पुस्तक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पुस्तक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 21 अप्रैल 2012

फ़ुरसत में ... 99 : आत्मा के लिए औषध!


फ़ुरसत में ... 99 : आत्मा के लिए औषध!


मनोज कुमार

BallDropOnHead in progress.

राजभाषा हिंदी ब्लॉग पर पिछले दिनों एक पुस्तक-परिचय के क्रम में मैंने कहा था कि एयरपोर्ट पर किताब की दुकानों में अमूमन अंग्रेज़ी की पुस्तकें ही दिखाई देती हैं। मैं इन बुकशॉप पर जाता ज़रूर हूं, लेकिन पुस्तकें देखने या ख़रीदने नहीं। मैं जाता हूँ उन पुस्तक-विक्रेताओं अथवा दुकान के मालिकों से हिंदी में बातें करने। जब वे भी हिंदी में सामान्य रूप से और सहज भाव से जवाब देने लगते हैं, तो लगे हाथ उन्हें यह भी जता देता हूं कि उनके पास यदि हिंदी की पुस्तकें भी होतीं तो हम भी कोई-न-कोई पुस्तक ख़रीद ही लेते।

सच कहूँ तो एयरपोर्ट का अंग्रेज़ीनुमा माहौल मुझे बिलकुल रास नहीं आता। चूंकि एयरपोर्ट ऑथोरिटी भारत सरकार के अधीन है, इसलिए केन्द्र सरकार की राजभाषा नीति के अनुपालन हेतु नामपट्ट आदि द्विभाषिक तो होते हैं, पर काउंटर के पीछे बैठे कर्मचारी-अधिकारी अपने कॉन्वेन्ट स्कूल में पढ़े (?) अंग्रेज़ी-ज्ञान का प्रदर्शन करते रहते हैं। कमाल की बात तो यह है कि वे लोग जब आपस में बात करते हैं, तो उनकी भाषा अंग्रेज़ी नहीं होती, हिन्दी भी नहीं होती, बल्कि अजीब सी भाषा होती है (जैसे: ओए, बात सुन! ज़रा वो टैग तो थमाना मेरे को!)। लब्बोलुआब ये कि ये सब ढकोसला सिर्फ़ और सिर्फ ग्राहक के लिए!

दिल्ली एयरपोर्ट का माहौल कुछ ऐसा ही है। बुक शॉप तो कई हैं, पर वहाँ के बुक शॉप पर ऐज़ यूज़ुअल अंग्रेज़ी की किताबें ही दिखती हैं। अलबत्ता, कोलकाता एयरपोर्ट पर मैं अलग तरह का माहौल पाता हूं। आप यदि यहाँ के अधिकारियों से हिंदी में बातें करें, तो जवाब हिंदी में मिलने की अधिक संभावना होती है, और यदि बांग्ला में बात करें तो निश्चित ही  बांग्ला में उत्तर मिलेगा। शायद यही कारण है कि यह एयरपोर्ट मुझे अपना-सा लगता है और यहाँ के लोग आत्मीय।

यहाँ के बुक शॉप पर हिंदी की किताबें भी मिलती हैं। भले ही वे एक कोने में दबी, छुपी, ढकी हों, पर चाहने वालों की नज़र उन्हें ताड़ ही लेती हैं। दो-चार किताबें तो मैं वहाँ से उठा ही लेता हूं। दिल्ली तक के दो घंटे का हवाई सफर और आधेक घंटे का वेटिंग टाइम, आने-जाने में कुल मिलाकर पांच-छह घंटे लगते ही हैं, इतने में एक पुस्तक पढ़ना तो हो ही जाता है।
दरसल, मुंशी प्रेमचंद की एक बात मुझे कभी नहीं भूलती:

“पुस्तक पढ़ना तो चाहते हैं, पर गांठ का पैसा ख़र्च करके नहीं। जिनकी माकूल आमदनी है वह भी पुस्तकों की भिक्षा मांगने में नहीं शरमाते।”

यह बात कुछ ऐसे गहरे बैठ गयी कि मैं पुस्तकें ख़रीद कर ही पढ़ता हूं। यह उक्ति मैंने अपने विद्यार्थी जीवन में ही पढ़ी थी और बस तबसे ही यह बात गाँठ बाँध ली।

महर्षि अरविन्द ने कहा था 
पुस्तकें जो अच्छी पुस्तकों की श्रेणी में आती हैं, -- उनमें दो तरह  की बातें हुआ करती हैं, -- एक सामयिक, काल-विशेष के संबंध रखने वाली और दूसरी शाश्वत, सब कालों के लिए।

गीता ऐसा ही सद्‌ग्रन्थ है। ऐसी पुस्तकें इसलिए अमर होती हैं क्योंकि इनके लिखित अक्षरों के पीछे जो वास्तविक अक्षर तत्व हैं, उसका कभी नाश नहीं होता।

ऐसे जो सद्‌विचार होते हैं, वे लोगों तक पहुंचे उसके लिए उन विचारों वाली पुस्तकों का छपना ज़रूरी है। तभी तो ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद कहा करते थे -- जो कुछ भी धन है, उससे पुस्तकें प्रकाशित करो। उनका नारा था, -- छापो और छापो!

ब्लॉग जगत में कई छापे वाले आ गए। उनकी लिखाई भी चली, छपाई भी। कुछ ब्लॉगर, ब्लॉगिंग करते-करते छपाई में घुसे तो उन्हें ‘सिर मुड़ाते ही ओले पड़े’, वाली स्थिति का सामना करना पड़ा। यह तो हम पर ही है कि हम किसे महत्त्वपूर्ण कार्य मानते हैं – लिखाई को, छपाई को या फिर कमाई को। तीसरी तरह के मनुष्यों का तो जल्दी ही लोप हो जाता है। ऐसे में टॉमस फुलर की यह बात आउट ऑफ कन्टैक्स्ट नहीं होगी कि ज्ञान का अधिकतम लाभ उन्हीं पुस्तकों से हुआ है जिनसे प्रकाशकों को हानि हुई है।

पुस्तकों के साथ भी यही बात है। वाल्त्येर की फिलॉसॉफी को मानें तो – मनुष्यों के सदृश ही पुस्तकों के साथ भी यह बात है कि बहुत थोड़ी संख्या में ही पुस्तकें महत्वपूर्ण कार्य करती हैं, शेष भीड़ में लोप हो जाती हैं। मनुष्य की तरह ही बुरी पुस्तकें एक ऐसा विष होती हैं, जो समाज में बुराई के बीज डालती हैं।

फ्रांसिस बेकन की बात भी ग़ौरतलब है- कुछ पुस्तकें चखने के लिए होती हैं, अन्य निगले जाने के लिए और कुछ थोड़ी-सी चबाने और पचा जाने के लिए। अब यह पूरी तरह हम पर निर्भर करता है कि इनमें से किस प्रकार की पुस्तकें हम पढ़ना पसंद करते हैं, और अगर कभी लिखने का हौसला हुआ तो किस प्रकार की पुस्तकें लिखना चाहते हैं।

पुस्तकों का हमारे जीवन में महत्व होरेस मेन की इसी बात से समझा जा सकता है कि A house without books is like a room without windows – अर्थात्‌ पुस्तक विहीन गृह, खिडकी रहित कमरे के समान है। इसलिए खुली हवा में साँस लेने के लिए यह ज़रूरी है कि घर में पुस्तकें रखें। किन्तु एडवर्ड जॉर्ज बुलपर लिटन की बात भी गाँठ बाँध लें – पुस्तकों पर अधिकार प्राप्त करो परन्तु उन्हें अपने ऊपर अधिकार मत प्राप्त करने दो। जीवित रहने के लिए अध्ययन करो, न कि अध्ययन के लिए जियो।

... और इस पोस्ट का दरवाजा आपके लिए खोलने से पहले यह बताता चलूं कि थीब्स ने अपने स्टडी-रूम के दरवाज़े पर यह लिख रखा था – “आत्मा के लिए औषध!”
*** *** ***