अतिथि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अतिथि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 23 अगस्त 2010

आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की

आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की


photo Gyan

ज्ञानचन्द ’मर्मज्ञ’

बनारस की रसमयी धरती के सपूत श्री ज्ञानचंद मर्मज्ञ समकालीन कविता में एक अमूल्य हस्ताक्षर के रूप में उभरे हैं। जन्म से भारतीय, शिक्षा से अभियंता, रोजगार से उद्यमी और स्वभाव से कवि, श्री मर्मज्ञ अपेक्षाकृत कम हिन्दीभाषी क्षेत्र बेंगलूर में हिंदी के प्रचार-प्रासार और विकास के साथ स्थानीय भाषा के साथ समन्वय के लिए सतत प्रयत्नशील हैं। लगभग एक दशक से हिंदी पत्र-पत्रिकाओं की शोभा बढ़ा रहे ज्ञानचंद जी की अभी तक एक मात्र प्रकाशित पुस्तक "मिट्टी की पलकें" ने तो श्रीमान को सम्मान और पुरस्कार का पर्याय ही बना दिया। श्री मर्मज्ञ के मुकुट-मणी में आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी शलाका सम्मानजैसे नगीने भी शामिल हैं। मित्रों ! मर्मज्ञ जी जितने संवेदनशील कवि हैं उतने ही सहृदय सज्जन ! आप चाहें तो +91 98453 20295 पर कविवर से वार्तालाप भी कर सकते हैं !!!
ना हिन्दू ना सिख ना मुसलमान की,
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।
अपनी मिट्टी से अपनी पहचान की,
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।।

देख      मुखौटों       वाले      चेहरे,
मानवता    गड़    गई     शर्म     से,
धर्म   किसी   का   कभी   भी   नहीं,
बड़ा    हुआ     है      राष्ट्रधर्म     से,
मातृभूमि की    पूजा  है भगवान की।
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।।

वो  जो  प्यार के    फूल  मसल कर,
नफ़रत     के     कांटे     बोते     हैं,
इक   दिन   ऐसा   भी    आता    है,
बैठ      अकेले       वो     रोते     हैं,
चलो बचा लें कुछ ख़ुश्बू इंसान की।
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।।

गंगा     की     लहरें      गाती     हैं,
भाईचारे       के       गीतों       को,
दूर    कहीं    से       कोई     पुकारे,
सद्भावों     के       मनमीतों      को,
रंग ले आओ किरणें नए विहान की।
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।।

सूनी    आंखें,     लाल     है     मंज़र,
मन    मैला       हाथों     में     खंज़र,
द्वेष-राग     फल      फूल     रहे     हैं,
विश्‍वासों     के      खेत    हैं     बंजर,
कितनी कम है क़ीमत दुर्लभ जान की।
आओ बात करें बस   हिन्दुस्तान की।।

काली     रातों       को       समझाना,
शान्ति-प्रेम     के     दीप      जलाना,
ताक़त       एक,     एकता       ऐसी,
नामुमकिन       है       हमें   हिलाना,
इतनी  भी  औकात  नहीं तूफान की।
आओ बात करें बस हिन्दुस्तान की।।

गुरुवार, 26 नवंबर 2009

चौपाल में अतिथि : दधीचि

नमस्कार ! एक बार फिर गुरूवार की संध्या चौपाल में हम आपका स्वागत करते हैं। आज की चौपाल में हमारे साथ हैं हमारे अतिथि कवि, श्री परशुराम राय । स्वर्णगर्भा उत्तर प्रदेश में जन्मे श्री राय संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से साहित्याचार्य, फिर रूसी भाषा व बी.एड. की शिक्षा के उपरान्त बन्दूक बनाने की कार्यशाला का प्रबंधन कर रहे हैं लेकिन 'मसि-कागद' का साथ कभी नहीं छूटा। तो आज पढ़िए, राय जी की एक कविता ! -- करण समस्तीपुरी


दधीचि
-परशुराम राय
प्रतिक्रियाओं के ठूँठ पर
लटक रही कुंठा की घंटियॉ
शोर मचाने के लिए हैं ।
लोकतंत्र के लिये
चाणक्य की खुली शिखा
जड़ हो चुकी है,
परशुराम की प्रतीक्षा में
आखिर क्यों बैठना ?
अरे, बूढ़ी बाहों का कुंठित परशु
जंग से अपनी ही रक्षा कर ले
तो बहुत है ,
शर-शय्या पर सोकर
मृत्यु की प्रतीक्षा के लिए
बनी पितामह भीष्म की वीरता
किस काम की ?
नये संदर्भ में सिसकते
जनतंत्र के प्रश्नों के उत्तर
इनके पास नहीं
महात्मा दधीचि की
अस्थियों के पास हैं,
गंगा में विसर्जन से पहले
ढूँढ लो
अस्थियों के बोझ को
ढो रहे उस कारवॉ को ।

*********

सौभाग्य से मैं और श्री परशुराम राय जी सहकर्मी रह चुके हैं। मैं ने श्री राय के कवित्व को करीब से देखा है और पाया है कि यद्यपि संख्याबल से इनकी रचनाएं न्यूनतम हैं परन्तु उनमे गुणबल अथाह है। ओज इनकी कविताओं का मुख्या स्वर है किन्तु भाव मे पुरातन संस्कारों का मोह और वर्तमान की विद्रूपता पर क्षोभ स्थायी हैं। पौराणिक प्रतीकों के माध्यम से आधुनिक कुव्यवस्था पर प्रहार करना श्री राय के शैली की विशेषता है।

-- मनोज कुमार

गुरुवार, 19 नवंबर 2009

लड़की

बाप रे ! गुरूवार की संध्या भी आ गयी। हमें पता है आपको हमारे चौपाल की बेसब्री से प्रतीक्षा होगी।लेकिन दोस्तों, क्या करें ? एक अतिथि आ गए। और हमारी संस्कृति हमें सिखाती है, "अतिथि देवो भवः !" तो चलिए अब आपके मिलवा देते हैं हमारे आज के चौपाल के अतिथि, श्री हरी प्रकाश गुप्त जी से। कानपुर के समीप मंधना गाँव मे जन्मे श्री गुप्त जी हिंदी के अतिरिक्त वाणिज्य एवं अर्थ-शास्त्र में स्नातकोत्तर हैं लेकिन 'मसि-कागद' का साथ कभी नहीं छूटा। इस से पहले आप इनकी लघु कथा पढ़ चुके हैं ! आज पढ़िए, गुप्त जी की एक कविता ! -- करण समस्तीपुरी


लड़की
लड़की
खेलती है गली में
नुक्कड़ में,
बच्चों के साथ,
उसे छूट है
खेलने की ।
लड़की खेलती है
गुड्डे और गुड़िया से
सजाती और शृंगार करती है
फिर कराती है
शादी दोनों की ।
लड़की बनाती है
घरौदा-
मिट्टी का,
अपने मकान के एक कोने में-
एक घर,
रंगती है
पोतती है
सजाती है
बिठा देती है उसमें
गुड्डे और गुड़िया को ।
लड़की बड़ी होती है
अब नहीं खेलती
गुड्डे और गुड़िया से
घरौंदे से,
उसकी बड़ी समझ में
अब
इनकी कोई जरुरत नहीं,
उसका बनाया घरौंदा
अब भी खड़ा है-
भर दी जाती हैं
उसमें आलू, प्याज और सब्जियाँ ।
--- हरीश प्रकाश गुप्त
मैं श्री हरीश प्रकाश जी को व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ. हिन्दी, अर्थशास्त्र और वाणिज्य में परास्नातक गुप्त जी को पारिवारिक परिस्थितियों एवं उत्तरदायित्वों शीघ्र सेवाधीन होना पड़ा। कदम थम गए किन्तु कलम नहीं। गुप्त जी ने समाज के सरोकारों को बहुत नजदीक से देखा, सूक्ष्म दृष्टि से परखा तथा अन्तरात्मा से महशूश किया है। निश्छल निष्ठा एवं रंग बदलते चेहरों के व्यतिरेक के साथ सामाजिक विषमताओं से प्रेरणा ले कविता एवं लघुकथाओं में पिरोते रहे। कादम्बिनी सदृश अनेक साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में इनकी रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। नवम्बर, 1994 में कानपुर में आयोजित "कादम्बिनी साहित्य महोत्सव" में काव्य रचना हेतु युवा रचनाकार के रुप में उत्तर-प्रदेश के तात्कालीन महामहिम राज्यपाल के करकमलों से सम्मानित । सत्पुरुष सम्प्रति ओ0ई0एफ0 कानपुर में हिन्दी अनुवादक के पद पर कार्यरत हैं।
-- मनोज कुमार