कविता पाठ करने का आमंत्रण प्राप्त हुआ तो घबराहट और खुशी के मिले-जुले भावों के साथ उन्होंने मुझे खबर दी. यही नहीं जब कार्यक्रम सफल रहा, तो मुझे फोन पर ऐसे कहा जैसे कोई बच्चा अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर भागा चला आया हो यह कहता हुआ कि भैया मैं क्लास में फर्स्ट आया हूँ!!

किसी पोस्ट को लेकर यदि उन्हें तनिक भी संदेह होता कि इस विषय पर, इस बिम्ब पर, इस शब्द पर, इस मुहावरे पर, इस घटना पर कोई भी विवाद हो सकता है या किसी की भावना आहत हो सकती है, तो मुझे वो आलेख भेजकर मेरी राय अवश्य माँगते और मेरे सुझाव को बिना किसी तर्क के स्वीकार कर लेते हैं. बौद्धिक स्तर पर, जब हम दोनों ही ब्लॉग लिख रहे हैं और अलग-अलग लिख रहे हैं, उन्होंने हमेशा स्वयं को लक्ष्मण सिद्ध किया है. हाँ, मैंने भी जिस विषय में मेरी जानकारी न हो, कभी कोई राय नहीं दी.

सरकारी विभाग और सरकारी प्रतिष्ठानों में राजभाषा के नाम पर हिन्दी का चलन सिर्फ हिन्दी में हस्ताक्षर करना, दो चार पत्रों में नाम-पता लिख देना और सालाना जलसा मनाना भर होता है. खासकर मैं तो यही समझता था. लेकिन मनोज जी की लगन और राजभाषा के कार्यान्वयन के प्रति समर्पण देखकर मैं दंग रह गया. हमारे प्रतिष्ठान में राजभाषा अधिकारी के लिए साहित्य (हिन्दी अथवा अंग्रेजी) का डिग्रीधारक होना अनिवार्य है. अतः लाख काम करने के बाद भी मेरी गिनती सामान्य पदाधिकारी की ही रहने वाली है. बस, गुब्बारे से हवा निकल गई और आवश्यकता से अधिक काम करने का जज्बा समाप्त. मनोज जी ने इस काम को अपने कार्यालय में बखूबी सम्भाला और नगर स्तर पर तथा क्षेत्रीय स्तर पर अपने विभाग के साथ-साथ स्वयं के लिए भी कई सम्मान व प्रमाणपत्र प्राप्त किये. उनकी इसी लगन के कारण आज तीन-तीन ब्लॉग हैं उनके और वे नियमित लिख रहे हैं, अनवरत, एक सेवा भावना के साथ.

अब जब दिल्ली से जा रहा हूँ, मनोज जी से मिलना नहीं हो पायेगा. मिलना नहीं से तात्पर्य जितनी आसानी से हम उनके दिल्ली दौरे के दौरान मिल लेते थे, उतनी आसानी से नहीं. ब्लॉग जगत की बातें, साहित्य चर्चाएं, पारिवारिक बातें और पटना की पुरानी यादें. कई बार उन्होंने यह मलाल भी जताया कि उनकी किसी बात को किसी ने गलत समझ लिया और उनके ब्लॉग पर आना बंद कर दिया. एक टिप्पणी के कम होने से अधिक दुःख उन्हें एक मित्र के कम होने का रहा है. उनमें से कुछ के साथ मेरे बहुत अच्छे सम्बन्ध हैं, लेकिन लाचार पाता हूँ खुद को. मैं उन्हें समझता हूँ यही काफी है उनके लिए भी और मेरे लिए भी!

आप सोच रहे होंगे कि अचानक आज मुझे क्या हो गया है कि मैं मनोज जी के ब्लॉग पर आकर, उनकी बातें कर रहा हूँ वो भी फ़ुरसत में और फ़ुरसत से! तो अपना तो सीधा-सादा उसूल है – दुश्मन की पिटाई उसके घर में जाकर करो और दोस्त की मीठी यादें उसके घर में बैठकर बांटो!

Manoj-salil

गुरुवार, 12 जनवरी 2012

आंच-104 : ग़ज़ल (जंजाल आते हैं)

आंच-104

ग़ज़ल (जंजाल आते हैं)

70685_100001232891929_1748183_nसलिल वर्मा

मेरा फोटोश्री संजय मिश्र ‘हबीब’ ब्लॉग जगत में काफी जाना पहचाना नाम है. सेक्युलर बयार में आप भी अपना नाम एस. एम्. हबीब (संजय मिश्र हबीब) लिखते हैं. जिसे जैसा लगे उसी के मुताबिक़ अपनी राय बना ले या सूरत गढ़ ले. बड़े सधे हुए साहित्यकार हैं और गज़ल, कविता और कहानियों पर बराबर दखल रखते हैं. गज़लें कहना इनकी खासियत है और ब्लॉग पर गज़ल प्रकाशित करने का इनका ढंग भी निराला है. वास्तव में गज़ल पढते वक्त सबसे पहले लोगों के सामने यह समस्या होती है कि गज़ल की बहर क्या है. जिसके कारण बाज मर्तबा लोगों को गज़ल पढने में परेशानी का सामना करना पडता है. हबीब साहब, गज़ल की शुरुआत से पहले बहर की बाबत इत्तिला दे देते हैं, ताकि गज़ल कहने वाले और पढ़ने वाले के बीच मतले से ही रिश्ता सा कायम हो और गज़ल का मज़ा बरकरार रहे.

यह गज़ल बहरे हजज मुसम्मन सालिम मफाइलुन/ मफाइलुन/ मफाइलुन/ मफाइलुन बहर में कही गयी है. इस बहर में गज़ल कहने पर एक सुविधा रहती है कि अपनी बात कहने के लिए समुचित जगह मिल जाती है. और यही इस गज़ल (जंजाल आते हैं) की सुंदरता भी है. यहाँ शायर ने अपनी बात बहुत खुलकर लोगों के सामने रखी है.

विदेशी बेचने हमको, हमारा माल आते हैं,

हमारी जान की खातिर बड़े जंजाल आते हैं.

गज़ल का मतला बहुत ही सामयिक है और देश के एक ज्वलंत मुद्दे की और इशारा करता है और तुरत बाद अगला शेर देश की राजनैतिक व्यवस्था पर व्यंग्य करता हुआ दिखाई देता है. एक ओर वॉलमार्ट और दूसरी ओर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने वाले के खिलाफ जांच शुरू कर देना, आज के दौर की सचाई है जो इन दोनों शेर में खुलकर सामने आई है.

रहो खामोश अपने देश की बातें न करना तुम,

जुबां खोली अगर, माजी तिरा खंगाल आते हैं ।

गज़ल की परम्परा के अनुसार मतला देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि गज़ल का मिज़ाज कैसा है. लेकिन आजकल जिस तरह गज़लें कही जा रही हैं उनमें कमोबेश एक तरह की ही बात को सारे अशार में कहने का चलन है. जैसे सरकार की नाकामी, मुल्क की बदअमनी, फिरकापरस्ती या साम्प्रदायिक सद्भाव. ऐसे में यहाँ पर अलग-अलग भावों को अशार में पिरोने की कोशिश की गयी है. लेकिन अंतर में एक व्यथा, एक पीड़ा, एक कसक कहीं है जो पूरी गज़ल में स्पष्ट है. कारण यही है कि समाज में जो माहौल बन रहा है वहाँ शायद ऐसी ही फिजां बन गयी है. शायर ने भी वही महसूस किया है कि लुटेरे मेहमानों की तरह आ रहे हैं, रहनुमा झूठे सपने दिखाए जा रहे हैं, मरे इंसान की खाल तक नोची जा रही है, इंसानों को कंकाल बनाया जा रहा है उनका सबकुछ निचोडकर और फिर से एक गुलामी का दौर आ गया या आने वाला है. बातें अलग-अलग कही हैं हबीब साहब ने, लेकिन उन सब बातों में अंडरकरेंट एक ही है- बदहाली. उनके कहने का अंदाज़ सादगी से भरा है, जो उनकी ग़ज़लों की खासियत रही है.

सभी मिहमान को हम देव की भांती बुला लेते,

लुटेरे भी अगर आये बजाते गाल आते हैं ।

गज़ल कहने की एक और महत्वपूर्ण ज़रूरत यह है कि गज़ल सिर्फ दिल से नहीं कही जा सकती. दो मिसरों में कही गयी बात की सार्थकता इसमें नहीं कि बात दिल से निकले, बल्कि इसमें है कि दिल तक पहुंचे. बिना चीरा लगाये सर्जरी करने वाली बात. पहला मिसरा कहे जाने तक यह गुमान भी नहीं होता कि अगला मिसरा कौन सा मोड लेगा और जब कहा जाए तो आप हैरत में पड़ जाते हैं. वज़ह इतनी कि आपको अनुमान भी नहीं होता कि बात यूँ कही जायेगी. यहाँ आश्चर्य पैदा करने वाला तत्व नहीं दिखाई पड़ता है. मगर बयान में नयापन है जो बाँध लेता है और वाह कहने पर मजबूर करता है.

मशीनों की नई इक खेप बस आने ही वाली है,

उधर इनसान डालो तो इधर कंकाल आते हैं ।

लफ़्ज़ों की बाबत यह कहना होगा कि जितनी आसानी से ‘जंजाल’ कहा गया, उतनी आसानी से ‘खंगाल’ या ‘विकराल’ नहीं कहा जा पा रहा है. ये दोनों शब्द जिन मिसरों में आये हैं उनमें एक रुकावट आ रही है. गज़ल में गहरी बात भी कोमल लफ़्ज़ों में कहने का रिवाज़ है और यही इस विधा की खूबसूरती है. अंत में एक और त्रुटि की ओर ध्यान दिलाना आवश्यक है, “टेढ़े चाल” और “उनके खाल” के स्थान पर ‘टेढी चाल’ और ‘उनकी खाल’ होना चाहिए क्योंकि चाल और खाल दोनों स्त्रीलिंग शब्द हैं. ऐसे प्रयोग गज़ल पर शायर की पकड़ ढीली होने का संकेत करते हैं, जहां प्रतीत होता है कि लफ़्ज़ों को जबरन बिठाया जा रहा है.

कुल मिलाकर संजय मिश्रा ‘हबीब’ साहब की गज़लें आनंदित करती हैं, नई सोच को जन्म देती हैं और गज़ल की मांग के साथ इन्साफ करती हैं.

गुरुवार, 8 दिसंबर 2011

आँच-99 - कविता की संरचना – मेरी दृष्टि में - अंक - 2


आँच-99
कविता की संरचना – मेरी दृष्टि में - अंक - 2

सलिल वर्मा

कविता की संरचना में सही और उचित शब्दों का बड़ा योगदान है. जैसे ‘दिन’ का विलोम शब्द ‘रात्रि’ नहीं हो सकता, ‘रात’ होता है; ‘भोर’ का ‘शाम’ नहीं, ‘सांझ’ होता है; ‘प्रातः’ का ‘सांझ’ नहीं, ‘संध्या’ होता है, वैसे ही समानार्थक शब्दों में हर शब्द का अपना महत्व है और कई बार कोई भी शब्द पिरोकर कविता नहीं रची जा सकती. पिछले दिनों कुछ कवितायें ऐसी भी पढ़ने को मिलीं जिनमें शब्दों को ‘पिरोया’ नहीं, ‘ठूँसा’ गया था और उन कवियों की कविताओं में ऐसा लगातार दिख रहा था, अतः इसे कवि का दोष कहा जाएगा, एक दुर्घटना नहीं. उदाहरण के तौर पर उस कविता के प्रयोग को बताने की चेष्टा करता हूँ -
रात्रि की नीरवता में
सम्पूर्ण जगत निद्रा-निमग्न था
मेरी निद्रा भंग हुई
एक भयानक ख्वाब से!
इन पंक्तियों में पाठक की भाव-यात्रा भंग होती है “ख्वाब” शब्द से. यहाँ भयानक ख्वाब के स्थान पर “दुःस्वप्न” भी कहा जा सकता था, ख्वाब का अर्थ स्वप्न ही होता है, किन्तु यहाँ कविता की पृष्ठभूमि और हिन्दी शब्दों की मालिका के मध्य उर्दू शब्द का प्रयोग आघात की तरह प्रतीत होता है. यही बात दूसरी ओर से भी लागू होती है जब कविता के अधिकाँश शब्द उर्दू के हों और एक हिन्दी का तत्सम शब्द टपक पड़े तो अवरोध तो उत्पन्न होगा ही.
प्रत्येक कवि का अपना एक शब्दकोष होता है. किसी एक कवि का सम्पूर्ण रचना संसार देखने के बाद हम आसानी से कह पाते हैं कि यह कविता अमुक कवि की है. यही नहीं, यह अभ्यास इतना सटीक होता है कि यदि अन्य कवि उसी शब्दावलि में काव्य-सृजन करे तो हम कहते हैं कि उसकी कविताओं पर अमुक कवि का प्रभाव दिखाई देता है. यह शब्दकोष एक अवधि तक जाकर परिपक्व हो जाता है. इसमें और कोई बढोतरी नहीं की जा सकती है. चूँकि हर व्यक्ति का शब्दकोष व्यक्तिगत होता है, अतः प्रत्येक व्यक्ति की कविता उसकी व्यक्तिगत पहचान लिए होती है.
हमारे हिन्दी के प्राध्यापक कहा करते थे कि –
प्रत्येक शब्द की एक गरिमा होती है, जो उसके समुचित प्रयोग से वह प्राप्त करता है. यदि उसका प्रयोग त्रुटिपूर्ण या अनुचित हुआ तो वह शब्द शोर मचाने लगता है. ऐसे में वह आपसे अपने अपमान का बदला लेता है और आप सर झुकाए सब-कुछ सहने को बाध्य होते हैं.
इसलिए ऐसे शब्द जो कहीं से कवि के शब्दकोष का हिस्सा न रहे हों, उसकी कविता में अनामंत्रित अतिथि की तरह होते हैं और पकड़े जाते हैं. हाँ, इसके विपरीत, कभी-कभी कोई कवि किसी नए शब्द का ऐसा प्रयोग करता है जो चमत्कृत करने वाला प्रभाव उत्पन्न करता है. यदि ऐसा होता है तो वह शब्द भी उसे आशीर्वाद देता है, पाठक तो प्रशंसा करते ही हैं. एक बात याद रखने की है कि हीरों में चमक तो होती है और वे मूल्यवान भी होते हैं, किन्तु हीरों के हार की सुंदरता और मोल तभी है जब उन्हें सुन्दरता से सजाकर चंद्रहार के रूप में प्रस्तुत किया गया हो.
एक पाठक की अभीप्सा कहाँ शांत होती है, उसकी अपेक्षाएँ भी अनंत हैं. अतः, अंत में एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात कहना चाहूँगा - हर कलाकार अपने जीवन में किसी न किसी कलाकार से प्रभावित होता है और अपनी कला में अपने आदर्श को उतार देना चाहता है. कविता भी इससे अछूती नहीं है. लेकिन कब वह कवि अपने आदर्श की कार्बन कापी बनने लगता है या बना दिया जाता है, उसे पता भी नहीं चलता. यहाँ कार्बन कापी कहा है मैंने, प्रतिलिपि या अनुलिपि नहीं कहा. कार्बन कापी अर्थात काली छाया. उसे यह भी ध्यान नहीं होता कि उसकी कवितायें एक ही भाव का सम्प्रेषण कर रही हैं और एकरसता का शिकार हो रही हैं. जबकि उसके आदर्श कवि का वह अन्य भावों में से ही एक भाव रहा होगा. विषाद का भाव इस श्रेणी के कवि/कविताओं में बहुत पॉपुलर (लोकप्रिय) है.
किसी कवि के लिए यह गौरव की बात नहीं कि कोई उसे गुलज़ार कहे, महादेवी कहे या अमृता प्रीतम, जबकि अधिकतर कवि इसे गर्व का विषय मानकर उन्हीं की कार्बन कापी बनते चले जाते हैं. उन्हें बशीर बदर साहब का यह शेर हमेशा याद रखना चाहिए कि
ये जाफरानी पुलोवर, उसी का हिस्सा है,
कोई जो दूसरा ओढ़े, तो दूसरा ही लगे!
***

गुरुवार, 1 दिसंबर 2011

आंच–98 : कविता की संरचना – मेरी दृष्टि में

आंच–98

अंक - 1

clip_image001

आंच पर इस बार हमारे अतिथि लेखक सलिल वर्मा पेश कर रहे हैं कविता की भाषा पर अपने विचार!

salilसलिल वर्मा

साहित्य के साथ वैज्ञानिक बुद्धि का मिश्रण मत कीजियेगा, क्योंकि इसके भयंकर परिणाम देखे हैं मैंने.

आचार्य परशुराम राय जी ने जब यह आलेख मुझे लिखने का उत्तरदायित्व सौंपा तो एक गर्व की अनुभूति के साथ-साथ निर्वाह का बोझ भी कंधे पर महसूस हुआ. एक लंबे अंतराल के पश्चात जब लिखने का साहस जुटा पाया तो सबसे पहले स्मरण हो आया पिछले साल हुई एक घटना का. वाराणसी के एक महात्मा जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया तुलसीकृत रामचरित मानस की वर्तनी के सुधार में. उनके अनुसार उसमें कई दोष थे जिनका सुधार उन्होंने किया है. यह समाचार हास्यास्पद भी है और विचारोत्तेजक भी. मेरे हिन्दी के प्राध्यापक श्री जगदीश नारायण चौबे कहा करते थे कि आप सभी विज्ञान के विद्यार्थी हैं, किन्तु साहित्य के साथ वैज्ञानिक बुद्धि का मिश्रण मत कीजियेगा, क्योंकि इसके भयंकर परिणाम देखे हैं मैंने. और, उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि किसी छात्र को प्रेमचंद नाम अटपटा लगा तो उसने सुधार कर “प्रेम चंद्र” बना दिया और राहुल सांकृत्यायन को “राहुल सांस्कृतायन”.

तुकांत कविता का स्थान तुकबंदी ने ले लिया, जिससे कविता की बड़ी क्षति हुई. जिसने भी तुक मिलाकर शब्दों को जोड़ लिया वही कवि बन गया.

कविता की पैदावार पिछले कुछ वर्षों में बहुत बढ़ी है. इसके लिए उत्प्रेरक का काम कविता के शिल्प ने ही किया है. स्पष्ट करूँ तो कविता यदि ‘तुकान्त’ हो तो लयात्मक होगी, ऐसी मान्यता रही है. इसका परिणाम यह हुआ कि तुकांत कविता का स्थान तुकबंदी ने ले लिया, जिससे कविता की बड़ी क्षति हुई. जिसने भी तुक मिलाकर शब्दों को जोड़ लिया वही कवि बन गया.

यदि ‘प्रसाद’ की निम्नलिखित रचना कविता की श्रेणी में आती है -

हिमाद्रि तुंग शृंग से, प्रबुद्ध शुद्ध भारती,

स्वयंप्रभा समुज्ज्वला स्वतन्त्रता पुकारती!

तो इस रचना ने भी कविता की दावेदारी दाखिल कर दी -

आप यहाँ आये - किसलिए, आपने बुलाया - इसलिए,

आए हैं तो काम भी बताइये, पहले ज़रा आप मुस्कुराइये.

कई ऐसे कवि भी रातों-रात उग आए जिन्होंने छन्द-मुक्त कविता की इस विधा को ‘फोटोजेनिक’ रूप में आत्मसात किया. कविता शब्दों का भण्डार हो गई जिसे इस प्रकार की सज्जा प्रदान की गयी है कि वह ‘देखने’ में ‘कविता-सी’ लगे.

नई कविता के नए मानदण्ड में तुकांतता और छन्द का प्रचलन समाप्त होने से भी अराजकता बढ़ी. छन्दमुक्त स्वतंत्र कविता की इस अबाध कलकल धारा ने निराला, बच्चन से लेकर अज्ञेय, कन्हैया लाल नंदन, धूमिल और अनेकानेक कवि हमें दिये, जिनसे हिन्दी साहित्य का मान बढ़ा. किन्तु इसी स्वतन्त्रता ने सबसे बड़ी क्षति भी पहुचाई. कई ऐसे कवि भी रातों-रात उग आए जिन्होंने छन्द-मुक्त कविता की इस विधा को ‘फोटोजेनिक’ रूप में आत्मसात किया. इसे इस तरह स्पष्ट करना चाहिए - इस रूप में कविता (छन्दमुक्त) शब्दों का वह भण्डार है जिसे इस प्रकार की सज्जा प्रदान की गयी है कि वह ‘देखने’ में ‘कविता-सी’ लगे.

“मैं सड़क पर जा रहा था. एक केले का छिलका वहीं पड़ा था. मैं फिसल गया. मेरे विचारों के सिलसिले टूट गए.”

इस वक्तव्य को शब्दक्रम बदलकर सुसज्जित करने पर जो बना वह प्रस्तुत है. शायद इसे कविता कहा जा सके, क्योंकि देखने में कविता जैसी है -

मैं सड़क पर जा रहा था

एक छिलका

केले का

वहीं पड़ा था.

फिसल गया मैं

और टूट गए

मेरे विचारों के सिलसिले!!

इस तरह के समस्त प्रयास कविता के स्वरूप की अनभिज्ञता के कारण ही होते रहे. इसमें थोड़ा सा कल्पना का पुट दे दिया जाय, तो इन्हीं शब्दों के माध्यम से कविता लिखी जा सकती है-

उन्हें देखकर कुछ ऐसा हुआ,

केले के छिलके पर

पड़ते ही पैर होता जो

विचारों के सिलसिले का.

पहली वाली कविता में 23 शब्द हैं और चमत्कार का अभाव भी है. जबकि दूसरी में 18 शब्द हैं और थोड़ा सा कल्पना तत्व के आ जाने से कुछ चमत्कार भी आ गया है.

यह तो थी कविता की संरचनात्मक विधि से जुड़ी बात. अब बात आती है भाषा की. हम जितने भी प्राचीन अथवा आधुनिक कवियों की रचनाएँ पढ़ते हैं, उनमें सबसे आवश्यक तत्व विचारों को व्यक्त करनेवाली उनकी भाषा है. वे कवि, जिनकी भाषा सरल, सुबोध और सुग्राह्य रही है, वे अधिक लोकप्रिय रहे हैं. ग़ज़लों में जब फारसी और अरबी शब्दों का अधिकाधिक प्रयोग होने लगा, तो उसमें क्लिष्टता आ गयी और आम हिन्दुस्तानी भाषा में गज़ल कहने वाले दुष्यंत कुमार की कविताओं से अधिक उनकी गज़लें लोगों की जुबान पर चढ़ गयीं. उनकी सहज भाषा में जहाँ “यह किसी की व्यक्तिगत आलोचना है” का घोष है; वहीं “कहाँ चराग मयस्सर नहीं शहर के लिए” की गूँज भी सुनायी देती है.

वास्तव में, कविता की रचना के पूर्व ही यह निर्धारित करना आवश्यक होता है कि इस कविता का प्रतिपाद्य क्या है और किसके लिए है. कविता जिसको संबोधित की जाय, उसकी शब्दावलि भी उसी तरह की होनी चाहिए. कविता की भाषा और शब्दावली अपना पाठक स्वयं ढूँढ लेती है. अज्ञेय या मुक्तिबोध की कवितायें, उनके भाव, उनका शब्दकोष एक सुसंकृत वर्ग-विशेष का प्रतिनिधित्व करते हैं, तभी उनकी कवितायें जन-सामान्य की कवितायें नहीं कही जा सकतीं. जबकि ट्रक के पीछे लिखी कविता या एस.एम.एस. के द्वारा भेजी जाने वाली कविताएँ, अकविता होकर भी लोकप्रिय हैं.

(अगले अंक में जानेंगे कि एक कविता में पाठक कैसी शब्दावली की अपेक्षा रखता है और शब्दों की मर्यादा का ध्यान कैसे रखा जाए)

***

बुधवार, 12 जनवरी 2011

देसिल बयना-63 :: रहली तs मन न भयली, गईली तs मन पछतईली

देसिल बयना-63

रहली तs मन न भयली, गईली तs मन पछतईली

salilसलिल वर्मा

इस देसिल बयना के रचयिता का नाम देखकर आप चौंके तो होंगे ही। मज़ेदार वाकया हुआ। सलिल जी के साथ फोन पर बात हो रही थी और उनके मुंह से अचानक यह बयना निकला। तो मैंने स्लिप में खड़े फ़िल्डर की तरह झट से इसे लपका और कहा आपने तो बड़ा अच्छा देसिल बयना कह डाला। क्यों नहीं हमारे ब्लॉग के लिए इसपर एक पोस्ट लिख डालते हैं। … और यह सलिल जी का बड़प्पन कि बिना देरी किए उन्होंने आधे घंटें में मेल से यह पोस्ट भेज दिया। उनके प्रति आभार सहित हम उसे हम पेश कर रहे हैं। --- मनोज कुमार

इंदु के बिआह एतना नीमन घर में अऊर एतना बड़का इंजीनियर से हुआ कि पूरा टोला में लोग दाँत तर उँगरी दबा लिया. कोनो कोनो बूढ पुरनियाँ के मुँह का त ई हाल था कि काला जामुन मुँह में डाल के निकाल लीजिये, तईयो उसके ऊपर खरोंच का निसान नहीं पड़ेगा. कहे का माने कि एकदम पोपला मुँह, दुनो गाल आपस में गला मिलने के लिये तत्पर, तईयो इंदु के बिआह में मसूढ़ा तर ऊँगरी दबाये, दुल्हा को देखकर गीत गाने से नहीं बाज आ रही थीं कि पुरबs पच्छिमवा से अईलन सुंदर दुल्हा, जुड़ावे लगिलन हेs सासू अपने नयनवा. जेतने लोग दुल्हा का तारीफ करता, ओतने लोग इंदु के भौजाई का तारीफ करने से नहीं चूकता.

“भला कोई कहियो सकता है कि बिना बाप के बेटी का बिआह एतना धूम धाम से अऊर एतना बढिया लड़िका से हो सकता है.”

“हमको त लगता है कि बिस्नाथ चचा जिंदा होते, तैयो एतना नीमन बर नहीं खोज सकते थे.”

“ई त भौजाई होकर भी महतारी से बढ़कर काम की हैं सकुंतला भौजी.”

“अऊर का! नहीं तs के एतना खर्चा करता है कोई अप्पन ननद के ऊपर, ऊ भी टूँअर (अनाथ)बिना बाप के बेटी पर.”

“सच्चो, भगवान रामरती चाची जईसा पुतोह सबको दे. घर सम्भारने से लेकर, ननद के बिआह तक एक गोड़ पर सब काम की है सकुंतला भौजी.”

सकुंतला भौजी अऊर इंदु, कहे को तो ननद भौजाई थीं, मगर दुनो का सम्बंध देखकर लगता था कि दुनो एक्के पेट के बहिन है, चाहे सखि सहेली. बिस्नाथ चचा मरते बखत एही एगो जिम्मेदारी छोड़ गए थे अपना बेटा राज किसोर अऊर पुतोह सकुंतला के ऊपर. सकुंतला कोनो कसर नहीं छोड़ी अपना ससुर का अंतिम इच्छा पूरा करने में. टोला मोहल्ला में जब इंदु का बात चलता था तब सकुंतला भौजी एही बात कहती थीं सब से कि तनिको बिआह सादी में उँच नीच हो जाएगा तs सब बदनामी हमरे माथा पर आएगा. लोग कहेगा कि बिना बाप के बेटी को भौजी बिलटा दिहिस. आखिर हमको भी तो बाबूजी को मुँह देखाना है. अऊर बाबूजी कहते हुये माथा पर अँचरा ओढ़ लेती थी. एतना आदर्स अऊर व्यौहार कुसल थी सकुंतला भौजी कि लोग उनका उपमा देता था. दादी नानी लोग तs गोड़ लागने पर आसीर्बाद देती थीं कि राजकिसोर बहु जईसन पुतोह मिले.

पुराना कहनाम है कि दुस्मनी एकतरफा हो सकता है, प्रेम दुनो तरफ से होता है. इंदु भी अपनी भौजाई को बहिन, दोस्त अऊर माई से कम नहीं समझती थी. अगर सकुंतला भौजी कोनो बात के लिये मना कर दी त का मजाल कि इंदू ऊ काम कर दे. भौजी का एक्के बात उसको ध्यान में रहता था कि अगर तुमरा एक्को गो कदम, एन्ने ओन्ने पड़ गया तो हम किसी को मुँह देखाने के लायक नहीं रहेंगे. हमको तो बस गंगा जी के गोदी में सरन लेना पड़ेगा.

मगर बाप रे बाप. दुन्नो ननद भौजाई में जुद्ध भी बहुत भयंकर होता था. अऊर तब ओलाहना सुनने लायक होता था. चुपचाप रामरती चाची सुनते रहती थी. बीच बचाव करने का तो उनको कोनो मौके नहीं मिलता था. कुछ कहीं नहीं कि दुनो ननद भौजाई उनके ऊपर लुझ जाती थी, “ए माय! आप चुपचाप कोना में बईठकर हवा महल सुनिये ट्रांजिस्टर पर. ई हमलोग का मामला है, हम लोग फरिया लेंगे.”

इसके बाद फिर लड़ाई चालू.

“देख लेना इंदु! हमरे मना करने के बावजूद भी तुम सरसती चाची के घर गई थी, ई ठीक बात नहीं है.”

“हम का उनके घर हलुआ खाने गये थे. रजनी से किताब लेने गये थे.”

“कॉलेजे में काहे नहीं ली किताब! देखी थी, ऊ दिन केतना लड़ाई की थीं माय से. इसके बाद भी तुमको मन कैसे किया ओहाँ जाने का!”

“हमको लड़ाई से का मतलब. जब देखिये त हमको लोग डाँटते रहता है.”

“डाँटे नहीं हैं, समझा रहे हैं.”

“हमको नहीं समझना है ई सब.”

“समझोगी कईसे नहीं. कल को अपना घर चल जाओगी तs ई लच्छन से लोग हमको दूसेगा.”

“तs बिआह दीजिये कोनो राह चलता से. आज बाबूजी जिंदा रहते तs दोसरा घर का औरत हमको एतना बात बोल जाती.”

“जब तुमरे भईया बिआह के लाए थे तब से एही घर हमरा हो गया है. खबरदार कभी दोसरा घर का औरत बोली हमको.”

अऊर ई बात पर रोते हुये सकुंतला भौजी रामरती चाची के पास जाकर रोने लगी, जो चुपचाप कोना में ट्रांजिस्टर पर हवा महल सुनने में मगन थीं. ई महाजुद्ध का उनपर कोनो असर नहीं हो रहा था. सकुंतला भौजी गोहार लगाने लगीं.

“देख लीजिये माय! केतना बढिया बात बोल रही हैं आपकी बेटी. अब एही सुनना बाकी रह गया था ई घर में हमको... हम दोसर घर की औरत अऊर राह चलता से बिआह दें आपकी बेटी को.”

“ए दुलहिन! तुम लोग का तो रोजे का लड़ाई है ई सब. कोनो दिन नहीं बीतता है कि तुम दुनो के बीच में झगड़ा नहीं हो. कभी इंदु रोते हुये फरियाद लेकर आएगी अऊर कभी तुम गोहार लगाओगी. जल्दी से अच्छा लड़िका खोजकर इसका बिआह कर दो. एक्के बार में सब झंझट खतम हो जाएगा. मगर तुमरा मन तइयो नहीं लगेगा. रहली तs मन न भयली, गईली तs मन पछतईली.”

रामरती चाची का ई परबचन सुनकर रोते रोते भी सकुंतला भौजीके मुँह से हँसी छूट गया. अऊर ऊ जाकर इंदु को अँचरा में समेट ली.

आज इंदु का बिदाई करके सकुंतला भौजाई जब सूना अँगना देखीं त मारे रोलाई के पूरा अँचरा भीज गया. पीछे से रामरती चाची आ गईं अऊर बोलीं, “देखी दुलहिन! हम कहते थे न रहली तs मन न भयली, गईली तs मन पछतईली. जब थी तs रोज लड़ाई झगड़ा होता था अऊर आज जब ऊ चल गई अपना घर त तुमरा मन पछता रहा है.”

सकुंतला भौजी का रोलाई नहीं थम रहा था. भागकर इंदु के कमरा में, उसके बिछावन में, उसके तकिया में मुँह गाड़कर रोए जा रही थीं.

(आज के देसिल बयना का अर्थ यह है कि हम जिसके साथ प्यार करते हैं झगड़ा भी उन्हीं के साथ होता है. वे प्रियजन जब साथ होते हैं तो मन को नहीं सुहाते जिस कारण झगड़ा होता है, लेकिन जब वे चले जाते हैं तो मन पछताता है उनके न होने से पैदा हुये सूनेपन के कारण)