रविवार, 8 अगस्त 2010

काव्यशास्त्र-27 :: आचार्य पण्डितराज जगन्नाथ

काव्यशास्त्र-27 ::

आचार्य पण्डितराज जगन्नाथ

आचार्य परशुराम राय

आचार्य पण्डितराज जगन्नाथ आचार्य अप्यय्यदीक्षित के समकालीन थे और दोनों एक-दूसरे के प्रतिद्वन्दी थे। आचार्य अप्यय्यदीक्षित की भाँति ये भी दक्षिण भारत के निवासी थे। इनके पिता पेरुभट्ट थे और माँ लक्ष्मीदेवी थीं। इनका यौवन काल मुगल सम्राट शाहजहाँ के दरबार में बीता। इस विषय में वे स्वयं लिखते हैं:-

'दिल्लीवल्लभपाणिपल्लवतले नीतं नवीनं वय:'

शाहजहाँ के सबसे बड़े पुत्र दाराशिकोह को ये संस्कृत पढ़ाते थे। संस्कृत और भारतीय विद्याओं के प्रति दाराशिकोह में अप्रितम आसक्ति थी और इससे प्रभावित होकर पण्डितराज ने उसके ऊपर 'जगदभरण' नाम का एक काव्य लिखा। शाही दरबार में आसिफ अली नाम के एक सरदार थे। आचार्य पण्डितराज की इनसे बड़ी घनिष्टता थी। सरदार आसिफ अली की मृत्यु के बाद इन्होंने 'आसिफविलास' नामक काव्य लिखा। आचार्य पण्डितराज जगन्नाथ बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न थे। इनके जीवन की एक घटना ने इन्हें जाति से बहिष्कृत करा दिया। घटना यों हुई कि एक दिन इनकी नजर लवंगी नामक एकयवन कन्या पर पड़ी जो सिर पर पानी से भरा घड़ा लिए जा रही थी। ये उस पर इतना आसक्त हो गए कि बादशाह शाहजहाँ से उसे माँग लिया। वह याचना भरा श्लोक द्रष्टव्य है:-

न याचे गजालिं न वा वाजिराजिं

न वित्तेषु चित्तं मदीयं कदाचित्।

इयं सुस्तनी मस्तकन्यस्तकुम्भा

लवङ्गी कुरङ्गीदृगङ्गीकरोतु ॥

इक्कीसवीं शताब्दी में खड़े होकर अनुमान लगाया जा सकता है कि सत्रहवीं शताब्दी में आचार्य पण्डितराज ने कितना साहसिक कदम उठाया था। उस समय उन्हें कितनी सामाजिक भर्त्सनाओं का सामना करना पड़ा होगा। जब युवावस्था निकल गयी तो उनके मन में आया कि वे इसका प्रायश्चित करेंगे और मथुरा चले गए। वहाँ भगवान कृष्ण की आराधना में लीन हो गए। इसके बाद काशी आ गए। यहाँ उन्होंने 'गंगालहरी' की रचना की। काशी में उन्हें ब्राह्मणों के विरोध का सर्वाधिक सामना करना पड़ा और अन्त में यहीं 'गंगालहरी' के श्लोकों का पाठ करते हुए गंगा में छलांग लगाकर उन्होंने आत्महत्या कर ली।

काव्यशास्त्र पर अत्यन्त विद्वत्तापूर्ण लिखा हुआ अत्यन्त प्रौढ़ ग्रंथ 'रसगंगाधर' है। बड़े दुर्भाग्य की बात है कि यह ग्रंथ अधूरा रह गया। इसमें दो आनन (अध्याय) हैं। प्रथम आनन में अपने पूर्ववर्ती आचार्यों के काव्यलक्षणों का खण्डन करते हुए अपने काव्य लक्षण - 'रमणीयार्थप्रतिपादक: शब्द: काव्यम्' की प्रतिष्ठा की गई है। इसके अतिरिक्त इसमें काव्य के हेतु व काव्य के भेदापि का निरूपण किया गया है। द्वितीय आनन में ध्वनि-भेद, अभिधा, लक्षणा एवं सत्तर अलंकारों का विवेचन मिलता है। इस ग्रंथ में दिए गए सभी उदाहरण पण्डितराज के स्वयं के रचे श्लोक हैं। इसकी घोषणा करते हुए आचार्य लिखते हैं:-

'निर्माय नूतनमुदाहरणानुरूपं काव्यं मयात्र निहितं न परस्य किञ्चित्।

किं सेव्यते सुमनसां मनसापि गन्ध: कस्तूरिकाजननशक्तिभृता मृगेण॥

रसगंगाधर के अतिरिक्त आचार्य पण्डितराज ने अनेक ग्रंथों की रचना की, जिनमें प्रमुख ग्रंथ है - भामिनीविलास, आसफविलास, जगदाभरण, प्राणाभरण, सुधालहरी, लक्ष्मीलहरी, अमृतलहरी, करुणालहरी, यमुनावर्णनचम्पू और गंगालहरी। भट्टोजिदीक्षित विरचित व्याकरण ग्रंथ 'मनोरमा' का खण्डन करते हुए इन्होंने 'मनोरमाकुचमर्दनम्' नामक एक व्याकरण ग्रंथ की भी रचना की।

'रसगंगाधर' पर आचार्य नागेशभट्ट ने 'गुरुमर्मप्रकाशिका' नामक एक टीका लिखी है।

पिछले अंक

|| 1. भूमिका ||, ||2 नाट्यशास्त्र प्रणेता भरतमुनि||, ||3. काव्यशास्त्र के मेधाविरुद्र या मेधावी||, ||4.आचार्य भामह ||, || 5. आचार्य दण्डी ||, || 6. काल–विभाजन ||, ||7.आचार्य भट्टोद्भट||, || 8. आचार्य वामन ||, || 9. आचार्य रुद्रट और आचार्य रुद्रभट्ट ||, || 10. आचार्य आनन्दवर्धन||, || 11. आचार्य भट्टनायक ||, || 12. आचार्य मुकुलभट्ट और आचार्य धनञ्जय ||, || 13. आचार्य अभिनव गुप्त||, || 14. आचार्य राजशेखर ||, || 15. आचार्य कुन्‍तक और आचार्य महिमभट्ट||, ||16. आचार्य क्षेमेन्द्र और आचार्य भोजराज ||, ||17. आचार्य मम्मट||, ||18. आचार्य  सागरनन्दी एवं आचार्य (राजानक) रुय्यक (रुचक)||, ||19. आचार्य हेमचन्द्र, आचार्य रामचन्द्र और आचार्य गुणचन्द्र||, ||20. आचार्य वाग्भट||, ||21. आचार्य अरिसिंह और आचार्य अमरचन्द्र||, ||22. आचार्य जयदेव||23. आचार्य विद्याधर, आचार्य विद्यानाथ और आचार्य विश्वनाथ कविराज||24. आचार्य शारदातनय,आचार्य शिंगभूपाल और आचार्य भानुदत्त॥25. आचार्य रूपगोस्वामी और आचार्य केशव मिश्र॥आचार्य पण्डितराज जगन्नाथ||

शनिवार, 7 अगस्त 2010

बादल अम्बर के विरहाकुल

12012010005 बादल अम्बर के विरहाकुल!

 

  

मनोज कुमार

आज फ़ुरसत में मैं बैठा हुआ आलोचक का मैं अर्थ ढूंढ रहा था। कुछ तो शरीफ़ क़िस्म के अर्थ मिले। जैसे समीक्षक (reviewer) और विपक्षधर (oppositionist)। कुछ ठीक-ठाक से अर्थ वाले मिले जैसे महिमा मर्दक (deglamorizer) और निंदक (disparager)। महान संत ने भी कहा था कि “निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छबाए।”


पर जो मुझे सबसे रोचक लगा वह है छिद्रान्वेषक (faultfinder)| छिद्रान्वेषण का अर्थ खोजने पर मिला “किसी व्यक्ति या बात के दोष ढ़ूढना, खुचुर निकालना।” खुचुर शब्द लगता है खुचर से बना है, और खुचर का अर्थ दिया गया है “झूठ-मूठ किसी की ग़लती या दोष दिखाने के लिए कही हुई बात।” तो मैं अपनी इस खोज के परिणाम पर पहुंचा और पाया कि अंततोगत्वा यह बात झूठ-मूठ ही होती है।

हम इस प्रकार के अदमी से रोज़ बा-वास्ता होते हैं। निंदक तो ठीक है, पर ये जो प्राणी है, जो छिद्रान्वेषक होता है, वह खुद कभी संतुष्ट रहता ही नहीं, यह मुझे प्रतीत होता है। आप मेरी बात न माने! मुझे खुशी होगी। पर कोई चीज़ पूर्ण हो सकती है क्या? अब देखिए शायर “चौदहवीं का चांद” कहता है तो एक ऐसे सौन्दर्य की कल्पना सामने आती है, जिस सौन्दर्य में बस पूर्णता आने ही वाली हो! वह बेहद खूबसूरत-सा होगा! अगर पूनम का चांद कहता, तो … शायद और कुछ सोचने की गुंजाइश ही नहीं रहती। पर छिद्रान्वेषी महाराज कहेंगे, अरे पूनम का चांद थोड़े ही उसका सौन्दर्य।


एक मेरे जान पहचान के व्यक्ति थे। कहीं से बढिया मांस बनाना सीख कर आए। उन्होंने अपने एक दोस्त को खाने पर निमंत्रित किया। खाने के पश्चात्‌ मित्र ने राय ज़ाहिर की, “हां, सब ठीक था, हल्दी
थोड़ी कम थी।”


दूसरे रविवार को उस दोस्त को फिर बुलाया। उसने खाने के उपरांत कहा, “सब ठीक था, पर जिस पर मांस काटा गया था, उसकी लकड़ी का टुकड़ा मांस पर चिपका रह गया। तीसरे रविवार को उन्होंने पूरी सतर्कता से मांस बनाया और मित्र को खिलाया। मित्र ने खाने के बाद कहा, “हां, ठीक ही था पर यह मांस दांत में फंस गया।”


अब इसका क्या जवाब है? ऐसे लोग सीधे मुंह स्वीकार कर ही नहीं सकते कि अच्छा था। कुछ न कुछ दोष निकालते ही रहेंगे।

इसी भाव को अपनी आज की प्रस्तुत कविता में मैंने लिखा है
सब देख रहे एक-दूजे को
कर दी है किसने भूल कहां!

तो आज के फ़ुरसत में … मेरी डायरी के प्रथम पृष्ठ पर लिखी यह कविता प्रस्तुत है। यानी मेरी पहली कविता। तब मैं मैट्रिक में पढता था।

बादल अम्बर के विरहाकुल!

विश्‍व विटप की डाली पर है,

मेरा वह प्यारा फूल कहां!

है सुख की शीतल छांव कहां,

चुभते पग-पग पर शूल यहां!

 

जग में बस पीड़ा ही पीड़ा,

दुख ज्वाला में जलते तारे।

शशि के उर में करुण वेदना,

प्रिय चकोर हैं दूर हमारे।।

बड़ी विचित्र रचना इस जग की,

कांटों में खिलते फूल यहां।

है सुख की शीतल छांव कहां,

चुभते पग-पग पर शूल यहां!

 

नीर बरसते झम-झम झम-झम,

बादल अम्बर के विरहाकुल।

टकरा-टकरा कर उपलों से,

तट छूने को लहरें व्याकुल।

कैसे पार लगेगी नौका,

हैं धाराएं प्रतिकूल यहां।

है सुख की शीतल छांव कहां,

चुभते पग-पग पर शूल यहां!

 

सुमनों में अब वह सुरभि नहीं,

कोकिल की कूक में दर्द भरा।

मरघट की सी नीरवता में,

है डूब रही सम्पूर्ण धरा।।

सब देख रहे इक-दूजे को,

कर दी है किसने भूल कहां।

है सुख की शीतल छांव कहां,

चुभते पग-पग पर शूल यहां!

*** *** *** ***