हमीदुद्दीन नागौरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हमीदुद्दीन नागौरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

सूफ़ीमत... 22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-16

 

सूफ़ीमत के विभिन्न आयाम


22. सूफ़ी सिलसिला और भारत में सूफ़ीवाद-16


22.27 (ज) शेख़ हमीदुद्दीन नागौरी

क़ाज़ी शेख़ हमीदुद्दीन सुहरावर्दी नागौरी (निधन 1246 ई.) तेरहवीं शताब्दी के एक महान सूफ़ी संत, विद्वान और सुहरावर्दी सिलसिले के प्रमुख प्रचारक थे, जिन्हें भारत में सूफ़ी संगीत ('समा' या क़व्वाली) को लोकप्रिय बनाने और उसे धार्मिक वैधता दिलाने के लिए जाना जाता है। उनका मानना था कि इंसान को ईश्वर तक पहुंचने के लिए सांसारिक वस्तुओं का त्याग कर देना चाहिए। उसे सिर्फ़ और सिर्फ़ ईश्वर की ओर ध्यान लगाना चाहिए। उनका मानना था कि स्वयं को पहचानने से सत्य का द्वार खुलने लगता है।

उनका जन्म मध्य एशिया के बुख़ारा (वर्तमान उज़्बेकिस्तान) के एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। मुहम्मद ग़ोरी के साथ उनके पिता 1206 ई. में भारत आए। उनका असली नाम मुहम्मद बिन अता था और पिता का नाम शेख़ अताउल्लाह महमूद। इसी कारण से मोहम्मद अता के नाम से जाने जाने लगे। वे शायर भी थे और उनका तख़ल्लुस ‘हमीद’ था और वे हमीदुद्दीन सुहरवर्दी उपनाम से प्रसिद्ध हुए। शहाबुद्दीन ग़ोरी के शासन काल में पिता के देहांत के बाद उन्हें नागौर का क़ाज़ी (मुख्य न्यायाधीश) का ओहदा मिला जिस पर वे तीन साल तक बने रहे। इसी कारण वे क़ाज़ी हमीदुद्दीन नागौरी के नाम से मशहूर हुए। लगभग तीन वर्षों तक न्याय का कार्य करने के बाद, संसार से विरक्ति और आध्यात्मिक सत्य की खोज में उन्होंने क़ाज़ी का पद त्याग दिया और बग़दाद चले गए।

बग़दाद में उन्होंने शेख़ शिहाबुद्दीन उमर सुहरावर्दी र.अ. से बैअत हासिल किया और उनके ख़िलाफ़त के हक़दार बने। यहीं इनकी भेंट शैख़ शमसुद्दीन समरकंदी से भी हुई और इनसे भी बैअत किया, ख़िरका और ख़िलाफ़त हासिल की। फिर वे हज्ज के लिए गए। मक्का और मदीना की यात्रा के बाद वे दिल्ली लौट आए और सुल्तान शमसुद्दीन इल्तुतमिश के शासनकाल के दौरान दिल्ली में रहकर आध्यात्मिक शिक्षा दी। सुहरावर्दी सिलसिले के अन्य संतों के विपरीत, जो अक्सर संगीत से दूर रहते थे, क़ाज़ी हमीदुद्दीन नागौरी को 'समा' की महफ़िलों (आध्यात्मिक संगीत और नृत्य) से गहरा प्रेम था। दिल्ली के कट्टरपंथी उलेमाओं ने इसका विरोध किया और फ़तवे भी जारी किए, लेकिन क़ाज़ी साहब ने शास्त्रार्थ (बहस) में अपने गहरे धार्मिक ज्ञान से 'समा' को जायज़ साबित किया। उनके यहां क़व्वाली और वज्दो हाल की महफ़िल बुलंद रहती थी। उनका मानना था कि जो दुनिया से परहेज़ करते हैं, उनके लिए समाअ में शिरकत करना मुनासिब है। उनके प्रसिद्ध शिष्य शैख़ अहमद नहखानी, शैख़ आदनुद्दीन, शैख़ शाही मोतब और ख़्वाजा महमूद मुईनदुज हैं। वे कम बोलते थे और अपनी आंखें बंद किए रहते थे। उनके शिष्यों ने जब इसकी वजह जाननी चाही, तो उन्होंने कहा, "दो चश्म न दारम कि ई आलम रा बिह बीनम'' अर्थात  “मेरे पास दो आंखें नहीं हैं, जिससे मैं इस संसार को भी देख सकूं।” वे अरबी और फ़ारसी के प्रकांड विद्वान थे। उन्होंने तसव्वुफ़ (सूफ़ी दर्शन) पर 'लवाएह' और 'तवालिउश-शुमूस' जैसे प्रसिद्ध ग्रंथ लिखे। 1246 ई. में दिल्ली में उनका निधन हुआ। उनकी मज़ार दिल्ली के महरौली में उनके घनिष्ठ मित्र ख़्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख़्तियार काकी की दरगाह के बिल्कुल निकट स्थित है।

22.27 (झ) शेख़ जलालउद्दीन तबरेज़ी र.अ.

तेरहवीं शताब्दी के एक महान सूफ़ी संत और सुहरावर्दी सिलसिले के प्रमुख प्रचारक शेख़ जलालउद्दीन तबरेज़ी र.अ. ने बंगाल को अध्यात्मिक केन्द्र बनाकर सुहरवर्दिया परम्परा की ख़ानक़ाहें पूरे बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैला दी। उनका जन्म ईरान (फ़ारस) के प्रसिद्ध शहर तबरेज़ में हुआ था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा तबरेज़ के संत शेख़ अबू सईद तबरेज़ी से प्राप्त की। उनके निधन के बाद वे बग़दाद गए और सुहरावर्दी सिलसिले के संस्थापक शेख़ शिहाबुद्दीन उमर सुहरावर्दी के शिष्य (मुरीद) बने। हज यात्राओं के दौरान वे अपने गुरु की सेवा के लिए सिर पर एक अंगीठी (चूल्हा) और देग़ रखकर चलते थे, ताकि गुरु को जब भी भूख लगे, उन्हें तुरंत गर्म भोजन मिल सके।

वे अपने मित्र और गुरुभाई शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया मुल्तानी के साथ भारत आए और सुल्तान शमसुद्दीन इल्तुतमिश के शासनकाल में दिल्ली पहुँचे। सुल्तान ने उनका भव्य स्वागत किया और शाही महल के पास ठहराया। दिल्ली के उस समय के शेख़-उल-इस्लाम नज़्मुद्दीन सुग़रा के ईर्ष्यापूर्ण व्यवहार और षड्यंत्रों के कारण (जिनसे वे बाद में बेदाग़ साबित हुए) उन्होंने दिल्ली छोड़ दी और उत्तर प्रदेश के बदायूँ चले गए, जहां लखनौती में अपनी ख़ानक़ाह स्थापित की जिसमें लंगर की व्यवस्था भी थी। कहा जाता है कि बदायूँ में ही उन्होंने बालक ख़्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया को देखा और उनके महान आध्यात्मिक भविष्य की भविष्यवाणी करते हुए आशीर्वाद दिया।

बदायूँ के बाद वे बंगाल चले गए और मालदा ज़िले के हज़रत पांडुआ और देवतला को अपना केंद्र बनाया। उनके सम्मान में देवतला का नाम 'तबरेज़ाबाद' भी पड़ा। उन्होंने पांडुआ में एक विशाल ख़ानक़ाह और लंगर (निःशुल्क भोजनालय) स्थापित किया, जहाँ बिना किसी भेदभाव के गरीबों और यात्रियों को भोजन कराया जाता था। बाद में बंगाल के सुल्तानों ने इस ख़ानक़ाह के खर्च के लिए बाइस हज़ार टका वार्षिक आय वाली भूमि दान की, जिसके कारण यह स्थान 'बाइस हज़ारी दरगाह' या 'बड़ी दरगाह' के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

बंगाल में उनकी लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि राजा लक्ष्मण सेन के दरबारी कवि हलायुध मिश्र द्वारा रचित संस्कृत ग्रंथ 'शेख़शुभोदया' में उनके आगमन और चमत्कारों का सम्मानपूर्वक वर्णन किया गया है। ऐतिहासिक स्रोतों के अनुसार उनका निधन 1225 ई. या 1244 ई. के आसपास बंगाल में हुआ।

बाद में इस सम्प्रदाय की तीन शाखाएं बनीं। मुल्तान शाखा सबसे प्रमुख और मूल शाखा थी, जिसकी स्थापना शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया ने मुल्तान (अब पाकिस्तान में) को केंद्र बनाकर की थी। इसे उनके पोते शेख़ रुकनुद्दीन अबुल फ़तह ने आगे बढ़ाया। इस शाखा के संतों के दिल्ली के सुल्तानों से मधुर संबंध थे और वे राज्य के संरक्षण और दान को स्वीकार करते थे।

उच्च (Uch) या जलालिया शाखा की स्थापना शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया के प्रमुख शिष्य सैयद जलालुद्दीन सुर्ख़पोश बुख़ारी ने उच्च (सिंध/पंजाब क्षेत्र) में की थी। बाद में उनके पोते सैयद जलालुद्दीन बुख़ारी 'मख़दूम-ए-जहानियाँ जहाँगश्त' ने इसे अत्यधिक लोकप्रिय बनाया, जिससे इस शाखा को 'जलालिया' के नाम से भी जाना जाने लगा।

बंगाल शाखा की नींव शेख़ जलालुद्दीन तबरेज़ी ने बंगाल (पांडुआ और देवतला) में रखी थी। उनके बाद बंगाल और बिहार में सुहरावर्दी सिलसिले की कई स्थानीय उप-शाखाएँ विकसित हुईं, जिनमें मनेर (बिहार) के शेख़ शर्फ़ुद्दीन अहमद यह्या मनेरी से जुड़ी फ़िरदौसिया शाखा भी शामिल है (जो मूल रूप से कुबराविया और सुहरावर्दी परंपराओं से निकली मानी जाती है)।

22.27 (त) सुहरवर्दी और चिश्तियों में भिन्नता

भारत के मध्यकालीन इतिहास में सुहरावर्दी और चिश्ती दोनों ही अत्यंत प्रभावशाली सूफ़ी सिलसिले (सम्प्रदाय) रहे हैं, लेकिन राजसत्ता से संबंध, जीवनशैली, संपत्ति रखने और आध्यात्मिक साधना के तरीक़ों में इनके बीच मौलिक भिन्नताएँ थीं। पंजाब, सिंध और बंगाल सुहरावर्दी क्रियाकलापों के केन्द्र बने। कई मामलों में इनके विचार चिश्तियों से भिन्न थे।

चिश्तियों ने धन का संचय आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग में बाधा माना। ये 'फ़क़्र' (गरीबी) और सादगी में विश्वास रखते थे। ये राजाओं द्वारा दी जाने वाली ज़मीन (जागीर) या स्थायी दान स्वीकार नहीं करते थे। लगभग सभी चिश्ती संतों ने सादगी का जीवन जिया। वे संसार के सभी प्राणियों से प्यार का भाव रखते थे। मानवता की सेवा में उन्होंने ख़ुद को समर्पित कर दिया था। सुहरावर्दी संपत्ति और धन रखने को बुरा नहीं मानते थे। इनका मानना था कि धन का उपयोग गरीबों की मदद और ख़ानक़ाह के संचालन में किया जा सकता है। सुहरावर्दी संप्रदाय के बहाउद्दीन ज़कारिया ख़ुद एक धनी व्यक्ति थे। उनका मानना था कि यदि इंसान इसका सही तरीक़े से इस्तेमाल करना जाने तो धन-दौलत एक बुरी चीज़ नहीं है। सुहरावर्दी सिलसिले के संत आराम की ज़िन्दगी जीते थे। वे अपने परिवार और बच्चों के लिए भी काफ़ी ख़र्च करते थे।

सत्ता के प्रति विचारों में भी दोनों संप्रदायों में काफ़ी अन्तर था। चिश्तियों ने दिल्ली के सुल्तानों और राजनीति से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। इनका मानना था कि सत्ता से जुड़ने पर आध्यात्मिकता नष्ट हो जाती है। सुहरावर्दी इनके साथ चलने में विश्वास रखते थे। शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया इल्तुतमिश के शासन काल में शेख़-उल-इस्लाम के पद पर रहते हुए सरकारी काम काज में सक्रिय भाग लेते थे। उनके ही पदचिह्नो पर चलते हुए शेख़ रुकनुद्दीन ने अलाउद्दीन खलजी के शासन काल में यह पद ग्रहण किया था। सुहरावर्दियों का मानना था कि शासक वर्ग से अच्छा संबंध रखने पर वे अपने काम और ज़्यादा प्रभावी तरीक़े से सम्पन्न कर सकते हैं। इसीलिए शेख़-उल-इस्लाम के अलावा उन्होंने सदर-ए-विलायत के पद भी स्वीकारे। वे अपने समर्थकों से भी कहते थे कि वे सुल्तान के निकट रहें, क्योंकि सुल्तान ईश्वर के चुने हुए प्रतिनिधि है। इसलिए उनके आदेश न मानना शरीयत के नियमों के विरुद्ध होगा। शेख़ रुक्नुद्दीन का भी मानना था कि धन की उन्हें आवश्यकता उसी तरह से है जिस तरह से आध्यात्मिक सिद्धि की, ताकि वे मुलाक़ातियों को सारी सुविधाएं प्रदान कर सकें।

राजभवन से नज़दीकी ने सुहरावर्दियों को आम जन से दूर कर दिया। उनकी धर्मदीक्षा कुछ चुने हुए खास लोगों तक ही सीमित रही। इसके विपरीत चिश्तियों ने अपनी ख़ानक़ाह के दरवाज़े जन-सामान्य के लिये खोल रखे थे। यहां सभी का स्वागत था। जबकि सुहरावर्दियों ने अपने ख़ानक़ाह में आम लोगों की उपेक्षा की, और कुछ खास धनी लोगों को ज़्यादा तवज़्ज़ो दी।

चिश्ती सिलसिले में संगीत की प्रमुखता थी, जबकि सुहरावर्दियों ने इसे नकार दिया था। सुहरावर्दी अधिक परंपरावादी थे। उन्हें लगता था कि ऐसा करके ही मुसलिम समाज को एक सूत्र में बांधे रखा जा सकता है। विचारधाराओं में इन विरोधाभासों के बावज़ूद सुहरावर्दी और चिश्ती सिलसिले की मतभिन्नता कोई गंभीर रूप धारण नहीं कर सकी क्योंकि दोनों ही शरीयत के पालन पर ज़ोर देते थे। हालांकि अपने उदार चरित्र के कारण चिश्ती सिलसिला सुहरवर्दी की तुलना में ग़ैर मुसलिम समाज में भी काफ़ी लोकप्रिय हुआ।

जीवनशैली और खानपान के मामले में चिश्ती कठोर तपस्या, उपवास और अत्यंत सादगीपूर्ण जीवन जीते थे। कई चिश्ती संत (जैसे शेख़ हमीदुद्दीन नागौरी) शाकाहारी थे। सुहरावर्दी का जीवन अपेक्षाकृत सुविधाजनक और व्यवस्थित था। ये कठोर उपवास के बजाय संतुलित जीवन पर ज़ोर देते थे।

दृष्टिकोण के मामले में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती और निज़ामुद्दीन औलिया जैसे संतों का मानना था कि सच्चा सूफ़ी वह है जो शासक के द्वार पर न जाए और केवल ईश्वर पर निर्भर रहे (तवक्कुल)। उन्होंने स्थानीय भाषाओं (हिन्दवी/पंजाबी) को अपनाकर आम भारतीय समाज में गहरी पैठ बनाई। सुहरावर्दी सिलसिला के शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया और उनके अनुयायियों का मानना था कि यदि सूफ़ी संत सुल्तानों के क़रीब रहेंगे, तो वे शासकों को न्यायपूर्ण बनाने और प्रजा की भलाई करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

22.28 सुहरावर्दी सम्प्रदाय के अंतर्गत उप-सम्प्रदाय

22.28 (क) जलाली सम्प्रदाय

जलाली सम्प्रदाय के प्रवर्तक बहावलपुर रियासत के सैयद जलालुद्दीन सुर्ख़पोश बुख़ारी (1192–1291 ई.) थे। इन्होंने जलालिया संप्रदाय की स्थापना उच्च (Uch) में की थी। यह सुहरावर्दी सिलसिले की सबसे प्रभावशाली शाखा बनी। वह शेख़ बहाउद्दीन ज़कारिया के प्रमुख शिष्य थे। बाद में उनके पोते मख़दूम-ए-जहानियाँ जहाँगश्त ने इसे पूरे उत्तर भारत और सिंध में फैलाया। इसके अनुयायी इस्लामी शरीयत के नियमों के कठोर पालन और 'जज़्बा' (आध्यात्मिक उन्माद) दोनों के समन्वय के लिए जाने जाते थे। जलाली फ़क़ीर गले में ऊन का हार पहनते हैं। वे लंगोटीधारी होते हैं। हाथ में सोंटा लिए हुए होते हैं। सर में काला सूत और हाथ में तावीज़ धारण करते थे। सिंघ लिए रहते थे, और भावाविष्टावस्था में उसे बजाते थे। इस सम्प्रदाय के दीक्षितों को दाहिने हाथ के ऊपर जलाते हुए कपडे से एक छाप दे दिया जाता था। सर, मूंछ और भौंहें मुडवा देते थे। दाहिनी ओर एक चोटी छोड़ देते थे। अनंतपुर जिले के पेनुकोंडा नामक जगह पर इनके डेरा की बात कही जाती है। इसके अलावा पटियाला के गनौर और फिरोजपुर के  मसल्लिस तकिया में उनका डेरा है।

22.28 (ख) चिहल्तन सम्प्रदाय

यह सम्प्रदाय जलाली सम्प्रदाय से निकला है। चिहल्तन का अर्थ है चालीस देह। कहते हैं कि संतानोत्पत्ति की कामना से किसी स्त्री ने एक गोली के बदले चालीस गोलियां खा ली, और उसके चालीस बच्चे पैदा हुए।

22.28 (ग) मखदूमी सम्प्रदाय

यह उप-सम्प्रदाय जलालिया शाखा से ही निकला और इसके प्रवर्तक सैयद जलालुद्दीन बुख़ारी 'मख़दूम-ए-जहानियाँ जहाँगश्त' (1308–1384 ई.) थे। सूफ़ियों के बीच इनका स्थान बहुत ऊंचा है। ऐसा माना जाता है कि उन्होंने सारी धरती का भ्रमण कर लिया था और कई प्रमुख संतों से मिल चुके थे। ये दिल्ली के बादशाह फिरोजशाह के समय हुए थे। सैयद जलालुद्दीन बुख़ारी ने मक्का, मदीना और मध्य एशिया की व्यापक यात्राएँ कीं और विभिन्न सूफ़ी सिलसिलों से ख़िलाफ़त (अनुमति) प्राप्त की। इस कारण मख़दूमिया शाखा में सुहरावर्दी सिद्धांतों के साथ-साथ चिश्ती और क़ादरी परंपराओं का भी सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

22.28 (घ) मीराँशाही सम्प्रदाय

इसकी स्थापना गुजरात और मालवा क्षेत्र में सैयद मीराँ मुहम्मद शाह (सैयद जलालुद्दीन बुख़ारी के वंशज) द्वारा की गई। वे पहले ऊंछ में रहते थे बाद में लाहौर आकर बस गए। वे बादशाह अकबर के समय में थे। कहा जाता है कि इनके ही आशीर्वाद से अकबर ने चित्तौरगढ़ पर विजय प्राप्त की थी। इनकी मृत्यु 1604 में बटाला में हुई थी, लेकिन उन्हें लाहौर में दफ़नाया गया।

22.28 (च) इस्माईलशाही सम्प्रदाय

इस सम्प्रदाय के प्रवर्तक शेख़ हाफिज इस्माईल थे। वे मियाँ बद्दा के नाम से मशहूर थे। इनका जन्म 1286 में हुआ था। इनमें विलक्षण शक्ति थी। जो इनसे पढ़ने जाते थोड़े समय में ही हाफिज हो जाते। बहुत से लोग इनसे क़ुरआन पढ़ने आते। सईद जान मुहम्मद इनके उत्तराधिकारी थे। यह शाखा मुख्य रूप से सिंध और पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रही और स्थानीय लोक-संस्कृति के माध्यम से सूफ़ी संदेशों के प्रचार पर ध्यान केंद्रित किया।

22.28 (छ) दौलाशाही सम्प्रदाय

इसके प्रवर्तक शेख़ दौलाशाह थे। इनका जन्म 1581 में हुआ था। वे मुग़ल शासकों के समकालीन थे। उनकी मृत्यु 1676 में हुई। उनका मक़बरा गढ़ी शाह दौला, गुजरात में है। वे शाह सैदान सरमत्त के मुरीद थे बाद में उनके उत्तराधिकारी बने। गरीबों के वे सदय थे। हिन्दू, मुसलमान दोनों ही उन्हें बहुत सम्मान करते थे। इनकी कोई संपत्ति नहीं प्रति थी, भीख पर गुज़ारा करते थे। यह उप-सम्प्रदाय लोक-कल्याण और समाज सेवा के लिए प्रसिद्ध था। शाह दौला ने अपने अनुयायियों और दान से प्राप्त धन का उपयोग पुलों, कुओं, सड़कों और सराय के निर्माण में किया, जिसके कारण उन्हें 'दरियाई' (नदियों पर पुल बनाने वाला) कहा गया। इनके उत्तराधिकारी भावनशाह थे।

***  ***  ***

मनोज कुमार

पिछली कड़ियां- सूफ़ीमत

संदर्भ : यहाँ पर