गुरुवार, 10 अप्रैल 2025

320. नमक सत्याग्रह, दांडी मार्च-2

राष्ट्रीय आन्दोलन

320. नमक सत्याग्रह, दांडी मार्च-2



1930

नमक क़ानून तोड़ने के लिए दांडी यात्रा

गांधीजी ने ऐलान कर दिया 12 मार्च को प्रातः काल नमक सत्याग्रह आन्दोलन शुरू हो जाएगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल सत्याग्रहियों और गांधी जी को सहयोग करने के लिए गांव वालों को तैयार करने बोरसद गए हुए थे। वहां उन्होंने जोशीला भाषण दिया जिसके कारण उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। नमक सत्याग्रह की यह पहली आहुति थी। इसे गांधीजी ने लड़ाई का शुभ-शकुन माना। दूसरे दिन 75,000 लोगों की भीड़ ने साबरमती में एक जनसभा की और गांधी जी की उपस्थिति में एक प्रस्ताव पारित किया कि हम उसी पथ पर चलेंगे जिस पर सरदार वल्लभभाई चले। तबतक शांत नहीं बैठेंगे जबतक देश को आज़ाद नहीं कर लेते। ... और न ही सरकार को शांत रहने देंगे। नमक सत्याग्रह सविनय अवज्ञा आन्दोलन था। गांधीजी ने कहा, “यदि भारत के लाखों गांवों के प्रत्येक गांव से दस आदमी आगे आएं और नमक क़ानून का उल्लंघन करें, तो आपके विचार से सरकार क्या कर सकती है? बहुत ही क्रूर और निरंकुश तानाशाह भी शान्तिपूर्ण ढंग से विरोध करने वालों के समूहों को तोप के मुंह पर नहीं रख सकता। हम बहुत ही थोड़े समय में इस सरकार को थका देंगे। हमारे उद्देश्य में न्याय का बल है, हमारे साधन पवित्र हैं। सत्य पर अटल रहे तो सत्याग्रहियों की कभी हार नहीं हो सकती।”

गांधीजी ने लोगों को सत्याग्रही होने का मतलब समझाया। एक सत्याग्रही सब मनुष्यों को अपना भाई मानता है। उसे यह विश्वास होता है कि प्रेम और आत्म पीड़न से उसके प्रतिपक्षी के हृदय में भी परिवर्तन अवश्य होगा। सत्याग्रही को यह पूर्ण विश्वास होता है कि प्रेम की शक्ति इतनी महान है कि वह कड़े से कड़े पत्थर दिल को भी पिघला देती है। सत्याग्रह शांति का मार्ग है। यह मार्ग किसी के दिल में वैसी कड़वाहट उत्पन्न नहीं करता, जैसी कि हिंसा। कायरता और प्रेम साथ-साथ नहीं रहते। एक सत्याग्रही में इतना साहस और प्रेम होना होना चाहिए कि वह हिंसा का सामना कर सके और फिर भी अपने प्रतिपक्षी से प्रेम करे और उसके हृदय-परिवर्तन का प्रयत्न करे। सत्याग्रही का भय रहित होना और सत्य में अटल विश्वास उसको इतना साहस देता है कि वह किसी भी बुराई को ललकार सकता है चाहे उसके रास्ते में कितनी ही बाधाएं क्यों न हों। सत्याग्रही अपने प्रतिपक्षी की सहज बुद्धि एवं नैतिकता को शब्दों, पवित्रता, विनय, ईमानदारी और आत्म पीड़न द्वारा प्रभावित करता है। सत्याग्रही के ध्येय और साधन दोनों में ही पवित्रता होनी चाहिए। सत्याग्रहियों के लिए गांधीजी ने नियम बनाए,

1.    सत्याग्रही प्रतिपक्षी के प्रति गुस्सा नहीं करेगा,

2.    वह प्रतिपक्षी के गुस्से का सामना अहिंसा से करेगा।

3.    प्रतिपक्षी के हमले को सहेगा और पलटकर हमला नहीं करेगा,

4.    जब कोई अधिकारी उसे गिरफ़्तार करना चाहेगा, तो वह गिरफ़्तार हो जाएगा,

5.    अपने प्रतिपक्षी का अपमान नहीं करेगा,

6.    यूनियन जैक को सलाम नहीं करेगा और न ही उसका अपमान करेगा, और

7.    आन्दोलन के दौरान यदि कोई अन्य व्यक्ति किसी सरकारी अधिकारी का अपमान या उस पर हमला करता है, तो सत्याग्रही को उसे बचाना होगा।

जेल भेजे गए सत्याग्रहियों के लिए भी गांधीजी ने आचार संहिता बनाई।

1.    जेल के अधिकारियों के साथ शिष्ट व्यवहार करेगा,

2.    जेल के अनुशासन को मानेगा,

3.    अन्य साधारण क़ैदियों से स्वयं को ऊंचा नहीं समझेगा,

4.    अपने प्रति विशेष बर्ताव की मांग नहीं करेगा,

5.    जेल का भोजन खाना होगा,

6.    यदि भोजन गन्दे बर्तनों में और गाली-गलौज के साथ दिया जाए, तो खाने से मना कर देगा।

उन्होंने लोगों को यह भी समझाया कि सत्याग्रह का जो तरीका अपनाया सकता था, वह था उपवास, अहिंसा, धरना, असहयोग, सविनय अवज्ञा और क़ानूनी दण्ड। वे सत्याग्रही से खद्दर पहने की अपेक्षा रखते थे।

नमक क़ानून तोड़ने के लिए दांडी यात्रा

दक्षिण अफ़्रीका में जातीय (नस्ली) भेदभाव और भारत में विदेशी शासन के ख़िलाफ़ महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए सभी सत्याग्रह आंदोलनों में नमक सत्याग्रह, राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक दमन, शोषण व अन्याय के ख़िलाफ़ अहिंसक प्रतिरोध का सबसे दमदार व सटीक उदाहरण है। यह गांधी जी की अद्भुत कार्यशैली और प्रतिभा ही थी, जिसने साबित किया कि नमक के ख़िलाफ़ सविनय अवज्ञा अकेले ही समूचे राष्ट्र को आंदोलित व स्पंदित कर उसे ‘पूर्ण स्वराज’ की प्राप्ति के रास्ते पर अग्रसर कर सकता है। नमक सत्याग्रह कहां से आरम्भ हो, उस जगह का चुनाव करने के लिए तीन सदस्यों की समिति बनाई गई। समिति ने कई दिनों की खोज-बीन और सोच-विचार के बाद नवसारी के निकट डांडी को चुना। समिति ने अपनी सिफ़ारिश सरदार पटेल को सौंप दी। उन्होंने गांधीजी से इसकी मंजूरी ले ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने स्वयंसेवकों की भर्ती करके उन्हें भीड़ को नियंत्रित करने का प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया।

सत्याग्रह का समाचार पूरे संसार में फैल गया। लोग अहमदाबाद आने लगे। अभियान की शुरुआत से पहले के कुछ दिन काफ़ी तनाव भरे थे। 5 मार्च को गांधीजी ने आश्रम के निवासियों से कहा, 12 मार्च को प्रातः काल आन्दोलन शुरू हो जाएगा। मेरे साथ भाग लेने वालों को सात दिन में तैयार हो जाना चाहिए। ईश्वर पर विश्वास और प्रत्येक व्यक्ति को अपने साथ गीता एक प्रति रखनी होगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल सत्याग्रहियों और गांधी जी को सहयोग करने के लिए गांव वालों को तैयार करने बोरसद गए हुए थे। वहां उन्होंने 7 मार्च को भाषण देते हुए कहा, शादी-ब्याह पर समारोह मनाना छोड़ दो। जो लोग ताकतवर सरकार से लड़ रहे हैं, वे अपना समय इन चीज़ों में नष्ट नहीं कर सकते। मैं जानता हूं कि तुममें से कुछ लोगों को अपनी ज़मीनें ज़ब्त हो जाने का डर है। लेकिन ज़ब्ती क्या है? क्या वे तुम्हारी ज़मीन अपने साथ इंग्लैण्ड ले आएंगे? मैं तुम्हें निडर बनाना चाहता हूं। ऐसे जोशीले भाषण देने के कारण उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। नमक सत्याग्रह की यह पहली आहुति थी। इसे गांधीजी ने लड़ाई का शुभ-शकुन माना। दूसरे दिन से प्रार्थना नदी के रेतीले तट पर होने लगी। 9 मार्च को 75,000 की भीड़ ने साबरमती में एक जनसभा की और गांधी जी उपस्थिति में एक प्रस्ताव पारित किया कि हम उसी पथ पर चलेंगे जिस पर सरदार वल्लभभाई चले। तबतक शांत नहीं बैठेंगे जबतक देश को आज़ाद नहीं कर लेते। ... और न ही सरकार को शांत रहने देंगे। 10 मार्च को प्रार्थना सभा में गांधीजी ने कहा, यदि भारत के लाखों गांवों में प्रत्येक गांव में से दस आदमी आगे आएं और नमक क़ानून का उल्लंघन करें, तो आपके विचार से सरकार क्या कर सकती है? बहुत ही क्रूर और निरंकुश तानाशाह भी शान्तिपूर्ण ढंग से विरोध करने वालों के समूहों को तोप के मुंह पर नहीं रख सकता। यदि आप केवल अपने को थोड़ा सक्रिय कर लें, मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम बहुत ही थोड़े समय में इस सरकार को थका देंगे। 11 मार्च को जो प्रार्थना सभा हुई, उसमें लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांधीजी ने कहा, “हमारे उद्देश्य में न्याय का बल है, हमारे साधन पवित्र हैं और भगवान हमारे साथ हैं। सत्य पर अटल रहे तो सत्याग्रहियों की कभी हार नहीं हो सकती। कल जो संग्राम शुरू हो रहा है, मैं उसके लिए प्रार्थना करता हूं।” रातभर लोगों की भीड़ जमा होती रही।

12 मार्च को सावरमती आश्रम में चहल-पहल चरम पर थी। आश्रमवासी तैयारियों में जुटे थे। इस आश्रम में राजनीति और आंदोलन संबंधी कोई बात गुप्त नहीं रखी जाती थी। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि जब ब्रिटिश अधिकारियों ने एक अंग्रेज़ पत्रकार को गांधी जी के “विद्रोही विचारों” का पता लगाने के लिए आश्रम भेज दिया। संवाददाता को डर था कि कहीं उसके प्रति लोग अपना गुस्सा और रोष न प्रकट करें। वह डरता-डरता आश्रम पहुंचा। उसे आश्रम से निकाल-बाहर नहीं किया गया, बल्कि आश्रम में उसका एक सम्मानित अतिथि के रूप में गांधी जी ने स्वागत किया। यही नहीं, उन्होंने एक आश्रमवासी को उसकी सुख-सुविधा व देखभाल के लिए नियुक्त कर दिया। गांधी जी की मित्रतापूर्ण मुस्कान और खुले दिल से किया स्वागत ने उस अंग्रेज़ पत्रकार का दिल जीत लिया।

12 मार्च 1930 को आश्रमवासी सुबह-सुबह उठ गए। सबने एक साथ प्रार्थना की और भजन गाया। पंडित खरे ने पहले “रघुपति राघव राजाराम” गाया फिर उन्होंने “जानकीनाथ सहाय करे तब कौन बिगाड़ करे नर तेरो” गाया। प्रार्थना के बाद गांधीजी बीमारों को देखने गए। चेचक के कारण तीन बालकों की उस समय मृत्यु हो गई थी। उसमें पंडित खरे का लड़का वसंत भी था। फिर भी दांडी कूच में सबसे आगे थे। सबों ने सफ़ेद खादी के वस्त्र पहन रखा था। प्रेमाबहन ने गांधीजी के शाल पर एक बिल्ला लटका दिया। मणिबहन पारिख ने गांधीजी का तिलक किया। सूत की गुण्डी पहनाई। करिश्माई व्यक्तित्व के धनी स्वतंत्रता आंदोलन के नेता महात्मा गांधी ने गांधी जी ने घोषणा की, “मैं नमक क़ानून तोड़ने के बाद ही आश्रम में वापस लौटूंगा।” सत्याग्रहियों का उत्साह और मनोबल चरम सीमा पर था। सावरमती आश्रम से पंडित खरे द्वारा गाए गए ‘वैष्णवजन’ की धुन के साथ कूच आरंभ हो गया।

गांधी जी का दांडी मार्च जिस रास्ते से गुज़रने वाला था उस पर मध्य रात्री से ही लोग जमा हो जाते थे। आश्रम के फाटक पर भी हज़ारों की भीड़ जमा हो गई थी। लोग नदी के पार से, आस पास के गांव से आ गए थे। दांडी साबरमती से 358 किलोमीटर दूर था। करिश्माई व्यक्तित्व के धनी स्वतंत्रता आंदोलन के नेता महात्मा गांधी ने मार्च 12 मार्च 1930 को अहमदाबाद शहर से छोटे से समुद्र तटीय शहर दांडी के लिए सवेरे साढे छह बजे 24 दिवसीय नमक सत्याग्रह यात्रा शुरु की। 61 वर्ष की उम्र में भी पूरे जोश के साथ हाथ में लाठी लेकर गांधी जी ने अपने आश्रम के 78 सदस्यों के साथ सवेरे साढे छह बजे साबरमती आश्रम से चलना शुरु कर दिया। महादेव देसाई को इस दल में शामिल नहीं किया गया क्योंकि सारी यात्रा-व्यवस्था की जिम्मेदारी उनपर थी। गांधीजी ने अपने साथ जाने के लिए एक-एक कार्यकर्ता का इंटरव्यू ख़ुद लिया और चुना था। उस यात्रा के सबसे छोटे सदस्य थे 16 साल के विट्ठल लीलाधर ठक्कर और सबसे वरिष्ठ सदस्य थे ख़ुद गांधीजी जिनकी उम्र उस समय 61 साल की थी। एक ऐसा शख़्स भी था जिस पर हत्या का आरोप था। उसका नाम था खड़ग बहादुर सिंह। गांधीजी ने जब उसकी कहानी सुनी कि किन परिस्थितियों में उसने ख़ून किया था, उन्होंने उसे मार्च में शामिल कर लिया। बाद में खड़ग बहादुर सिंह को अहमदाबाद में गिरफ़्तार किया गया। उसने जेल में तब तक घुसने से इनकार कर दिया जब तक जेल का मुख्य गेट पूरी तरह से खोला नहीं जाता, ताकि वो राष्ट्रीय झंडे को सीधा, बिना झुकाए, जेल के अंदर प्रवेश कर सकें। हिन्दुओं के अतिरिक्त इस दल में दो मुसलमान, एक ईसाई व दो दलित भी शामिल थे। सत्याग्रहियों में गांधीजी की तीन पीढियां शामिल थीं, गांधीजी, उनका बेटा मणिलाल जो दक्षिण अफ़्रीका के फिनिक्स में अपना काम छोड़कर इस सत्याग्रह कि पुकार सुनकर भारत चला आया था और पोता कान्तिलाल। दांडी-यात्रा की भजन-मंडली के प्रमुख पंडित खरे थे। इस यात्रा में गांधीजी मोटे खद्दर की धोती पहने हुए थे और उनके हाथ में लाठी थी। एक सस्ती घड़ी उनकी कमर से लटक रही थी। वह बहुत तेज़ चाल से चल रहे थे। …. और उनके पीछे चल रही थी एक विशाल भीड़, जिसमें लोग तो बराबर बदलते जाते थे, लेकिन उसकी विशालता में कमी नहीं आती थी। सारी यात्रा के दौरान एक घोड़ा भी साथ-साथ चल रहा था, ताकि थक जाने पर गांधी जी उस पर सवारी कर सकें, परन्तु वे उस पर नहीं बैठे। उनका कहना था कि उनके लिए दिन में 24 किलोमीटर चलना बच्चों का खेल था।   “हम परमात्मा का नाम लेकर यात्रा कर रहे हैं”, उन्होंने कहा था। जब गांधी जी किसी काम को परमात्मा का काम मानकर करते, उन्हें उस काम में प्रसन्नता होती थी। वे स्वस्थ भी थे।

गांधी जी की इस लड़ाई की फ़ौज में कुछ सैनिक नंगे पांव थे, कुछ उम्रदराज़ थे, कुछ के भूरे कैनवास के जूते पहने हुए थे या उनके पैरों में चमड़े की चप्पलें थीं, जिनके तल्ले पुराने ट्रक टायरों के टुकड़ों के थे।  उनकी धोती कमर से शुरू होकर घुटनों और एड़ी के बीच कहीं पर जाकर खतम होती थी। कुछ खुली छाती वाले थे, तो अधिकतर ने लंबी बांह के कुर्ते पहने थे या हलकी सूती चादर लपेट रखी थी। दाढ़ी मूंछ वाले लोग थे तो सफ़ाचट भी। हरेक धोती, हरेक कुर्ता, हरेक चादर हाथ से काती और बुनी खादी की थी। हरेक के सिर पर नए कपड़े की बेडौल-सी गांधी टोपी थी। यह सत्याग्रही सैनिकों का पहला दस्ता था जो देश की आज़ादी की निर्णायक लड़ाई लड़ने जा रहा था। उनकी आंखों से दृढ़ संकल्प झांक रहा था। पैरों में स्फूर्ति थी। चाल आज़ादी के पवित्र लक्ष्य से प्रेरित थी। पूरे दल में उत्साह की धारा प्रबल थी। उस दस्ते को बापू सबसे आगे हाथ में लाठी लिए तेज़ क़दमों से नेतृत्व दे रहे थे। दुबले मगर छरहरे बापू धोती पहने थे। धोती उनकी घुटनों के ऊपर ही रहती थी। उनकी धोती में कमर के पास एक घड़ी खुंसी रहती थी। उसकी चेन जांघ तक झूलती रहती थी। हाथ में डंडा लिए अनुयायियों के आगे-आगे बापू चल रहे थे। उनके कदम मज़बूत और चित्त शांत और दृष्टि निश्चल!

सत्याग्रहियों के आगे पीछे ट्रकों का काफ़िला भी था। फ़िल कंपनियों द्वारा भाड़े पर लिए गए इन ट्रकों पर कैमरे और न्यूज़रील कर्मचारी थे। वे जुलूस की तस्वीरें ले रहे थे। अंगरेज़ी हुक़ूमत को गांधी जी द्वारा दिए गए इस चुनौती से दुनिया भर में दिलचस्पी पैदा हो गई थी। फॉक्स-मूवीटोन, जे. आर्थर रैंक और पारामाउंट न्यूज़ के ट्रक इस काम में लगे हुए थे। इसके अलावा जर्मनी का ड्यूशे वोशेंशॉ और फ्रांस का सिनेपाथ भी था।

जैसे-जैसे यह दल आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे देश में उत्तेजना फैलती गई। जैसे ही सत्याग्रहियों का जत्था इलिस ब्रिज पर पहुंचा, सड़क के दोनों ओर एक-दूसरे का हाथ थामे मानव श्रृंखला बनाए खड़े कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर लोग दबाव डालने लगे। गांधी जी जब भी नज़दीक जाते, भीड़ आगे बढ़ जाती। लगता कि मानव श्रॄंखला टूट जाएगी पर गांधी जी के प्रति सम्मान लोगों को ऐसा करने से रोक देता। अपनी चाल को कम किए बिना गांधी जी दोनों हाथ जोड़ लोगों का अभिवादन करते हुए चल रहे थे। यह न सिर्फ़ लोगों का अपने प्रति दिखाया गया प्यार स्वीकार करने के लिए होता बल्कि उन्हें आशीर्वाद देने के लिए भी था। वे सदा मुसकराते रहते।

इलिस ब्रिज पर इतनी भीड़ इकट्ठी हो गई कि सत्याग्रहियों के लिए उस पर पार करना कठिन हो गया। महादेवभाई ने सलाह-मशवरा कर वहां से सौ गज की दूरी से नदी पार करने का फैसला किया। ये गरमी से ठीक पहले के दिन थे। सबरमती नदी पतले सोते में बदल गई थी। उसमें घुटने से भी कम ऊंचाई तक पानी था। सत्याग्रहियों का जत्था जल्द ही नदी पार कर पुराने शहर से निकल कर ग्रामीण इलाकों में पहुंच गया। शहर के पांच-छह सौ लोग सत्याग्रहियों से दूरी बना कर चल रहे थे। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया गरमी भी बढ़ती गई। हवा में धूल के गुब्बारे उड़ने लगे। नमक यात्रा को जिस तरह दुनिया भर में प्रचार मिला, प्रेस की सुर्ख़ियों में जगह मिली और उसकी तस्वीरें खींची गईं, वह कांग्रेस की रणनीति की भारी जीत थी और इस बात का सबूत था कि सरकार इस रणनीति का महत्त्व आंकने में बुरी तरह विफल रही। सत्याग्रहियों के आगे पीछे ट्रकों का काफ़िला भी था। फ़िल कंपनियों द्वारा भाड़े पर लिए गए इन ट्रकों पर कैमरे और न्यूज़रील कर्मचारी थे। वे जुलूस की तस्वीरें ले रहे थे। अंगरेज़ी हुक़ूमत को गांधी जी द्वारा दिए गए इस चुनौती से दुनिया भर में दिलचस्पी पैदा हो गई थी। फॉक्स-मूवीटोन,जे. आर्थर रैंक और पारामाउंट न्यूज़ के ट्रक इस काम में लगे हुए थे। इसके अलावा जर्मनी का ड्यूशे वोशेंशॉ, फ्रांस का सिनेपाथ भी था। पहले से ही घोषणा हो चुकी थी कि दिन का पहला पड़ाव किस गांव में होगा।

इस यात्रा ने देश की चेतना को झकझोर दिया 12 मार्च को गांधी जी ने यह यात्रा आरंभ की और 5 अप्रील 1930 को वे दाण्डी के समुद्र तट पर पहुँचे। इस यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में बापू के समर्थक उनके साथ जुड़ गए। आश्रम से सात मील की दूरी पर चंदोला झील थी। गांधी जी झील के पास बड़े-से पीपल के पेड़ के नीचे रुक गए। मार्च में शामिल लोग कुछ परेशान दिख रहे थे। रेत के बारीक कणों से उनकी आंखें जल रही थीं। गांधी जी लोगों को स्म्बोधित कर रहे थे। सिर से पांव तक वे धूल से ढ़के थे। पसीने से लथपथ थे। लेकिन जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो उनकी आवाज़ ज़ोरदार थी। “आपका असीम प्रेम हमें यहां तक ले आया है। मेरे प्रति आपका जो स्नेह है, उसे मैं मूल्यवान मानता हूं। पिछली रात अफ़वाह फैली कि मुझे गिरफ़्तार कर लिया गया है। लेकिन ईश्वर महान है, उसके ढंग निराले हैं। अब आप लोग लौट जाइए और इस संघर्ष में अपना योगदान देने का संकल्प कीजिए। सत्याग्रही बनने के लिए तैयार रहिए। लेकिन फिलहाल तो आप अपने-अपने घर की ओर जाइए और मैं समुद्र तट की ओर बढ़ूंगा। अभी आप मेरा साथ नहीं दे सकते। लेकिन मेरा साथ अलग तरह से देने के मौक़े आपको बाद में मिलेंगे।”

गांधी जी की दांडी-यात्रा के साथ-साथ देशवासियों में आमतौर पर राष्ट्रीय चेतना की एक बिजली दौड़ गई। एक दुबली-पतली किसान सी दिखती आकृति – अपनी छड़ी के सहारे क़दम रखते हुए गांधी जी जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे थे, पूरी राह में ग्रामीण जनता उनके दर्शन के लिए उमड़ती आ रही थी। वे नमक क़ानून तोड़ने जा रहे थे क्योंकि सरकार द्वारा कर लगाने के कारण रोज़ की ज़रूरत की एक चीज़ की क़ीमत बढ गयी थी। अहमदाबाद से 13 मील दूर असलाली में अभियान के प्रथम दिन की समाप्ति हुई।

***  ***  ***

मनोज कुमार

 

पिछली कड़ियां-  राष्ट्रीय आन्दोलन

संदर्भ : यहाँ पर

 

सोमवार, 7 अप्रैल 2025

319. नमक सत्याग्रह, दांडी मार्च-1

राष्ट्रीय आन्दोलन

319. नमक सत्याग्रह, दांडी मार्च-1



1930

प्रवेश :

जनवरी के आरंभ में पंजाब सरकार ने भारत सरकार से सिफ़ारिश की कि डॉ. सैफ़ुद्दीन किचलू को उनके भाषणों के लिए गिरफ़्तार कर लेना चाहिए। भारत सरकार ने सिफ़ारिश को मानने से इंकार कर दिया। इसका कारण था कि कांग्रेस इस समय काफी संगठित थी। कोई फूट की संभावना सरकार को नज़र नहीं आ रही थी। नए और पुराने नेतृत्व में गांधीजी के कुशल मार्ग दर्शन के कारण एकता दृढ़ हो चुकी थी। गांधीजी ने स्पष्ट शब्दों में अपना इरादा ज़ाहिर कर दिया था कि अन्यायी सकार को बदलने या मिटाने का जनता को अधिकार है।

लाहौर कांग्रेस में ही यह प्रस्ताव पारित हो गया था कि कांग्रेसी विधायक 6 जनवरी को त्यागपत्र दे देंगे। इस निर्देश का सामान्य रूप से पालन भी हुआ। लेकिन एन.सी. केलकर, सत्यमूर्ति और अंसारी ने इस्तीफ़ा नहीं दिया। नेहरू रिपोर्ट संबंधी वार्ता भंग हो जाए के बाद अंसारी राष्ट्रीय आंदोलन का दूसरा दौर आरंभ करने के पक्ष में नहीं थे।

1930 का साल स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में काफ़ी महत्त्वपूर्ण है। दिसम्बर 1929, लाहौर कांग्रेस में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सम्पूर्ण स्वराज्य को अपना प्राथमिक लक्ष्य घोषित किया था। स्वराज्य की घोषणा तो हो गई लेकिन फ़िरंगियों को देश और सत्ता से निकालना अभी बाक़ी था। प्रस्ताव पास हो जाने के बाद यह तय हुआ कि आगे उठाए जाने वाले क़दमों के कार्यक्रम की योजना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी बनाएगी। मतलब साफ़ था कि स्वाधीनता संग्राम की अगली रणनीति और उसे नए सिरे से शुरू करने के समय का फैसला अब गांधीजी को लेना था। गांधीजी ने स्पष्ट शब्दों में अपना इरादा ज़ाहिर कर दिया कि अन्यायी सकार को बदलने या मिटाने का जनता को अधिकार है। अगर वातावरण अहिंसात्मक रहा, तो सविनय अवज्ञा आंदोलन को शुरू करने को मैं तैयार हूं। 1920 का संघर्ष देश की तैयारियों के लिए था, इस बार का संघर्ष अंतिम मुठभेड़ के लिए होगा। गांधीजी ने पूर्ण स्वराज्य की प्रतिज्ञा लिख डाली। यह निर्णय हुआ कि भारत को राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रूप से नष्ट करने वाले अंग्रेजी शासन को अधिक सहा जाना ईश्वर और मानवता के प्रति अपराध है और किसी सुनिश्चित दिन इस प्रतिज्ञा को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा। पंडित मोतीलाल नेहरू ने सुझाया कि वसंत पंचमी के दिन सुबह दस बजे का मुहूर्त बड़ा ही शुभ है। साल 1930 में वसंत पंचमी का दिन 26 जनवरी को पड़ता था।

26 जनवरी को पूर्ण स्वाधीनता की प्रतिज्ञा

अब राजनीति की गति एक बार फ़िर बढ़ गई थी। 26 जनवरी 1930 को देश को स्वतंत्र कराने के लिए पूरे देश में प्रतिज्ञा ली गई। गाँधी जी ने स्वयं सुस्पष्ट निर्देश देकर बताया कि इस दिन को कैसे मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्रता की उद्घोषणा सभी गाँवों और सभी शहरों यहाँ तक कि अगर सभी जगहों पर एक ही समय में संगोष्ठियाँ हों तो अच्छा होगा। गाँधी जी ने सुझाव दिया कि नगाड़े पीटकर पारंपरिक तीरके से संगोष्ठी के समय की घोषणा की जाए। राष्ट्रीय ध्वज को फ़हराए जाने से समारोहों की शुरुआत होगी। दिन का बाकी हिस्सा किसी रचनात्मक कार्य में चाहे वह सूत कताई हो अथवा ‘अछूतों’ की सेवा अथवा हिंदुओं व मुसलमानों का पुनर्मिलन अथवा निषिद्ध कार्य अथवा ये सभी एक साथ करने में व्यतीत होगा और यह असंभव नहीं है। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फ़हराकर और देशभक्ति के गीत गाकर ‘स्वतंत्रता दिवस’ मनाया गया। तब से 26 जनवरी हमारे देश के इतिहास की महत्वपूर्ण तारीख़ बन गई। यह दिन स्वाधीनता दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। यह प्रतिज्ञा ली गई, “ग़ुलामी सहन करना ईश्वर और देश के प्रति द्रोह है। सल्तनत के मातहत, देश का राजनीतिक-आर्थिक शोषण हुआ है। सामाजिक, नैतिक और आध्यात्मिक पतन हुआ है, इसलिए हम प्रण करते हैं कि जब तक पूर्ण स्वराज्य नहीं मिलेगा, तब तक हम इस अधम सत्ता का अहिंसक असहयोग करेंगे और क़ानून का सविनय भंग करेंगे।”

उस दिन पूरे देश में एक नई आशा और उत्तेजना जगी। पूरे देश में प्रभात फेरी निकाली गई। सभाएं की गईं। प्रतिज्ञा ली गईं। दिल्ली में इस समारोह में 50 हज़ार के आसपास लोग शामिल हुए। बंबई में शाम को जुलूस निकाली गई जिसमें दस हज़ार लोग थे। चौपाटी की जनसभा में 30 हज़ार लोग आए। आगरा और कानपुर जैसे छोटे शहरों में भी आठ-दस हज़ार लोग शामिल हुए। कलकत्ता के प्रत्येक मोड़ पर झंडा फहराया गया। कांग्रेस देशव्यापी स्तर पर अभियान छेड़ने के लिए तैयार थी। सबकी आंखें गांधी जी पर टिक गईं।

देश जन आन्दोलन के लिए तैयार

साल 1930 के पहले दो महीने तनावपूर्ण और आशंका भरे थे। सरकार और देश सबरमती से आने वाले संदेश का इंतज़ार कर रहे थे। गांधीजी ने खुद को आश्रम में सीमित कर लिया था। लेकिन जब स्वाधीनता-दिवस के समारोहों में जनता की उमंग उभर कर सामने आई तो गांधीजी को विश्वास हो गया कि देश जन-आन्दोलन के लिए तैयार है। उन्हें लगने लगा कि देशवासी अब पहले से अधिक अनुशासन सीख गए हैं। देश के लोग गांधीजी के संघर्ष की रूपरेखा को अधिक स्पष्ट रूप से समझने लगे हैं। स्वतंत्रता की घोषणा होते ही सारा विश्व जान गया था कि शीघ्र ही गांधी जी, सरकार के ख़िलाफ़ एक नया अभियान चलाने वाले हैं।

साल के पहले दो महींने तनावपूर्ण और आशंका भरे थे। सरकार और देश, दोनों ही पूर्ण स्वराज्य के अहिंसक संघर्ष के लिए सबरमती से आने वाले संदेश का इंतज़ार कर रहे थे। अहमदाबाद से लौटने के बाद गंधी जी ने खुद को आश्रम में सीमित कर लिया था। दिन बीतते गए। उनकी चुप्पी के कारण अफ़वाहों का बाज़ार गरम होने लगा। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह डाला कि गांधी जी संघर्ष से अलग हो रहे हैं। कोई यह कहता कि महात्मा गांधी अब संतों के काम में खुद को सीमित करने जा रहे हैं। लखनऊ में यह अफ़वाह उड़ी कि अंगरेज़ों को भगाने के लिए वे हिंसक संघर्ष का समर्थन करने जा रहे हैं। अहिंसा से कोई लाभ नहीं हुआ इसलिए उनकी अहिंसा में अब आस्था नहीं रही और वे युवकों को क्रांतिकारियों के मार्ग का अनुसरण करने की सलाह देने वाले हैं।

संघर्ष के अगले स्वरूप के बारे में फैसला लेने में बापू को कई सप्ताह लगे। विश्व कवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर साबरमती आश्रम में गांधीजी से मिलने आए। उन्होंने गांधीजी से पूछा, वह देश के लिए क्या योजना बना रहे हैं? गांधीजी ने कहा कि मैं आन्दोलन शुरू करने के बारे में रात-दिन प्रचण्ड रूप से विचारमग्न रहता हूं। लेकिन गहन अन्धकार में प्रकाश की कोई किरण फूटती नहीं दिखाई दे रही। गांधीजी को किसी ऐसे मुद्दे की खोज थी जिससे विदेशी सरकार की बुराइयां और अन्याय स्पष्ट हो जायें और पूरा देश जाग उठे। यह सामूहिक भागीदारी का ऐसा कार्यक्रम हो जो देश की ग़रीब-से-ग़रीब जनता में भी उत्साह का संचार कर दे। अहिंसा के लिए गांधीजी के हृदय में एक जबर्दस्त सच्चाई और लगन थी। देश की स्थिति सुधारने के लिए गांधी जी अहिंसा को एकमात्र ठीक तरीक़ा मानते थे। वे मानते थे कि इसका उचित रूप से पालन किया जाए तो यह अचूक तरीक़ा साबित होगा। हिंसा को किसी भी रूप में आंदोलन का अंग बनने देना उन्हें पसंद नहीं था। सबसे बड़ा सवाल था कि आंदोलन क्या होगा, कैसे होगा और इसकी शुरुआत कैसे होगी? कई लोग उम्मीद कर रहे थे कि उनका प्रस्तावित आंदोलन सिविल नाफ़रमानी के पुराने रास्ते पर चलेगा। जैसे सरकार को कर देने से इंकार किया जाएगा। अदालतों का वहिष्कार किया जाएगा। लकिन गांधीजी तो ऐसा कार्यक्रम हाथ में लेना चाहते थे जो हरेक ग्रामीणों को छू ले। ... और उन्होंने नमक को चुना !!

नमक??

वह छह सप्ताह तक सोचते रहे। तब उन्हें अपनी अन्तरात्मा की आवाज़ सुनाई दी जिसने उनसे नमक क़ानून तोड़ने के लिए कहा। गांधीजी ने कुछ वर्ष पहले नमक खाना छोड़ दिया था। इसलिए यह चीज़ उनके ख़ुद के लिए कोई महत्व नहीं रखती थी। लेकिन इसे स्वतंत्रता संग्राम का आधार बनाकर उन्होंने नमक-क़ानून तोड़कर आन्दोलन शुरु करने का प्रस्ताव रखा। वैसे तो नमक-कर अन्य करों की तुलना में कम ही था, परन्तु उसका बोझ देश के सबसे गरीब लोगों पर पड़ता था। अंग्रेज़ सरकार के नमक पर लगाए गए कर को गांधीजी ने दुनिया का सबसे अमानवीय कर करार दिया। उस समय भारत में एक मन यानी 38 किलो नमक की क़ीमत 10 पैसे हुआ करती थी। उस पर सरकार ने बीस आने यानी 2400 प्रतिशत का कर लगा दिया। इसीलिए नमक-कर पर आघात करने और नमक-क़ानून तोड़ने का निश्चय किया गया।

कांग्रेस की बैठक साबरमती में

फरवरी के अंत में आश्रम में अचानक एक बैठक बुलाई गई। उस बैठक में गांधी जी ने कांग्रेस के नेताओं के समक्ष नमक-कानून तोड़ कर आन्दोलन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। लोग गांधीजी का ऐलान सुन चकित रह गए। उन्होंने जब नमक सत्याग्रह की बात की तो कांग्रेस के नेताओं की अविश्वास भरी प्रतिक्रिया हुई। कई नेता पूछ बैठे, “क्या आप गंभीरता से यह बात कह रहे हैं? आप चाहते हैं कि हम लोग नमक बनाएं?! घर-घर नमक बनाकर हमें स्वराज्य कैसे मिल जाएगा?”

देशव्यापी स्वतंत्रता संग्राम की योजना में नमक आन्दोलन का महत्व लोगों की समझ में नहीं आ रहा था। वह उससे मेल खाता नहीं दिखता था। अधिकांश लोग इस बात का उपहास करने लगे कि नमक भी कोई सत्याग्रह की चीज़ है!

गांधीजी ने विस्तार से नमक क़ानून तोड़ने का महत्त्व और तरीक़ा उपस्थित लोगों को समझाया। नमक जीवन की बुनियादी ज़रूरत है। उसे आसानी से बनाया जा सकता है। औपनिवेशिक हुक़ूमत के तहत भारतीय न तो ख़ुद नमक बना सकते थे और न ही बेच सकते थे। उसपर से अंग्रेज़ सरकार ने उस पर 2400 प्रतिशत कर लगा दिया था। उन्हें ब्रिटेन में बना और वहां से आयात किया गया महंगा नमक ख़रीदना पड़ता था। गांधी जी ने बताया कि आज़ादी की लड़ाई देश भर में नमक क़ानून को तोड़ कर शुरू की जाएगी। उन्होंने लोगों को समझाया कि सरकार सारी निष्ठुरता का उपयोग करेगी। वह हमें कुचल देना चाहेगी। लेकिन हमें अहिंसा और विनय का मार्ग नहीं छोड़ना है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि सबसे पहले वे खुद ही इस क़ानून को तोड़ेंगे। मोतीलाल जी ने कहा, “गांधीजी सचमुच जादूगर हैं! हमारी समझ में नहीं आ रहा था, मगर उन्होंने हमारे सब के दिमागों पर क़ब्ज़ा कर लिया!!”

गांधीजी की घोषणा की खिल्ली उड़ाई गई

गांधीजी ने घोषणा की कि वह अहमदाबाद में अपने आश्रम से 241 मील पैदल चल कर, अरब समुद्र तट पर दांडी में नमक बना कर कानून तोड़ेंगे। नमक राष्ट्रव्यापी संघर्ष का रूप ले सकेगा या नहीं, इसमें गांधीजी के निकटतम सहयोगियों को भी भारी संदेह था। जब गांधी जी ने इसकी घोषणा की तो उस समय के बुद्धिजीवी वर्ग के साथ सरकार ने भी इसे “बचकानी राजनैतिक क्रान्ति” कहकर इसकी खिल्ली उड़ाई और इस विचार का मजाक बनाया कि कड़ाही में समुद्र का पानी उबाल कर वह सम्राट से मुल्क और हुकूमत छीन लेंगे! केन्द्रीय रेवेन्यू बोर्ड के सदस्य टाटेनहेम ने (नमक-कर की वसूली का काम उसके ही जिम्मे था) नमक सत्याग्रह को “मि. गांधी का शेखचिल्लीपन” बताया था। इरविन ने बड़े आत्मविश्वास के साथ भरत-सचिव वेजवुड बेन को लिखा था, “फिलहाल तो नमक सत्याग्रह की भावी योजना ने मेरी रातों की नींद नहीं उड़ाई है।” लेकिन आने वाली घटनाओं ने दिखा दिया कि नमक और स्वराज्य के पारस्परिक सम्बन्ध को ठीक से न समझ सकने के कारण जिन लोगों ने नमक-सत्याग्रह का उपहास किया था, उन्हें भारतीय जनता को सामूहिक आन्दोलन के लिए संगठित करने की गांधी जी की कुशलता का सही ज्ञान नहीं था।

ग्यारह सूत्रों की घोषणा

फरवरी, 1930 में कांग्रेस वर्किंग कमिटी ने गांधीजी को उचित समय पर सविनय अवज्ञा आन्दोलन शुरू करने का अधिकार दे दिया था। गांधीजी यह आन्दोलन शुरू करने के पहले सरकार को एक मौक़ा देना चाहते थे। 2 मार्च, 1930 को गांधीजी ने इरविन को पत्र लिखकर नमक कर तोड़ने की घोषणा के साथ-साथ ग्यारह सूत्रों की चेतावनी भी दी। वे ग्यारह सूत्र निम्नलिखित थे -

1.   सेना के व्यय में 50% की कटौती,

2.  सिविल सेवा के वेतनों में 50% की कटौती,

3.  पूर्ण शराबबंदी,

4.  राजनीतिक बंदियों की रिहाई,

5.  आपराधिक गुप्तचर विभाग में सुधार,

6.  हथियार क़ानून में सुधार,

7.  रुपए-स्टर्लिंग के विनिमय अनुपात को घटाकर 1 शिलिंग 4 पेंस करना,

8.  कपड़ा उद्योग को संरक्षण प्रदान करना,

9.  तटीय नौवहन को भारतीयों के लिए आरक्षित करना,

10.          भू-राजस्व में 50% की कटौती, और

11. नमक कर की एवं नमक पर सरकारी एकाधिकार की समाप्ति।

इस मांग-पात्र में पूर्ण स्वराज का कोई ज़िक्र नहीं था। लोगों को लगा ग्यारह सूत्री मांगपत्र पूर्ण स्वराज की मांग से एक प्रकार से पीछे हटना था। यह बात लोगों की समझ से परे थी कि जब लोग पूर्ण स्वतंत्रता की बातें कर रहे थे, तो थोड़े-से राजनीतिक और सामाजिक सुधारों की सूची बनाने का क्या मतलब था, चाहे सुधार अच्छे ही क्यों न हों। लेकिन ग्यारह सूत्री मांगपत्र से यह तो स्पष्ट था कि इसने राष्ट्रीय मांगों को मूर्त रूप दिया। इस मांग-पत्र में सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया था। जब सरकार ने इस मांग-पत्र को अस्वीकार कर दिया, तो गांधीजी को सत्याग्रह छेड़ने का औचित्य मिल गया।

लॉर्ड इरविन को पत्र

भारत में नमक पर ब्रिटिश सरकार का एकाधिकार था। कोई भी न तो इसे बना सकता था और न ही सरकार के अलावा किसी और से ख़रीद सकता था। ब्रिटिश सरकार ने नमक पर जो कर लगाया था उसे नमक क़ानून (साल्ट एक्ट) कहा गया था। इसमें कहा गया था, “बिना लाइसेंस नमक बनाना ग़ैर क़ानूनी है।” गांधीजी इस क़ानून को तानाशाही के एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करना चाहते थे।

2 मार्च 1930 को गांधी जी ने सत्याग्रह आश्रम, साबरमती से भारत के वायसराय लॉर्ड इर्विन को एक ऐतिहासिक पत्र लिखा, “प्रिय मित्र, मैं जान-बूझ कर किसी जीव का अहित नहीं कर सकता, मनुष्यों का तो नहीं ही, भले ही वे मुझे या मेरे काम को सबसे ज़्यादा चोट पहुंचाएं। इसलिए जबकि मैं ब्रिटिश शासन को एक अभिशाप मानता हूं, मैं किसी भी अंगरेज़ को या भारत में उसके उचित हित को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं रखता।” इसके बाद गांधी जी ने उस पत्र में ब्रिटिश शासन की बुराइयों और विषमताओं को गिनाया। भारत स्थित ब्रिटिश सरकार दुनिया की सबसे खर्चीली सरकार थी। वायसराय की मासिक तनख्वाह 21,000 रुपये थी, जबकि इंगलैण्ड के प्रधानमंत्री को सिर्फ़ 5,400 रुपये मिलते थे। भारत में हर आदमी की औसत रोज़ाना आमदनी दो आने से कम थी और वायसराय को रोज़ाना 700 रुपये दिए जाते थे। इंगलैण्ड के प्रधानमंत्री को रोज़ाना 180 रुपए मिलते थे जबकि एक ब्रिटेनवासी की प्रतिदिन की औसत आय दो रुपये थे। अकेला वायसराय पांच हज़ार भारतीयों की औसत कमाई का हिस्सा खा जाता था, जबकि इंगलैण्ड का प्रधानमंत्री सिर्फ़ नब्बे अंग्रेज़ों की कमाई लेता था। अंग्रेज़ों के इस तरह से लूट के खिलाफ़ गांधीजी ने पत्र में लिखा कि वे ब्रिटिश सरकार के ख़िलाफ़ सत्याग्रह करेंगे, पर अहिंसक ढंग से। उन्होंने आज़ादी के लिए सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू करने का इरादा ज़ाहिर किया। उन्होंने लिखा, “मैं (नमक पर) इस क़ानून को ग़रीबों के लिहाज से सबसे ज़्यादा अनुचित मानता हूं। नमक पर कर लगाने से ग़रीबों पर और भी बोझ बढा गया है। सभी लोगों को मालूम है कि अमीरों की तुलना में ग़रीब मनुष्य को नमक की अधिक आवश्यकता है .... केवल सुव्यवस्थित अहिंसा ही हिंसा को रोक सकती है। .... मैं आपसे सम्मानपूर्वक निवेदन करता हूं कि इस बुराई को ख़त्म  करें। लेकिन यदि मेरे इस पत्र से आप पर कोई असर नहीं पड़ा तो इस महीने की 12 तारीख को मैं अधिक से अधिक संख्या में अपने आश्रम वासियों के साथ मिलकर आपके नमक क़ानून का विरोध करूंगा। ...”

अंग्रेज़ी जाति के प्रति अपने प्रेम और विश्वास को प्रकट करने के लिए गांधी जी ने वह पत्र लेकर सफ़ेद खादी वेशधारी अंग्रेज़ युवक रेजिनल्ड रेनल्ड्स, के हाथों नई दिल्ली स्थित वायसराय आवास भेजा। उसने पत्र वायसराय को दिया। वायसराय ने बिना कुछ कहे उसे विदा कर दिया।  गांधीजी नौ दिन तक वायसराय के उत्तर की प्रतीक्षा करते रहे। वायसराय ने आंखें मूंद लेने का फैसला किया। उसके निजी सचिव जी. कनिंघम ने उत्तर लिखा, जिसमें केवल यही कहा गया था कि “वायसराय महोदय को गांधी जी महाशय के इरादे के बारे में जानकर खेद हुआ क्योंकि उनकी कार्यवाही से एक तरह से स्पष्ट रूप से क़ानून का उल्लंघन होगा और सार्वजनिक शांति को खतरा होगा।” गांधी जी ने इसका जवाब दिया, “दुनिया में भारत के अलावा कौन-सा देश है जिसमें सालाना आमदनी 360 रुपये हो और उसमें से 3 रुपये देने पड़ते हों, सिर्फ़ नमक कर के। ब्रिटिश शासक केवल एक ही तरह की शांति चाहता है और वह है सार्वजनिक कारागार की शांति। भारत एक विशाल कारागार ही तो है।”

उर्दू कवि ब्रजनारायण ने उन दिनों लिखा था, “एक लाश बेकफ़न है, हिंदोस्तां हमारा”। दसवें दिन गांधी जी ने अपने अनुयायियों की एक सभा बुलाई। उन्होंने मज़बूत इरादों के साथ कहा, “भाइयों! झुके घुटनों पर मैंने रोटी की मांग की और इसके बदले मुझे पत्थर मिला है। मैं इसी आश्रम से सागर तट स्थित दांडी तक जुलूस का नेतृत्व करूंगा। वहां पहुंच कर हम क़ानून तोड़कर नमक बनाएंगे।” गांधी जी के ओज भरे आह्वान सुनकर श्रोताओं में बिजली-सी लहर दौड़ गई। “नमक क़ानून तोड़ो” अभियान का समाचार चारो ओर फैल गया। उधर सरकार ने घोषणा कर दी, “इस तरह से नमक बनाना ग़ैर क़ानूनी माना जाएगा।” किन्तु गांधी जी अपने इरादे पर दृढ़ थे। अब वे नमक सत्याग्रह शुरू करने जा रहे थे। नमक सत्याग्रह सविनय अवज्ञा आन्दोलन था। उन्होंने लोगों को यह भी समझाया कि सत्याग्रह का जो तरीका अपनाया सकता था, वह था उपवास, अहिंसा, धरना, असहयोग, सविनय अवज्ञा और क़ानूनी दण्ड।

***  ***  ***

मनोज कुमार

 

पिछली कड़ियां-  राष्ट्रीय आन्दोलन

संदर्भ : यहाँ पर