शनिवार, 28 नवंबर 2026

महात्मा गांधी हत्या केस-55

 महात्मा गांधी हत्या केस-55

8 नवंबर, 1948

गवाहों की परीक्षा और उनके साक्ष्य की रिकॉर्डिंग 6 नवंबर को संपन्न हुई थी। अभियोजन द्वारा पेश किए गए सबूतों की व्याख्या करने के लिए कहने पर कैदियों ने लंबे बयान दिए, लेकिन उन्होंने किसी गवाह को नहीं बुलाने का फैसला किया, हालांकि बचाव के लिए अदालत के सामने कई दस्तावेज पेश किए गए थे।

मुकदमे में साज़िशकर्ताओं का बचाव सरल था। गोडसे ने महात्मा गांधी पर पिस्तौल तानने और उन्हें घातक रूप से घायल करने की बात स्वीकार की; लेकिन उसने कहा कि यह उसका व्यक्तिगत कार्य था, और किसी और को इस बात से कोई सरोकार या जानकारी नहीं थी कि उसने क्या करने की योजना बनाई है। उसने यह बात स्वीकार नहीं की कि उसने और आप्टे ने 17 जनवरी को हवाई मार्ग से दिल्ली की यात्रा की, और फिर 27 जनवरी को, हर बार कल्पित नामों के तहत। उसने यह ज़रूर स्वीकार किया कि वह और आप्टे 17 जनवरी से 20 जनवरी तक झूठे नाम से नई दिल्ली के मरीना होटल में रुके थे। उसने ग्वालियर में डॉ. परचुरे के घर की संक्षिप्त यात्रा और इस तथ्य को स्वीकार किया कि उसने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपने लिए एक रिटायरिंग रूम बुक करते समय एक परिचारक को एक काल्पनिक नाम दिया था।

आप्टे ने स्वीकार किया कि दोनों अवसरों पर गोडसे के साथ दिल्ली की यात्रा की थी और अपनी पहली यात्रा के दौरान मरीना होटल में रुके थे। उसने ग्वालियर जाना और डॉ. परचुरे को देखना भी स्वीकार किया, लेकिन उसने इस बात से इनकार किया कि वह गोडसे के साथ वापस दिल्ली गया था। उसने कहा कि उसने गोडसे का साथ छोड़ दिया था और ग्वालियर से सीधे बॉम्बे लौट आया।

करकरे ने 17 जनवरी को पाहवा के साथ दिल्ली आना और बी.एन. ब्यास के नाम से शरीफ होटल में रहना स्वीकार किया। उसने महात्मा गांधी की हत्या के दिन दिल्ली की दूसरी यात्रा करने और वहां मौजूद होने से इनकार किया। उसने कथित साज़िश के बारे में पूरी तरह से अनभिज्ञता जताई।

शंकर ने अपने नियोक्ता, बड़गे के बयान का समर्थन करने के लिए बड़े पैमाने पर एक बयान दिया और दलील दी कि उसने केवल अपने मालिक के आदेशों का पालन किया था। लेकिन बाद में उसने अपने पिछले बयान को वापस ले लिया, और एक लिखित याचिका में बतलाया कि उसे अभियोजन पक्ष के आरोपों को स्वीकार करने के लिए पुलिस द्वारा मजबूर किया गया था। एक बार मामला अदालत के सामने रखने के बाद, निश्चित रूप से, उस पर कोई पुलिस प्रभाव नहीं डाला जा सकता था, और उसके बाद के उसके बयान निश्चित रूप से उसके सह-अभियुक्त द्वारा समझाने-बुझाने का परिणाम रहे होंगे।

गोपाल गोडसे ने साज़िश में अपनी भागीदारी से पूरी तरह इनकार किया और यहां तक कि इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि वह 18 जनवरी को दिल्ली गया था और 20 तारीख को वहां मौजूद था।

पाहवा का बचाव यह था कि वह अपने जैसे शरणार्थियों के साथ हो रहे व्यवहार के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त करने के लिए दिल्ली गया था। उसने जोर देकर कहा था कि उसने प्रार्थना-स्थल पर उपस्थित सभी लोगों से सुरक्षित दूरी पर बारूद के पलीते में विस्फोट किया था, ताकि उसके कृत्य से कोई नुकसान न हो।

डॉ. परचुरे ने कहा कि गोडसे और आप्टे उसके पास आए थे और उन्हें दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए कुछ स्वयंसेवकों को भेजने के लिए कहा था; लेकिन उसने इसके लिए  साफ इनकार कर दिया था। उसने इनकार किया कि उसने पिस्तौल मुहैया कराने में उनकी मदद की थी।

इस प्रकार बचाव पक्ष की दलील इस प्रकार थी कि: महात्मा गांधी की हत्या की कोई साज़िश नहीं थी। 20 जनवरी का विस्फोट और महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या क्रमशः पाहवा और नाथूराम गोडसे के व्यक्तिगत कार्य थे और दूसरों का उससे कोई लेना-देना नहीं था। हालांकि, अपने बचाव के समर्थन में बचाव पक्ष द्वारा कोई सबूत नहीं पेश किया गया था, और उन्होंने अभियोजन की कहानी की सत्यता को इस सिद्धांत पर चुनौती दिया कि एक बुरे मामले को खंडन की आवश्यकता नहीं है।

8 नवंबर को गवाही पूरी होने के बाद कोर्ट ने नाथूराम गोडसे से पूछा कि वो कुछ कहना चाहता है? इस पर गोडसे ने कहा कि वो 93 पन्ने का अपना बयान पढ़ना चाहता है। गोडसे ने 10:15 बजे से बयान पढ़ना शुरू किया। बयान पढ़ने से पहले उसने बताया कि लिखित बयान छह हिस्सों में है। गोडसे ने कहा कि पहले हिस्से में साज़िश और उससे जुड़ी चीज़ें, दूसरे हिस्से में गांधीजी की शुरुआती राजनीति, तीसरा हिस्सा गांधीजी की राजनीति के आख़िरी चरण, चौथा हिस्सा गांधीजी और भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई, पाँचवाँ हिस्सा आज़ादी के सपनों का बिखरना और आख़िरी हिस्सा 'राष्ट्र विरोधी तुष्टीकरण' की नीति है। गोडसे ने मीडिया से अपील की कि उसके बयान को कोई बिना संदर्भ के न छापे। 45 मिनट पढ़ने के बाद गोडसे कोर्ट रूम में ही चकराकर गिर गया। कुछ देर बाद उसने फिर से लिखित बयान पढ़ना शुरू किया और पूरा पढ़ने में पाँच घंटे का वक़्त लगा। इस दौरान वह बार-बार पानी पीता रहा। गोडसे ने अपने बयान का अंत 'अखंड भारत अमर रहे' और 'वंदे मातरम' के नारे से किया।

अदालत में गोडसे ने स्वीकार किया कि उसने ही गांधीजी को मारा है। अपना पक्ष रखते हुए गोडसे ने कहा, "गांधीजी ने देश की जो सेवा की है, उसका मैं आदर करता हूँ। उनपर गोली चलाने से पूर्व मैं उनके सम्मान में इसीलिए नतमस्तक हुआ था, किंतु जनता को धोखा देकर पूज्य मातृभूमि के विभाजन का अधिकार किसी बड़े से बड़े महात्मा को भी नहीं है। गाँधीजी ने देश को छल कर देश के टुकड़े किए। क्योंकि ऐसा न्यायालय और कानून नहीं था जिसके आधार पर ऐसे अपराधी को दंड दिया जा सकता, इसीलिए मैंने गाँधीजी को गोली मारी।"

गोडसे के इस बयान को चीफ़ प्रॉसिक्यूटर ने कोर्ट के रिकॉर्ड से हटाने का आग्रह किया और कहा कि ये पूरी तरह से महत्वहीन है। इस पर गोडसे ने कोर्ट में कहा कि भारत की वर्तमान सरकार पर उसे भरोसा नहीं है क्योंकि यह सरकार 'मुस्लिम-परस्त' है। हालाँकि जज आत्माचरण ने गोडसे के बयान को रिकॉर्ड से हटाने से इनकार कर दिया और कहा कि अदालतों में लिखित बयान स्वीकार किए जाते हैं। उस दिन भी कोर्ट रूम खचाखच भरा हुआ था। जज आत्माचरण ने नाथूराम से 28 सवाल पूछे। एक सवाल के जवाब में गोडसे ने कहा था, 'हाँ, गांधीजी को गोली मैंने मारी थी। गोली मारने के बाद एक आदमी ने मुझे पीछे से सिर पर मारा और ख़ून निकलने लगा। मैंने उससे कहा कि जो मैंने प्लान किया था वही किया और मुझे कोई पछतावा नहीं है। उसने मेरे हाथ से पिस्टल छीन ली। पिस्टल ऑटोमैटिक थी और डर था कि ग़लती से किसी और पर न चल जाए। उस आदमी ने मेरे ऊपर पिस्टल भिड़ा दी और कहा कि तुम्हें गोली मार दूँगा। मैंने उससे कहा कि मुझे गोली मार दो। मैं मरने के लिए तैयार हूँ"।

17 जनवरी 1949 को इस केस के आठवें अभियुक्त डॉक्टर दत्तात्रेय सदाशिव परचुरे ने 15 पन्नों का बयान कोर्ट में पढ़ा था। उसने अपने बयान में कहा था, ''मैं नथूराम गोडसे को जानता हूँ। वो आरएसएस में मुख्य संगठनकर्ता था। वो 'हिन्दू राष्ट्र' नाम से एक अख़बार निकालता था।''

पूरे सबूत, मौखिक और दस्तावेजी सहित फुलस्केप आकार के 1,131 मुद्रित पृष्ठ और साइक्लोस्टाइल वाले फुलस्केप पेपर के 115 पृष्ठों मात्रा थी।

***     ***  ***

मनोज कुमार

 

पिछली कड़ियां- महात्मा गांधी हत्या केस

संदर्भ : यहाँ पर

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।