सोमवार, 16 सितंबर 2024

77. गांधीजी का खोया हुआ धन

गांधी और गांधीवाद

77. गांधीजी का खोया हुआ धन

प्रवेश

गांधीजी का राजनीतिक दर्शन इस विश्वास पर आधारित था कि समाज के लिए अगर आप भलाई चाहते हैं, तो प्रत्येक व्यक्ति को त्याग करना होगा। जब परिवार दक्षिण अफ्रीका में रहता था, तो उनके बेटों को घर पर ही पढ़ाया जाता था। वह खुद को भारतीय समुदाय से अलग किए बिना लड़कों को निजी यूरोपीय स्कूलों में नहीं भेज सकते थे, लेकिन अपने सिद्धांतों के प्रति सच्चा रहते हुए, उन्होंने अपने बच्चों को नाराज़ कर दिया। बच्चों की नाराज़गी सही हो सकती है। बच्चे जब अन्य युवाओं से मिलते थे, तो वे पूछते थे कि वे किस स्कूल में पढ़ते हैं। किसी भी नेता की पहचान यह है कि वे परिवार की अवधारणा को पूरे राष्ट्र तक विस्तारित करते हैं और इसलिए गांधीजी ने अपने बच्चों के लिए कुछ खास नहीं किया।

गांधीजी का खोया हुआ धन  हरिलाल गांधी


गांधीजी के बड़े पुत्र हरिलाल गांधीजी की बड़ी पुत्री रामी बहन की पुत्री नीलम पारीख ने एक पुस्तक लिखी है, गांधीजी का खोया हुआ धन  हरिलाल गांधी। सच में, हरिलाल गांधीजी का खोया हुआ धन ही थे।

पिछले अध्याय (76. बच्चों की पढ़ाई) को थोड़ा और आगे बढ़ाया जाए। कुछ लोगों ने बच्चों की शिक्षा के प्रति गांधीजी के विचार की आलोचना करते हुए लिखा कि ‘वह गांधीजी का मूर्च्छाकाल था’, ‘उनके विचार मोहजन्य थे’, ‘यह उनके अभिमान और अज्ञान की निशानी था’, ‘यदि लड़के बैरिस्टर आदि की पदवी पाते तो क्या बुरा होता’, ‘उन्हें बच्चों के पंख काट देने का क्या अधिकार था’, ‘उन्होंने बच्चों को ऐसी स्थिति में रखा कि वे उपाधियां प्राप्त करके मनचाहा जीवन-मार्ग नहीं चुन सके’, आदि-आदि। कोई कह सकता है कि गाँधीजी को अपने विचार, अपने आदर्श अपने बेटों पर थोपने का कोई अधिकार नहीं था। हर व्यक्ति का एक स्वतंत्र अस्तित्व है और जब हरिलाल पारंपरिक स्कूली शिक्षा पाना चाहते थे या लंदन जाकर बैरिस्टरी पढ़ना चाहते थे तो उनको एक मौक़ा मिलना चाहिए था। यह भी कहा जा सकता है कि गाँधीजी ने अपने आदर्श हरिलाल पर थोपकर उनको कहीं का नहीं रखा। मगर गाँधीजी अपने किसी भी बच्चे को वह काम करने की अनुमति कैसे दे सकते थे जिसके ख़िलाफ़ वह ख़ुद दुनिया भर में प्रचार करते थे। गांधीजी स्वयं अपनी आत्मकथा’ में लिखते हैंयद्यपि मैं उन्हें जितना चाहता था उतना अक्षर-ज्ञान नहीं दे सका, तो भी अपने पिछले वर्षों का विचार करते समय मेरे मन में यह ख़्याल नहीं उठता कि उनके प्रति मैंने अपने धर्म का यथाशक्ति पालन नहीं किया और न मुझे उसके लिए पश्चाताप होता है। इसके विपरीत, अपने बड़े लड़के के बारे में मैं जो दुखद परिणाम देखता हूं, वह मेरे अधकचरे पूर्वकाल की प्रतिध्वनि है, ऐसा मुझे सदा लगा है।गाँधीजी मानते हैं कि अपने बेटों की शिक्षा में उनसे कोई कमी रह गई है। अपनी आत्मकथा में उन्होंने लिखा है, ‘मैं यदि अपने व्यस्त समय से रोज़ कम-से-कम एक घंटे का नियमित समय निकालकर बेटों को किताबी शिक्षा दे पाता तो उनकी शिक्षा पूर्ण हो जाती लेकिन यह उनके और मेरे लिए भी अफ़सोस का विषय रहा है कि मैं ऐसा नहीं कर पाया। मेरे बड़े बेटे ने तो मुझसे निजी तौर और सार्वजनिक रूप से प्रेस में भी अपनी पीड़ा का इज़हार किया है लेकिन मेरे बाक़ी बच्चों ने इसे अपरिहार्य मानकर मुझे माफ़ कर दिया है।

आगे बढ़ने के पहले आत्मकथा’ में वर्णित उनके इस विचार को भी सामने रखना आवश्यक प्रतीत होता है“... सत्य का पुजारी इस प्रयोग से यह देख सके कि सत्य की आराधना उसे कहां तक ले जाती है और स्वतंत्रता देवी का उपासक देख सके कि वह देवी कैसा बलिदान चाहती है।

अपने सिद्धांतों पर टिके रहे

गांधीजी के चार बेटे थे। सबसे बड़े हरिलाल (1888-1948), दूसरे मणिलाल (1892-1956), तीसरे रामदास (1897-1969) और आखिरी देवदास (1900-1957) थे। हरिलाल और मणिलाल का जन्म उस समय हुआ जब गांधी परिवार भारत में था। अन्य दो का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। गांधीजी के लिए, उनके बेटे उस नये भारत के आदर्श प्रतीक थे जिसे वे बनाने का प्रयास कर रहे थे। अपने बच्चों को प्राइवेट यूरोपियन स्कूलों में भेजकर गांधीजी भारतीय समुदाय से कट जाते। इसके बदले उन्होंने यह ठीक समझा कि अपने सिद्धांतों पर टिके रहें, भले ही उनके बच्चे इससे नाराज़ हो जाएँ। गांधी वह भावुक पिता नहीं थे, जैसा कि हम आम तौर पर देखते हैं। उनके लिए जिन मूल्यों पर उनका विश्वास था, वे किसी भी चीज़ से ज़्यादा महत्वपूर्ण थे। उनके लिए, जीवन सत्य के साथ एक प्रयोग मात्र है। इस प्रकार, उन्होंने अपने बच्चों को अपने द्वारा अपनाए गए सिद्धांत का पालन करने के लिए पाला, जिसकी उन्होंने दुनिया को सिफारिश की। एक नेता का यही तो लक्षण है कि वह परिवार का दायरा इतना बढ़ा दे कि सारा देश उसमें समा जाए और इसीलिए वे अपने बच्चों के लिए अलग से कुछ नहीं करते।

पिता और पुत्र के बीच में तनाव

लेकिन हरिलाल के लिए यह एक सपने के टूटने के समान था और उन्हें लगा कि गाँधीजी एक आदर्श पिता की भूमिका नहीं निभा रहे हैं। जब गाँधीजी दक्षिण अफ़्रीका गए तो वहाँ उन्होंने बैरिस्टर के रूप में काफ़ी कामयाबी पाई और हरिलाल ने भी लंबे समय तक वे अच्छे दिन देखे। गांधीजी के व्यक्तित्व में क्रांतिकारी परिवर्तन 1903 में ही हुआ। तब तक वे एक उच्च वर्गीय बैरिस्टर के रूप में सफल और शानदार जीवन जी रहे थे। लेकिन अचानक उन्होंने सब कुछ त्यागना शुरू कर दिया। वे सख्त सिद्धांतों के साथ सादा जीवन जीने लगे। लेकिन बाद में जब गाँधीजी राजनीतिक संघर्षों में जुट गए और ब्रह्मचर्य तथा ग़रीबी का जीवन अपना लिया तो हरिलाल के लिए यह एक झटके के समान था।

ऊपर के वर्णन से यह ज़ाहिर होता ही है कि पिता और पुत्र के बीच में तनाव था। हरिलाल का जन्म जून 1888 में हुआ था। नौ साल की उम्र में पिता के साथ दक्षिण अफ़्रीका 1896 में आए। 1902 में जब गांधीजी भारत से पुनः दक्षिण अफ़्रीका गये तो हरिलाल को भारत में ही छोड़ गए क्योंकि वे बम्बई के एक बोर्डिंग स्कूल, एस्प्लेनेड हाई स्कूल, की पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे थे। वह मैट्रिक की परीक्षा पास नहीं कर सके।

हरिलाल की शादी


हरिदास वखतचंद वोरा की तीन पुत्रियां थीं, बड़ी बलि बहन (जीवी बहन), मंझली गुलाब बहन और छोटी कुमुद बहन। गुलाब बहन को पुत्री की तरह गांधीजी ने गोद में खिलाया था। हरिदास भाई के साथ, हरिलाल से गुलाब के ब्याह की बात भी गांधीजी ने की थी। जब गांधीजी दक्षिण अफ़्रीका में थे तो उनके बड़े भाई लक्ष्मी दास ने गुलाब बहन के साथ शादी पक्की कर दी। बा, मणिलाल, रामदास और देवदास दक्षिण अफ़्रीका में थे, बापू के साथ। गांधीजी कम उम्र में शादी के ख़िलाफ़ थे। बा से भी सलाह नहीं ही ली गई थी। एक रूढ़िग्रस्त परिवार में पुत्रवधू से पूछने की ज़रूरत भी नहीं समझी गई। 2 मई 1906 को हरिलाल की शादी हो गई। जब गांधीजी को हरिलाल की शिक्षा में असफलता के बारे में पता चला, तो उन्होंने हरिलाल को फीनिक्स आश्रम में अपने साथ आने और अपने संघर्षों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। तीन महीने बाद ही हरिलाल दक्षिण अफ़्रीका चले गये। चाचा खुशालचंद से 10 पौंड की राशि उधार लेकर जोहानिसबर्ग का टिकट कटाया गया।

गांधीजी के साथ काम में जुट गए

वहां पहुंचने के बाद हरिलाल गांधीजी के साथ काम में जुट गए। बाद में वे फीनिक्स आश्रम से भी जुड़े और वहां ‘इंडियन ओपिनियन’ अखबार के दफ़्तर में काम करने लगे। उस समय तक गांधीजी ने सभी सुख-सुविधाओं का त्याग कर दिया था और बहुत ही सादगीपूर्ण जीवन जीना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपने और अपने आस-पास के लोगों के लिए सख्त नियम बना रखे थे। अठारह वर्षीय हरिलाल इसे समझ नहीं पाए। आश्रम में गांधीजी हरिलाल के साथ दूसरों जैसा ही व्यवहार करते थे। उन्हें कोई विशेषाधिकार नहीं दिया जाता था। इससे हरिलाल आहत हो गए। हरिलाल के अनुसार, गांधीजी ने उन्हें विलासितापूर्ण जीवन जीने से वंचित कर दिया था। हरिलाल को खेत में काम करना नापसंद था। लेकिन, गांधीजी ने अंत तक इस सिद्धांत को अपनाया कि सभी को शारीरिक श्रम करना चाहिए। उन्होंने खुद को या अपने बेटों को इस नीति से मुक्त नहीं रखा।


10
 अप्रैल 1908 को गुलाब बहन ने पुत्री को जन्म दिया। रामनवमी का दिन था। बच्ची का नाम रामी बहन रखा गया। हरिलाल का विवाहित जीवन सुखद था। बाद में नौजवान दम्पती दक्षिण अफ़्रीका में फीनिक्स आश्रम में बाक़ी परिवार के साथ रहने लगे। उनमें एक सामान्य युवक की आशाएं और आकांक्षाएं भी थीं। व्यवसायिक जीवन उनका असफल रहा था। 1918 में उनका बेटा और पत्नी महामारी में चल बसे। उन्हें गहरा मानसिक आघात लगा। वे साबरमती आश्रम के आश्रम जीवन धारण नहीं कर सकते थे। उनके भाव और आचरण दुनियावी थे। उनकी तीन संतानें थीं, रामी बहन, मनु बहन और कान्ति भाई।

लंदन जाने का वजीफ़ा

हरिलाल और पिता के बीच का मतभेद दक्षिण अफ़्रीका में उपजा और कभी नहीं मिट पाया। एक घटना का वर्णन करते चलें। 1909 में गांधीजी के मित्र प्राण जीवन मेहता ने एक बेटे को वजीफ़ा देने का प्रस्ताव किया। वजीफ़ा पाने वाला लंदन जाकर शिक्षा ग्रहण करता। वह ‘ग़रीबी का व्रत’ लेता और शिक्षा पूरी करने के बाद फीनिक्स में सेवा करता। श्री मेहता ने कहा था, “हरिलाल अब बड़ा हो गया है। उसे मेरे पास लंदन भेज दीजिए। किन्तु, इस सम्मान के लिए छगनलाल गांधी (गांधीजी के काका जीवण चंद्र के पुत्र खुशाल चंद के पुत्र) को चुना गया। गांधीजी ने उन्हें दक्षिण अफ्रीका में भारतीय समुदाय का सबसे योग्य युवा व्यक्ति पाया। वे बीमार पड़ गये और शिक्षा पूरी किए बगैर लौट आए। इस वजीफ़े के लिए अगले विद्यार्थी के तौर पर सोराबजी शापुरजी अडाजानिया को चुना गया। हरिलाल को इस बार भी छोड़ दिया गया। यही उनकी कटुता का कारण बना। यह कटुता ता-उम्र बनी रही। हरिलाल को शिक्षा की लालसा थी और उससे उन्हें वंचित कर दिया जाना जीवन भर सालता रहा। हरिलाल ने प्रतिक्रिया में दक्षिण अफ़्रीका छोड़ दिया। घटना से विचलित होकर बा ने कहा, “क्या वह अपने बेटों को अशिक्षित रखना चाहते हैं? क्या वह चाहते हैं कि वे लंगोटी पहन कर ज़िंदगी गुज़ारें?” पर गांधीजी के लिए, उनके बेटे उस नये भारत के आदर्श प्रतीक थे जिसे वे बनाने का प्रयास कर रहे थे।

एक सत्याग्रही के रूप में

बुद्धिमान, संवेदनशील और होनहार हरिलाल ने व्यस्क जीवन एक सत्याग्रही के रूप में आरंभ किया। गांधीजी द्वारा चलाए जा रहे आन्दोलन में भी हरिलाल ने ज़ोर-शोर से भाग लिया। वहां उन्हें सब ‘नाना गांधी’ या ‘छोटे गांधी’ के रूप में पहचानते थे। नवंबर 1908 में उनकी गिरफ़्तारी भी हुई। छह महीने जेल में रहे। 1908 से 1910 के बीच छह बार दक्षिण अफ़्रीका में जेल गए और एक बार भारत में जेल गये। गांधीजी की पहली जेलयात्रा 10 जनवरी 1908 को ‘काला क़ानून’ भंग करने के जुर्म में हुई थी। हरिलाल 27 जुलाई 1908 को जेल गये। गांधीजी ने उन्हें आदर्श सत्याग्रही कहा था। उनके अनासक्त रहने की प्रशंसा भी की थी। फिर भी दोनों में मतभेद था। हरिलाल कहते हैंहमारे वर्षों के इस मतभेद का मुख्य कारण हमारे शिक्षा संबंधी विचार हैं।

गांधीजी हरिलाल और अपने अन्य तीनों पुत्रों की परवरिश सामान्य पिता की तरह कर सकते थे। लेकिन प्रश्न है कि वे क्या ‘हिन्द स्वराज’, ‘सत्य के प्रयोग अथवा आत्मकथा’ और ‘अनासक्तियोग’ गांधी हो सकते थे? क्या वे हमारे ‘राष्ट्रपिता’ हो सकते थे? सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन और हितों के बीच एक अपरिहार्य अंतर्विरोध है। (डॉ. योगेन्द्र पाल आनन्द, निदेशक, राष्ट्रीय गांधी संग्रहालय)

प्रारब्ध के आगे सारी कोशिशें बेकार

गांधीजी चाहते थे कि हरिलाल उनकी विरासत संभालें। हरिलाल के विकास के लिए उन्होंने काफ़ी कोशिशें की। वे चाहते थे कि हरिलाल उनके सेक्रेटरी बनें। लेकिन प्रारब्ध के आगे सारी कोशिशें बेकार हो जाती हैं। हरिलाल की नतनी नीलम पारीख लिखती हैंलेकिन ईश्वर का दिया धन (हरिलाल) गांधीजी ने एक हाथ से खो दिया तो उसी ईश्वर ने दूसरे हाथ में अनेक युवकों को  पुत्रों को दे दिया।

हरिलाल के मन में असंतोष


हरिलाल के मन में असंतोष था। जब शादी हुई तो गांधीजी ने कोई उत्साह नहीं दिखाया। दक्षिण अफ़्रीका में पढ़ाई के लिए उदासीनता दिखाई। गुलाब बहन जब भारत जातीं तो पहुंचाने के लिए साथ जाना चाहते थे। गांधीजी आर्थिक दृष्टि से स्वीकार नहीं कर पाते। तंग आकर पिता का घर छोड़कर चले जाने का निश्चय किया। पर मूल कारण तो पढ़ाई की उत्कंठा ही थी। हरिलाल ब्रिटेन जाकर बैरिस्टर बनना चाहते थे। उन्होंने गांधीजी से आर्थिक सहायता मांगी। हरिलाल के पास इसके लिए आवश्यक बुनियादी शिक्षा नहीं थी - उन्होंने मैट्रिकुलेशन परीक्षा कभी पास नहीं की। 1910 तक गांधीजी ने अपनी भौतिक आवश्यकताओं के लिए काम करना पूरी तरह से बंद कर दिया था। उन्होंने एक तपस्वी का जीवन जीना शुरू कर दिया था। वे नेटाल इंडियन कांग्रेस के लिए काम करते थे, जहाँ उन्हें बहुत कम वेतन मिलता था। इसलिए वे हरिलाल की कोई आर्थिक मदद नहीं कर सकते थे। इसलिए, हरिलाल ने सभी पारिवारिक संबंध तोड़ दिए। 10 फरवरी 1911 को भारत में पुत्र कान्तिभाई का जन्म हुआ। वे भारत जाने को उत्सुक हो गये थे। 8 मई 1911 को कुछ चीज़ें बटोरकर, जिसमें गांधीजी की एक तस्वीर भी थी, चुपके से बिना किसी को बताए जोहानिसबर्ग से निकल गये। 17 मई को रेलवे स्टेशन पर विदा देते हुए गांधीजी ने कहाबाप ने तुम्हारा कुछ बिगाड़ा हो, ऐसा लगे तो उसे माफ़ करना।


वातावरण ग़मगीन था। गाड़ी चल पड़ी थी। बोझिल मन से पिता-पुत्र अलग हुए थे। 1911 में इस भावना के अधीन कि गांधीजी उनकी पढ़ाई और भविष्य का ध्यान नहीं कर रहे, हरिलाल भारत चले आए। इस तरह 1911 में 23 साल की उम्र में हरिलाल ने परिवार से नाता तोड़ लिया। पाँच साल पहले उन्होंने पिता की इच्छा के विरुद्ध शादी कर ली थी और उनके पाँच बच्चे थे। इनमें से दो बच्चों की कम उम्र में ही मौत हो गई। घरबार चलाने के लिए उन्होंने कई काम किए, बिज़नेस भी किया लेकिन कहीं भी कामयाब नहीं हुए। नौकरी की तो वहाँ ग़बन का मामला पकड़ा गया, बिज़नेस किया तो कंपनी ही डूब गई और साथ ही कई लोगों का पैसा भी डूब गया। 

साबरमती आश्रम के दिनों में हरिलाल ने स्वीकार किया था कि उनसे ग़लतियां हुईं। भविष्य में वे अपने पिता की इच्छा के अनुसार व्यवहार करेंगे। उन्होंने एक गांव में रहकर शेष जीवन उनकी सेवा में बिता देने का संकल्प लिया। गांधीजी यह जानकर काफ़ी ख़ुश हुए और बोलेतब तो मैं तुम्हारी गोद में दम तोड़ूंगा। लेकिन ऐसी स्थिति ज़्यादा दिनों तक नहीं बनी रही। (यह किस्सा फिर कभी)

उस दिन को याद करती नीलम पारीख लिखती हैं,

देश सेवा की तपश्चर्या के अंश के रूप में गांधीजी ने पुत्र की आहुति दी!

***         ***    ***

मनोज कुमार

 

पिछली कड़ियां- गांधी और गांधीवाद

संदर्भ : यहाँ पर

 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपका मूल्यांकन – हमारा पथ-प्रदर्शक होंगा।