मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

सूफ़ीमत... 21. दरगाह

 

सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम


21. दरगाह

ये प्रकाश (अल्लाह की पुस्तक और उस का मार्ग दर्शन) उन घरों (पुण्य स्थानों) में है, अल्लाह ने जिन्हें ऊँचा करने, उसकी महिमा का गान करने और उनमें प्रातः तथा संध्या अपने नाम की चर्चा करने का आदेश दिया है। (क़ुरआन : 24:36)

दरगाह एक सूफ़ी-इस्लामी पुण्य स्थान होता है जिसे अक्सर किसी प्रतिष्ठित सूफ़ी संत, पीर, वली या दरवेश की क़ब्र पर बनाया जाता है। फारसी भाषा में 'दरगाह' का शाब्दिक अर्थ "द्वार" या "दहलीज" होता है। पीर की मृत्यु के बाद उसकी दरगाह उसके मुरीदों के लिए भक्ति का स्थल बन जाती थी। सूफीमत में दरगाह का अत्यधिक आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व है।

दरगाहें सूफी संतों की अंतिम विश्राम स्थली होती हैं। स्थानीय मुस्लिम, तीर्थयात्रा, आध्यात्मिक शांति, आशीर्वाद और अपनी मनोकामनाओं (मन्नत) की पूर्ति के लिए के उद्देश्य से किसी दरगाह की यात्रा करते हैं और इस यात्रा को ज़ियारत कहा जाता है। सूफ़ी संतों की दरगाह पर की गयी ज़ियारत सारे इस्लामी संसार में प्रचलित है। भारतीय उपमहाद्वीप में दरगाहों पर ज़ियारत करने की पुरानी परंपरा रही है। किसी दरगाह के साथ अक्सर सूफ़ी बैठकें और विश्राम गृह बने होते हैं जिन्हें खानक़ाह  कहा जाता है। यहाँ नियमित रूप से लंगर (मुफ्त सार्वजनिक रसोई) का आयोजन होता है, जहाँ बिना किसी भेदभाव के गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। इसके अतिरिक्त आमतौर पर एक मस्जिद, बैठक (कमरे), इस्लामी धार्मिक विद्यालय (मदरसा), शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए घर, अस्पताल, सामुदायिक भवन आदि भी किसी दरगाह परिसर का हिस्सा होते हैं।

सूफ़ी अनुयायियों का मानना ​​है कि दरगाहें ऐसे मक़ाम हैं, जिनके द्वारा वे उसके संत के आशीर्वाद (तवस्सुल के अनुसार, जिसे दावत-ए-क़बूर  या इल्म-ए-दावत  कहा जाता है) प्राप्त कर सकते हैं। जब लोग दरगाहों की ज़ियारत करते हैं तो वे संत के आध्यात्मिक आशीर्वाद यानी बरक़त की कामना करते हैं। सूफी यह मानते हैं कि संत अपनी मृत्यु के बाद भी रूहानी तौर पर मार्गदर्शन या बरकत देने में सक्षम होते हैं।

दरगाहों का सूफ़ीवाद में मौलिक भूमिका है और सूफ़ी संतों के अनुयायियों के लिए वे अत्यंत धार्मिक महत्व रखते हैं। पैगंबर साहब की एक हदीस में कहा गया है कि, "जो मेरी क़ब्र पर जाएगा, वह मेरी हिमायत का हकदार होगा"। दरगाहों पर प्रार्थना या सेवा की पेशकश के बाद उनकी इच्छाएं पूरी होती हैं। भक्त दरगाहों पर फूल चढाते हैं, चिराग जलाते हैं, प्रार्थना करते हैं, मन्नत मांगते हैं और लंगर के लिए योगदान देते हैं। दरगाहों में उस संत की सेवा करने के लिए संसार त्यागी दरवेश रहते हैं। ये दरवेश स्वयं भी शेख़ या औलिया हो सकते हैं। उनके मुरीद भी होते हैं जिन्हें वे आध्यात्मिक शिक्षा देते हैं।

दरगाहें बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों, जातियों और वर्गों के लोगों के लिए खुली रहती हैं। यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समान रूप से मन्नतें मांगते हैं और चादर चढ़ाते हैं। दरगाहों में होने वाली कव्वाली और रूहानी संगीत प्रेम, भक्ति और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश फैलाते हैं (जैसे अमीर खुसरो की परंपरा)।

उर्स का स्थान सूफीमत में  सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र उत्सवों में से एक है। आमतौर पर किसी सूफ़ी संत की पुण्यतिथि पर उनकी दरगाह पर वार्षिक रूप से आयोजित किये जाने वाले उत्सव को उर्स कहा जाता है। 'उर्स' अरबी भाषा का शब्द है जिसका शाब्दिक अर्थ होता है विवाह, यानी पीर की आत्मा का ईश्वर से मिलन। सूफी विचारधारा में ईश्वर (अल्लाह) को 'प्रियतम' और सूफी संत की आत्मा को 'प्रेमिका' माना जाता है। सामान्य तौर पर जहाँ मृत्यु को शोक का अवसर माना जाता है, वहीं सूफी परंपरा में इसे एक उत्सव (जश्न) के रूप में मनाया जाता है। सूफियों का मानना है कि मृत्यु के दिन संत की आत्मा इस भौतिक संसार के बंधनों से मुक्त होकर अपने वास्तविक प्रियतम (ईश्वर) से जा मिलती है। इस अंतिम मिलन को 'विसाल' कहा जाता है। चूँकि यह आत्मा का परमात्मा से मिलन यानी एक 'रूहानी शादी' है, इसलिए इस दिन शोक मनाने के बजाय अत्यंत खुशी और उत्सव मनाया जाता है। पीर ईश्वर से एकीभूत हो जाते हैं, इस तरह वे पहले के बजाए उनके अधिक क़रीब हो जाते हैं। लोग आध्यात्मिक और ऐहिक कामनाओं की पूर्ति के लिए और उनका आशीर्वाद लेने के लिए पीर की दरगाह पर जाते हैं। लोग संत की समाधि पास फातिहा (क़ुरआन की पहली सूरत या आयत, सूफ़ी परंपरा में दिवंगत आत्माओं की शांति या बरकत के लिए उनकी कब्र पर की जाने वाली एक विशेष प्रार्थना) पढ़ते हैं। प्रत्येक दरगाह में उर्स का दिन उस दरगाह का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन होता है। संत की समाधि-स्थल पर खूब उत्सव मनाया जाता है और मेला लगता है। समय के साथ, उर्स के अवसर पर दरगाहों में पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति में दरवेशों और शेखों के संगीतमय गीतों ने क़व्वाली जैसी संगीत शैलियों को जन्म दिया, जिसमें सूफ़ी काव्यों को संगीत के साथ किसी मुर्शिद को भेंट के रूप में गाया जाता है। आज वे पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में संगीत और मनोरंजन का एक लोकप्रिय रूप बन गए हैं।

उर्स का उत्सव कई दिनों (आमतौर पर 3 से 6 दिन) तक चलता है और इसकी रस्में दरगाह के खादिमों या गद्दीनशीन (वंशज) द्वारा निभाई जाती हैं। उर्स की शुरुआत में संत की मज़ार (कब्र) को पवित्र केवड़े और गुलाब जल से धोया (ग़ुस्ल दिया) जाता है। इसके बाद मज़ार पर चंदन (संदल) का लेप लगाया जाता है। इसे ग़ुस्ल और संदल की रस्म कहा जाता है। सूफी संत की आत्मा की शांति, दुनिया में अमन-चैन और श्रद्धालुओं की मन्नतों के लिए पवित्र क़ुरआन का पाठ (क़ुरआन ख़्वानी) और विशेष सामूहिक प्रार्थनाएं की जाती हैं। उर्स के दौरान देश-विदेश से आने वाले जायरीन (श्रद्धालु), वीआईपी और विभिन्न संस्थाएं मज़ार पर मखमली और जरीदार सुंदर चादरें और गुलाब के फूल अर्पित करते हैं। रस्म-ए-कुल उर्स के समापन की मुख्य रस्म होती है, जिसमें आखिरी दिन विशेष दुआओं के साथ उत्सव का औपचारिक समापन होता है। उर्स की रातें संगीत और रूहानी ऊर्जा से भरपूर होती हैं। दरगाह के 'महफ़िल ख़ाने' में देश के नामी कव्वाल पूरी-पूरी रात सूफियाना कलाम और कव्वालियां पेश करते हैं। संगीत के माध्यम से भक्त भावविभोर होकर ईश्वर की भक्ति में लीन हो जाते हैं। उर्स के दौरान दरगाह की रसोई में बड़े पैमाने पर शाकाहारी और पारंपरिक भोजन (जैसे मीठे चावल या देग का भोजन) पकाया जाता है। अमीर हो या गरीब, जाति और धर्म का भेद मिटाकर हजारों-लाखों लोग एक साथ बैठकर लंगर छकते हैं। दरगाह के चारों ओर एक बड़ा मेला लगता है। इसमें तरह-तरह के पारंपरिक सामान, इत्र, धार्मिक पुस्तकें, सूफी संगीत की सीडी/सामान और चादर-फूलों की दुकानें सजती हैं।

महान सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की याद में इस्लामी महीने 'रजब' की 1 से 6 तारीख तक मनाया जाने वाला उर्स दुनिया का सबसे बड़ा उर्स माना जाता है, जहाँ लाखों हिंदू-मुस्लिम श्रद्धालु जुटते हैं। रबी-उल-आखिर महीने में दिल्ली की मशहूर दरगाह पर तीन दिवसीय हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का भव्य उर्स और कव्वाली का आयोजन होता है। अमीर खुसरो का उर्स (दिल्ली) निज़ामुद्दीन औलिया की दरगाह परिसर में ही ईद-उल-फितर (मीठी ईद) के ठीक 18 दिन बाद अमीर खुसरो का उर्स मनाया जाता है, जिसमें उनके लिखे सूफी ग्रंथों और गीतों का पाठ होता है।

मुंबई की बाबा हाजी अली शाह की दरगाह पूरे विश्व में आस्था का केंद्र है। इसकी स्थापना 1431 में हुई थी। बाबा हाजी अली उज़्बेकिस्तान के बुखारा प्रांत से सारी दुनिया का भ्रमण करते हुए भारत पहुंचे थे। ऐसा कहा जाता है कि वे एक बहुत ही समृद्ध परिवार से थे। मक्का की यात्रा के दौरान उन्होंने अपनी सारी दौलत नेक कामों के लिए दान कर दी। उसी यात्रा के दौरान उनका देहावसान हो गया। ऐसी मान्यता है कि उनका शरीर एक ताबूत में था और वह समुद्र में बहते हुए वापस मुम्बई आ गया। यहीं उनकी दरगाह बनवाई गयी। यह दरगाह भी सूफी वास्तुकला और सांप्रदायिक एकता की एक अनूठी मिसाल है।

बादशाह अकबर द्वारा बनवाया शेख़ सलीम चिश्ती की दरगाह, फ़तेहपुर सीकरी में है। मुगल सम्राट अकबर इनके बहुत बड़े भक्त थे। कहते हैं कि जब अक़बर ने संतान की प्राप्ति के लिए मन्नत माँगने अजमेर शरीफ, ख़्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर गए थे तो, वहाँ उसकी मुलाक़ात शेख़ सलीम चिश्ती से हुई थी। शेख़ ने अक़बर को संतान प्राप्ति का आशीर्वाद दिया था। कुछ समय बाद बादशाह को संतान प्राप्ति हुई। इसी ख़ुशी में अक़बर ने फतेहपुर सीकरी में इनका सुंदर सफेद संगमरमर का मकबरा बनवाया।

सुहरावर्दी तरीके के संत बहाउद्दीन ज़कारिया की दरगाह, मुल्तान, पाकिस्तान  स्थित दरगाहें काफी मशहूर दरगाहें हैं।

महरौली में स्थित कुतबुद्दीन बख्तियार काकी की दरगाह दिल्ली की सबसे पुरानी दरगाहों में से एक है। दिल्ली का प्रसिद्ध 'कुतुब मीनार' इन्हीं के सम्मान में समर्पित माना जाता है।

हज़रत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह दिल्ली के निजामुद्दीन में स्थित है। हजरत निजामुद्दीन औलिया चिश्ती सिलसिले के चौथे सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय संत थे। इनका जन्म 1238 ईस्वी में उत्तर प्रदेश के बदायूं में हुआ था। वे महान सूफी संत बाबा फरीद के शिष्य थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में दिल्ली सल्तनत के कई उतार-चढ़ाव देखे लेकिन हमेशा सत्ता और अमीरों से दूरी बनाए रखी। उनका मुख्य संदेश था,  "मोहब्बत सबके लिए, नफ़रत किसी से नहीं"। उन्हें आदर से 'महबूब-ए-इलाही' (ईश्वर का प्रिय) भी कहा जाता है। दक्षिणी दिल्ली में स्थित हज़रत निज़ामुद्दीन दरगाह अपनी रूहानी वास्तुकला और शांति के लिए जानी जाती है। हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया का मक़बरा 1325 में उनकी मृत्यु के बाद बनवाया गया। दरगाह के अन्दर उनके सबसे प्रिय शिष्य और प्रसिद्ध शायर अमीर खुसरो और मुग़ल राजकुमारी जहां आरा बेगम का मकबरा भी है। यहाँ हर बृहस्पतिवार की शाम को होने वाली कव्वाली दुनिया भर में मशहूर है, जो सूफी संगीत के जरिए खुदा से जुड़ने का माध्यम मानी जाती है।

हरिद्वार में स्थित पिरान कलियर शरीफ की दरगाह हरिद्वार के पास कलियारी नामक गांव में स्थित है। यह दरगाह अलाउद्दीन अली अहमद साबिर सूफ़ी संत को समर्पित है। ऐसा माना जाता है कि इस दरगाह का निर्माण अफगान शासक इब्राहिम लोधी द्वारा तेरहवीं शताब्दी में किया गया था।

श्रीनगर (कश्मीर) में शेख़ अब्दुल कादिर जिलानी का मकबरा है। चटगाँव में बाबा फरीद के नाम से मक़बरा है। हालाकि वे पकपतन (पंजाब) में मरे और वहीं दफ़नाए गए।

भारत में सबसे अधिक पूजनीय दरगाह ख़्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह है जिन्हें ग़रीब नवाज़ भी कहा जाता है। इनका जन्म 1143 ईस्वी में फारस (वर्तमान ईरान) के सीस्तान क्षेत्र में हुआ था। वे 12वीं शताब्दी के अंत में भारत (अजमेर) आए। गरीबों और असहायों के प्रति अगाध प्रेम के कारण लोग उन्हें आदर से 'गरीब नवाज' (गरीबों के मददगार) कहने लगे। राजस्थान के अजमेर में स्थित अजमेर शरीफ दरगाह देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। इसकी नींव दिल्ली सल्तनत के सुल्तान इल्तुतमिश ने रखी थी और बाद में मुगल शासकों (अकबर और शाहजहाँ) ने इसका विस्तार किया। इस दरगाह का सबसे पहला किताबी ज़िक्र चौदहवीं शताब्दी का है। मुहम्मद बिन तुग़लक़ (1324-51) पहला सुलतान था जो इस दरगाह पर आता था। किन्तु शेख़ की मज़ार पर सबसे पहली इमारत मालवा के सुलतान गियासुद्दीन ख़लजी ने पन्द्रहवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में बनवाई। सोलहवीं शताब्दी तक आते-आते अजमेर की यह दरगाह बहुत ही लोकप्रिय हो गयी। इस दरगाह को जानने वाले तीर्थयात्रियों के भजनों ने ही अक़बर को यहाँ आने के लिए प्रेरित किया। अक़बर यहाँ चौदह बार आया। कभी तो साल में दो-तीन बार भी आया। वह कभी नई जीत के लिए आशीर्वाद लेने आता था, तो कभी मन्नत के पूरी हो जाने पर तो कभी पुत्र के जन्म पर आता था।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां- सूफ़ीमत

संदर्भ : यहाँ पर   

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।