आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 12 सितंबर 2012

स्मृति शिखर से - 23 : मेरे जीवन का एक दिन


- करण समस्तीपुरी
अपने देश में सितंबर मास की एक विशेषता यह है कि राष्ट्रीय संस्कृति जीवंत हो उठती है। पहले शिक्षक-दिवस फिर हिन्दी-दिवस। दोनों का मेरे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। मेरे सभी शिक्षकों का मेरे जीवन और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। माता-पिता के उपरांत अध्यापकों का ऋण ही है जिससे कभी उॠण नहीं हुआ जा सकता। मैं अपने सभी गुरुओं को सादर नमन करते हुए हिन्दी देवी को स्मरण करता हूँ।

हमारे गाँव के विद्यालयों में शिक्षा हिन्दी-माध्यम से होती है। किन्तु मुझे हिन्दी में सुलेख और शुद्ध-लेखन की महिमा का ज्ञान प्राप्त हुआ एक विज्ञान-शिक्षक से। अंसारी बाबू। नाम तो पढ़ा ही होगा पिछले अंक में। बड़े ही सुहृद शिक्षक थे। तदोत्तर माध्यमिक कक्षाओं में श्री गणेश बाबू और ठाकुर जी जैसे शिष्य-वत्सल अध्यापकों का सानिध्य मिल गया। ठाकुरजी उस वित्तरहित उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य थे और गणेश बाबू हिन्दी के अध्यापक।
उपर्युक्त अध्यापक-द्वेय की अध्यापन शैली बड़ी रोचक है। श्रीवर ठाकुरजी ज्ञान के अक्षय-कोष हैं। रेवाखंड में उनकी प्रतिष्ठा एक ऐसे लोकप्रिय संपूर्ण शिक्षक की है जिन्हें कला एवं साहित्य विषयक सभी संकायों में निपुणता प्राप्त है। उनके पाठन-शैली की सबसे बड़ी विशेषता थी उसकी जीवंतता। वे सिर्फ़ विषयगत ज्ञान तक ही सीमित नहीं रहते थे। विषयानुसार वे वेद, उपनिषद, स्मृति, शे’र-ओ-शायरी, ग़जल, लोकगीत, लोक-संस्कृति यहाँ तक कि फिल्मी गानों तक के पुट देते रहते।

गणेश बाबू का शिक्षण-शिल्प अभिनयात्मक था। वे किसी पाठ के वाक्यों को नाटकों के संवाद की तरह बोलते थे। रचना और रचनाकार की पृष्ठभूमि, एक-एक अंश के शाब्दिक अर्थ, भावार्थ, काव्य-तत्व, साहित्यिक मर्म तक का परिचय करवा देते थे। विशेषतः भक्तिकालीन कवियों को पढ़ाते हुए उन्होंने मेरे अंदर हिन्दी साहित्य के लिए जो अनुराग उत्पन्न कराया कि फिर मैं उससे अलग कभी नहीं हो पाया। महाविद्यालय में विज्ञान के मोह ने घेरा अवश्य था किन्तु साहित्य के आवेग ने शीघ्र ही मुक्ति दिला दी।

स्नातक-स्नातकोत्तर कक्षाओं में भाषा, साहित्य, साहित्यिक विधा, साहित्यकार, रस-अलंकार, आलोचना, समीक्षा, भाषा- विज्ञान यही सब होता रहा। मैं आरंभ से ही कुछ कल्पनाजीवी रहा हूँ। वास्तविक संसार से अलग भी मेरा एक संसार है, जिसमें मैं सांसारिक दायित्वों से विलग उन्मुक्त विचरण करता रहता हूँ। कभी-कभी उसी कल्पनालोक से फूट पड़ती है कोई काव्य-किरण या कथाधारा। कभी कोई हास्य। तीस बसंत पार करने के बावजूद मेरा कल्पनालोक बालावस्था की तरह चंचल है। इसमें अक्सर निरर्थक और उटपटांग विचार भी आते रहते हैं।
पाँच-सात वर्षों तक साहित्य-साहित्यकारों को घोंट-घोंट कर पीता रहा किन्तु एक लालसा कल्पनालोक में ही पूरी हो पाती थी। लालसा यह जानने की कि साहित्यकार भला अपने वास्तविक जीवन में होते कैसे हैं? क्या उनमें कोई परामान्विक शक्ति होती है? या वे भी हमारी तरह हमारे ही समाज के सामान्य प्राणी हैं? पुस्तकों में इतनी अच्छी-अच्छी बातें लिखने वाले क्या बोलते भी वैसे ही हैं? क्या किताबों के वही आदर्श उनके व्यावहारिक जीवन में भी होते हैं? आदि-आदि। ये सभी प्रश्न या तो अनुत्तरित रह जाते अथवा मेरी कल्पना ही उसका कुछ मनपसंद उत्तर गढ़ लेती।

धीरे-धीरे कविता-कहानी लिखने की प्रक्रिया बढ़ी तो कुछ परिचितों ने हास्य के लिए, कुछ ने उपहास के लिए और कुछ ने उत्साह के लिए मुझे भी ‘साहित्यकार’ कहना शुरु कर दिया। मैं बड़ी दुविधा में पड़ जाता। एक बात और रही है कि मैं अपने आचरण के प्रति बड़ा सजग रहता हूँ। मैं अभी तक स्वयं को हिन्दी साहित्य का महज एक विद्यार्थी ही समझता हूँ किन्तु तभी बड़ी कठिनाई हो जाती थी। मैं सोचता चलो कहने वालों का मान रखने के लिए ही सही किन्तु साहित्यकार सुलभ आचरण तो कर लूँ। लेकिन मुश्किल ये कि मैं ने किसी साहित्यकार को देखा ही नहीं था। उनका आचरण भला क्या जानता! जीवन अपने रास्ते बढ़ता गया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में आने के बाद कुछ ऐसे लोगों से भेंट अवश्य हुई जिनमें साहित्य के लिए अनुरक्ति थी और कुछ ऐसे लोग भी मिले जो स्वनाम पर एकाध पुस्तकों का ‘जुगाड़’ लगा स्वयं पर साहित्यकार का लेबल चस्पा कर पब्लिसीटी पाने का कोई अवसर नहीं गँवाना चाहते थे। शायद उस क्षेत्र में रहता तो किसी सच्चे साहित्यकार से भी भेंट हो ही जाती। किन्तु नैतिक विवशता नें पत्रकारिता से मोहभंग करवा दिया और व्यवसायिक एवं पारिवारिक दायित्वों ने उस ‘लालसा’ को निद्रासन दे दिया।

सन 2009 में चाचाजी (मनोज कुमार) हिन्दी का ब्लाग आरंभ कर मेरी लेखनी में भी स्याही भरने लगे। जीवन एक बार फिर व्यवसायिक राजपथ के समांतर उन्ही पुरानी पगडंडियों पर भागने को मचलने लगा। काव्य-प्रसून, कथांजलि, देसिल-बयना, आँच, फ़ुर्सत में, काव्यशास्त्र...! वह लालसा फिर जग गयी। साहित्यकार को देखने की लालसा। साहित्यकार से मिलने की लालसा। उन्हें स्पर्श कर यह निश्चित कर लेने की लालसा कि वे भी इसी समाज के स्थूल प्राणी ही हैं। किन्तु ये प्राणी मिलेंगे कहाँ? यह प्रजाति या तो तेजी से विलुप्त होती जा रही है या कुकुरमुत्ते की तरह ऐसे उग रही है कि भ्रम चहुँ दिश। जो नामचीन हैं वहाँ तक पहुँचना दुर्लभ और जिनका नाम नहीं है उनकी पहचान कठिन।
कुछ मेरी भी बात ...
मित्रों!
जब ब्लॉगिंग में पहला कदम रखा था, तो कल्पना भी नहीं की थी कि यह सफर एक हज़ारवीं पोस्ट तक पहुँच जाएगा। पर आज यह सपना सच हुआ। आपके प्रोत्साहन की ऊर्जा हमें मिलती रही और हम निरंतर आगे बढ़ते रहे। लगभग तीन साल पहले इसी महीने में इस ब्लॉग पर पहली पोस्ट प्रकाशित की गई थी और आज हम हाज़िर हैं हज़ारवीं पोस्ट के साथ। हमें इस बात का संतोष है कि हमने एक भी ऐसी पोस्ट नहीं प्रकाशित की जिससे ब्लॉग जगत की मर्यादा को सामान्यतः और किसी ब्लॉगर को विशेषतः क्षति पहुंचती हो।
इस ब्लॉग की कई रचनाओं को विभिन्न मंच, साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में स्थान प्राप्त हुआ। ... और आज हज़ारवीं पोस्ट तक आते-आते इस ब्लॉग की रचनाओं को जो सम्मान मिला है उसने हमारा मनोबल काफ़ी बढ़ाया है और हमें आत्मसंतुष्टि प्रदान की है। ऐसे में इसी ब्लॉग पर स्व. आचार्य जानकी वल्लभ शास्त्री से हमारी भेंट-वार्ता की पांच अंकों की श्रृंखला का “अलोचना” जैसी प्रतिष्ठित सहित्यिक पत्रिका, जिसके प्रधान संपादक डॉ. नामवर सिंह हैं, के ताज़े अंक (पैंतालीस) में स्थान मिलना एक बड़ी उपलब्धि है।
जहाँ यह अवसर हमारे लिए गर्व और उत्साह का है वहीं एक उत्तरदायित्व के बोध का भी है. अतःहम और अधिक जिम्मेदारी के साथ इस ब्लॉग जगत में अपनी भूमिका निभाते रहें, इस प्रण के हम अपनी पूरी टीम के सदस्य सर्व श्री परशुराम राय, हरीश गुप्त करण समस्तीपुरी और सलिल वर्मा के साथ आपके स्नेह और प्रोत्साहन की आकांक्षा रखते हैं! - मनोज कुमार


उन्हीं दिनों प्रादेशिक समाचार पत्र के अंतर्जालीय प्रारूप में एक दो-चार पंक्तियों की खबर पढ़ी। दर्जन भर पशु-पक्षियों के पालन-पोसन हेतु हिन्दी के प्रख्यात कवि आचार्य जानकीबल्लभ शास्त्री को अपने घर के जमीन का एक हिस्सा ‘फिर’ बेचना पड़ा। उनकी कविता पढ़ी थी नवम या दशम कक्षा में। ‘किसने वह बाँसुरी बजाई’। मन बरबस उस बाँसुरी के स्वर को ढुँढने लगा। यूँ तो आचार्य जी रहते हमारे पास के शहर मुजफ़्फ़रपुर में ही थे किन्तु उनसे मिलने की योजना सुदूर दक्षिण भारतीय शहर बंगलोर में आने के बाद बनी। छठ-पूजा में घर जाना निश्चित हुआ। चाचाजी (इस ब्लाग के व्यवस्थापक) से बात हुई तो उन्होंने तत्क्षण अनुमति, सहमति और साहचर्य का भरोसा दे दिया।

नवंबर 2010, हम सभी लोग गए मुजफ़्फ़रपुर। चाचाजी का आरंभिक जीवन उसी शहरclip_image001 में बीता था किन्तु कथित विकास के बयार ने अपने शहर को भी अजनबी कर दिया था। एक छोटे से संघर्ष के बाद ब्रह्मपुरा रेलवे कालोनी के अपने उस निवास को ढ़ूंढ पाए जिनमें उनका बचपन, तरुनाई और छात्र जीवन बीता था। भावुक हो गए थे। भावनात्मक स्मृतियों का एक युग साथ आई चाचीजी के आँखों से भी गुजर गया था। दुल्हन बन कर पहली बार उसी घर में जो आई थीं।

चाचाजी हम सभी को बताने लगे कि तब जहाँ और जिस चौकी पर हम बैठे थे वहीं और उसी तरह की एक चौकी पर बैठ उन्होंने प्राथमिक से स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई और फिर सिविल-सेवा की तैय्यारी भी आरंभ किया था। भावनाओं के आवेग ने कंठ तो अवरुद्ध कर ही दिया था चाचाजी की पनियाई आँखें भी कुछ खोज रही थी, शायद चौकी से लगा रहने वाला वह मेज जिस पर उनकी किताबें और केरोसिन से जलने वाली लालटेन रहा करते थे।
उसी शहर में आचार्य जानकीबल्लभ शास्त्री भी रहते थे। ‘चतुर्भुज-स्थान’ के पास। उस स्थान की विसंगति देखिए कि भगवान विष्णु के नाम पर बसा मुहल्ला उत्तर बिहार के सबसे बड़े ‘रेड-लाइट’ एरिया के रूप में जाना जाता है। रामबाग रोड से होकर जाना पड़ता है। रामबाग...! चाचाजी की आँखों में यादों का एक दौर उमर आया था। इसी रास्ते पर तो जिला स्कूल हुआ करता था... उनकी माध्यमिक शिक्षा का मंदिर।

प्रगति की तेज गति ने शहर के यातायात की गति को अत्यंत ही मंद कर दिया। उस पर से तुर्रा यह कि हवाई-पुलों ने आने और जाने वाली सड़कों को भी बाँट दिया था। बड़े संघर्ष के बाद हम आचार्य जानकी बल्लभ शास्त्री जी का घर खोज पाए। ‘निराला-निकेतन’। एक बड़े से नीले काष्ठ-फ़लक पर सफ़ेद अक्षरों में अंकित था। सिर किसी तीर्थ सी श्रद्धा से नत हो गया। मुख्य-द्वार से कोई बीस मीटर की दूरी पर बने दो-मंजिला भवन के देहरी में बिछी चौकी पर आचार्य जानकीबल्लभ शास्त्री विराजमान थे। कृषकाया पर आधे बाँह की बनियान और कमर से नीचे धोती लपेटे। शरीर का निम्नार्ध पक्षाघात से शून्य हो चुका था।

प्रांगण में अनेक गाएँ और बैल बँधे थे। उनमें से कुछ खा और कुछ पगुरा रहे थे। clip_image001[5]कुत्ते-बिल्लियों की निर्भय अठखेलियाँ चल रही थी। कुत्ते-बिल्लियों के बच्चे साधिकार आचार्यजी की गोद में, काँधे पर, सिर पर, विछावन पर खेल रहे थे। शास्त्रीजी कभी उन्हे सस्नेह सहलाते और कभी सामने पड़े बिस्किट के डब्बे से बिस्किट तो कभी कटोरे में भर-भर कर दूध पिलाते थे। मानवेत्तर प्राणियों के लिए एक महामानव के हृदय में इतनी सदय संवेदना देखकर मन श्रद्धावनत हो गया।

सच में वह निराला-निकेतन था। आचार्यजी के अनुसार निराला-निकेतन के दरबाजे सबके लिए खुले थे। चाहे वह मनुष्य हो, पशु-पक्षी या कोई। जो चाहे, आए, रहे। वे किसी को भगाएँगे नहीं, जाने को नहीं कहेंगे। उस परिसर के अंदर जो भी आए उसका भोजन और आश्रय देना शास्त्रीजी के कर्तव्यों में सबसे ऊपर था।

उम्र नब्बे के पार हो चली थी लेकिन वाणी में वही ओज था। शुद्ध हिन्दी बोलते थे किन्तु क्लिष्ट नहीं। बीच-बीच में कई बात भूल जाते। उन्हें दुहराते थे। स्मृति की कड़ियाँ टूट रही थी मगर छूट नहीं पाती थी। बड़ी ही आनंद-दायक सुदीर्घ वार्ता हुई। उनके जीवन की अंतिम बड़ी भेंटवार्ता। बड़े ही अपनेपन से बतियाए थे। हमारे अबोध, नादान, तार्किक सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। अपने निराले जीवन की हरेक परत खोलते गए। उनके समय, उनका साहित्य और उनका व्यक्तित्व से संबंधित हमारी सभी जिज्ञासाओं का शमन अपने स्नेहिल वाणी में सयंत उत्तरों से करते रहे।

आचार्यजी का व्यकित्व उद्दात था। जिजीविषा उद्दाम थी। उनके आदर्श उनके व्यवहारों में निरुपित थे। पितृदेवो भवः! उन्होंने अपने आवास में ही एक मंदिर बनवाकर पिता clip_image001[19]की मुर्ति स्थापित करवा दी थी और नित्य प्रति उन्हीं की पूजा करते थे। जीव मात्र के लिए स्नेह! दर्जनों पालतू और यायावर पशु उनकी संवेदना में समादृत थे। कर्म ही पूजा है! शिक्षण और साहित्य-साधना ही उनके तीर्थ-व्रत थे। जहाँ पर दिन में बैठने में भी हमें मच्छरों से महाभारत करना पड़ रहा था वहीं शास्त्री जी रात-रात भर जग कर कई प्रबंध काव्य रचे। जन भावना का गायक! सिर्फ़ उपलब्धि पूछने पर यह कहते हुए पद्मश्री सम्मान ठुकरा देना कि जब मेरी उपलब्धि ही पता नहीं है तो सम्मान क्यों दे रहे हैं किन्तु मेरे आग्रह पर छियानबे वर्ष की उम्र में भी राग केदार के अलाप के साथ प्रसिद्धि और लोकप्रियता का पर्याय गीत ‘किसने यह बाँसुरी बजाई’ गाकर सुनाते हैं। औदात्त प्रणय...! उस समय भी ‘राधा’ नामक प्रबंध काव्य में छपी अर्धांगिनी के चित्र को देख उनकी आँखों ने जैसे प्रणय की मूक परिभाषा कह दिया हो। अतिथि देवो भवः! बीमार पत्नी को भी हमारे आगमन की सूचना देने की व्याकुलता। दोनों प्राणी की शारीरिक अशक्तता के बावजूद भोजन करके जाने का आग्रह और विदा लेते समय पुनः आने का अनुरोध...! उनके कहे एक-एक वाक्य सूक्ति से लगते हैं। जैसे “मैं भाग्यशाली हूँ इस अर्थ में कि मुझे कोई जानता ही नहीं है।” “प्रेम करना एक बात है और प्रेम पर भाषण करना एक और बात।” “अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं। बीमार नहीं रहेंगे तो या तो पियक्कड़ हो जाएँगे या पागल।” जीवन के तिक्त अनुभवों ने उनकी सूक्तियों में चमत्कारिक व्यंग्यार्थ भर दिये हैं।

शास्त्रीजी से हुई भेंट को दो साल हो गए। उनकी भी इच्छा थी और हमने भी सोच रखा था कि अब जब कभी गाँव जाएँगे उनसे मिलकर आयेंगे। किन्तु अगली बार हमारी गाँव-यात्रा से पहले ही आचार्यजी गोलोक-प्रस्थान कर गए। ‘निराला-निकेतन’ में बीते एक-एक पल को हमने ब्लाग पर पहले से ही संजोए रखा है। सत्य कहूँ तो मेरे जीवन से यदि वह एक दिन निकाल दें तो बाकी हिस्सा अत्यंत हल्का हो जाएगा। वह एक दिन मेरी पूरी जिन्दगी है। किन्तु आज उन्हें स्मृति के शिखर पर लाने का श्रेय मैं श्री सचिन पूरी जी को देना चाहूँगा।

सचिन पूरी जी (+91-9860224624) महाराष्ट्र के अहमदपुर शहर में अध्यापन कार्य करते हैं। आचार्य जानकी बल्लभ शास्त्री के कृतित्व पर शोध-कार्य कर रहे हैं। पिछले दिनों सचल दूरभाष यंत्र की घंटी बजी। उधर से एक अनजान पुरुष आवाज आई। वे किसी पत्रिका में मेरा ‘इंटरव्यू’ छपने पर बधाई दे रहे थे। रातो-रात सेलिब्रिटी होने के भाव को छिपाते हुए मैंने साश्चर्य कहा कि आजतक किसी पत्र-पत्रिका को इंटरव्यू दिया ही नहीं मैं ने तो छपा कैसे ? तब उन्होंने बताया कि मेरा नहीं (वही तो...! मैं कब से इतना बड़ा सेलिब्रिटी हो गया?) बल्कि आचार्य जानकी बल्लभ शास्त्री जी का वह इंटरव्यू छपा है जो हमने किया था। पत्रिका है “आलोचना”। वहीं से मेरा नंबर भी उन्हें मिला। यही सज्जन हैं सचिन पूरी। तभी तो मैंने उन महानुभाव को धन्यवाद कह दिया किन्तु विश्वास अब हो रहा है जब ‘आलोचना’ का वह अंक हाथ में है। मैं नहीं जानता किन्तु यदि यह उपलब्धि है तो मैं इसे आज इस ब्लाग के हजारवें प्रविष्टी के साथ आपसे शेयर करता हूँ। इसके वास्तविक अधिकारी आप ही हैं।

शुक्रवार, 8 अप्रैल 2011

शिवस्वरोदय – 38

जानकी वल्लभ शास्त्री जी का निधन

हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार और वयोवृद्ध कवि आचार्य जानकी वल्लभ शास्त्री जी का हृदय गति रुक जाने से कल रात बिहार के मुजफ्फ़रपुर जिले में निधन हो गया। वे 96 वर्ष के थे!

हम उन्हें विनम्र श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।

064

इस ब्लॉग पर, उनसे बातचीत के आधार पर, हमने छह भागों में उनका विस्तृत परिचय दिया था। उसके लिंक नीचे है।

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

दूसरा भाग : कुत्तों के साथ रहते हैं जानकीवल्लभ शास्त्री!

तीसरा भाग :: निराला निकेतन और निराला ही जीवन

चौथा भाग :: निराला निकेतन : निराला जीवन : निराला परिचय

उद्दाम जिजीविषा

संक्षिप्त जीवन परिचय

शिवस्वरोदय – 38

परशुराम राय

पृथिव्याः पलानि पञ्चाशच्चत्वारिंशत्तथाम्भसः।

अग्नेस्त्रिंशत्पुनर्वायो विंशतिर्नभसो दश।।197।।

अन्वय – श्लोक अन्वित क्रम में है, अतएव अन्वय आवश्यक नहीं है।

भावार्थ – शरीर का पचास भाग पृथ्वी तत्त्व, चालीस भाग जल तत्त्व, तीस भाग अग्नि तत्त्व, बीस भाग वायु तत्त्व और दस भाग आकाश तत्त्व मानना चाहिए। यहाँ यह बताना आवश्यक है कि पाठक उपर्युक्त विभाजन प्रतिशत में न समझें, बल्कि यह एक अनुपात है। पुनः इसे श्लोक संख्या 199 में स्पष्ट किया गया है।

English Translation – Prithvi Tattva occupies fifty parts of the body, Jala Tattva forty parts, Agni Tattva thirty parts, Vayu Tattva twenty parts and Akash Tattva ten parts. Here we should understand that this has not been calculated in percent, it is ratio only. The same thing has been mentioned in the verse No. 199.

पृथिव्यां चिरकालेन लाभश्चापः क्षणात्भवेत्।

जायते पवने स्वल्पः सिद्धौSप्यग्नौ विनश्यति।।198।।

अन्वय - पृथिव्यां चिरकालेन लाभश्चापः क्षणात्भवेत् पवने स्वल्पः जायते सिद्धौSप्यग्नौ विनश्यति।

भावार्थ – इसीलिए पृथ्वी तत्त्व के प्रवाहकाल में किया गये कार्य में दीर्घकलिक सफलता मिलती है, जबकि जल तत्त्व के प्रवाहकाल में किये गये कार्य में सफलता मिलती है, वायु तत्त्व के प्रवाहकाल में किए गए कार्य में मामूली सफलता मिलती है और अग्नि तत्त्व के प्रवाह के समय किए गए कार्य में घोर असफलता मिलती है।

English Translation – That is why the work started during the flow of Prithvi Tattva gives durable and positive result, whereas the work started during the flow of Jala Tattva does not give result to that extent, Vayu Tattva gives least result and Agni Tattva causes harmful result.

पृथिव्याः पञ्च ह्यपां वेदा गुणास्तेजोद्विवायुतः।

नभस्येकगुणश्चैव तत्त्वज्ञानमिदं भवेत्।।199।।

अन्वय – यह श्लोक अन्वित क्रम में है।

भावार्थ – पाँच भाग पृथ्वी, चार भाग जल, तीन भाग अग्नि, दो भाग वायु और एक भाग आकाश है। इसे पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश तत्त्व का 5:4:3:2:1 अनुपात समझना चाहिए।

English Translation – Here also the same ratio of Prithivi Tattva, Jala, Agni, Vayu and Akash Tattva has been stated like that of verse No. 197, i.e. 5:4:3:2:1.

फूत्कारकृत्प्रस्फुटिता विदीर्णा पतिता धरा।

ददाति सर्वकार्येषु अवस्थासदृशं फलम्।।200।।

अन्वय - फूत्कारकृत्प्रस्फुटिता विदीर्णा पतिता धरा सर्वकार्येषु अवस्था सदृशं फलं ददाति।

भावार्थ – फुत्कारती हुई प्रस्फुटित, विदीर्ण और पतित पृथ्वी अपनी अवस्था के अनुसार सभी कार्यों में अपना प्रभाव डालती है।

धनिष्ठा रोहिणी ज्येष्ठाSनुराधा श्रवणं तथा।

अभिजिदुत्तराषाढा पृथ्वीतत्त्वमुदाहृतम्।।201।।

अन्वय – श्लोक अन्वित क्रम में है।

भावार्थ – धनिष्ठा, रोहिणी, ज्येष्ठा, अनुराधा, श्रवण, अभिजित् और उत्तराषाढ़ा नक्षत्रों का सम्बन्ध पृथ्वी तत्त्व से है।

English Translation – Here and in the following three verses tell us about Nakshtras (stars) relating to Tattvas. Dhanishtha, Rohini, Jyeshtha, Anuradha, Shravana, Abhijit and Uttarasharha are related to Prithivi Tattva.

पूर्वाषाढा तथा श्लेषा मूलमार्द्रा च रेवती।

उत्तराभाद्रपदा तोयं तत्त्वं शतभिषक् प्रिये।।202।।

अन्वय – यह श्लोक भी अन्वित क्रम में है।

भावार्थ – पूर्वाषाढा, श्लेषा, मूल, आर्द्रा, रेवती, उत्तराभाद्रपद और शतभिषा नक्षत्र जल तत्त्व से सम्बन्धित हैं।

English Translation – Purvasharha, Shlesha, Mula, Ardra, Revati, Uttarabhadrapad and Shatabhisha are related to Jala Tattva.

भरणी कृत्तिकापुष्यौ मघा पूर्वा च फाल्गुनी।

पूर्वाभाद्रपदा स्वाती तेजस्तत्त्वमिति प्रिये।।203।।

अन्वय – प्रिये, भरणी कृत्तिकापुष्यौ मघा पूर्वा च फाल्गुनीपू र्वाभाद्रपदा स्वाती तेजस्तत्त्वमिति।

भावार्थ – हे प्रिये, भरणी, कृत्तिका, पुष्य, मघा, पूर्वाफाल्गुनी, पूर्वाभाद्रपद और स्वाति नक्षत्रों का अग्नि तत्त्व से सम्बन्ध है।

English Translation – O Dear Goddess, similarly Bharani, Krittika, Pushya, Magha, Purvaphalguni, Purvabhadrapada and Svati are related to Agni Tattva.

विषाखोत्तरफाल्गुन्यौ हस्तचित्रे पुनर्वसुः।

अश्विनी मृगशीर्ष च वायुतत्त्वमुदाहृतम्।।204।।

अन्वय – यह श्लोक अन्वित क्रम में है।

भावार्थ – विषाखा, उत्तराफाल्गुनी, हस्त, चित्रा, पुनर्वसु, अश्विनी और मृगषिरा नक्षत्रों का सम्बन्ध वायु तत्त्व से है।

English Translation – Vishakha, Uttaraphalguni, Hast, Chitra, Punarvasu, Ashvini and Mrigashira are related to Vayu Tattva. Nakshatra relating to Akash Tattva is not given because all Nakshatras are place in the sky only.

******

शनिवार, 12 फ़रवरी 2011

फ़ुरसत में …. आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री

clip_image001संक्षिप्त जीवन परिचय

गया, बिहार के मैगरा गांव में माघ शुक्लपक्ष द्वितीया 1916 को जन्मे जानकी वल्लभ शास्त्री को अपनी माता की स्नेहिल-छाया से पांच साल की छोटी उम्र में ही वंचित हो जाना पड़ा। इनके पिता स्व. रामानुग्रह शर्मा इन्हें आधुनिक शिक्षा दिलाने में विफल रहे। कुल-परंपरा के अनुसार उन्होंने संस्कृत का अध्ययन किया। 11 वर्ष की उम्र में ही इन्होंने 1927 में प्रथमा परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। शास्त्री की उपाधि 16 वर्ष की आयु में प्राप्तकर ये काशी हिन्दू विश्वविद्यालय चले गए। वहां 1932 से 1938 तक रहे। 1934-35 में इन्होंने साहित्याचार्य की उपाधि स्वर्णपदक के साथ अर्जित की। पूर्वबंग सारस्वत समाज ढाका के द्वारा साहित्यरत्न घोषित किए गए। 1937-38 में रायगढ़ (मध्यप्रदेश) में राजकवि भी रहे। 1940-41 में रायगढ़ छोड़कर मुजफ्फरपुर आने पर इन्होंने वेदांतशास्त्री और वेदांताचार्य की परीक्षाएं बिहार भर में प्रथम आकर पास की। 1944 से 1952 तक गवर्नमेंट संस्कृत कॉलेज में साहित्य-विभाग में प्राध्यापक, पुनः अध्यक्ष रहे। 1953 से 1978 तक बिहार विश्वविद्यालय के रामदयालु सिंह कॉलेज, मुजफ्फरपुर में हिन्दी के प्राध्यापक रहकर 1979-80 में अवकाश ग्रहण किया।

साहित्य-सर्जना

काव्य संग्रह :: बाललता, अंकुर , उन्मेष , रूप-अरूप , तीर-तरंग , शिप्रा , अवन्तिका , मेघगीत , गाथा , प्यासी-पृथ्वी , संगम , उत्पलदल , चन्दन वन , शिशिर किरण , हंस किंकिणी , सुरसरी , गीत , वितान , धूपतरी , बंदी मंदिरम्‌

महाकाव्य :: राधा

संगीतिका :: पाषाणी , तमसा , इरावती

नाटक :: देवी , ज़िन्दगी , आदमी , नील-झील

उपन्यास :: एक किरण : सौ झांइयां , दो तिनकों का घोंसला , अश्वबुद्ध , कालिदास , चाणक्य शिखा (अधूरा)

कहानी संग्रह :: कानन, अपर्णा, लीला कमल, सत्यकाम, बांसों का झुरमुट

ललित निबंध :: मन की बात, जो न बिक सकीं

संस्मरण ::अजन्ता की ओर, निराला के पत्र, स्मृति के वातायन, नाट्य सम्राट पृथ्वीराज कपूर, हंस-बलाका, कर्म क्षेत्रे मरु क्षेत्र, अनकहा निराला

समीक्षा :: साहित्य दर्शन, त्रयी, प्राच्य साहित्य, स्थायी भाव और सामयिक साहित्य, चिन्ताधारा

संस्कृत काव्य :: काकली

ग़ज़ल संग्रह :: सुने कौन नग़मा

 

आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री किसी खास विचारधारा के कवि नही हैं। उनकी रचनाओं में साहित्य की सभी धारायें समाहित हैं। मूलत: संस्कृत भाषा और साहित्य के आचार्य रहे आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी अंग्रेजी-बांग्ला –हिन्दी आदि अनेक भाषाओं के विद्वान है। राका और बेला जैसी पत्रिकाओं का संपादन किया।

सहजता – दार्शनिकता और संगीत उनके गीतों को लोकप्रिय बनाते हैं। रस और आनंद की उनकी कवितामों, गीतों में प्रमुखता रही है। राग केदार उनका प्रिय राग रहा है। उनके गीतों में जीवन का वह पहलू है जो शांति और स्थिरता का कायल है। वे कहते हैं गोल गोल घूमना इसमें नहीं है। बाहर से कुछ छीन झपटकर ले आने की खुशी नहीं अपने को पाने का आनंद है। उनसे बात-चीत के क्रम में हमें उनकी दार्शनिकता और उनकी जीवन शैली वैदिक ऋषि परंपरा की याद दिलाती रही। शास्त्री जी ने अपने जीवन के मानक स्वयं गढे हैं।

सब अपनी अपनी कहते है।
कोई न किसी की सुनता है,
नाहक कोई सिर धुनता है।
दिल बहलाने को चल फिर कर,

फिर सब अपने में रहते है।

सबके सिर पर है भार प्रचुर,

सबका हारा बेचारा उर
अब ऊपर ही ऊपर हँसते,

भीतर दुर्भर दुख सहते है।
ध्रुव लक्ष्य किसी को है न मिला,

सबके पथ में है शिला शिला
ले जाती जिधर बहा धारा,

सब उसी ओर चुप बहते हैं।

सहज गीत आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री की पहचान है। उन्होंने छंदोबद्ध हिन्दी कविता लिखे हैं। प्रारंभ में वे संस्कृत में कविता करते थे। संस्कृत कविताओं का संकलन काकली के नाम से १९३० के आसपास प्रकाशित हुआ। निराला जी ने काकली के गीत पढ़कर ही पहली बार उन्हें प्रिय बाल पिक संबोधित कर पत्र लिखा था। बाद में वे हिन्दी में आ गए।

निराला ही उनके प्रेरणास्रोत रहे हैं। वह छायावाद का युग था। निराला उनके आदर्श बने। चालीस के दशक में कई छंदबद्ध काव्य-कथाएँ लिखीं, जो 'गाथा` नामक उनके संग्रह में संकलित हैं। उन्होंने कई काव्य-नाटकों की रचना की और 'राधा` जैसा श्रेष्ठ महाकाव्य रचा।

वे कविसम्मेलनों में खूब सुने सराहे जाते थे। उनके गीतों में सहजता का सौन्दर्य है। बहुत सरल बिंब के माध्यम इस सनातन भाव को चित्रित करते हैं। शृंगार उनका प्रिय रस है। उनकी कविताओं में माधुर्य है। सहज सौंदर्य के साथ-साथ वे लोकोन्मुख जनजीवन के कवि हैं।

अंबर तर आया।
परिमल मन मधुबन का–तनभर उतराया।
थरथरा रहे बादल, झरझरा बहे हिमजल
अंग धुले, रंग घुले–शरद तरल छाया।
पवन हरसिंगार-हार निरख कमल वन विहार
हंसों का सरि धीमी –सरवर लहराया।
खेत ईख के विहँसे, काँस नीलकंठ बसे
मेड़ो पर खंजन का जोड़ा मँडराया।
चाँदनी किसी की पी, आँखों ने झपकी ली
सिहरन सम्मोहन क्या शून्य कसमसाया।
सुन्दरता शुभ चेतन, फहरा उज्ज्वल केतन
अर्पित अस्तित्व आज –कुहरायी काया।

उत्तर छायावादी कवि हैं। उन्हें छायावाद का पांचवा स्‍तम्‍भ भी कहा जाता है। उनकी कविताएं अनुभूति प्रधान हैं। अद्भुत छंदबद्ध रचनाएं करते हैं वो। काव्‍य में पीड़ा मूलधारा है। मां पांच साल में गुजर गई उसमें जो वेदना स्‍वरूपित हुई वह गीतों में व्‍यक्त हुई।

कुपथ कुपथ रथ दौड़ाता जो
पथ निर्देशक वह है,
लाज लजाती जिसकी कृति से
धृति उपदेश वह है,
मूर्त दंभ गढ़ने उठता है
शील विनय परिभाषा,
मृत्यू रक्तमुख से देता
जन को जीवन की आशा,
जनता धरती पर बैठी है
नभ में मंच खड़ा है,
जो जितना है दूर मही से
उतना वही बड़ा है।

087

शनिवार, 5 फ़रवरी 2011

फ़ुरसत में … आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ (पांचवां भाग) उद्दाम जिजीविषा

पांचवां भाग

आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ

193मनोज कुमार, करण समस्तीपुरी

चौथा भाग :: निराला निकेतन : निराला जीवन : निराला परिचय

तीसरा भाग :: निराला निकेतन और निराला ही जीवन

दूसरा भाग : कुत्तों के साथ रहते हैं जानकीवल्लभ शास्त्री!

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

उद्दाम जिजीविषा069 

079शास्त्री जी का व्यक्तित्व भी उनके कृतित्व की तरह विराट है । उम्र का असर उनकी स्मृति पर है किन्तु वाणी पर विल्कुल नहीं। स्मृति और विस्मृति के बीच उनकी खनकती आवाज़ असीम आत्मीयता का अनुभव दे

ता है। हमने उनके घर को देखने की इच्छा ज़ाहिर की तो बोले, “इस घर में प्रायवेसी नाम की चीज़ है ही नहीं। जहां तक आपकी दृष्टि जाए, सब आपका है। घूमिए-फिरिए। यह तो बाहर का लौंडा है ... बाहर से यहां आया था, यहीं का होकर रह गया। इतनी बड़ी जगह, एक एकड़, में एक आदमी रहता है। यह देखने वाली चीज़ है।”
 

शास्त्री जी की छाया

071

सबसे पहले हम पहुंचे सामने के कमरे में जिसमें शास्त्री जी की पत्नी, श्रीमती छाया देवी थीं। हमारी श्रीमती जी पहले से ही उनके साथ घुल-मिल गईं थीं। उन्होंने पूछा, “आपके बाल बच्‍चे …?”

छाया देवी ने  कुछ जवाब नहीं दिया, सिर्फ ना में सिर हिलाए।

आगे उन्होंने जानना चाहा, “घर का काम-धाम ..?”

छाया देवी बताती हैं, “बाई हैं। आती है सुबह नाश्‍ता बना देती है। दोपहर में आकर खाना बना देती है। मुझे नहला भी देती है। मुझसे कुछ नहीं होता। हाथ काम नहीं करता। लाचार हूँ।”
श्रीमती जी ने पूछा, “किसी से दिखाई नहीं?”
तो बताने लगीं, “दिखाई थी। दिल्‍ली में। सर गंगा राम हॉस्‍पीटल में। यहां पर इनके भाई की बहू को छोड़कर गई थी शास्‍त्री जी की देखभाल के लिए। वहां डाक्‍टर बोला रहकर ईलाज करवाना होगा। पर कैसे रहते? यहां जिसे छोड़ा था वह घबरा गई, उसने फोन कर दिया। चली आई। शास्‍त्री जी को किसके ऊपर छोड़ूं। उन्‍हें भी तो देखना पड़ता है।” वो वस्तुतः शास्त्री जी की छाया हैं। इतने स्‍नेह से पूरित दम्‍पत्ति जो एक दूसरे की चिंता में घुला जा रहा है।
छठ पर्व है। .. और बाई के द्वारा घर का कई काम होता है। पर बाई को भी छठ पर्व करना है। बताती हैं, “आज तो खरना है। वह तो आकर दिन में ही रात के लिए सब्‍जी बना गई है। रात में प्रसाद भेज देगी तो खा लेंगे। पर कल वह छठ करेगी। कल कैसे काम चलेगा इसकी परेशानी है।”
उनकी पत्नी से भी आशीष लेने का मन हुआ। तब तक तो मेरी श्रीमती जी उनसे बातें कर ही रहीं थी। हम जब गए तो उनके चरण छूए। आशीष देते बोलीं, “आप भी लिखते हैं?”

072मैंने कहा, “बस ऐसे ही, थोड़ा बहुत। शौकिया।” बोलीं, “आप अपनी रचना दीजिए। हम बेला में छापेंगे। बेला शास्त्री जी की पत्रिका रही है। खुद संपादन करते थे। अब नहीं कर पाते। मैंने भी बहुत दिनों तक किया। अब अस्वस्थ रहती हूं। तो अब इसका काम किसी और को दे दिया है। शास्त्री जी के जन्म दिन पर इसका वार्षिकांक आएगा। उसी में आपकी रचना छापूंगी। दे दीजिएगा।”

हमने पूछा कि कब है शास्त्री जी का जन्म दिन तो उन्होंने बताया, “माघ शुक्ल द्वितिया को। इसबार ४ फ़रवरी को पड़ेगा। उस दिन बहुत सारे कार्यक्रम होते हैं। प्रतिवर्ष। पूजा, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम दिन में .. फिर रात में कवि सम्मेलन। दूसरे दिन सुबह तक चलता है, यानी सूर्योदय से सूर्योदय तक।” फोन नम्बर भी दिया उन्होंने, 0621-2286466, बोलीं, “इस पर कार्यक्रम की जानकारी ले लीजिएगा, और ज़रूर आइएगा।”
हमारी श्रीमती जी को शास्त्री जी की पत्नी बताती हैं, “इनकी साहित्य साधना ग़ज़ब की है। एक दिन कुछ लिख रहे थे। शाम तक पूरा नहीं हो पाया। तो बाहर चबूतरे पर चले गए। उसी चबूतरे पर बैठकर रात भर लिखते रहे। शास्त्री जी कहते हैं, सृजन सुनसान में ही संभव है।”

रैक पर सैंकड़ों पुस्तकें

एक रैक पर सैंकड़ों पुस्तकें पड़ी हुई थी। गड्ड-मड्ड। एक के ऊपर एक। बेतरतीब, धूल-गर्द जमी हुई। उनकी पत्नी से पूछा, “क्या ये सारी शास्त्री जी की रचनाएं हैं?” उन्होंने बताया, “नहीं, इनके ऊपर लोगों ने लिखा है। ये वो पुस्तकें हैं। सब भेज देते हैं।”

किताब, पत्र-पत्रिकाओं का अनगढ़ अम्बार। राधा पढते वक़्त शास्त्री जी के शब्दों में इसका अर्थ जाना,
“सौष्ठव सम्भाल में ही नहीं, बेसम्भाल में भी है। रचाव के मुक़ाबले अनगढ़ में कहीं अधिक तेजस्विता देखी जाती है।”
इसको और स्पष्ट करते हुए उसी पुस्तक में शास्त्री जी कहते हैं, “भक्ति और प्रेम  मूलतः एक ही तत्व हैं। अन्तर है एक के हर घड़ी सम्भाले रहने में और दूसरे के अल्हड़पन में। भक्ति को सम्भाले रखना पड़ता है। ‘मैं इन पुस्तकें, जो मुझ पर लिखी गई हैं, से प्रेम करता हूं।’
यह व्यक्ति जो लिखता है, वही जीता है। अल्हड़पना है इनके जीवन में। वही अल्हड़पना हमें इस पूरे निराला निकेतन में विखरा पड़ा मिला। यहां-वहां, सब जगह। हम पूरे निकेतन में घूम-घूम कर फोटो खीचते रहे, खिचवाते रहे। गाय के लिए नादों के बीच, चबूतरे के पास, पशुओं की समाधियों के पास, उनके बीच के संकट मोचन मंदिर के पास।

कुछ दिन और चलूंगा मैं?089

जब हमने चलने कि इच्छा ज़ाहिर की तो पूछे, “देखने से लगता है कि कुछ दिन चलूंगा मैं?”
हम इस अकस्मात्‌ आए वाक्य को ठीक से समझ नहीं पाए तो पूछ बैठे, “जी?” तो फिर समझाते हुए बोले, “आपको देख कर कैसा लगता है – डेढ दो साल और खींच दूंगा। पच्‍चानवे साल का हो गया हूँ मैं। पता नहीं और कितने दिन और खीचूँगा।”
“नहीं नहीं आप अभी बहुत दिन हमारे साथ रहेंगे।”
वापस आने का मन तो नहीं था, पर मां का आदेश था भागवान को भोग लगने के पहले वापस जाना है। अतः चल पड़े। विदा लेने के लिए जब शास्‍त्री जी से कहा तो कहने लगे, “कुछ देर और बैठते। कुछ खाया पीया नहीं। कहोगे जाकर कि शास्‍त्री जी ने बिना खिलाए पिलाए विदा कर दिया।”

हमने कहा, ‘‘अब चलते हैं। फिर आएंगे।”

कहने लगे, “बिना कुछ खाए जा रहे हो तुम्‍हारे लिए ही इंतजाम करवा रहा हूँ।”
आने का मन तो नहीं था। पर .....!
 
094रास्ते में लौटते वक़्त मन में यह ख़्याल आ रहा था .. जिसने सारा जीवन साहित्य साधना में लगा दिया हो … जिसके मुंह से एक एक वाक्‍य सुक्ति के रूप में निकलता है … ऐसी साहित्यिक धरोहर को हम Preserve करके नहीं रख सकते? आज वह एकाकीपन और त्रासदी को जी रहा है। क्‍या सरकारी तंत्र इतना लाचार है कि इस धरोहर को Nursing की सुविधा भी मुहैया नहीं करा सकता?
शहर से दूर अपनी नौकरी की मजबूरी न होती तो उनके सानिध्‍य में कुछ सेवा का पुण्‍य कमाने का अवसर नहीं खोता … पर ये विचार मेरे मन में बार-बार कौंध रहा था कि वह कौन सा आक्रोश था इनके मन में कि 95 साल का यह साहित्‍य का सेवक राग केदार में, किसने बांसूरी बजाई गा तो लेता है – पर सरकारी सम्‍मान पद्म श्री लेने से इंकार करने का मन बनाता है।
साहित्यिक गुटबंदियों से दूर मुजफ्फरपुर जैसे शहर में उन्होंने अपना पूरा जीवन बिताया। बेला जैसी साहित्यिक पत्रिका का संपादन करते रहे। तथाकथित महान आलोचकों की दृष्टि में वे सदा अलक्षित ही रहे। जानकीवल्लभ शास्त्री जी का साहित्यिक योगदान भारतीय काव्य परंपरा के विकास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाना चाहिए।

055आज माघ शुक्ल पक्ष की द्वितीया है, शास्त्री जी का जन्म दिन!

 

 

 

 

ईश्वर से प्रार्थना है कि वह उन्हें दीर्घायु करे।

शनिवार, 29 जनवरी 2011

फ़ुरसत में … आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ (चौथा भाग)

फ़ुरसत में …

आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ

193मनोज कुमार, करण समस्तीपुरी

तीसरा भाग :: निराला निकेतन और निराला ही जीवन

दूसरा भाग : कुत्तों के साथ रहते हैं जानकीवल्लभ शास्त्री!

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

चौथा भाग ::

निराला निकेतन : निराला जीवन : निराला परिचय

हमने कहा, “अगर आपको अपना परिचय देना हो तो क्या कहेंगे?”

069शास्त्री जी बोले, “क्या कहूं, क्या परिचय दूं? एक पागल आदमी है, अकेले रहता है। ... यही मेरा परिचय है। विचित्र जीवन है मेरा। Different! Different होने में समय लगता है। आज के आदमी को मेरे बारे में, मेरी जीवन शैली के बारे में कहिएगा तो क्या कहेगा? .... कहेगा पागल है! मैं भाग्यशाली हूं ... इस अर्थ में कि मुझे कोई जानता ही नहीं। .... मैं आनंद से रहता हूं। जिन्हें दुनिया जानती है, उसे दुनिया नचाती रहती है, और वह नाचता रहता है।”

आगे बोले, “मेरी लिखी हुई किताबें अकेले उठा नहीं सकते आप। आप हमारे बारे में जानने की कोशिश ही मत कीजिए! जो यहां के आदमी हैं वो अपने को सबसे बड़ा कवि, लेखक, सब मानते हैं। उनको मानने दीजिए। और हमारे बारे में कहते हैं, … हां एक आदमी है, … कोई पागल लेखक, … अकेले रहते हैं। उनका कोई नहीं है। यही मेरा परिचय है। उसमें आप पड़िएगा तो बहुत मुश्किल है।’’

उत्तर छायावादी कवि हैं। उन्हें छायावाद का पांचवा स्‍तम्‍भ भी कहा जाता है। उनकी कविताएं अनुभूति प्रधान हैं। अद्भुत छंदबद्ध रचनाएं करते हैं वो। काव्‍य में पीड़ा मूलधारा है। मां पांच साल में गुजर गई उसमें जो वेदना स्‍वरूपित हुई वह गीतों में व्‍यक्त हुई। कालीदास पर उपन्‍यास लिखा उन्होंने। दार्शनिक कवि हैं। कविता सांस्‍कृतिक उन्‍नयन की है। जीवन मूल्‍य, अनेकांतवादी, मानवदर्शन पर लिखी रचनाओं में गहराई भी है, ऊंचाई भी।

imageप्रगतिशील दृष्टि- से लिखी गई है “राधा” ! राधा सात खण्डों में विभक्त उनका महाकाव्य है। राधा में राधा के संदर्भ में भाव और कृष्‍ण के संदर्भ में युग बोध प्रबल है। राधा की एक प्रति लेने की हमने इच्छा ज़ाहिर की तो सेवक से मंगवाकर सौंपते हैं। उस पर उनके हस्ताक्षर लेने की इच्छा ज़ाहिर की। बिना चश्‍में के सब चीज़ें देख लेते हैं। राधा महाकाव्य की पुस्तक हाथ में लेकर उसके पन्‍ने पलटते रहे। “राधा ” में उनकी “छाया” नहीं मिल रही थी। बोले, “सब सौंप दिया है उन्‍हें। यह पुस्‍तक भी। इनके मूल्‍य उन्‍हें ही दे दो। मैं क्‍या करूंगा, सब उनका है।” जब “छाया” की छाया नहीं मिली तो बोले, ‘‘लगता है प्रकाशक ने उनका फोटो हटा दिया इसमें से।’’ मैंने पुस्‍तक से उसे खोज निकाला और उनके सामने कर दिया ... “ये है तो।”

बहुत देर तक निहारते रहे। बोले, “अब सब इन्‍हीं का है।” पुस्तक पर उनके हस्‍ताक्षर लिए। एक छोटा हस्ताक्षर करके बोले ‘‘छोटा हो गया। बड़ा एक और ले लो!’’

सम्मान-पुरस्कार

ये 'साहित्य वाचस्पति, 'विद्यासागर, 'काव्य-धुरीण तथा 'साहित्य मनीषी आदि अनेक उपाधियों से सम्मानित हुए तथा पद्मश्री जैसे राजकीय पुरस्कार को ठुकरा चुके हैं। पुरस्‍कार कई मिले – राजेन्‍द्र शिखर सम्‍मान (बिहार का )। उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत भारती पुरस्कार से सम्मानित किया। एक पुरस्कार इंदिरा जी के हाथों नहीं लिया। और हाल ही में २०१० में जब पद्म श्री के पुरस्कार की घोषणा की गई तो उन्होंने इसे लेने से मना कर दिया। इसे 'मजाक' कहकर शास्त्रीजी ने अस्वीकार कर दिया। उनके शब्दों में दर्द साफ झलक रहा है। महाकवि जानकी वल्लभ शास्त्री हिंदी और संस्कृत के प्रकांड विद्वान हैं। साहित्यकारों की कई पीढ़ियां उनके आंगन की छांव में बड़ी हुई हैं....महाकवि से कनिष्ठ कई लोगों को पद्मश्री से बड़ा पुरस्कार मिल चुका है। ऐसे में शास्त्रीजी का दर्द जायज है। दुखी शास्त्री जी बोल पड़ते हैं, “सालों से मेरी सुध लेने कोई नहीं आया।” सच्चे साहित्यकार को सम्मान की भूख भले ही न हो लेकिन उपेक्षा का दंश जरूर उसे सालता है...महाकवि जानकी वल्लभ शास्त्री का जो हिंदी साहित्य में योगदान है उसको सिर्फ पद्मश्री से नहीं तौला जा सकता है!

वर्षों पहले उन्होंने लिखा था

कुपथ कुपथ रथ दौड़ाता जो
पथ निर्देशक वह है,
लाज लजाती जिसकी कृति से
धृति उपदेश वह है,

परिवार

071परिवार के बारे में बताते हुए कहते हैं, “पहली पत्नी का नाम चन्द्रकला था। मैगरा में ही १९४७ में उनकी मृत्यु हो गई। पुत्री शैलबाला को छोड़कर चली गई वो। उनसे एक लड़की है। उसकी दो लड़किया हैं। सब प्रोफ़ेसर हैं। गोरखपुर में।” परिसर में प्रवेश करने के ठीक पहले शास्‍त्री जी की एकमात्र संतान पुत्री शैलबाला जी का अपेक्षाकृत छोटा मकान है। उसमें वह और उनके पति प्रतापचंद्र मिश्र रहते हैं। वे भी अस्‍सी वर्षीय हैं। शैलबाला हिंदी की अवकाशप्राप्‍त प्राघ्‍यापिका हैं। उनकी भी उम्र सत्तर से ऊपर की ही होगी। शास्‍त्री जी के परिसर में आना जाना कम ही होगा। मिश्र जी राजस्‍व विभाग में काम करते थे। सेवा निवृत्त हैं । आकाशवाणी पटना से 70 के दशक में रामेश्‍वर सिंह कश्‍यप के बहुप्रसारित नाटक “लोहा सिंह” में फाटक बाबू की भूमिका निभाते रहे हैं ।

प्रसिद्ध कविता ‘किसने बासुरी बजाई’ गा कर सुनाया … !

करण का उनसे निवेदन होता है कि आपके गीत किसने बांसुरी बजाई हमारे कोर्स में था। हमें बहुत अच्छा लगता है। उसे सुनाइए न।

वो कहते हैं, ‘‘हां, उसे मुज़फ़्फ़र आने के बाद ही लिखा था। इसे बहुत गाया। मंचों पर। अब इस उम्र में गा सकता हूं क्या?” फिर कुछ देर ठहर कर बोलते हैं, “राग केदार में इसे गाता था।” फिर राग केदार की सरगम सुनाते हैं064

यह राग कल्याण थाट से निकलता है। समय रात का पहला प्रहर है।

आरोह - स म म प ध प नी ध स।

अवरोह--स नी ध प स प ध प म ग म रे स।

पकड़--स म म प ध प म रे स।

ये है राग केदार ... फिर गाने लगते हैं,

किसने बांसुरी

बांसुरी बजाई

बांसुरी बजाई!

बांसुरी...

किसने बांसुरी बजाई ?

जनम-जनम की पहचानी-

वह तान कहां से आई?

अंग-अंग फूले कदम्ब-सम,

सांस-झकोरे झूले;

सूखी आंखों में यमुना की –

लोल लहर लहराई!

किसने बांसुरी बजाई?

जटिल कर्म-पथ पर थर-थर-थर

कांप लगे रुकने पग,

कूक सुना सोए-सोए-से

हिय में हूक जगाई!

किसने बांसुरी बजाई?

मसक-मसक रहता मर्म-स्थल,

मर्मर करते प्राण,

कैसे इतनी कठिन रागिनी

कोमल सुर में गाई!

किसने बांसुरी बजाई?

उतर गगन से एक बार-

फिर पीकर विष का प्याला,

निर्मोही मोहन से रूठी

मीरा मृदु मुसकाई!

किसने बांसुरी बजाई?

ओह! क्या अद्भुत नज़ारा था हमारे लिए! एक ९५ साल का शख्स हमारे लिए, हमारे अनुरोध पर फिर से अपना यौवन जी रहा था। न सिर्फ़ उनकी बल्कि हमारी आंखों से भी अविरल अश्रु की धार बह चली!!!

उनके मुंह से निकला ‘‘आजकल लोग न जाने क्‍या लिखते हैं?’’

शनिवार, 22 जनवरी 2011

फ़ुरसत में … आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ (तीसरा भाग)

फ़ुरसत में …

आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ

193मनोज कुमार, करण समस्तीपुरी

दूसरा भाग : कुत्तों के साथ रहते हैं जानकीवल्लभ शास्त्री!

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

तीसरा भाग :: निराला निकेतन और निराला ही जीवन 

055आचार्य शास्त्री कहते हैं, "विचित्र जीवन मैंने जिया। कोई समझ नहीं सकता। भाग गया था, गया से। मां नहीं थी। कुछ पढ़ा लिखा नहीं। बी.एच.यू गया पढ़ने! .. बिहार में रहने का सौभाग्य नहीं मिला। भागा तो बनारस चला गया। फिर वहां से रायगढ। किसी ने ललकार दिया। पहुंच गया रायगढ। १९-२० साल की उम्र में। सारे हमसे बड़ी उम्र के थे। वहां मैं ही चुन लिया गया। रायगढ़ के राजा प्रभावित थे। उन्होंने राजकवि का सम्मान दिया। राजकवि बन गया। पर वहां के लोगों में सबसे बड़ा अवगुण था कि वे सब मांसाहारी थे। मैं गंध भी नहीं सह सकता। वहां के वातावरण में मांस की गंध। गंध भी नहीं सह सकता। खाने की बात कहां से! कमरा जो मुझे मिला था उसमें चारो ओर से गंध ही गंध। मैंने बहुत हिम्मत करके वहां की, राजकवि की, नौकरी छोड़ दी। नहीं तो उस तरह की नौकरी कोई छोड़ नहीं न सकता था। राजकवि के पद पर था। छोड़कर बनारस आ गया। ईश्वर की कृपा हुई। दो मिनट के अंदर हमको दूसरी नौकरी मिल गई। Never stood second, even in the first class! ये है न बात! फ़र्स्ट क्लास में भी फ़र्स्ट। कभी सेकेंड हुआ ही नहीं। ये कोई साधारण कैरियर नहीं है। इसीलिए नौकरी मिलने में मुझे एक मिनट का समय लगा ही नहीं। मैंने चाहा और हो गया। ये ही ईश्वरीय कृपा थी। कोई अपना नहीं था। मां नहीं थी। कोई नहीं था। तो भगवान खड़े हो गए।’’

महामना : महामानव के निर्माता

061कुछ देर बाद बोले, “मेरी सारी पढाई काशी में हुई। लोग नौकरी के लिए कोशिश करते हैं। मालवीय महाराज ने हमारे लिए रिकोमेंड किया। कहा कि ऐसा लड़का तुमको मिलेगा कहां। ले जाओ। ये बहुत बड़ी बात है। इसको आज के आदमी को कहिएगा तो हंसेगा। कहेगा सब पागल है। आपने मालवीय जी का नाम भी नहीं सुना होगा। मालवीय जी के कृपापात्र बनकर वहां, ८ साल उनके साथ रहा हूं। बहुत मानते थे मुझे। जब तक वो जीवित रहे, उनके साथ ही रहा। मालवीय जी के साथ गुज़ारे समय, मेरा सौभाग्‍य, 8 वर्ष रहा उनके साथ। जब उनकी मृत्‍यु हुई उनके पास बैठा था। उनकी बगल में बैठकर पाठ कर रहा था, जब वो दिवंगत हुए! उसके बाद छोड़ दिया मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सब।। वहां से छूटा तो मुज़फ़्फ़रपुर आ गया। उसके बाद यहीं का होकर रह गया! बनारस में मुझे प्रसाद, निराला, प्रेमचंद, नंददुलारे वाजपेयी का स्‍नेह मिला। बनारस में काकली की रचना की। “बंदी मंदिरम” की भी।’’

कुछ याद करते हुए कुछ देर चुप रहे, फिर बोले ... “I never stod second in my life, even in the first class! इस कारण से नौकरी मिलने में कोई कठिनाई, कभी नहीं हुई। जो चाहा वही मिल गया। सब ईश्वरीय कृपा है। जहां भी परीक्षा दी हमेशा फर्स्‍ट आया। नौकरी के लिए हाथ पांव नहीं मारना पड़ा। ईश्‍वर की कृपा रही मुझ पर।”

ऐसे आये मुज़फ़्फ़रपुर

“सन 1939 में मुजफ्फरपुर पहली बार आया। गंगा कभी देखा नहीं था! गलती से नदी पार कर गया फिर यहीं का होकर रह गया। तब यहां रमना में उमाशंकर प्रसाद सिंह हुआ करते थे। 1939 से 48 तक उन्‍हीं के यहां रहा। “राधा” की पांडुलिपि उनकी बेटी और मेरी शिष्‍या चंदा ने तैयार की। घूमता हुआ आ गया मुज़फ़्फ़रपुर। इंटर्व्यू चल रही थी यहां। ठहरने की व्यवस्था नहीं थी। मुझे ठहराने की जगह नहीं मिली, तो संस्कृत कॉलेज में ठहराया गया मैं। वह, अनुग्रह नारायण सिंह का जमाना था। परीक्षा होने लगी। लोगों ने कहा आप भी जाइए ना। दूर-दूर से लोग आए थे। उन सब के बीच .. जहां ठहरने की जगह नहीं थी, वहां प्रोफ़ेसर हो गया। बच्चा बाबू ने अपने यहां रखा। छह वर्ष तक रहा उनके साथ। फिर जब पटना में सर्विस हो गई तो वहां गया। वहां कई वर्षों तक प्रोफ़ेसर रहा।”

गउएं भी निराली हैं067 

093उनके यहां इतनी गउएं हैं। और घर में प्राणी मात्र दो। इसका भी अलग किस्सा है। बताने लगे, “गाए पहले एक खरीदी थी। पिताजी के लिए। जब मुज़फ़्फ़रपुर आया तो पिता को अपने साथ ले आया। पिताजी को रात में दूध दिया गया खाने को। पूछा कैसा दूध है? खरीदकर मंगाया गया है, यह बताने पर उन्होंने कहा कि मैं तो खरीदकर दूध खाने का पक्षधर नहीं हूं। अगले रोज मैंने दरवाजे पर गाय बांध दी। उससे ही इतनी हुईं। पहली गाय का नाम कृष्णा रखा। वो काली थी, इसलिए। ये देख रहे हैं न सामने ... कृष्‍णायतन है, उसके नाम पर। यह घर कृष्‍णा के रहने के लिए बनवाया था। कृष्णा तो रही नहीं पर उसकी संतानें पीढियों से यहां रह रही हैं।

068जो गाय पहली बार पिताजी के लिए मैंने ली उसी की संतानें चल रही हैं। कितनी पीढियां आ गईं। कितने बच्चे पैदा हुए।” सामने नाद के दोनों और कड़ी से बंधे -बछड़ों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, '' ये सब तीसरी-चौथी पीढ़ी वाले हैं!”

“सबने कहा कि किसी को बेच दें। किसी को दे दें। दे देना भी तो बचाव है। न हमको गाय बेचना है, न दूध बेचना है। न तो एक बूंद दूध बाहर गया और न कृष्‍णा की कोई संतान कभी बिकी। यहां के कुत्ते बिल्लियों से लेकर इंसानों तक, सब दूध खाते हैं, दूध पीते हैं, और सब यहीं आनंद से रहते हैं। खाते हैं-पीते हैं। सारे पशु-पक्षी, कुत्ते-बिल्ली।”

करण ने पूछा, ‘गाएं जो दूध देती है उसका क्या करते है?’

तो हंसते हुए बोले, “आइए, बैठिए, खिलाएंगे। बेचना छोड़कर और जो काम हो सकता है वो सब होता है। बेच नहीं सकते हैं।” अहहहा.... कितना प्रगाढ़ दर्शन है... ? कवि कभी व्यापारी नहीं हो सकता । वह (भावनाएं) बांटना जानता है, बेचना नहीं।

092सूर्या-क्षश्थी व्रत के प्रथम नैवेद्य की संध्या दस्तक दे रही है किन्तु हमें आचार्यजी की वात्सल्यमयी वाणी से तृप्ति नहीं मिली है। नाद की दोनों तरफ बंधी गायों को स्नेहपूर्वक निहारते हैं। फिर हाथ से इशारा कर बोलते हैं, “... और कृष्‍णा और उसके मरी हुई संतानों की समाधियां भी इसी हाते के अंदर है। सबकी पक्‍की समाधियां बनी हुई हैं। निराला निकेतन में जो गायें मरतीं हैं, उन्हें यहीं समाधिस्थ कर दिया जाता है। चाहते हैं तो घूम आइए। देख आइए आंखों से! सामने ही तो है। जाकर देखो उनकी समाधि बनी हुईं हैं। हम उनको मां मानते हैं .... तो .... मानते हैं। गायों की कितनी पीढियां यहां आ गई हैं। लोग कहते हैं ... अब ... कि किसी को बेच दें ... या दे-दें .... नहीं! न इनका दूध बेचना है ... न किसी को देना है। दूध भी नहीं बेचता। बेचना छोड़कर सब करता हूं। इतनी कुत्ते-बिल्लियां हैं यहां ... सब पीते हैं। और मैं गाता हूं किसने बांसूरी बजाई। सब अकेले कर रहा हूं। ईश्वर की मर्जी।”082

 

लेखनी-लेखन

अपनी लेखनी के बारे में भी कुछ बताइए। जब हमने यह पूछा, तो बोले, “जितनी पुस्तकें मैंने लिखी है, .. आप उठा भी नहीं सकते।” फिर हाथ फैला कर बताते हैं, “इतनी किताबें लिखी है! बहुत किताबें लिखी। इतना काम किया। पढता था। ... लिखता था। मैंने जीवन भर सरस्वती की साधना की है। इसके अलावा दूसरा कोई काम ही नहीं किया।...

089“अभी एक पुस्तक आई है – राधा। सात खंडों के इस एकाकार महाकाव्य का मूल्य एक हजार रुपये है। मेरी इस किताब का दाम है एक हज़ार! लोग सुन कर घबरा जाते हैं। क्या नहीं लिखा, कविता, कहानी, उपन्यास, नाटक ... सब। इतनी छोटी उम्र में इतनी किताबें लिख गए ... आज सोचता हूं तो विश्वास ही नहीं होता। मैंने अपना प्रचार नहीं किया कभी। दिनकर जी ने अपना प्रचार किया। राजनीति के लोग थे वो। मैं तो कविता करने वाला आदमी था। रजनीतिज्ञ नहीं। कविता और इन चीज़ों में अंतर हो जाता है। किसी को प्यार करना अलग चीज़ है, उस पर भाषण करना अलग हो जाता है। मैं कविता से प्यार करता हूं। विचित्र जीवन है मेरा। समझा नहीं सकता।”087

शनिवार, 15 जनवरी 2011

फ़ुरसत में … आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ (दूसरा भाग)

फ़ुरसत में …
आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ
193मनोज कुमार, करण समस्तीपुरी

दूसरा भाग : कुत्तों के साथ रहते हैं जानकीवल्लभ शास्त्री!

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

नहीं भूले कर्पूरी को  064

आचार्य जी बहुत कुछ भूलने लगे हैं। अचानक उन्हें ख़्याल आया कि जिससे बात कर रहा हूं उसके बारे में तो पूछा ही नहीं, तो बोले, “कहां से आए हो तुम लोग?”

करण ने बताया ‘बंगलुरु से।’

मैंने कहा, ‘कोलकाता से।’

फिर मेरी पत्नी की ओर देखते हुए पूछे, ‘ये कौन है?’ मैंने बताया, ‘मेरी पत्नी है, और ये मेरे बच्चे।’

पता नहीं आचार्य जी ने हमारा उत्तर सुना-समझा या नहीं लेकिन एक संक्षिप्त मौन के बाद फिर पूछ बैठे,"आपलोग रहने वाले कहाँ के हैं... ?” जब हमने बताया कि समस्तीपुर से आए हैं तो एकदम से उनकी स्मृति ताजा हो गयी। बोलने लगे, ‘‘हां, गया हूं वहां। बहुत पहले। कवि सम्मेलन में हमें दो-चार बार जाना पड़ा है। वो एक नेता थे, बाद में चीफ़ मिनिस्टर भी हुए ..।’’

उनका नाम भूलने लगे तो हमने बताया कि ‘वो कर्पूरी ठाकुर थे।’ तो उन्हें याद आया और बोले, ‘‘हां, कर्पूरी ठाकुर। जैसे आप बैठे हैं वैसे हमारे घर में बैठते थे। बहुत अच्छे इंसान थे। मुझे बहुत मानते थे। मुझे सबसे ज़्यादा मानने वालों में से एक थे। ये मेरा सौभाग्य है। उन्हीं के समय में मैं प्रोफ़ेसर भी पटना यूनिवर्सिटी का बना था। उनका बेटा भी उन्हीं की तरह मानता है। आते हैं तो बैठना, उठना, खाना, पीना चलता है। कर्पूरी ठाकुर के समय में कई बार गया समस्तीपुर। दो मंजिले पर रहते थे वो। वहीं मुझे ठहराया जाता था। काव्यपाठ किया है मैंने वहां।”

किसने बांसूरी बजाई करके उस जमाने में एक गीत गाता था मैं। इस गीत को जब उन्होंने मेरे गले से सुना तो गला पसंद आ गया उनको। गला ही काट लिया मेरा। ज़िन्दगी भर के लिए उन्हीं का हो के रह गया मैं।

आचार्यजी बहुत कुछ भूल रहे थे किन्तु बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री का सखावत स्नेह उन्हें सहज ही स्मरण आ रहा था। आगे कहते हैं, "उन्होंने केवल एक, मेरी एक कविता सुनी, enchanted (मोहित) हो गए, भक्त हो गए वो। किसने बांसूरी बजाई करके उस जमाने में एक गीत गाता था मैं। इस गीत को जब उन्होंने मेरे गले से सुना तो गला पसंद आ गया उनको। गला ही काट लिया मेरा। ज़िन्दगी भर के लिए उन्हीं का हो के रह गया मैं। उन्होंने ही मुझको प्रोफ़ेसर बनाया पटना में। जो कुछ काम किया वहीं किया। बताइए कहां मैं ब्राह्मण और कहां वो ठाकुर। किसी के यहां खा-पी नहीं सकता था मैं। उसको निभाते हुए इतना माना। मैं कोई महापुरुष नहीं था। पर उनके साथ रहकर इतना जाना कि कवि की भी इज़्ज़त होती है। कर्पूरी जी सारी ज़िन्दगी मुझे काफ़ी मान-सम्मान देते रहे।’’

अचानक उन्हें याद आता है कि अभी तक बहू नहीं आई है। पूछते हैं, ‘‘वाइफ़ नहीं जगी?’’ फिर से आवाज़ देते हैं, ‘‘अरे बहू को बुलाओ। सोयी हैं क्या।’’ उनके दो सेवकों में से एक ने कहा ‘हां,’ तो बोले, ‘‘जगाओ उन्हें, कितनी दूर से आए हैं ये लोग। बुलाओ।’’ फिर हमसे मुखातिब होकर बोले, “वैसे आनंद तो सोए रहने में ही है।”

फिर बताने लगे, ‘‘बहू, मेरी पत्नी। पिताजी उन्हें बहू कहते थे। सब कहने लगे। मैं भी कहने लगा। अच्छा है ना बहू संबोधन!’’ फिर बताने लगे, ‘‘१२ मास बीमार रहने वाली पत्नी हैं। बारह मास बीमार! इसीलिए पड़ी रहती हैं। इलाज होता है, पर बीमार रह रही हैं। मैं अकेला शख्स हूं। सब ईश्वर की मर्ज़ी, जो वह चाहता है अच्छा ही चाहता है.., भला या बुरा कुछ भी आपके साथ हो रहा है, उस पर आपकी क्या मर्जी.. कुछ है मर्जी..?’’

तभी किसी ने बताया कि जग गई हैं। हमारी श्रीमती जी सामने वाले कमरे में उनकी पत्नी के पास चलीं गई।

पैतृक निवास स्थल और पिता

अपने पैतृक निवास स्थल के बारे में बताते हुए कहते हैं, “गया से भी ४० मील आगे एक गांव है मैगरा, फिर उसे समझाते हुए उसका अंगरेज़ी में स्पेलिंग भी बताते हैं, एम ए आई जी आर ए, Maigra, शायद पुरातन काल में यह मायाग्राम रहा हो, और समय के साथ मैगरा बन गया हो। गौतम बुद्ध वाली जगह से हूं।”

‘‘मां को मैंने कभी नहीं जाना’’ थोड़े दुखी और द्रवित स्वर में बोले, ‘‘मेरी मां बचपन में ही मुझे छोड़ कर चली गई।’’ ... थोड़ी देर चुप रहकर शायद उन दिनों को याद करने लगे। फिर बोले, ‘‘घर में लकड़ी नहीं थी, उन दिनों लकड़ी पर भोजन पकता था। पिताजी कहीं जा रहे थे, मां ने उनसे कहा, किसी को बोल दो लकड़ी दे जाएगा। नहीं तो भोजन नहीं बन पाएगा। क्रोध से पिताजी ने कहा कि सामने जो लकड़ी है उसी को जला लो। वह लकड़ी पूजा में प्रयोग के लिए किसी चीज़ की थी। काफ़ी क़ीमती। .... दूसरे दिन मां को सांप ने काटा। मां चली गई। ५ वर्ष का रहा होऊंगा मैं।’’

1916 में गया के मैगरा ग्राम में माघ द्वितीया को शास्त्री जी का जन्म हुआ था।

कई मिनट ख़ामोशी में बीता। लगा अंदर के दर्द उभर आए थे। जब सामान्य हुए तो कहने लगे, ‘‘मेरे पिताजी महापुरुष थे। मेरे पिता इतने बहादुर निकले कि लोगों के लाख कहने और समझाने पर भी उन्होंने दूसरी शादी नहीं की। किसके लिए? मेरे लिए। लड़के के लिए। अखंड मंडलाकार रह गए। पूजनीय थे। चले गए पिताजी, मैंने पिता का मंदिर बनवा लिया। वो देखो सामने। ये मंदिर मैंने अपने पिता की याद में बनवाया है। मैं कभी मंदिर में नहीं गया और न ही किसी देवता को पूजा। मेरे भगवान मेरे पिता हैं। उन्‍होंने कभी मेरा नाम नहीं लिया। बस एक ही बार बोले, तब चलें न जानकी वल्‍लभ? और चल पड़े!’'059

073065हमने देखा। ठीक उसी बरामदे के सामने, एक मंदिर, उसमें पिता की मूर्ति और उस मंदिर की बाहरी दीवार पर लिखा था, ‘पितृ देव स्मृतिस्तम्भ’। शास्त्री जी कह रहे थे, ‘‘दुनिया में ऐसा पिता कहां मिलता है! सबसे बड़ी बात है कि यूं कहने के लिए पिता होते हैं, वो नहीं थे, बक़ायदा पिता थे! बहुत बड़े विद्वान थे। छोटी उम्र में मां चली गई। मेरा जीवन चौपट हो गया था। मातृविहीन बालक था मैं। किसी के कहने पर शादी के लिए तैयार नहीं थे। किसी काम के लिए तैयार नहीं थे। सब काम मेरा गड़बड़ा गया। उन्होंने मां की भूमिका भी निभाई। मेरे लिए मेरे पिता ही मां थे और बाप भी। जब मैं मुज़फ़्फ़रपुर आ गया तो उनको भी अपने पास ले आया। ये घर देख रहे हैं न आप, कोई पागल ही इतना बड़ा घर बनाएगा। मैं पाग़ल था और मैंने इतना बड़ा घर बनाया।’’

पहली बार मुज़फ़्फ़रपुर

हमने पूछा, ’पहली बार मुज़फ़्फ़रपुर आपको कौन सा आकर्षण ले आया?’

हमारे इस प्रश्न पर शास्त्री जी का कहना था – ‘‘कोई आकर्षण नहीं । केवल दुर्भाग्य । दुर्भाग्य के अलावा कुछ भी नहीं! मेरा किसी जन्म का दुर्भाग्य था !’’

हम समझे नहीं तो हमारे चेहरे पर अपनी नज़र गड़ाकर बोले, ‘‘गंगा के इधर कभी नहीं आया था मैं। पटना नहीं देखा था। गया ज़िला के बाहर ही बहुत कम निकला था। देखने के लिए कि गंगा के यहां क्या होगा चलना चाहिए। उस वक़्त परीक्षा दे चुका था। रिज़ल्ट निकलने वाला था। तो मैंने सोचा कि घूम-फिर कर देख आऊं क्या है? पटना आया .. तो वह जो एक घाट है ....’’ फिर भूलने लगे। तो उन्हें बताया .. ‘महेन्द्रू घाट।’

‘‘हां, और उसके उस पार ... पहलेजाघाट था। गंगा के इस पार। कभी आया नहीं था। गंगा के किनारे आया तो कुछ लड़के थे। नदी में खेल कर रहे थे। बोले उस पार जाना है। मैंने कहा नहीं, भय लगता है। बोले कुछ नहीं होगा। पार करा दूंगा। उन्होंने पार करा दिया। चला आया उनके साथ।’’

 

कैसे बना ‘निराला निकेतन’089

करण ने उनसे पूछा, ‘कवि बच्चन यहां आए थे? सुना है कि बच्चन की एक रचना का सृजन  यहीं से शुरू हुआ था।’

बताया उन्हों ने ‘‘बच्चन भी कई बार यहां आए। दो-तीन बार आए बच्चन। शादी ब्याह सब में आए वे। न जाने क्यों इतना मानते थे?’’ फिर खुद ही बताने लगे, ‘‘जितने अच्छे-अच्छे कवि थे उस जमाने में, सब गिन लीजिए। बुरा न मानिए ... पढने में मैं अच्छा माना जाता था, गाता था। लिखता था। उस जमाने में जितने कवि सम्मेलन होते थे, जिसमें बड़े-बड़े सारे कवि आते थे, सब में मुझे बुलाया जाता था कविता पाठ करने के लिए। बच्चन जी के साथ भी.. कविता पढी।’’

हमने बात को आगे बढाने के उद्देश्य से पूछा, ‘इस घर का नाम ‘निराला निकेतन’ क्यों रखा?’

हम आज तक यही सोचते रहे कि यह घर शायद कवि निराला से प्रभावित होकर यह नाम रखा है। जब उनसे पूछा ‘आपने इसका नाम निराला निकेतन कैसे रखा?’

तो उन्होंने बताया, ‘‘Its different!’’

हम ठीक से समझे नहीं तो उन्होंने स्पष्ट किया, ‘‘Dfferent के अर्थ में है। ... मेरी तरह का लोग सबसे अलग। अब देखिए न एक दर्जन भर तो गउएं हैं यहां। इसके अलावा अन्य पशु-पक्षी सब! जितने में आपलोग पूरा परिवार खाइएगा-पिइएगा, उतने में हमारे यहां कुत्ते-बिल्ले सब खाते हैं। ये सब हैं हमारे परिवार के सदस्य। मैं सब से अलग हूं। निराला। ये जो कोई सुनेगा तो गाली देगा हमको। बदमाश कहेगा। कोई अच्छा थोड़े न कहेगा! इसीलिए ऐसा नाम रख लिया हमने। निराला! Different के अर्थ में।’’

आगे बताते हुए कहते हैं, ‘‘मेरा किसी के यहां न आना, न जाना, न खाना होता है। कोई अगर यह कहता है कि शास्त्री हमारे यहां आया, तो समझ लेना कि वह झूठा है, और अगर यह कहे कि मेरे यहां खाया, तब तो महा झूठा। इस तरह का जीवन रहा मेरा। Different होने के कारण निराला निकेतन हो गया। निराला जो कवि थे, उन्हींने बचपन में मेरा साथ दिया। और मेरे यहां आना-जाना सब किया था। लेकिन उस निराला के अर्थ में मैंने नहीं नाम रखा था। नाम मैंने Different के अर्थ में रखा था। उनका नाम भी हो गया, यह संयोग है।’’

069... आवेश था उनके चेहरे पर। थोड़ी देर रुके और संयमित स्वर में बोले ... “कवि जो निराला थे – उन्होंने यहां आना-जाना किया है। पर यह घर उस निराला के अर्थ में नहीं है। मेरी कविता पढ़कर निराला मुझसे मिलने आए। निराला का स्‍नेह मिलता रहा मुझे। निराला बड़े कवि थे। मैं उनका प्रिय पात्र था। मोहल्ले भर के आवारा कुत्ते यहां आते हैं। उन्हें दूध रोटी देता हूं। मैं तो कुत्ते बिल्लियों के साथ रहने वाला आदमी हूँ … कह दीजिएगा लोगों से खाली कुत्तों के साथ रहता है जानकीवल्लभ शास्त्री!”

हम ने सोचा हम से अधिक सौभाग्यशाली तो सच में निराला निकेतन के कुत्ते ही हैं जिन्हें इस महामानव का सानिध्य तो मिल रहा है।

शनिवार, 8 जनवरी 2011

फ़ुरसत में … आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ - पहला भाग

फ़ुरसत में … 

आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री जी के साथ

193मनोज कुमार, करण समस्तीपुरी

पहला भाग-अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं!

ऊपर ऊपर पी जाते हैं, जो पीने वाले है

कहते ऐसे ही जीते हैं, जो जीने वाले हैं।

ऐसे ही जीने वाले, एक शख्सियत से मिलना हमारे लिए आज तक की जिंदगी का सबसे बड़ा और सुखद पल था। जो अपनी साधना में लीन एकांत और शांति का जीवन जी रहा है। जो पी रहा है, ऊपर ऊपर ही, वह तो अपने उन हिस्‍सों को जिन्‍हें नहीं पचा पा रहा, स्विस बैंक में जमा कर रहा है। ... और वह जो अपने पेट को काट कर, अपनी पेंशन का अधिकांश भाग और अगर वह कम पड़ जाय तो अपनी जमीन बेच कर अपने गली-मुहल्‍ले के पशु-पक्षियों को अपनी गोद में रखकर अपने हिस्‍से की बिस्कुट खिलाता है, दूध पिलाता है, दूध की कमी न हो उनके लिए गायें पालता है, ..ये कुत्ते, बिल्‍ली, गायें जब मरते हैं तो अपने आंगन में उनकी समाधि बना देता, पूजा करता है उनकी, ऐसा शख्‍स अपने आवास का नाम निराला निकेतन रखता है क्‍योंकि वह Different है। Different इसलिए भी कि ‘ऊपर-ऊपर’ पी जाने वाले यदि उसके जीवन के 95वें वर्ष में उसे पदम श्री देने की सोचता है तो यह शख्‍स आदर पूर्वक उसे लौटा भी देता है।

11 नवम्‍बर 2010, महापर्व छठ के खरना का दिन। हमने जब अपने गांव रेवाड़ी, ज़िला समस्तीपुर से मुज़फ्फ़रपुर जाकर आचार्य जानकीवल्लभ शास्‍त्री जी से मिलने का मन बनाया और मां को इसकी सूचना दी तो मां का कहना था, ‘आज खरना है। जाओ पर शाम में भगवान को भोग लगाने के पहले आ जाना।’

गांव से हम चले तो इसी तरह कि शाम ढलते गांव वापस आ जाएंगे पर मुज़फ्फ़रपुर की सड़कों की यातायात और कुछ अन्‍य कठिनाइयों से निराला निकेतन पहुँचते पहुँचते शाम के 3.30 बज गए। पर आगे के जो दो घंटे बीते वह अंग्रेजी की उक्ति Life time experience के समान था।

लगभग २५ साल बाद गुज़र रहा था उधर से। काफ़ी कुछ बदला-बदला लग रहा था। कम-से-कम वो गलियां ग़ायब मिली जहां ज़िला स्‍कूल के दिनों में गुज़रते वक़्त कभी-कभार देखा था जिन गलियों में मुज़फ़्फ़रपुर की मशहूर तवायफ़ें रहा करती थीं। सड़क किनारे घरों के दरवाज़ों पर पहले की तरह 'ममता रानी, सपना रानी, गायिका और नृत्‍यांगना' जैसी तख्‍़ती नहीं दिखी। आज सब बदला-बदला था। उसी रेडलाइट एरिया के “चतुर्भुज स्‍थान” के एक छोर पर है उनका “निराला निकेतन”।

‘निराला निकेतन’095

मुजफ्फरपुर को उत्तर बिहार की राजनीतिक, साहित्यिक राजधानी के रूप में भी माना जाता है। इसी शहर में है चतुर्भुज स्थान। साधारणतया हर चौराहे पर चार रास्ते होते हैं। पर यहां पांच सड़के मिलती है और पहली सड़क मुड़ती है चतुर्भुज स्थान मंदिर पर। उसके ठीक बगल में करीब एक एकड़ के प्‍लॉट पर बना निराला निकेतन विरान खंडहर सा एहसास कराता है। परिसर के चारो ओर चहारदीवारी है। मुख्‍य द्वार पर पुराना दरवाजा। एक सत्रह-अठारह साल का नौजवान (उनका सेवक) उसे आकर खोलता है, … हम प्रवेश करते हैं। पूछने पर उसने बताया कि हां, शास्‍त्रीजी हैं, सामने ही बैठे हैं। दो-चार क़दम आगे बढ़ा। लगा तीर्थ यात्रा के बाद मंदिर में प्रवेश कर रहे हों। परिसर अपनी गौरव गाथा का बयान करती प्रतीत हो रहा था। गेट के ऊपर लंबा बोर्ड लगा है। नीली पृष्‍ठभूमि पर सफ़ेद रंग से उकेरे गए ‘निराला निकेतन’। 'निराला निकेतन' वाले बोर्ड का नीलापन थोड़ा हल्‍का हो गया है। बोर्ड की जर्जर अवस्‍था शास्त्री जी की तरह लगी और उसकी विशलता भी!067

परिसर में दोनों ओर गायों को खिलाने की नादों की लंबी कतार। नादों की कतार के पीछे टीन की छत वाला एक घर गायों को बांधने के लिए। हम आगे बढते हैं। बरामदे के ठीक सामने मंदिर है। शास्‍त्री जी के पिता का।065

ग्रिल से घिरा बरामदा, बरामदे में प्रवेश करते ही बांई तरफ पंलग पर शास्‍त्री जी गंजी और कमर के नीचे धोती डाले तकिए के सहारे बैठे मिले, गोद में कुत्ते के तीन-चार बच्चे। शास्त्री जी की काफी उम्र हो चुकी है! वे काफी अस्वस्थ दिखे। उनकी चारों तरफ ढेर सारे कुत्ते थे। वो भी सड़क के कुत्ते, जिनकी बदबू से पूरा घर भरा पड़ा था। लेकिन शास्त्री जी के चेहरे पर उनके प्रति अगाध स्नेह दिखा। गोद में चार-पांच कुत्तों के बच्‍चों के साथ बैठे थे। नीचे एक कुतिया थी। हमें देखते ही बोलते हैं, ‘बैठने की जगह ढूंढ लो। जहां मिले बैठ जाओ। यहां सब जगह ऐसा ही है।’

064हम बैठते हैं तो नीचे वाली कुतिया कूं-कूं करती है। हमारी तरफ़ मुखातिब होकर कहते हैं, ‘मां आई है। ले जाने।’ हम हतप्रभ थे गन्दी सी कुतिया के लिए इतनी सम्मानित संज्ञा। शास्त्री जी फिर उसे कहते हैं, ‘आ गई लेने? जा। जा। तुझे भी अपने बच्चों के बिना मन नहीं लगता। ले जा!’

हम उनके पैर छूते हैं। नज़रें इधर-उधर दौड़ाते हैं। दीवार पर छायावाद के स्‍तम्‍भ प्रसाद, निराला, पंत, महोदवी की तस्‍वीर है। दाई तरफ शास्‍त्री जी की वो तस्‍वीर जब वे मुज़फ्फ़रपुर आए थे। बांई तरफ वो तस्‍वीर जब वे सेवानिवृत्त हुए, तब वे पटने में थे। हम उन सारी तस्‍वीरों को अपने कैमरे में उतारने लगे। तस्‍वीरों में भरपूर, लंबे बाल, शास्‍त्री जी की पहचान। शास्त्री जी के सामने एक औसत कद का दर्पण और एक छोटी कंघी आज भी पड़ीं है। शायद उनकी कुंतल-प्रियता की गवाह।057

071लोगों से सुन रखा था शास्‍त्री जी की याददाश्‍त बहुत कमजोर हो चुकी है। हां, बात-चीत के दौरान हमें भी लगा। अतः इस आलेख में कुछ तथ्‍यगत भूल हो सकते हैं। पर जो भी उन्‍होंने बताया हम उसे ही पेश कर रहे हैं। कुछ पूछने से पहले खुद ही बताना शुरु कर देते हैं। घटनाओं को बेतरतीब बताते हैं। कई बार भूल जाते हैं। फिर पूछते हैं क्‍या कह रहा था? कई बार एक ही वाकया बार-बार सुनाते हैं। कहीं का कहीं जोड़ देते हैं, तो कभी बोलते-बोलते चुप हो जाते हैं। काफी देर बाद फिर बोलते हैं। जबकि उनकी पत्‍नी छाया देवी से बात हुई तो पाया कि वे बोलने का क्रम बनाए रखती है। सिलसिलेवार बताती हैं बात को। बड़े ही मृदुल और शांत स्वभाव की महिला हैं वो। शास्त्री जी को अगर बीच में बात काटो तो झल्‍ला भी जाते हैं। सुन भी नहीं पाते कई बार।

हमसे पूछते हैं, ‘क्‍यों आए? कुछ भी नहीं कहूँगा। छापोगे? .. नहीं बताऊँगां कुछ भी। ... जाओ औरों से पूछो। यहां क्‍यों आए? ऐसा क्‍या है शास्‍त्री के पास कि मिलने चले आए!’

हमने कहा –‘आपका आशीर्वाद लेने आए हैं। यही पढ़ता था। एल.एस. कॉलेज, बिहार यूनिवर्सिटी में। छुट्टियों में छठ मनाने घर आया था। बस आपके चरण छूने चला आया।’

थोड़ा शांत दिखे तो हम भी सोचने लगे बात कहां से शुरु करें। हमने कहा, ‘एक फोटो चाहिए। आपके साथ।’

हंसते हैं। ‘मेरे साथ बैठे पाओगे। बैठो।’ पलंग पर सलगी (पुराने कपड़े से बनी तोशक) बिछी थी उसे मोड़ देते हैं। करण खींचता है फोटो।055

हमने उनके पैर के पास उसी पलंग पर जगह ली। करण उनके बगल में बैठ गया। बच्चे तो फोटो लेने में मस्त थे। एक कुर्सी थी। श्रीमती जी उस पर बैठ गईं।

पूछा, ‘कैसे हैं, तबीयत कैसी है?’

बोलते हैं, ‘देख ही रहे हैं, ठीक हूं।’

ऊपर टंगे एक चित्र को दिखाते हुए कहते हैं, ‘यह लड़का आया था मुज़फ़्फ़रपुर।’

060063सामने दूसरी दीवार पर टंगे दूसरे चित्र को दिखाते कहते हैं, ‘यह .. पटना से सेवानिवृत हुआ था। नौकरी खोजने से लेकर सेवानिवृत होने तक का फोटो लगा रखा है। इन दोनों के बीच आपके सामने बैठा हूं, ९५ साल का जानकी वल्लभ शास्त्री! .. अकेला!! … एक एकड़ जमीन के प्लाट में बने आवास में अकेला!!!’

उनकी उम्र का कहीं कोई प्रभाव न आवाज़ पर था न ही नजरों पर।

056शास्त्री जी ज़ोर से आवाज़ लगाते हैं, ‘अरे कोई है। ज़रा बहू के जगाओ। बुलाओ बाहर। लोग आए हैं मिलने। दूर से।‘ फिर हमें बताया, “बीमार रहती हैं। बारहों मास बीमार रहने वाली बहू हैं। अच्छी हैं .... अच्छा ही है, अच्छे लोग बीमार ही रहते हैं।’’ पता नहीं उनका व्यंग्यार्थ क्या था... शायद विधाता के असंतुलित अनुकम्पा पर ही व्यंग्य हो किन्तु हमें नेपोलियन बोनापार्ट की उक्ति याद आयी, "द वर्ल्ड सफ्फर्स अ लोट नोट बिकॉज ऑफ़ द वायलेंस ऑफ़ द बैड पीपल बट बिकॉज द सायलेंस ऑफ़ द गुड़ पीपल।" अच्छे लोग अच्छे बने रहने के लिए कुछ भी झेल लेते हैं। यह भी तो मानसिक बीमारी ही है।

शास्त्री जी फिर   कहते हैं  ... “बीमार तो .. रहना ही चाहिए। ... इंसान अगर बीमार ज़्यादा नहीं रहेगा तो पियक्कड़ हो जाएगा!”

हमने सोचा सच ही तो कह रहे हैं, जो स्वस्थ है, समृद्ध है, सबल है,  उसे किसी न किसी चीज़ का नशा तो रहता है, अपने स्वस्थ, सबल होने का ही सही।

हम जितनी देर रहे, उनकी इस तरह की कई उक्तियां सुनने को मिलती रही।

… ज़ारी ….

** अगले महीने आचार्य जानकीबल्लभ शास्स्त्री जी का जन्मदिवस है। तब तक उनके आशीष स्वरुप यह श्रृंखला आप तक पहुंचती रहेगी … फ़ुरसत में…  हमारे ब्लॉग से शास्त्री जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभ-कामना देने में हमारे साथ आयें। 

धन्यवाद !