मंगलवार, 23 सितंबर 2014

रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की 106वीं जयंती पर

images (2)रामधारी सिंह ‘दिनकर’

जन्म : रामधारी सिंह दिनकर का जन्म बिहार के मुंगेर (अब बेगूसराय) ज़िले के सिमरिया गांव में बाबू रवि सिंह के घर 23 सितम्बर 1908 को हुआ था।

शिक्षा और कार्यक्षेत्र : ढाई वर्ष की उम्र में पिता जी का देहांत हो गया। गांव से लोअर प्राइमरी कर मोकामा से मैट्रिक किया। 1932 में पटना विश्वविद्यालय के पटना कॉलेज से इतिहास में बी.ए. (प्रतिष्ठा) की परीक्षा पास करने के बाद वे कुछ दिनों के लिए बरबीघा उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक का काम किए। उसके बाद सरकारी नौकरी में चले आए और निबन्धन विभाग के अवर-निबंधक के रूप में 1934 से 1942 तक रहे। 1943 से 1945 तक सांग पब्लिसिटी ऑफीसर, फिर जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक पद पर 1947 से 1950 तक रहे। उसके बाद उन्होंने 1950 से 1952 तक लंगट सिंह महाविद्यालय, मुज़फ़्फ़रपुर के हिन्दी प्रध्यापक के अध्यक्ष पद को संभाला।

स्वंत्रता मिली और पहली संसद गठित होने लगी तो वे कांग्रेस की ओर से भारतीय संसद के सदस्य निर्वाचित हुए और राज्यसभा के सदस्य के रूप में 1952 से 1963 तक रहे। 1963 से 1965 तक भागलपुर विश्वविद्यालय के उपकुलपति भी रहे। अंततः 1965 से 1972 तक भारत सरकार के गृह-विभाग में हिन्दी सलाहकार के रूप में हिन्दी के संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए काफ़ी काम किया।

पुरस्कार व सम्मान :

१. ‘कुरूक्षेत्र’ के लिए काशी नागरी प्रचारिणी सभा, उत्तरप्रदेश सरकार और भारत सरकार सम्मान मिला

२. ‘संस्कृति के चार अध्याय’ के लिए उन्हें 1959 में साहित्य अकादमी से सम्मानित किया गया।

३. 1959 में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने उन्हें पद्म विभूषण से किया विभूषित किया।

४. भागलपुर विश्वविद्यालय के तात्कालीन कुलाधिपति और बिहार के राज्यपाल जाकिर हुसैन, जो बाद में भारत के राष्ट्रपति बने, ने इन्हें डी. लिट. की मानद उपाधि प्रदान की।

५. 1972 में ‘उर्वशी’ के लिए भारतीय ज्ञानपीठ के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मृत्यु : 24 अप्रैल 1974 को हृदय गति रुक जाने से उनका देहांत हो गया।

:: प्रमुख रचनाएं ::

:: काव्य रचनाएँ :: चक्रवाल, रेणुका , हुंकार, द्वन्द्वगीत, रसवंती, सामधेनी, कुरुक्षेत्र, बापू, धूप और धुआं, रश्मिरथी, नील कुसुम, नये सुभाषित, उर्वशी, परशुराम की प्रतीक्षा, हाहाकार,आत्मा की आंख, हारे को हरिनाम, संचयिता तथा रश्मि लोक।

:: गद्य रचनाएं :: मिट्टी की ओर, अर्द्धनारीश्वर, भारतीय संस्कृति के चार अध्याय, शुद्ध कविता की खोज, रेती के फूल, उजली आग, काव्य की भूमिका, प्रसाद, पंत और मैथिली शरण गुप्त, लोकदेव नेहरू, हे राम, देश-विदेश, साहित्यमुखी।

:: साहित्यिक योगदान ::

‘दिनकर’ जी के मानस पर तुलसीदास जी के ‘रामचरितमानस’ और मैथिलीशरण गुप्त और माखनलाल चतुर्वेदी की रचनाओं का काफ़ी प्रभाव पड़ा। देश का स्वतंत्रता संग्राम, विश्व-स्तर पर स्वातन्त्र्य-कामियों के संघर्ष, गांधी जी के कार्य और विचार, लेनिन के नायकत्व में निष्पादित क्रान्ति, भगत सिंह की और गणेश शंकर विद्यार्थी की शहादतें, स्वामी सहजानन्द सरस्वती का किसान आन्दोलन, स्वामी विवेकानन्द, राजा राममोहन राय, स्वामी दयानन्द सरस्वती, द्वितीय विश्वयुद्ध, आदि ने उनके मन पर गहरी छाप छोप छोड़ा।

‘दिनकर’ जी का मुख्य आधार है कविता। बारदोली सत्याग्रह के दौरान उनकी सर्वप्रथम प्रकाशित रचना ‘बारदोली विजय’ रीवां (मध्य प्रदेश) की ‘छात्र-सहोदर’ नामक पत्रिका में छपी थी, जिसमें राष्ट्रीयता के गीत थे।

1929 में पुस्तक रूप में ‘प्रणभंग’ नामक पहला खण्ड-काव्य प्रकाशित हुआ, जिसमें उन्होंने लिखा था,

तोड़ी प्रतिज्ञा कृष्ण ने, विजयी बनाने पार्थ को

अघ ने क्या, नय छोड़ना लखकर स्वजन के स्वार्थ को।

‘रे रोक युधिष्ठिर को न यहां, जाने दे उनको स्वर्ग धीर,

पर, फिरा हमें गाण्डीव-गदा, लौटा दे अर्जुन-भीम वीर।’

पंक्तियों के रचयिता राष्ट्रकवि के रूप में प्रसिद्ध दिनकर जी को राष्ट्रीयता का उद्घोषक और क्रान्ति का उद्गाता माना जाता है। उन्होंने आज़ादी के आंदोलन के दौतान लिखना शुरु किया था। ‘रेणुका’, ‘हुंकार’, ‘सामधेनी’ आदि की कविताएं स्वतंत्रता सेनानियों के लिए बड़ी प्रेरक साबित हुईं।

श्वानों को मिलता दूध-वस्त्र, भूखे बालक अकुलाते हैं,

मां की हड्डी से चिपक, ठिठुर जाड़ों की रात बिताते हैं।

युवती के लज्जा-वसन बेच जब व्याज चुकाये जाते हैं,

मालिक जब तेल-फुलेलों पर पानी-सा द्रव्य बहाते हैं,

पापी महलों का अहंकार तब देता मुझको आमंत्रण,

झन-झन-झन-झन-झन-झनन-झनन।

1935 में प्रकाशित ‘रेणुका’ में ‘दिनकर’ जी के राष्ट्रीय चेतना के प्रखर स्वर के साथ ही रोमांटिकता और कोमल भावनाओं की क्षीण धारा भी प्रकट हुई है।

फूलों की क्या बात? बांस की हरियाली पर मरता हूं।

अरी दूब, तेरे चलते, जगती का आदर करता हूं।

वह कोमल भावना ‘रसवन्ती’ में सुविकसित होती है। यह इनकी वैयक्तिक भावनाओं से युक्त श्रृंगार परक काव्य-संग्रह है।

पड़ जाता चस्का जब मोहक, प्रेम-सुधा पीने का,

सारा स्वाद बदल जाता है, दुनिया में जीने का।

मंगलमय हो पंथ सुहागिनी, यह मेरा वरदान,

हरसिंगार की टहनी-से, फूलें तेरे अरमान।

वही कोमल भावना ‘उर्वशी’ के रूप में मनमोहिनी सिद्ध हुई। ‘उर्वशी’ हिन्दी साहित्य का गौरव-ग्रन्थ है। यह कामाध्यात्म संबंधी महाकाव्य है, जिसमें प्रेम या काम भाव को आध्यात्मिक भूमि पर प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया गया है।

जब से हम-तुम मिले, न जानें कितने अभिसारों में

रजनी कर श्रृंगार सितासित नभ में घूम चुकी है,

जानें, कितनी बार चन्द्रमा को, बारी-बारी से,

अमा चुरा ले गयी और फिर ज्योत्सना ले आयी है।

राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सबसे ज्वलन्त रूप प्रकट हुआ है उनकी सुविख्यात लम्बी कविता ‘परशुराम की प्रतीक्षा’ में। इसमें कवि ने राष्ट्रीय गौरव की रक्षा के लिए भारतीय जनता के शौर्यभाव को जगाने के लिए अत्यंत ओजभाव से युक्त वाणी का प्रयोग किया है।

वे देश शांति के सबसे शत्रु प्रबल हैं,

जो बहुत बड़े होने पर भी दुर्बल हैं,

हैं जिनके उदर विशाल, बांह छोटी है,

भोथरे दांत, पर जीभ बहुत मोटी है।

औरों के पाले जो अलज्ज पलते हैं,

अथवा शेरों पर लदे हुए चलते हैं।

युद्ध और शान्ति की समस्या का द्वन्द्व ‘कुरुक्षेत्र’ में व्यक्त हुआ है।

क्षमा शोभती उस भुजंग को जिसके पास गरल हो

उसको क्या जो दंतहीन विषहीन विनीत सरल हो

गद्य में भी वे अप्रतिम रहे हैं। उनका गहन अध्ययन और सुगम्भीर चिन्तन गद्य में मार्मिक अभिव्यक्ति पाता है। उनके गद्यों में विषयों की विविधता और शैली की प्रांजलता के सर्वत्र दर्शन होते हैं। उनका गद्य साहित्य काव्य की भांति ही अत्यंत सजीव और स्फ़ूर्तिमय है तथा भाषा ओज से ओत-प्रोत। उन्होंने अनेकों अनमोल ग्रंथ लिखकर हिन्दी साहित्य की वृद्धि की। साहित्य अकादमी से पुरस्कृत ‘संस्कृति के चार अध्याय’ एक महान ग्रंथ है। इसमें उनकी गहन गवेषणा, सूक्ष्म अन्वेषण, भारतीय संस्कृति से उद्दाम प्रेम प्रकट हुआ है।

मानवता के प्रति प्रतिबद्धता, दलितों की दुर्दशा पर उत्साहपूर्ण रोष, गहन भारत-प्रेम और भारत-धर्म के परिपूर्णतम अभिव्यक्ति उनके साहित्य के सुन्दरतम लक्षण हैं।

दलित हुए निर्बल सबलों से, मिटे राष्ट्र उजड़े दरिद्र जन,

आह! सभ्यता आज कर रही असहायों का शोणित शोषण।

क्रान्ति-धात्रि कविते! जाग उठ, आडम्बर में आग लगा दे;

पतन, पाप, पाखण्ड जलें, जग में ऐसी ज्वाला सुलगा दे।

उन्होंने काव्य, संस्कृति, समाज, जीवन आदि विषयों पर बहुत ही महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए हैं।

ऋण-शोधन के लिए दूध-घी बेच-बेच धन जोड़ेंगे,

बूंद-बूंद बेचेंगे, अपने लिए नहीं कुछ छोड़ेंगे।

शिशु मचलेंगे, दूध देख, जननी उनको बहलाएगी,

मैं फाड़ूंगा हृदय, लाज से आंख नहीं रो पायेगी।

इतने पर भी धनपतियों की उनपर होगी मार,

तब मैं बरसूंगी बन बेबस के आंसू सुकुमार।

उनका अन्तिम कविता-संग्रह ‘हारे को हरि नाम’ 1971 में प्रकाशित हुआ।

आधुनिक हिन्दी काव्य के पुरोधा, मिट्टी की सुगंध के अमर गायक, प्राची के आलोकधन्वा और युगधर्म की हुंकार राष्ट्रकवि स्वर्गीय रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की रचनाओं का स्वर युगधर्म की हुंकार माना जा सकता है। छायावाद की कुहेलिका को चीरकर आधुनिक हिन्दी काव्य कमल को जीवन की वास्तविकता एवं मिट्टी की गंध से परिपूरित करने वाले मानवतावादी ‘दिनकर’ ने दलितों, पीड़ितों के उद्धार का आदर्श भी प्रस्तुत किया है। वस्तुतः यही वह मूल प्रयोजन है जो आधुनिक युग जीवन को गौरव और अर्थकत्ता प्रदान करता है। साथ ही आर्थिक विषमता, रंगभेद, नीति, जाति, कुल सम्प्रदाय एवं साम्राज्यवाद से पीड़ित विश्व-मानव से रिश्ता जोड़ता है।

सोमवार, 22 सितंबर 2014

सत्याग्रह का आंदोलन फिर से …

गांधी और गांधीवाद-159

सत्याग्रह का आंदोलन फिर से …

1913

शादियां अवैध घोषित कर दी गई

उधर जनरल स्मट्स के धोखे से भारतवासियों का रोष बढ़ रहा था। इस बीच उच्चतम न्यायालय के बाई मरियम के एक मुकदमे के फैसले ने आग में घी का काम किया। इस घटना ने स्त्रियों को भी लड़ाई में शामिल कर लेने का मौका दे दिया। तीन पौंड के कर को हटा लिए जाने के गोखले को दिए गए वादे को निभाने के विपरीत, भारतीय वहां के सर्वोच्च न्यायालय के एक फैसले से और भड़क उठे, जिसके अनुसार हिंदू, मुस्लिम और पारसी रीति-रिवाज़ से सम्पन्न दक्षिण अफ्रीका में गैर-ईसाइयों की शादियां अवैध घोषित कर दी गई। भारत के अधिकांश विवाहित लोग दक्षिण अफ़्रीका गए थे और उनमें से कुछ ने वहीं विवाह किया था। भारत में सामान्य विवाहों की रजिस्ट्री कराने का क़ानून तो था नहीं। धार्मिक क्रिया ही काफ़ी समझी जाती थी। दक्षिण अफ़्रीका में भी भारतीयों के लिए यही प्रथा होनी चाहिए थी।

हुआ यह कि केपटाउन के एक मुसलमान व्यापारी हसन ईसप की पत्नी बाई मरियम भारत से आई थी। इमीग्रेशन वालों ने उसे अफ़्रीका की धरती पर उतरने नहीं दिया। उसके परिजनों ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। हाई कोर्ट के जज सरले ने फैसला दिया कि पत्नी को पति के साथ रहने का पूरा हक़ है। लेकिन यह सवाल भी उठाया कि यह महिला वास्तव में पत्नी है कि नहीं यह तभी माना जाएगा जब उसके विवाह का क़ानूनी सबूत न पेश किया जाए। दक्षिण अफ़्रीका के क़ानून में वही विवाह जायज माना जाएगा जो ईसाई धर्म की रीति से सम्पन्न हुआ हो और जिसकी रजिस्ट्री विवाह के अधिकारी के यहां करा ली गई हो। हिंदू, मुसलमान, पारसी शादियां तो धार्मिक रीति से होती है। इसका कोई क़ानूनी दस्तावेज़ नहीं होता। कोई लिखित सबूत नहीं होता। इसलिए कोई क़ानूनी सबूत न होने के कारण उस महिला को दक्षिण अफ़्रीकी सरकार ने वापस भारत भेज दिया।

सत्याग्रह का आंदोलन को फिर से प्रज्ज्वलित

इस फैसले ने भारतवासियों को जड़मूल से अफ़्रीका से निकाल देने की स्थिति खड़ी कर दी। इस फैसले का अर्थ यह था कि जो शादियां सरकारी क़ाग़ज़ातों में दर्ज़ हों, वही मान्य होंगी। बाक़ी शादिया अवैध मानी जाएंगी। अर्थात विवाहित पत्नी का दर्ज़ा एक रखैल के बराबर हो गया था। ऊपर से उनके बच्चों को नाजायज़ होने के नाते पिता की संपत्ति का भी कोई अधिकार नहीं रहेगा। भारतीयों की मृत्यु के उपरांत उनकी संपत्ति सरकार हड़प सकती थी। यह एक ऐसी स्थिति थी, जिसे स्त्री-पुरुष दोनों नहीं सह सकते थे। यह भारतीयों के अपमान की पराकाष्ठा थी। इस फैसले से पूरे देश में भारतीय भड़क गए। इतना तो किसी अन्य बात ने भारतीयों को आहत नहीं किया था। इस फैसले ने लगभग बंद पड़े सत्याग्रह के आंदोलन को एक बार फिर से प्रज्ज्वलित कर दिया। उक्त निर्णय के विरुद्ध अपील की जाए या नहीं, इस पर विचार करने के लिए सत्याग्रह-मंडल की बैठक हुई। सभी ने निश्चय किया कि ऐसे मामले में अपील हो ही नहीं सकती। गांधी जी ने पत्र आदि लिख कर यह प्रयास किए कि सरकार अपनी भूल सुधार ले। लेकिन मदांध सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। 10 मई 1913 को गांधी जी ने सरकार के साथ हुए पत्र-व्यवहार को ‘इंडियन ओपिनियन’ में प्रकाशित कर दिया। इस पत्र के प्रकाशन से सत्याग्रह की अनिवार्यता लोगों की समझ में आ गई।

महिलाएं भी सत्याग्रह में

गांधी जी ने भारतीय समुदाय के बंधुआ मज़दूरों कुछ वीर स्त्रियां सत्याग्रह में शामिल होने की मांग पहले भी कर चुकी थीं। जब बिना परवाना दिखाए फेरी करके जेल जाना शुरू हुआ था, तब फेरी करने वालों की स्त्रियों ने भी जेल जाने की इच्छा प्रकट की थी। पर उस वक़्त परदेश में स्त्रीवर्ग को जेल भेजना गांधी जी को अयोग्य जान पड़ा था। इसके साथ-साथ यह भी दिखाई दिया था कि जो क़ानून खास तौर पर मर्दों पर लागू होता हो उसको रद्द कराने में स्त्रियों को शामिल करना उचित नहीं है। इतने वर्षों से चल रहे सत्याग्रह आंदोलन में सत्याग्रहियों की ओर से नैतिक आचार-विचार का बड़ा ऊंचा स्तर रखा गया था। उन्होंने कभी सरकार को तंग करके अनुचित लाभ नहीं लिया। हर कदम पर सरकार को मौक़ा दिया, ताकि वह अत्याचारी नीति बदल सके। इसीलिए गांधी जी ने महिलाओं को सत्याग्रह आंदोलन में शामिल नहीं होने दिया था। उनकी आड़ लेकर वे विपक्ष के साथ अन्याय नहीं करना चाहते थे। वे सरकार को बदनाम नहीं करना चाहते थे कि उसने महिलाओं को भी कष्ट दिया। लेकिन इस बार तो स्त्रियां, जिनका खास तौर से अपमान होता था, उन्हें लगा कि इस अपमान को दूर करने के लिए वे भी बलिदान हो जाएं तो अनुचित न होगा। हुआ भी यही, अब स्त्रियों को रोकना संभव नहीं था। इस बार तो, घर-घर की महिलाएं, जो अब तक आंदोलन में सक्रिय नहीं थीं, भी आंदोलन में कूद पड़ीं। उनमें बलिदान की मशाल जल उठी। इस अन्याय को सह पाना असंभव हो गया था। लोग स्वाभिमान की रक्षा में मर-मिटने को तैयार थे। अब सत्याग्रह को विशाल मंच मिल गया था।

सबसे पहले टॉल्सटॉय फार्म की महिलाओं ने अपनी मान-मर्यादा की रक्षा के लिए सत्याग्रह करने का निश्चय किया। गांधी जी ने तय किया कि महिलाओं का एक जत्था बिना अनुमति के ट्रांसवाल से नेटाल जाएगा। इनमें से कई महिलाओं की गोद में बच्चे थे, लेकिन अपनी इज़्ज़त की रक्षा के लिए वे सारे कष्ट सहने को तैयार थीं। ग्यारह महिलाओं का एक जत्था क़ानून भंग करने के आशय से ट्रांसवाल की सरहद से बिना परमिट नेटाल प्रांत में प्रवेश किया। लेकिन सरकार ने उन्हें गिरफ़्तार नहीं किया। अपराध करके जेल जाना आसान है। निर्दोष होते हुए अपने-आपको गिरफ़्तार करना कठिन है। जो अपनी ख़ुशी से और निरपराध होते हुए जेल जाना चाहता है उसको पुलिस तभी पकड़ती है जब वह इसके लिए लाचार हो जाती है। उन बहनों का पहला यत्न विफल हुआ। अब उन महिलाओं के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि वह किस तरह अपने-आपको गिरफ़्तार कराएं।

अब गांधी जी ने सोचा कि फीनिक्स के अपने साथियों को इस आंदोलन में लगाएंगे। फिनिक्स में रहनेवाले गांधी जी के अंतरंग सहयोगी और संबंधी थे। यह सोचा गया कि अख़बार चलाने के लिए जितने आदमी चाहिए उतने आदमियों और सोलह बरस से नीचे के लड़के-लड़कियों को छोड़कर बाक़ी सबको जेल-यात्रा के भेज दिया जाए। इस सोलह आदमियों की मंडली को सरहद लांघकर ट्रांसवाल में बिना परवाने के प्रवेश करने के अपराध में गिरफ़्तार कराना था। इस कदम की बात किसी को नहीं बताई गई, नहीं तो पुलिस को पता चल जाने का ख़तरा था। यह भी तय किया गया कि पुलिस को नाम-पता भी नहीं बताना था, नहीं तो यदि वे जान जाते तो शायद उन्हें पता चल जाता कि वे सभी गांधी जी के सहयोगी हैं। इसके साथ-साथ यह भी तय किया गया कि उन बहनों को भी नेटाल में दाखिल होना है जो ट्रांसवाल में दाखिल होने का विफल प्रयत्न कर रही थीं। तय हुआ कि पुलिस इन बहनों को पकड़ें तो ये अपने-आपको नेटाल में गिरफ़्तार करा दें और यदि ना पकड़ें तो नेटाल के कोयले खानों के केन्द्र न्यूकैसल में जाकर वहां के गिरमिटिया मज़दूरों से खानों से निकल आने का अनुरोध करें। मज़दूर यदि इन बहनों की बात सुनकर काम छोड़ दें तो सरकार मज़दूरों के साथ-साथ उन्हें भी गिरफ़्तार किए बिना नहीं रहती। यह सब योजना बनाकर गांधी जी फिनिक्स गए।

कस्तूरबाई ने सत्याग्रहियों के जत्थे का नेतृत्व किया

फिनिक्स में गांधी जी ने सबके साथ बातें की। उन्होंने वहां रहनेवाली महिलाओं के साथ जेल जाने के संबंध में मशवारा किया। उन्हें डर था कि कसौटी के समय डरकर या जेल में जाने के बाद वहां के कष्ट से घबराकर माफ़ी न मांग लें। कस्तूरबा के बारे में तो उन्होंने निश्चय कर लिया था कि उनको जेल जाने के बारे में कभी नहीं कहेंगे। दूसरी महिलाओं से तो उन्होंने बात की पर इस विषय में कस्तूरबा से उन्होंने कोई बात नहीं की। महिलाओं ने तुरंत ही जेल जाने के लिए हामी भर दी और गांधी जी को विश्वास दिलाया कि कैसे भी कष्ट क्यों न सहने पड़े, वे अपनी सज़ा की मुद्दत पूरी करेंगीं। जब कस्तूरबा ने फीनिक्स आश्रम में गांधी जी को कुछ भारतीय महिलाओं के साथ उनके सत्याग्रह में शामिल होने की बात करते सुना, तो उन्होंने गांधी जी से पूछा, “मुझे दुख है कि आप मुझसे इस जेल जाने के संबंध में कुछ नहीं कह रहे। मुझमें क्या खराबी है कि मैं जेल नहीं जा सकती? जिस रास्ते पर चलने की सलाह आप औरों को दे रहे हैं उस पर मैं भी चलना चाहती हूं।”

गांधी जी यह नहीं चाहते थे कि कोई उनके कहने से जेल जाए। उनका मानना था कि सत्याग्रह तो स्व-प्रेरणा से ही टिक सकता है। भारतीय पत्नी तो पति की सब इच्छाओं को आज्ञा समझ कर पालन करती हैं। लेकिन ऐसी आज्ञाकारिता हृदय, बुद्धि से उद्भावित न हो, तो ऐन मौक़े पर हिम्मत और आस्था टूट जाएगी. तब और भी दुख की बात हो जाएगी। इसलिए गांधी जी कस्तूरबाई से कुछ भी कहने से हिचकिचाते थे। गांधी जी कस्तूरबाई के स्वास्थ्य के बारे में चिंतित थे, और उनके प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा, “तू अभी कमज़ोर है। अनाज नहीं खाती है। ऐसी हालत में तू कारावास कैसे सहेगी?”

कस्तूरबा ने कहा, “लेकिन ऐसे अधम क़ानून के सामने लड़ना ही चाहिए न।”

गांधी जी बोले, “जेल में बड़े दुख सहने पड़ते हैं। यह बच्चों से पूछ कर देख।”

कस्तूरबा ने कहा, “मगर इससे क्या? जेल में जो यातना पड़ेगी मैं सह लूंगी। सत्याग्रहियों की लिस्ट में मेरा नाम प्रथम लिखना।”

गांधी जी ने बा को इसकी इजाज़त दे दी। कस्तूरबाई ने सत्याग्रहियों के पहले जत्थे का नेतृत्व किया। गिरफ़्तारी देने के लिए जत्थे में कस्तूरबा, रामदास गांधी, छगनलाल और जेकी के अलावा बारह और शामिल थे, का एक दल बनाया गया। 16 सितम्बर 1913 को फीनिक्स से फोक्सरस्ट रवाना होने की पूर्व संध्या को सत्याग्रह के यात्रियों को गांधी जी ने अपने हाथ का पका सुस्वादु भोजन कराया। उसमें चपातियां, सब्जियां, टमाटर के चटनी और खजूर के साथ बनाया गया मीठा चावल शामिल था।